फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ukraine Russia War Live: तीन देशों के पीएम ने कहा- जेलेंस्की आप अकेले नहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा- हम जरूर इस युद्ध को जीतेंगे

Wed, 16 Mar 2022 06:38 AM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, कीव/मास्को/ वाशिंगटन

खास बातें

रूस-यूक्रेन के बीच जंग का आज 21वां दिन है। इस बीच दोनों देशों के बीच अब तक कई बार बातचीत हो चुकी है, लेकिन जंग को समाप्त करने के लिए आम सहमति नहीं बन पा रही है। लंबी खिचती जंग के बीच रूस के सैन्य उपकरण और गोला-बारूद तेजी से खत्म हो रहे हैं। पूर्व अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने दावा किया है कि रूस के पास सिर्फ दस दिन का ही गोला-बारूद बचा है। कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने 15 और रूसी अधिकारियों पर गंभीर प्रतिबंध लगा दिए हैं।
विज्ञापन
जेलेंस्की को मिला चेक गणराज्य, पोलैंड और स्लोवेनिया का समर्थन - फोटो : वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:21 AM, 16-Mar-2022

चेक गणराज्य, पोलैंड और स्लोवेनिया के पीएम ने कहा- आप अकेले नहीं जेलेंस्की

चेक गणराज्य, पोलैंड और स्लोवेनिया के पीएम से जेलेंस्की बैठक खत्म हो गई है। सभी देशों ने जेलेंस्की को समर्थन देते हुए कहा कि आप अकेले नहीं हैं।

05:52 AM, 16-Mar-2022

नाटो सचिव ने साधा रूस पर निशाना

नाटो सचिव-जनरल जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने कहा कि हम चिंतित हैं कि मास्को यूक्रेन में संभवतः रासायनिक हथियारों सहित एक झूठा झंडा अभियान चला सकता है। रूस को कोई भी समर्थन, चाहे वह सैन्य हो या कोई अन्य समर्थन, उसे यूक्रेन के खिलाफ इस युद्ध में मदद करेगा।

05:46 AM, 16-Mar-2022

ब्रिटिश पीएम संयुक्त अरब अमीरात का दौरा करेंगे

ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन बुधवार को सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात का दौरा करेंगे और खाड़ी देशों से अधिक तेल का उत्पादन करने और ब्रिटेन को रूसी तेल पर निर्भरता कम करने में मदद करने के लिए कहेंगे।

विज्ञापन
04:06 AM, 16-Mar-2022

चेक गणराज्य, पोलैंड और स्लोवेनिया के पीएम से मिले जेलेंस्की 

यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध पर आज चेक गणराज्य, पोलैंड और स्लोवेनिया के प्रधानमंत्रियों के साथ यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बैठक की और बैठक से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस तरह के सहयोगियों के साथ हम इस युद्ध को जीतेंगे।

03:11 AM, 16-Mar-2022

तीन हफ्ते में पहली बार ब्रेंट क्रूड के भाव 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे

रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष का 21वां दिन है। इस युद्ध के चलते बीते दिनों कच्चे तेल का भाव अपने 14 साल के शिखर पहुंचकर 139 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया था। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ब्रेंट क्रूड के भाव तीन हफ्ते में पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गए हैं।

विज्ञापन
03:01 AM, 16-Mar-2022

कीव वार्ताकार ने रूस पर दिया बयान

यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध पर विराम को लेकर चल रही बातचीत पर कीव वार्ताकार का कहना है कि रूस के साथ बातचीत मौलिक विरोधाभासों का सामना करती है।

01:48 AM, 16-Mar-2022

पुतिन ने की यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष से बात

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल के साथ फोन पर बात की। उन्होंने यूक्रेन के साथ चल रही बातचीत पर एक समझौते पर चर्चा की और उन्होंने रूस की मांगो को भी रखा। पुतिन ने जोर देकर कहा कि कीव सहमति से समाधान के लिए गंभीर प्रतिबद्धता नहीं दिखा रहा है

01:27 AM, 16-Mar-2022

कनाडा ने 15 और रूसियों पर लगाए प्रतिबंध

कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने एक ट्वीट कर घोषणा की कि कनाडा 15 और रूसी अधिकारियों पर गंभीर प्रतिबंध लगाता है। इनमें सरकार और सैन्य के वर्ग लोग शामिल हैं जो इस अवैध युद्ध में शामिल हैं। कनाडा में जिन व्यक्तियों और संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाए हैं उनकी संख्या लगभग 500 पहुंच गई है।

01:23 AM, 16-Mar-2022

मैरियूपोल से करीब 20000 लोगों को निकाला

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन के मैरियूपोल से करीब 20,000 लोगों को निकाला गया।

01:23 AM, 16-Mar-2022

अमेरिका यूक्रेन को देगा 13.6 बिलियन डॉलर

यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध को 20 दिन होने के बाद भी खत्म होने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। अमेरिका लगातार यूक्रेन की मदद कर रहा है। अब अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने बयान जारी कर कहा कि अमेरिका यूक्रेन को 13.6 बिलियन डॉलर की फंडिंग प्रदान करेगा।

11:55 PM, 15-Mar-2022

रूस ने लगाया कनाडा के पीएम ट्रूडो पर देश में घुसने पर प्रतिबंध 

देशों के प्रतिबंध लगाने के जबाव में रूस भी अब देशों पर प्रतिबंध लगा रहा है। द कीव इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट्स के मुताबिक इस कड़ी में रूस ने कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो के साथ 300 से अधिक कनाडाई लोगों के देश में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। इनमें विदेश मंत्री मेलानी जोली, रक्षा मंत्री अनीता आनंद और लगभग सभी सांसद शामिल हैं। कनाडा ने यूक्रेन का खुले तौर पर समर्थन किया है साथ ही सैन्य मदद भी की है।

11:06 PM, 15-Mar-2022

यूरोपीय संघ ने रूस पर लगाए नए प्रतिबंध

यूरोपीय संघ की ओर से प्रतिबंधों के नए दौर के तहत रूसी नागरिक कई डिजाइनर परिधानों, आभूषणों, हैंडबैग और घुड़दौड़ में शामिल होने घोड़ों का आयात नहीं कर सकेंगे।

10:37 PM, 15-Mar-2022

ईयू सम्मेलन में शामिल होंगे अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन अगले सप्ताह होने वाले यूरोपीय संघ के सम्मेलन में शामिल होंगे। यह सम्मेलन ब्रसेल्स में होगा और बाइडन इसमें शामिल होने के लिए बेल्जियम की यात्रा करेंगे।

10:24 PM, 15-Mar-2022

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रूसी बलों ने मारियुपोल के एक अस्पताल में मरीजों और कर्मचारियों को बंधक बना लिया है। बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार मारियुपोल के डिप्टी मेयर सर्गी ओरलोव ने कहा है कि हमें सूचना मिली है कि रूसी सेना ने हमारे सबसे बड़े अस्पताल पर कब्जा कर लिया है और वह हमारे मरीजों और चिकित्सकों को बंधक बनाए हुए हैं।

10:02 PM, 15-Mar-2022

कनाडा की संसद में जेलेंस्की का संबोधन

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की कनाडा की संसद को संबोधित कर रहे हैं। वर्चुअल माध्यम से संबोधन दे रहे जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन में युद्ध की शुरुआत होने के बाद से अब तक 97 बच्चों की मौत हो चुकी है।

09:51 PM, 15-Mar-2022

सूमी से रवाना हुईं 100 से अधिक बसें

रेड क्रॉस अंतरराष्ट्रीय समिति (आईसीआरसी) ने बताया है कि यूक्रेन के सूमी शहर से 100 से अधिक बसें नागरिकों को लेकर रवाना हो चुकी हैं।

09:41 PM, 15-Mar-2022

दावा: फरवरी से यूक्रेन पर हुए 3000 साइबर हमले

यूक्रेन के एसएसएससीआईपी साइबर सुरक्षा एजेंसी के उप चेयरमैन विक्टर झोरा के अनुसार फरवरी मध्य के बाद से यूक्रेन के खिलाफ 3000 साइबर हमले हुए हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से अधिकतर हमले रूस की ओर से किए गए हैं। इनका उद्देश्य इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को निशाना बनाना और अन्य संचार सेवाओं को ठप करना था।

09:00 PM, 15-Mar-2022

यूक्रेन में फॉक्स न्यूज के कैमरामैन की मौत

फॉक्स न्यूज के एक कैमरामैन की यूक्रेन में मौत होने की खबर सामने आई है। मृतक की पहचान पियरे जक्रजेव्स्की के रूप में हुई है जो फॉक्स न्यूज में कैमरामैन थे। जानकारी के अनुसार उनकी मौत यूक्रेन की राजधानी कीव के बाहरी इलाके में तब हुई जब वह करेस्पॉन्डेंट बेंजामिन हाल के साथ काम कर रहे थे। इस दौरान उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया।

08:50 PM, 15-Mar-2022

रूस ने बाइडन समेत शीर्ष अमेरिकी अधिकारियों पर लगाए प्रतिबंध

रूस ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन, विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और व्हाइट हाउस ने अन्य शीर्ष अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाए हैं। रूस ने इन्हें एक 'स्टॉप लिस्ट' में शामिल किया है जो उन्हें देश में प्रवेश करने से रोकती है। जानकारी के अनुसार इस लिस्ट में 13 अमेरिकी शामिल किए गए हैं जिनमें रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन, सीआईए प्रमुख विलियम बर्न्स, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन और पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन का नाम भी शामिल है। रूस ने यह कदम अमेरिका की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के जवाब में उठाया है।

08:39 PM, 15-Mar-2022

जेलेंस्की बोले: यूक्रेन को तबाह करने की कोशिश कर रहा रूस

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने एक नया वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने रूस पर यूक्रेन को तबाह करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रूस के कदम खुद को नुकसान पहुंचाने वाले हैं। इसके साथ ही जेलेंस्की ने देश छोड़कर जा रहे लोगों की बड़ी संख्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हम जीवन के लिए लड़ रहे हैं, हम टैंकों, विमानों और मोर्टार के खिलाफ लड़ रहे हैं, जिनका इस्तेमाल रूस हमें तबाह करने के लिए कर रहा है। लेकिन रूस खुद को भी नुकसान पहुंचा रहा है। यूक्रेन के खिलाफ रूस की ओर से उठाया जा रहा हर कदम उसे ही नुकसान पहुंचा रहा है।

08:16 PM, 15-Mar-2022

15 रूसी अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाएगा कनाडा

कनाडा ने 15 रूसी अधिकारियों के खिलाफ प्रतिबंध लगाने का एलान किया है जिन्होंने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के यूक्रेन पर हमले में सहयोग किया। यह कदम मॉस्को पर दबाव बढ़ाने के लिए उठाया जा रहा है। कनाडा की विदेश मंत्री मेलनी जॉली ने कहा कि पुतिन ने अपने गैरकानूनी और अकारण हमले को जारी रखने का फैसला किया है। वह इस हिंसा को समाप्त करने का फैसला भी ले सकता है। अगर रूसी नेतृत्व ने अपना रुख नहीं बदला तो कनाडा और कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा।

08:04 PM, 15-Mar-2022

खरसन में फंसे तीन भारतीय सुरक्षित निकाले गए

भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया है कि यूक्रेन के खरसन में फंसे तीन भारतीय नागरिकों को सिंफरोपोल और मॉस्को के रास्ते से निकाल लिया गया है। वह कुछ देर पहले मॉस्को से विमान में सवार हो चुके हैं। 

07:51 PM, 15-Mar-2022

सूमी से नागरिकों को निकालने के लिए 70 बसें तैयार

यूक्रेन के सूमी में नागरिकों को निकालने के लिए 70 से अधिक बसें तैयार हैं। अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति (आईसीआरसी) के प्रवक्ता इवान वाटसन ने कहा कि लोग एकत्र हो गए हैं, हम उम्मीद करते हैं कि सब योजनानुसार होगा।

07:43 PM, 15-Mar-2022

रूसी अभियोजकों ने एक अदालत से क्रेमलिन के आलोचक एलेक्सी नवलनी को अधिकतम सुरक्षा जेल में स्थानांतरित करने के लिए कहा है।  यह अनुरोध करने के बाद कि वह नए धोखाधड़ी के आरोपों में 13 साल की जेल की सजा काटेगा। रूस में व्लादिमीर पुतिन के सबसे मुखर आलोचक नवलनी को पिछले साल जेल में डाल दिया गया था।

07:29 PM, 15-Mar-2022

स्पेन के अधिकारियों ने जब्त की रूसी कुलीन की नौका

स्पेन के अधिकारियों ने एक नौका जब्त की है। यह नौका रूसी कुलीन अलेक्जेंडर मिखेयेव की है, जिस पर यूरोपीय संघ ने प्रतिबंध लगाए हैं।

07:01 PM, 15-Mar-2022

रूस-यूक्रेन के बीच फिर शुरू हुई वार्ता

रूस और यूक्रेन के बीच हो रही प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता में यूक्रेन के वार्ताकार मिखाइल पोडोल्याक ने बताया है कि दोनों देशों के बीच बातचीत फिर से शुरू हो गई है। 

06:52 PM, 15-Mar-2022

370 और रूसियों पर प्रतिबंध लगाएगा यूके

यूनाइटेड किंगडम 370 और रूसी व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। इनमें 50 कुलीन वर्ग और उनके परिवार शामिल हैं जिनकी कुल आय 100 अरब पाउंड से भी अधिक है। यूक्रेन पर हमले के बाद से रूस के 1000 से अधिक लोगों और संस्थाओं को निशाना बनाया जा रहा है। इनमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और रक्षा मंत्री सर्गी शोइगु भी शामिल हैं।

06:38 PM, 15-Mar-2022

नाटो में शामिल नहीं होगा यूक्रेन: जेलेंस्की

स्पुतनिक की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि वोलोदिमिर जलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन को यह हर हालत में स्वीकार कर लेना चाहिए कि हम नाटो में शामिल नहीं होंगे।

06:31 PM, 15-Mar-2022

मारियुपोल से निकलीं लगभग 2000 कारें

यूक्रेन के मारियुपोल शहर से लगभग 2000 कारें निकल पाई हैं और लगभग इतनी ही और यहां से निकलने का इंतजार कर रही हैं। यह जानकारी स्थानीय अधिकारियों ने दी है।

06:08 PM, 15-Mar-2022

दावा: यूक्रेन के जंगल काटने की तैयारी में पुतिन

यूक्रेन के सैन्य इंटेलिजेंस की ओर से प्रकाशित एक दस्तावेज में दावा किया गया है कि व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के जंगलों की बड़े स्तर पर कटाई करने का आदेश जारी करने की योजना बना रहे हैं। इस लकड़ी को रूस में बेचने की तैयारी की जा रही है। यूक्रेन के डिफेंस इंटेलिजेंस की ओर से प्रकाशित दस्तावेज में इससे संबंधित एक कथित पत्र भी साझा किया गया है। यह पत्र रूस के रक्षा मंत्री सर्गी शोइगु ने रूसी राष्ट्रपति को लिखा है।

05:51 PM, 15-Mar-2022

यूके ने रूस को लग्जरी उत्पादों के निर्यात पर लगाया प्रतिबंध

यूके सरकार ने रूस के महंगे लग्जरी उत्पादों के निर्यात पर प्रतिबंध का एलान किया है। रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच रूस के खिलाफ प्रतिबंधों की नई श्रंखला में वोदका जैसे प्रमुख रूसी उत्पादों पर आयात शुल्क भी बढ़ाया गया है। आयात शुल्क में इजाफे का सबसे अधिक असर रूसी वोदका पर पड़ा है। 

05:43 PM, 15-Mar-2022

कीव पर एयर स्ट्राइक में चार की मौत

यूक्रेन की राजधानी कीव में आज सुबह रूस की ओर से की गई एयर स्ट्राइक में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या चार हो गई है। कीव के मेयर ने यह जानकारी दी।

05:32 PM, 15-Mar-2022

ईरान परमाणु सौदे पर अमेरिका से गारंटी मिली: रूस

रूस ने कहा है कि उसे ईरान परमाणु सौदे पर अमेरिका की ओर से गारंटी मिली है।

05:21 PM, 15-Mar-2022

ऑपरेशन गंगा में शामिल लोगों से पीएम मोदी ने की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों की निकासी में शामिल रहे दूतावास अधिकारियों और सामुदायिक संगठनों से बातचीत की।
 

05:01 PM, 15-Mar-2022

पश्चिमी देशों के नेताओं को जेलेंस्की का संबोधन

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने आज सुबह पश्चिमी नेताओं को संबोधन में चेतावनी दी कि अगर व्लादिमीर पुतिन को रोका नहीं गया तो रूस की वार मशीन अन्य यूरोपीय देशों को निशाना बनाएगी। जेलेंस्की ने उन देशों को धन्यवाद कहा जिन्होंने यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर इसके खिलाफ नैतिक रुख अपनाया। उन्होंने कहा, हम रूस को रोक सकते हैं। हम लोगों की हत्या रोक सकते हैं। यह सब साथ मिलकर करना आसान होगा। अगर हम उन्हें नहीं रोकेंगे तो वह आपके लिए आएंगे।

04:26 PM, 15-Mar-2022

रीवने में स्ट्राइक में जान गंवाने वालों की संख्या 19 हुई

यूक्रेन के रीवने में एक टेलीविजन टॉवर पर रूस की एयर स्ट्राइक में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। कीव पोस्ट ने एक ट्वीट में यह जानकारी देते हुए बताया कि मलबा हटाने का काम अभी जारी है। रूस ने यह हमला सोमवार को किया था। 

04:11 PM, 15-Mar-2022

जर्मनी में सूरजमुखी के तेल के लिए मारामारी

जर्मनी के कई सुपरमार्केट में सूरजमुखी का तेल खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। माना जा रहा है कि यूक्रेन में युद्ध के चलते इसकी आपूर्ति में कमी आ सकती है। वैश्विक बाजार में सूरजमुखी के तेल में यूक्रेन का योगदान 50 फीसदी से ज्यादा है। जर्मनी इसके सबसे बड़े आयातकों में से एक है। 

03:56 PM, 15-Mar-2022

एक-दो दिन में मारियुपोल से निकल सकते हैं तुर्की के नागरिक

तुर्की के विदेश मंत्री मेवलुत कावुसोग्लू ने मंगलवार को कहा कि यूक्रेन के मारियुपोल में फंसे हमारे नागरिकों को निकालने की स्थितियां बन रही हैं। हमें आज या कल में अच्छी खबर मिल सकती है। उन्होंने कहा कि अब तक यूक्रेन से तुर्की के 14,800 नागरिक निकाले जा चुके हैं। मंगलवार को तुर्की के अधिकारियों ने यूक्रेन के वार्ताकारों से साथ बैठक भी की। 

03:46 PM, 15-Mar-2022

यूके के मंत्रियों ने रूसी उत्पादों पर लगाए नए प्रतिबंध

यूनाइटेड किंगडम (यूके) के मंत्रियों ने रूस के उत्पादों पर नए निर्यात प्रतिबंध और शुल्क लागू किए हैं। इससे पहले रूस के हितों और वहां के कुलीन वर्ग को निशाना बनाना आसान करने के उद्देश्य के साथ आर्थिक अपराध विधेयक पारित किया जा चुका है। यूके रूस और बेलारूस को उनके सैकड़ों निर्यातों के लिए विश्व व्यापार संगठन के सबसे पसंदीदा राष्ट्र टैरिफ तक पहुंच से वंचित करेगा।

03:32 PM, 15-Mar-2022

यूक्रेन के विदेश मंत्री ने की इस्राइली समकक्ष से बात

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने आज अपने इस्राइली समकक्ष याइर लापिद से बात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि इस्राइल प्रतिबंधों से बचने में रूस का सहारा नहीं बनेगा। कुलेबा ने इस्राइल के मध्यस्थता प्रयासों और मानवीय मदद के लिए आभार जताया। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, हमने यूक्रेन में युद्ध को समाप्त करने के तरीकों पर चर्चा की। हम सहमत हुए कि इस्राइल आने वाले यूक्रेन के नागरिकों के अधिकारों का सम्मान किया जाएगा।

03:08 PM, 15-Mar-2022

कीव में फिर कर्फ्यू

यूक्रेन की राजधानी कीव में एक बार फिर से कर्फ्यू लगाया गया है। यह कर्फ्यू 15 मार्च रात आठ बजे से 17 मार्च सुबह सात बजे तक लागू रहेगा। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि नागरिकों को बम धमाके से बचने के लिए सिर्फ बंकरों में जाने की अनुमति होगी। 

02:04 PM, 15-Mar-2022

रूस का खरसन पर पूर्ण कब्जे का दावा

रूस की ओर से दावा किया गया है कि उसने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खरसन को पूरी तरह से अपने कब्जे में ले लिया है। 

01:58 PM, 15-Mar-2022

यूक्रेन का दावा- रूस के 13500 सैनिक मार गिराए

01:44 PM, 15-Mar-2022

तीन देशों के प्रधानमंत्री करेंगे कीव की यात्रा

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच चेक गणराज्य, पोलैंड और स्लोवेनिया के प्रधानमंत्री कीव की यात्रा करेंगे। तीनों देशों के प्रधानमंत्री यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि के रूप में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात करेंगे।

01:38 PM, 15-Mar-2022

यूक्रेनी गोलीबारी में गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त

रूस की ओर से यूक्रेन के कई शहरों पर जोरदार हमला किया गया है। उधर, यूक्रेन भी इस हमले का कड़ा जवाब दे रहा है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि, यूक्रेनी सैनिकों की गोलीबारी में एक गैस पाइपलाइन क्षतिग्रसत हो गई है।

01:27 PM, 15-Mar-2022

रूस ने तीन स्कूल व एक अस्पताल को किया तबाह

रूसी सेना द्वारा यूक्रेन के कई हिस्सों पर हमला किया जा रहा है। इस बीच लुहांस्क ओब्लास्ट के गवर्नर की ओर से कहा किया गया है कि, रूसी सेना के हमलों में तीन स्कूल व एक अस्पताल पूरी तरह से नष्ट हो गए। इसके अलावा चार लोगों की मौत भी हो गई। 

11:48 AM, 15-Mar-2022

गोलीबारी के बाद कीव के अपार्टमेंट में लगी आग

रूस की ओर से कीव पर जोरदार हमला बोला जा रहा है। यहां सुबह-सुबह कई धमाकों की आवाज सुनाई दी है। इस दौरान एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि, कीव के एक अपार्टमेंट में रूस की ओर से रातभर गोलीबारी की गई। इसके बाद अपार्टमेंट में आग लग गई। 

11:46 AM, 15-Mar-2022

यूक्रेन ने 2,000 से अधिक बच्चों को निकाला

रूसी हमले के बीच यूक्रेन की ओर से कहा गया है कि, उसने अब तक 2000 से ज्यादा बच्चों को युद्धग्रस्त क्षेत्र से निकाला है। यह दावा यूक्रेनी सामाजिक नीति मंत्रालय की ओर से किया गया है। 

09:49 AM, 15-Mar-2022

रूस ने यूक्रेन पर दागीं 900 मिसाइलें-अमेरिका 

अमेरिका की ओर से दावा किया गया है कि रूस ने अब तक यूक्रेन पर 900 से ज्यादा मिसाइलें दागी हैं। यह दावा अमेरिका के रक्षा विभाग के अधिकारियों की ओर से किया गया है। 

09:41 AM, 15-Mar-2022

मई तक चल सकती है जंग- ओलेक्सी एरेस्टोविच 

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के सलाहकार ओलेक्सी एरेस्टोविच ने कहा है कि, रूस के साथ जंग मई तक खिंचने के आसार हैं। अमेरिकी मीडिया को दिए बयान में उन्होंने कहा कि, रूस-यूक्रेन के बीच जंग में शांति समझौता मई तक होने के आसार हैं, जब रूस के पास संसाधन खत्म हो जाएंगे। हालांकि, यह इससे पहले भी हो सकता है। लेकिन, यह सबकुछ इस बात पर निर्भर करेगा रूस अपने यूक्रेन के अभियान में कितने सैन्य उपकरण लगाना चाहता है। 

09:15 AM, 15-Mar-2022

रूसी सैनिकों के लिए जंग बन गई बुरा सपना- जेलेंस्की

वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अपने वीडिया मैसेज में कहा है कि, रूसी सैनिकों के लिए जंग अब एक बुरा सपना बन गई है। उन्होंने दावा किया कि रूसी सैनिक युद्ध के मैदान से भाग रहे हैं। वह यूक्रेनी सेना के लिए अपने हथियार तक छोड़कर जा रहे हैं। 

09:13 AM, 15-Mar-2022

अब जेलेंस्की की रूस को चेतावनी, आत्मसमर्पण कर दो 

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का नया वीडियो सामने आया है। इसमें वह रूसी सैनिकों को चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। जेलेंस्की वीडियो मैसेज में रूसी सैनिकों से आत्मसमर्पण करने को कह रहे हैं। वह कहते हैं, यूक्रेनी लोगों की ओर से, हम आपको जीने का मौका देते हैं। यदि आप हमारी सेना के सामने आत्मसमर्पण करते हैं, तो हम आपके साथ वैसा ही व्यवहार करेंगे जैसा इंसानों के साथ किया जाना चाहिए। 

08:55 AM, 15-Mar-2022

कीव में सुनाई दिए जबरदस्त धमाके

कीव में आज फिर से धमाकों की आवाज सुनाई दी है। द कीव इंडीपेंटेंड के मुताबिक, 15 मार्च की शुरुआत में कीव तेज धमाके सुनाई दिए हैं। 

08:53 AM, 15-Mar-2022

मारियूपोल में अब तक 2357 की मौत

मारियूपोल में आम नागरिकों की मौत के अलग-अलग दावों के बीच आधिकारिक बयान सामने आया है। इसमें कहा गया है कि 14 मार्च तक रूसी हमलों में मारियूपोल में 2357 आम नागरिकों की मौत हो गई। 

08:17 AM, 15-Mar-2022

यूक्रेन के खिलाफ लड़ने को 40 हजार सीरियाई लड़ाके तैयार 

यूक्रेन के खिलाफ जंग लड़ने के लिए 40 हजार से ज्यादा सीरियाई लड़ाके तैयार हैं। इन लड़ाकों ने रूस की ओर से जंग में भाग लेने के लिए खुद को पंजीकृत कराया है। सीरियन ऑब्जर्वेट्री फॉर ह्यूमन राइट्स के मुताबिक, ये लड़ाके रूस की तरफ से यूक्रेन जाना चाहते हैं। हालांकि, 14 मार्च तक किसी सीरियाई लड़ाके ने देश नहीं छोड़ा था। 

07:30 AM, 15-Mar-2022

Ukraine Russia War Live: तीन देशों के पीएम ने कहा- जेलेंस्की आप अकेले नहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा- हम जरूर इस युद्ध को जीतेंगे

रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग 20 दिन बाद भी जारी है। न ही रूस रुक रहा है और न यू्क्रेन झुकने को तैयार है। ऐसे में दोनों देशों के सैन्य ढांचे को काफी नुकसान पहुंच रहा है। इस बीच अमेरिका के पूर्व सैन्य अधिकारी बेन होजेस ने दावा किया है कि, रूस के पास 10 दिन का गोला-बारूद बचा है। उन्होंने कहा कि, अगर युद्ध 10 दिन और खिंचता है तो रूस की सेना पस्त हो जाएगी। क्योंकि, उसके पास गोला-बारूद और सैन्य उपकरण तेजी से खत्म हो रहे हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें