ब्रिटेन दौरा पूरा मालदीव रवाना हुए पीएम मोदी
पीएम मोदी का ब्रिटेन दौरा पूरा हो गया है। इसके बाद पीएम मोदी मालदीव के दो दिवसीय दौरे पर रवाना हो गए हैं।
पीएम मोदी ने ब्रिटेन में लगाया पौधा
पीएम मोदी ने ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय के साथ एक पेड़ लगाया है। इसके लेकर शाही परिवार ने ट्वीट किया, 'आज दोपहर, राजा ने सैंड्रिंघम हाउस में भारत गणराज्य के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। उनके साथ बिताए समय के दौरान, महामहिम को इस शरद ऋतु में लगाए जाने वाले एक पेड़ का उपहार दिया गया, जो प्रधानमंत्री की तरफ से शुरू की गई पर्यावरण पहल 'एक पेड़ माँ के नाम' से प्रेरित है, जो लोगों को अपनी माताओं के सम्मान में एक पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित करती है।'
भारत और ब्रिटेन के व्यापारिक नेताओं से पीएम की मुलाकात
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ट्वीट कर बताया कि, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने ऐतिहासिक भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते [सीईटीए] पर हस्ताक्षर के बाद भारत और ब्रिटेन के व्यापारिक नेताओं से मुलाकात की। बैठक में दोनों पक्षों के कई क्षेत्रों के प्रमुख उद्योग प्रमुख उपस्थित थे। दोनों नेताओं ने उन्हें व्यापार, निवेश और नवाचार साझेदारी को गहरा करने के लिए सीईटीए से निकलने वाले अवसरों की पूरी क्षमता का एहसास करने के लिए प्रोत्साहित किया। सीईटीए के मूर्त लाभों पर प्रकाश डालते हुए, दोनों नेताओं ने दोनों देशों के प्रमुख उत्पादों और नवाचारों की एक प्रभावशाली श्रृंखला वाली एक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनियों में रत्न और आभूषण, इंजीनियरिंग सामान, गुणवत्ता वाले उपभोक्ता उत्पाद और उन्नत तकनीकी समाधान शामिल थे।'
भारत और ब्रिटेन क्रिकेट के प्रति साझा जुनून से जुड़े- पीएम
पीएम मोदी ने एक दूसरे पोस्ट में लिखा- भारत और ब्रिटेन क्रिकेट के प्रति साझा जुनून से जुड़े हुए हैं। चेकर्स में, प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर और मैंने बकिंघमशायर स्ट्रीट क्रिकेट हब्स के खिलाड़ियों से बातचीत की। यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि खेल हमारे देशों के बीच लोगों के आपसी संबंधों को बढ़ावा दे रहा है। मैंने अपने युवा दोस्तों को टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के हस्ताक्षर वाला एक बल्ला भी भेंट किया।
व्यापारिक नेताओं के साथ पीएम मोदी का मंथन
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने चेकर्स में व्यापारिक नेताओं के साथ बातचीत की। भारत-यूके सीईटीए पर हस्ताक्षर से व्यापार और निवेश के नए रास्ते खुले हैं। यह हमारी आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अपने ब्रिटेन दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा- 'भारत के युवाओं में फुटबॉल की काफी प्रशंसा है और ब्रिटेन स्थित कई फुटबॉल क्लब भारत में भी काफी लोकप्रिय हैं।'
'भारत के साथ हमारा समझौता ब्रिटेन के लिए बड़ी जीत'
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने ट्वीट किया, 'भारत के साथ हमारा ऐतिहासिक व्यापार समझौता ब्रिटेन के लिए एक बड़ी जीत है। इसका उद्देश्य मेहनती ब्रिटिश नागरिकों की जेब में ज्यादा पैसा डालना और परिवारों को जीवन-यापन की लागत से निपटने में मदद करना है।'
भारत-यूके व्यापक आर्थिक समझौते पर हस्ताक्षर
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया, 'प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की देखरेख में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और यूके के व्यापार एवं वाणिज्य राज्य मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स के बीच ऐतिहासिक भारत-यूके व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किया गया। यह ऐतिहासिक समझौता प्रमुख क्षेत्रों में टैरिफ कम करके दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को बढ़ाएगा... यह नवाचार और प्रौद्योगिकी सहयोग को भी मजबूत करेगा।'
उग्रवाद और कट्टरपंथ दोनों समाजों के लिए खतरा- मिस्री
इस दौरान विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया, 'दोनों नेताओं को आतंकवाद के खतरे पर भी विस्तार से चर्चा करने का अवसर मिला। प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत के लोगों को यूनाइटेड किंगडम की तरफ से दिए गए मजबूत समर्थन और एकजुटता के लिए यूके के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को धन्यवाद दिया। दोनों नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस बात पर जोर दिया गया कि उग्रवाद और कट्टरपंथ दोनों समाजों के लिए खतरा हैं और आतंकवाद, उग्रवाद और कट्टरपंथ के इन संकटों से निपटने के लिए द्विपक्षीय सहयोग को और बढ़ाने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने आर्थिक अपराधियों और भारतीय कानून से भगोड़ों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए यूके का सहयोग भी मांगा।'
'CBI और यूके राष्ट्रीय अपराध एजेंसी के बीच समझौता'
लंदन में विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया, 'CBI और यूके राष्ट्रीय अपराध एजेंसी के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन का उद्देश्य भ्रष्टाचार, गंभीर धोखाधड़ी और संगठित अपराध की घटनाओं से निपटना है।'
भारत-ब्रिटिश टेक्नोलॉजी साझेदारी की पहली सालगिरह
भारत और यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटिश) के बीच रणनीतिक तकनीकी सहयोग को और मजबूती देते हुए दोनों देशों ने 'ब्रिटिश-इंडिया टेक्नोलॉजी सिक्योरिटी इनिशिएटिव (टीएसआई)' की पहली वर्षगांठ पर अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने 'इंडिया-ब्रिटिश विजन 2035' को भी आधिकारिक रूप से मंजूरी दी, जो दोनों देशों के बीच लंबे समय तक चलने वाली सहयोग की दिशा को तय करेगा।
ब्रिटिश सरकार के अनुसार, टीएसआई की पहली वर्षगांठ के मौके पर दोनों देशों ने उभरती तकनीकों के उपयोग से आर्थिक विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा को मज़बूत करने की दिशा में किए गए कामों की सराहना की। इस पहल ने सरकार, उद्योग और शिक्षा जगत को जोड़ते हुए नई रणनीतिक संभावनाओं को जन्म दिया है। इसके तहत निवेश को बढ़ावा मिला है और टेक्नोलॉजी के पूरे मूल्य-श्रृंखला में नवाचार को आगे बढ़ाया गया है। इसी अवसर पर लंदन में हुई उच्चस्तरीय बैठक में दोनों प्रधानमंत्रियों ने 'इंडिया-ब्रिटिश विजन 2035' को भी स्वीकार किया, जो आने वाले दशक में द्विपक्षीय रिश्तों की दिशा तय करेगा। इस विजन डॉक्युमेंट में स्पष्ट लक्ष्य और मील के पत्थर तय किए गए हैं, ताकि साझेदारी को और अधिक व्यावहारिक और प्रभावशाली बनाया जा सके।
बकिंघम स्ट्रीट क्रिकेट हब' के सदस्यों से मिले मोदी-स्टार्रमर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने लंदन में 'बकिंघम स्ट्रीट क्रिकेट हब' के सदस्यों से मुलाकात की और बातचीत की।
'बिजनेस शोकेस' प्रदर्शनी में पीएम मोदी -किएर स्टार्मर हुए शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टारमर लंदन में 'बिजनेस शोकेस' प्रदर्शनी में इंग्लिश प्रीमियर लीग ट्रॉफी के साथ हाथ मिलाते हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर लंदन में 'बिजनेस शोकेस' प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रेस वक्तव्य और उसके बाद पत्रकारों के सवालों के जवाबों के अनुवाद के दौरान स्पष्ट रूप से कहा, 'चिंता मत कीजिए, हम बीच में अंग्रेजी शब्दों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसकी चिंता मत कीजिए।' इस पर ब्रिटिश प्रधानमंत्री किएर स्टारमर ने आगे कहा, 'मुझे लगता है कि हम एक-दूसरे को अच्छी तरह समझते हैं।
मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर के बाद पीएम मोदी ने ब्रिटिश समकक्ष स्टार्मर को भारत आने का न्योता दिया।
भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर हो गए हैं। इस दौरान दोनों देशों के प्रधानमंत्री भी मौजूद रहे। भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ मुक्त व्यापार समझौता भारत में महिला एंटरप्रेन्योर्स के लिए बड़ा बदलाव ला सकता है। इससे हैंडलूम, विरासत क्राफ्ट्स से लेकर टेक स्टार्टअप और मैन्यूफैक्चरिंग में भी काफी मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही इससे वैश्विक आपूर्ति श्रंख्ला भी बेहतर होगी।
रिपोर्ट्स की मानें तो भारत को एफटीए के तहत सबसे बड़ा फायदा निर्यात क्षेत्र में मिलेगा। भारत का निर्यात आने वाले कुछ वर्षों में 10 से 12 अरब डॉलर (करीब 86 हजार करोड़ से 1.1 लाख करोड़ रुपये) तक बढ़ सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लंदन में ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर से मुलाकात की। पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर लंदन पहुंचे हैं। आज दोनों नेताओं की मौजूदगी में भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होंगे।
ब्रिटेन सरकार ने एक बयान जारी कर बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री स्टार्मर मजबूत साझेदारी के लिए यूके-भारत विजन 2035 का अनावरण करेंगे।
अपनी यूके यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लंदन में भारतीय समुदाय के सदस्यों ने स्वागत और अभिवादन किया। इस दौरान प्रवासी भारतीयों ने अपने हाथों में तिरंगा थाम रखा था और वे भारत माता की जय और मोदी-मोदी के नारे लगा रहे थे। वहीं पीएम मोदी ने हाथ जोड़कर और हाथ मिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया।
रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने आधिकारिक बयान में कहा, भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी है जिसमें हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। हमारा सहयोग व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, नवोन्मेष, रक्षा, शिक्षा, अनुसंधान, स्थिरता, स्वास्थ्य और लोगों के बीच परस्पर संबंधों सहित कई क्षेत्रों में फैला हुआ है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर कीर स्टारमर के साथ मुलाकात के दौरान हमें अपनी आर्थिक साझेदारी को और बढ़ाने का अवसर मिलेगा, जिसका उद्देश्य दोनों देशों में समृद्धि, विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है। मैं इस यात्रा के दौरान ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय से मिलने के लिए भी उत्सुक हूं।