प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ भारत-इटली संबंधों पर एक संयुक्त लेख लिखा है, जिसमें दोनों देशों के रिश्तों को निर्णायक चरण में पहुंचा बताया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इटली की स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप नवाचार, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और भविष्य के साझा विजन पर आधारित है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोम में भारतीय संस्कृति को समर्पित एक खास कलाकृति की सराहना की। इटली के प्रसिद्ध चित्रकार जियाम्पाओलो टोमासेटी ने पीएम मोदी को वाराणसी की एक शानदार पेंटिंग भेंट की, जिसने भारत और इटली के सांस्कृतिक संबंधों को नई पहचान दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि रोम में काशी की झलक! इटली के चित्रकार जियामपाओलो टोमासेट्टी ने वाराणसी पर आधारित अपनी कलाकृति भेंट की। पीएम मोदी ने कलाकार की भारतीय संस्कृति के प्रति गहरी रुचि और समर्पण की भी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि टोमासेट्टी पिछले चार दशकों से भारतीय विरासत और वैदिक संस्कृति से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, 1980 के दशक में उन्होंने वैदिक संस्कृति पर आधारित पुस्तकों के लिए चित्रांकन का कार्य शुरू किया था। इसके बाद वर्ष 2008 से 2013 के बीच उन्होंने महाभारत से जुड़े 23 विशाल चित्रों पर काम किया।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से मिले खास तोहफे के लिए सोशल मीडिया पर आभार जताया। मेलोनी ने ट्वीट करते हुए लिखा, गिफ्ट के लिए धन्यवाद। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि पीएम मोदी उनके लिए भारत की मशहूर टॉफी मेलोडी लेकर आए। मेलोनी ने कहा, कि प्रधानमंत्री मोदी एक बहुत, बहुत अच्छी टॉफी- मेलोडी गिफ्ट में लाए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय शास्त्रीय नृत्य की वैश्विक लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि भारतीय नृत्य के प्रति समर्पित पांच इटालियन कलाकारों स्वामिनी आत्मानंद गिरि, सुश्री मार्टिना मीनाक्षी अरगाडा, सुश्री ल्यूक्रेजिया मैनीस्कोटी, सुश्री वेलेरिया वेस्पाजियानी और सुश्री रोजेला फेनेली ने 'ट्रिगलबंदी' की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति में कुचिपुड़ी, भरतनाट्यम और कथक जैसी भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों का सुंदर संगम देखने को मिला। पीएम ने कहा कि दुनिया भर में भारतीय संस्कृति और कला के प्रति बढ़ता आकर्षण बेहद अद्भूत है।
प्रधानमंत्री ने इटली में बसे भारतीय समुदाय का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि रोम पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने भारतीय प्रवासियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका भारत के प्रति गहरा लगाव और भारत-इटली संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में भारतीय प्रवासी समुदाय लगातार देश का नाम रोशन कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली के दौरे पर रोम पहुंचने के बाद पीएम जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की। पीएम मोदी ने बताया कि दोनों नेताओं ने डिनर के दौरान कई अहम वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद दोनों नेताओं ने रोम के ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित कोलोसियम का भी दौरा किया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत-इटली संबंधों को और मजबूत बनाने को लेकर आज होने वाली औपचारिक वार्ता को लेकर वह उत्साहित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, निवेश और सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोम पहुंचने पर एक बहुत ही विशेष और आध्यात्मिक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। पीएम मोदी के स्वागत में परफॉर्म करने वाले एक कलाकार ने बताया कि उन्होंने 'राग हंसध्वनि' पर आधारित एक पारंपरिक धुन बजाई। उन्होंने कहा, "हमने सभी संगीतकारों के साथ मिलकर खास तौर पर भारत के प्रधानमंत्री के लिए इस संगीतमय रचना को एक साथ तैयार किया था।" कलाकार ने अपना भारी उत्साह जाहिर करते हुए कहा कि पीएम मोदी के सामने प्रस्तुति देने के बाद वे ऊर्जा से भर गए हैं और अब इटली सहित पूरे यूरोप में भारतीय मूल्यों और कला को फैलाने के लिए बहुत ज्यादा प्रेरित महसूस कर रहे हैं।
इटली की राजधानी रोम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पीएम मोदी से मिलने के बाद प्रवासी भारतीय समुदाय के एक सदस्य ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, "जिस तरह से उन्होंने आकर हमें संबोधित किया, उससे हम बहुत ज्यादा खुश और उत्साहित हैं। यह पहली बार है जब हमें उनसे मिलने का यह सुनहरा मौका मिला है।" उन्होंने आगे कहा कि यह उनके लिए एक बेहद खास और यादगार पल है। सदस्य ने बताया कि इस आत्मीय मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने वहां मौजूद सभी लोगों को एकता और एकजुटता का बहुत ही मजबूत संदेश दिया है।
रोम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद एक इतालवी पेंटर ने अपना अनुभव साझा करते हुए इसे अपनी जिंदगी का सबसे बेहतरीन पल बताया। उन्होंने कहा, "यह अनुभव बहुत शानदार था। पीएम मोदी बेहद दयालु हैं, उन्होंने मुझसे हाथ मिलाया और पूछा कि मुझे पवित्र शहर वाराणसी की इस पेंटिंग को बनाने में कितना समय लगा।" चित्रकार ने बताया कि उनके लिए यह पेंटिंग एक इतालवी कलाकार की नजर और भारत की रंग-बिरंगी संस्कृति के बीच का एक खूबसूरत पुल है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "मैं भारत से प्यार करता हूं और मेरी कला भारतीय संस्कृति से बहुत अधिक प्रभावित है।"
इटली दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद 'सनातन धर्म संघ' की स्वामिनी श्रद्धानंद गिरि ने अपनी गहरी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि मैं बहुत खुश हूं। यह हमारी उनसे दूसरी मुलाकात है इससे पहले हम 2021 में भी उनसे मिले थे। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने हमेशा उनके मिशन को समर्थन दिया है और उसे आगे बढ़ाने में काफी मदद की है। स्वामिनी जी ने एक बेहद अहम जानकारी देते हुए बताया कि 'सनातन धर्म संघ' को इटली की संसद द्वारा आधिकारिक धर्म के रूप में मान्यता प्राप्त है। यह मुलाकात भारत और इटली के सांस्कृतिक संबंधों की गहराई को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोम पहुंचते ही इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने उनका बहुत ही गर्मजोशी से स्वागत किया है। पीएम मेलोनी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए खास अंदाज में लिख कि रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त।
रोम में उनके होटल पहुंचने पर उनका बेहद खास और भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पीएम मोदी ने वहां आयोजित एक विशेष आध्यात्मिक प्रस्तुति भी देखी, जिसने सभी का मन मोह लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने विदेशी दौरे के आखिरी पड़ाव पर इटली की राजधानी रोम पहुंच गए हैं। रोम पहुंचने पर उनका बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पीएम मोदी जिस होटल में ठहरे हैं, उसके बाहर बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय और उनके समर्थक पहले से ही मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने वहां पहुंचकर लोगों का उत्साहपूर्वक अभिवादन किया और उनका हालचाल जाना। इस दौरान लोगों ने हाथ में तिरंगा लेकर 'भारत माता की जय' और 'मोदी-मोदी' के नारे लगाए। पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए लोगों में भारी उत्साह देखा गया। यह यात्रा भारत और इटली के आपसी संबंधों को मजबूत करने के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के ऐतिहासिक दौरे के अंतिम चरण में इटली की राजधानी रोम पहुंच गए हैं। रोम पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपने आधिकारिक कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि वह इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से खास मुलाकात करेंगे।
इस दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर अहम चर्चा होगी, जिसमें विशेष रूप से 'भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे' (IMEC) पर फोकस किया जाएगा। इसके साथ ही दोनों नेता भारत-इटली 'संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029' की भी विस्तार से समीक्षा करेंगे। अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के मुख्यालय का भी दौरा करेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि उनका यह दौरा बहुपक्षवाद और वैश्विक खाद्य सुरक्षा के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता को और अधिक सशक्त बनाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के बेहद अहम और ऐतिहासिक विदेशी दौरे के आखिरी पड़ाव पर पहुंच गए हैं। मंगलवार को अपना नॉर्वे का सफल दौरा खत्म करने के बाद वह इटली की राजधानी रोम पहुंच चुके हैं। इटली का यह दौरा भारत की विदेश नीति और दुनिया भर में देश की मजबूत होती छवि के लिए बहुत ही जरूरी माना जा रहा है। ओस्लो से उड़ान भरने के बाद अब रोम में उनका भव्य स्वागत किया जा रहा है।