फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Europe Visit: मोदी बोले- आज विश्व के बड़े-बड़े देश खाद्य सुरक्षा के लिए चिंतित, भारत का किसान दुनिया का पेट भरने आगे आ रहा

Mon, 02 May 2022 11:32 PM IST
संजीव कुमार झा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, बर्लिन

खास बातें

PM Narendra Modi 3 Day Europe Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोंदी यूरोप के अपने तीन दिवसीय दौरे के तहत जर्मनी की राजधानी बर्लिन पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज से मुलाकात की। बाद में दोनों नेता बर्लिन में भारत-जर्मनी IGC बैठक में शामिल हुए। इससे पहले भारतीय समुदाय ने उनका जबरदस्त स्वागत किया। फेडरल चांसलरी के सामने सुबह से ही लोगों का तांता लग गया। बताया गया है कि शाम को मोदी जर्मनी में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करेंगे। बर्लिन से पीएम मोदी तीन मई को डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन पहुंचेंगे। 
विज्ञापन
PM Modi in Berlin - फोटो : अमर उजाला/ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:03 PM, 02-May-2022

आज विश्व गेहूं की कमी का सामना कर रहा है

आज विश्व गेहूं की कमी का सामना कर रहा है। दुनिया के बड़े-बड़े देश खाद्य सुरक्षा के लिए चिंतित हैं। उस दौरान भारत का किसान दुनिया का पेट भरने के लिए आगे आ रहा है। जब भी मानवता के सामने कोई संकट आता है, तो भारत हल के साथ सामने आता है। जो संकट लेकर आते हैं उन्हें संकट मुबारक, जो सॉल्यूशन लेकर आते हैं, उनका जयकारा। यही नए भारत का नारा है।

 

10:54 PM, 02-May-2022

पीएम बोले- गवर्नेंस में टेक्नॉलॉजी का समावेश

आज भारत में गवर्नेंस में टेक्नॉलॉजी का जिस तरह समावेश किया जा रहा है, वो नए भारत की नई पॉलिटिकल विल भी दिखाता है और डेमोक्रेसी की डिलीवरी क्षमता का भी प्रमाण है।  

10:50 PM, 02-May-2022

देश के कोटि-कोटि जन ही ड्राइविंग फोर्स

देश आगे बढ़ता है जब देश के लोग उसके विकास का नेतृत्व करें, देश आगे बढ़ता है, जब देश के लोग उसकी दिशा तय करें। अब आज के भारत में सरकार नहीं बल्कि देश के कोटि-कोटि जन ही ड्राइविंग फोर्स है। 
 

विज्ञापन
10:46 PM, 02-May-2022

वो कौन सा पंजा था...

पीएम ने कहा, अब जिस तरह तकनीक काम कर रही है उससे भारत की इच्छाशक्ति का पता चलता है। अब किसी प्रधानमंत्री को नहीं कहना पड़ेगा कि मैं एक रुपये दिल्ली से भेजता हूं, लेकिन सिर्फ 15 पैसे ही लोगों के हाथ में पहुंचते हैं। वो कौन सा पंजा था जो 85 पैसा घिस लेता था।  बीते 7-8 साल में भारत सरकार ने डीबीटी के माध्यम से लोगों के हाथ में पैसा पहुंचाया है। 

10:43 PM, 02-May-2022

वर्क इन प्रोग्रेस का दिया मंत्र

पीएम ने कहा- पहले जहां जाओ लिखा होता था वर्क इन प्रोग्रेस। पहले हमारे यहां कहीं सड़क बनती है, फिर बिजली के लिए सड़क खोदी जाती है, फिर पानी के लिए खोद दी जाती है। फिर किसी और काम के लिए। ये इसलिए होता है क्योंकि सरकारी विभागों का न तो तालमेल होता है न साझेदारी। सबके पास रिपोर्ट कार्ड है, लेकिन परिणाम- वर्क इन प्रोग्रेस। इसे तोड़ने के लिए हमने पीएम गतिशक्ति मास्टरप्लान बनाया है। हम हर प्रोजेक्ट के लिए स्टेकहोल्डर्स को एक प्लेटफॉर्म पर लेकर आए हैं।
 

विज्ञापन
10:27 PM, 02-May-2022

पीएम बोले, देश का तेज विकास चाहता है आज का भारत

आज का आकांक्षी भारत, आज का युवा भारत, देश का तेज विकास चाहता है। वो जानता है कि इसके लिए राजनीतिक स्थिरता और प्रबल इच्छाशक्ति कितनी आवश्यक है। इसलिए भारत के लोगों ने तीन दशकों से चली आ रही राजनीतिक अस्थिरता के वातावरण को एक बटन दबाकर खत्म कर दिया। 
 

10:25 PM, 02-May-2022

भारत आज संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है

21वीं सदी का ये समय हमारे नौजवानों के लिए बहुत अहम है। आज भारत मन बना चुका है। और भारत ने वो मन बना लिया है। भारत आज संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है। आज भारत को पता है कि कहां जाना है, कैसे जाना है, कब तक जाना है। जब किसी देश का मन बन जाता है, तो वह देश नए रास्तों पर भी चलता है, और मनचाही मंजिलों को प्राप्त कर के भी दिखाता है।
 

10:24 PM, 02-May-2022

मैं हृदय से आपका बहुत आभारी हूं

पीएम ने कहा, जर्मनी में काफी ठंड है, लेकिन कई बच्चे सुबह चार बजे से आ गए थे। मैं जर्मनी पहले भी आया हूं। मैं देख रहा हूं कि हमारी जो नई पीढ़ी है वो काफी बड़ी तादाद में नजर आ रही है। आपने यहां आने के लिए समय निकाला, मैं हृदय से आपका बहुत आभारी हूं। अभी हमारे राजदूत बता रहे थे कि संख्या के हिसाब से जर्मनी में भारतीय कम हैं। लेकिन आपके स्नेह में कोई कमी नहीं है।

 

10:23 PM, 02-May-2022

मां भारती के सपूतों की बात करना चाहता हूं

न मैं आज आपसे मेरी बात करने आया हूं, न मोदी सरकार की बात करने आया हूं। लेकिन आज मन करता है कि जी भर के आप लोगों से करोड़ों भारतीय लोगों का गौरव गान करूं। मैं जब भारतीयों की बात करता हूं तो इसका ये मतलब नहीं कि वे लोग जो वहां रहते हैं, बल्कि वो भी जो यहां रहते हैं। मैं दुनिया के हर कोने में बसने वाले मां भारती के सपूतों की बात करना चाहता हूं।

10:22 PM, 02-May-2022

नरेंद्र मोदी भारतीय समुदाय के सदस्यों के बीच पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बर्लिन में भारतीय समुदाय के सदस्यों के बीच पहुंचे। पीएम ने कहा, मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे जर्मनी में 'मां भारती' के बच्चों से मिलने का अवसर मिला। आप सभी से मिलकर बहुत अच्छा लग रहा है। आप में से कई लोग यहां बर्लिन आए हैं, जर्मनी के विभिन्न शहरों से आए हैं। 
 

09:52 PM, 02-May-2022

आईजीसी में कई अहम मुद्दों पर पेश हुईं रिपोर्ट्स

दोनों पक्षों के भाग लेने वाले मंत्रियों और अधिकारियों ने आईजीसी के विभिन्न पहलुओं संबंधी अपनी बैठकों पर संक्षिप्त रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें विदेशी, सुरक्षा, आर्थिक, वित्तीय नीति, वैज्ञानिक और सामाजिक विनिमय, जलवायु, पर्यावरण, सतत विकास और ऊर्जा से जुड़े मुद्दे शामिल थे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री एस जयशंकर, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह और उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के सचिव अनुराग जैन ने भारत की ओर से प्रस्तुतियां दीं।
 

09:12 PM, 02-May-2022

जर्मन और भारतीय कंपनियों के अधिकारियों से मिले मोदी और शोल्ज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जर्मनी दौरे पर जर्मन और भारतीय कंपनियों के अधिकारियों से भी मुलाकात की। पीएम की चर्चा के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से लेकर कई सरकारी अफसर भी शामिल रहे। 

08:04 PM, 02-May-2022

जर्मन चांसलर ने रूस पर बोला जुबानी हमला

बर्लिन में जर्मन चांसलर ओलाफ़ शोल्ज ने मोदी के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में रूस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन पर हमला कर रूस ने अंतरराष्ट्रीय कानून के बुनियादी सिद्धांतों का उल्लंघन किया है। मैं व्लादिमीर पुतिन से अपनी अपील दोहराता हूं कि इसे खत्म करो और यूक्रेन से अपने सैनिकों को हटाओ।

07:56 PM, 02-May-2022

पीएम मोदी ने हरित हाइड्रोजन के लिए किया जर्मनी के साथ समझौता

पीएम मोदी ने कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि भारत और जर्मनी ने हरित हाइड्रोजन कार्यबल स्थापित करने का निर्णय लिया। इसी के साथ भारत यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौता वार्ता में त्वरित प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है।

07:46 PM, 02-May-2022

हमारे रिश्तों में अभूतपूर्व प्रगति हुई, जर्मन चांसलर से बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा, "हमारी पिछली आईजीसी 2019 में हुई थी, तब से विश्व में महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं। कोविड-19 महामारी ने वैश्विक अर्थव्यवस्था पर विनाशकारी प्रभाव डाला है। हाल की जियो पॉलेटिकल घटनाओं ने भी दिखाया कि विश्व की शांति और स्थिरता कितनी नाजुक स्थिति में है और सभी देश कितने इंटरकनेक्टेड हैं।" उन्होंने कहा, "लोकतांत्रिक देशों के तौर पर भारत और जर्मनी कई कॉमन मूल्यों को साझा करते हैं। इन साझा मूल्यों और साझा हितों के आधार पर पिछले कुछ वर्षों में हमारे द्विपक्षीय संबंधों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।"

07:38 PM, 02-May-2022

मोदी बोले- युद्ध की वजह से विकासशील और गरीब देश सबसे ज्यादा प्रभावित

द्विपक्षीय वार्ता के बाद पीएम मोदी और जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें पीएम मोदी ने कहा कि 2022 में यह मेरा पहला विदेश दौरा है। इससे समझा जा सकता है कि भारत यूरोप को कितनी प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर कहा, "यूक्रेन के संकट के आरंभ से ही हमने तुरंत युद्धविराम का आह्वान किया और इस बात प जोर दिया कि विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत ही एकमात्र उपाय है। इस युद्ध में कोई विजय पार्टी नहीं होगी। सभी को नुकसान होगा। इसलिए हम शांति के पक्ष में हैं। यूक्रेन संकट में उथल-पुथल के कारण तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। दुनिया में फर्टिलाइजर की कमी हो रही है। इससे विकासशील और गरीब देशों पर बुरा असर होगा। इस संघर्ष के मानवीय प्रभाव से भारत बहुत चिंतित है। हमने अपनी तरफ से यूक्रेन को मानवीय सहायता भेजी है।" 

06:30 PM, 02-May-2022

दोनों नेताओं ने कारोबार को गति देने, सांस्कृतिक सम्पर्कों सहित द्विपक्षीय संबंधों के सम्पूर्ण आयामों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘ भारत-जर्मनी सहयोग का विस्तार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चांसलर ओलाफ शोल्ज ने बर्लिन में मुलाकात की। ’’ प्रधानमंत्री मोदी की जर्मनी चांसलर शॉल्ज से यह पहली मुलाकात है जिन्होंने दिसंबर 2021 में पदभार ग्रहण किया है। पीएमओ ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर ओलाफ शोल्ज के बीच बर्लिन में वार्ता जारी। दोनों नेताओं ने भारत और जर्मनी के बीच द्विपक्षीय संबंधों के सम्पूर्ण आयामों की समीक्षा की जिसमें कारोबार को गति देने, सांस्कृतिक सम्पर्क आदि शामिल है। ’’

 

06:14 PM, 02-May-2022

बर्लिन में अपनी समकक्ष से मिले विदेश मंत्री जयशंकर

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को जर्मनी की अपनी समकक्ष एनालीना बेयरबॉक से मुलाकात की और दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की तथा रूस-यूक्रेन संघर्ष तथा हिन्द प्रशांत क्षेत्र से जुड़े विषयों पर चर्चा की । जयशंकर यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आए शिष्टमंडल का हिस्सा हैं । उन्होंने कहा कि जर्मनी की विदेश मंत्री बेयरबॉक के साथ उनकी अच्छी बातचीत हुई है। जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘ विदेश मंत्री बेयरबॉक के साथ अच्छी बातचीत हुई । हमने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की । यूक्रेन संघर्ष तथा हिन्द प्रशांत क्षेत्र के विषय पर चर्चा की । दोनों विदेश कार्यालयों के बीच सीधे विशिष्ट रूप में सम्पर्क को लेकर समझौते पर हस्ताक्षर किए । ’’ विदेश मंत्री ने कहा कि अंतर सरकारी विचार विमर्श (आईजीसी) के पूर्ण सत्र में हिस्सा लेंगे ।

06:00 PM, 02-May-2022

फेडरल चांसलरी में मोदी-शोल्ज के साथ मंत्रियों ने खिंचाईं फोटो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज के बीच डेलिगेशन स्तर की वार्ता शुरू होने से पहले दोनों देशों के मंत्रियों ने फेडरल चांसलरी में साथ में फोटो खिंचाईं। 

05:53 PM, 02-May-2022

मोदी और शोल्ज के बीच डेलिगेशन स्तर की वार्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर ओलाफ़ स्कोल्ज़ ने बर्लिन में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की।

04:55 PM, 02-May-2022

शोल्ज और पीएम मोदी के बीच शुरू हुई चर्चा

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज के बीच सोमवार को अहम मुद्दों पर चर्चा शुरू हो गई। दोनों के बीच बैठक बर्लिन की फेडरल चांसलरी में हुई। दोनों ही नेताओं के बीच रूस और यूक्रेन युद्ध को लेकर चर्चा की उम्मीद जताई गई है। 

04:36 PM, 02-May-2022

पीएम मोदी को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बर्लिन में जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज से मिलने पहुंचे। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

04:22 PM, 02-May-2022

पीएम मोदी का अभिवादन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बर्लिन में संघीय चांसलर के लिए रवाना हुए, इस दौरान भारतीय प्रवासियों ने उनका अभिवादन किया।
 
 

02:57 PM, 02-May-2022

बर्लिन के ब्रैंडेनबर्ग गेट पर दिखा भारत का रंग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यालय ने बर्लिन के प्रतिष्ठित ब्रैंडेनबर्ग गेट पर भारत के रंग और विविधता प्रदर्शित करती तस्वीर साझा की है। 

01:31 PM, 02-May-2022

पीएम के पहुंचते ही भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे लगने लगे

पीएम मोदी जब भारतीय समुदाय के लोगों के बीच पहुंचे तो वहां भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे लगने लगे। क्या बच्चे क्या महिलाएं सभी पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखे। इस दौरान पीएम मोदी भी सभी का अभिवादन स्वीकार किया।

11:48 AM, 02-May-2022

पीएम मोदी ने की भारतीय मूल के लड़के की प्रशंसा

देशभक्ति गीत गाने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने एक युवा भारतीय मूल के लड़के की प्रशंसा की।


 

11:34 AM, 02-May-2022

रूस की कार्रवाई को लेकर भारत और जर्मनी के बीच सकारात्मक बात: चांसलर

जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कॉल्ज ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि रूस की कार्रवाई को लेकर भारत और जर्मनी के बीच सकारात्मक बात होगी।

10:48 AM, 02-May-2022

भारतीय समुदाय के लोगों से मिले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के होटल एडलॉन केम्पिंस्की पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। पीएम मोदी इस दौरान एक बच्चे से भी मिले जिसने कि गाना गाकर प्रधानमंत्री को सुनाया।
यहां देखें वीडियो


10:18 AM, 02-May-2022

चुनौतियों के बीच ये दौरा बेहद महत्वपूर्ण: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि चुनौतियों के बीच ये दौरा बेहद महत्वपूर्ण है। इस दौरे में उन  सभी सहयोगियों से मुलाकात होगी जो भारत की शांति और समृद्धि की लक्ष्य का अहम हिस्सा रहे हैं।

09:51 AM, 02-May-2022

यहां देखें वीडियो -पीएम पहुंचे बर्लिन



 

09:40 AM, 02-May-2022

भारत का अंतर-सरकारी परामर्श (IGC) केवल जर्मनी के साथ

बता दें कि भारत का अंतर-सरकारी परामर्श (IGC) केवल जर्मनी के साथ है, जो हर दो साल में आयोजित किया जाता है। छठे आईजीसी के बाद एक उच्च स्तरीय गोलमेज बैठक होगी जहां प्रधानमंत्री और चांसलर स्कोल्ज दोनों देशों के शीर्ष सीईओ के साथ बातचीत करेंगे। पीएम मोदी जर्मनी में भारतीय प्रवासियों से भी बातचीत करेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे। तीन देशों की यात्रा से पहले अपने प्रस्थान वक्तव्य में, प्रधान मंत्री ने कहा कि उनकी बर्लिन यात्रा चांसलर स्कोल्ज के साथ विस्तृत द्विपक्षीय चर्चा करने का अवसर होगी।

बर्लिन पहुंचने के बाद पीएम मोदी का स्वागत


 

09:32 AM, 02-May-2022

पीएम मोदी जर्मनी की राजधानी बर्लिन पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोंदी जर्मनी की राजधानी बर्लिन पहुंच गए हैं। थोड़ी देर बाद वे जर्मन चांसलर ओलाफ स्कॉल्ज से मुलाकात करेंगे।

बर्लिन में पीएम मोदी का स्वागत

 

09:13 AM, 02-May-2022

PM Modi Europe Visit: मोदी बोले- आज विश्व के बड़े-बड़े देश खाद्य सुरक्षा के लिए चिंतित, भारत का किसान दुनिया का पेट भरने आगे आ रहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोंदी यूरोप के अपने तीन दिवसीय दौरे के तहत जर्मनी की राजधानी बर्लिन पहुंच गए हैं। कुछ देर बाद वे बर्लिन में भारत-जर्मनी IGC बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद जर्मन चांसलर ओलाफ स्कॉल्ज से मुलाकात करेंगे। वहीं शाम में वे  जर्मनी में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करेंगे। बर्लिन से पीएम मोदी तीन मई को डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन पहुंचेंगे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें