फ्रांस की राजधानी पेरिस पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने होटल प्लाजा एथनी के बाहर भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान वहां मौजूद भारतीयों में गजब का जोश दिखा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने यूरोप दौरे के आखिरी दिन पेरिस पहुंच गए हैं। पीएम मोदी तीन यूरोपीय देशों की यात्रा पर थे। यहां वे फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के साथ व्यापक वार्ता करेंगे। बता दें कि मैक्रों एक सप्ताह पहले शीर्ष पद के लिए दोबारा चुने गए थे।
दूसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में सभी देशों के प्रधानमंत्रियों ने यूक्रेन में चल रहे मानवीय संकट के बारे में अपनी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट रूप से यूक्रेन में नागरिकों की मौत की निंदा की। उन्होंने युद्ध की तत्काल समाप्ति की आवश्यकता को दोहराया। उन्होंने यूक्रेन में संघर्ष के अस्थिर प्रभाव और इसके व्यापक क्षेत्रीय और वैश्विक प्रभावों पर चर्चा की। दोनों पक्ष इस मुद्दे पर घनिष्ठ रूप से जुड़े रहने पर सहमत हुए।
तीन दिवसीय यूरोप दौरे के आखिरी दिन पीएम नरेंद्र मोदी ने डेनमार्क यात्रा समाप्त कर फ्रांस की राजधानी पेरिस के लिए प्रस्थान किया। वह फ्रांस में नवनिर्वाचित राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे।
विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने बताया कि नॉर्डिक नेताओं के साथ प्रधानमंत्री की बैठक की शुरुआत नॉर्वे के समकक्ष के साथ बैठक से शुरू हुई। चर्चा और साझेदारी में मुख्य केंद्र ब्लू इकोनॉमी और इसके विभिन्न पहलू था। इसका दूसरा केंद्र बिंदु नवीकरणीय ऊर्जा था। इसके अलावा प्रौद्योगिकी और निवेश संबंध, स्वास्थ्य क्षेत्र के अलावा भारत में जल निकायों का निर्माण पर बात हुई।
डेनमार्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोपेनहेगन में भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। इसको लेकर विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज हमारे लिए नॉर्डिक भागीदारों के साथ जुड़ाव का दिन था, जिसके लिए प्रधानमंत्री ने डेनमार्क, फ़िनलैंड, आइसलैंड, स्वीडन और नॉर्वे के प्रधानमंत्रियों के साथ दूसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लिया। शिखर सम्मेलन के दौरान, महामारी के बाद आर्थिक सुधार, जलवायु परिवर्तन, सतत विकास, नवाचार, डिजिटलीकरण और हरित और स्वच्छ विकास में बहुपक्षीय सहयोग पर चर्चा हुई।
कोपेनहेगन में दूसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन से पहले PM मोदी और डेनमार्क,फिनलैंड,आइसलैंड,नॉर्वे तथा स्वीडन के प्रधानमंत्रियों ने फोटो खिंचवाई। इसको लेकर विदेश मंत्रालय ने ट्वीट किया कि स्टॉकहोम में 2018 का शिखर सम्मेलन पहली बार था जब भारत नॉर्डिक देशों के साथ एक मंच पर एक समूह के रूप में जुड़ा था।
आइसलैंड की प्रधानमंत्री कैटरीन जैकोब्स्दोतिर ने पीएम मोदी से मुलाकात के बाद कहा कि हमने योग के बारे में भी बात की, यह आइसलैंड में काफी लोकप्रिय है और बहुत से लोग नियमित रूप से इसका अभ्यास करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारत और आइसलैंड के पास कार्बन बाइंडिंग और मत्स्य पालन क्षेत्र में सहयोग को गहरा करने के साथ-साथ जलवायु सहयोग और भू-तापीय ऊर्जा के मुद्दों पर कई अवसर हैं। हमने संस्कृति और लैंगिक समानता के बारे में भी बात की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सना मरीन ने कोपेनहेगन में मुलाकात की। भारत और फिनलैंड के बीच विकासात्मक साझेदारी को तेजी से बढ़ रही है। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और ऐसे अन्य क्षेत्रों में इस साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
पीएम मोदी बुधवार को डेनमार्क, फिनलैंड, नॉर्वे, स्वीडन और आइसलैंड के प्रधानमंत्रियों के साथ दूसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। सम्मेलन मे पीएम मोदी नॉर्डिक देशों से जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, और नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों को मजबूत करने के लिए चर्चा करेंगे।