समय के साथ और भी मजबूत होती जा रही नामीबिया के साथ दोस्ती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि मैं हमारे लोगों के बीच मैत्री के प्रतीक के रूप में नामीबिया का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार प्राप्त करके अत्यंत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। नामीबिया के मजबूत और सुंदर पौधों की तरह, हमारी मित्रता समय की कसौटी पर खरी उतरी है। उन्होंने कहा कि आपके राष्ट्रीय पौधे, वेलविचिया मिराबिलिस की तरह यह समय और उम्र के साथ और भी मज़बूत होती जाती है।
जिनके पास कुछ भी नहीं उनके पास संविधान की गारंटी
पीएम मोदी ने जताया आभार
नामीबिया की संसद को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर, इस गरिमामय सदन को संबोधित करना मेरे लिए बड़े सौभाग्य की बात है। मुझे यह सम्मान देने के लिए मैं आपका आभार व्यक्त करता हूं। मैं आपके समक्ष लोकतंत्र की जननी के प्रतिनिधि के रूप में खड़ा हूं और मैं अपने साथ भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से हार्दिक शुभकामनाएँ लाया हूं।
नामीबिया में इस साल से यूपीआई से भुगतान
नामीबिया ने इस वर्ष के अंत में देश में डिजिटल भुगतान प्रणाली शुरू करने की घोषणा की। इसके लिए अप्रैल 2024 में भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) और बैंक ऑफ नामीबिया के बीच यूपीआई प्रौद्योगिकी लाइसेंसिंग समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे।
कुछ ही देर में पीएम मोदी नामीबिया की संसद को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही नामीबिया की संसद को संबोधित करेंगे। एक हफ़्ते में यह उनका तीसरा संसद संबोधन होगा।
'140 करोड़ भारतीयों की ओर से विनम्रतापूर्वक यह सम्मान स्वीकार करता हूं'
सम्मानित किए जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'इस सम्मान से सम्मानित होना मेरे लिए अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है। मैं राष्ट्रपति, नामीबिया सरकार और नामीबिया की जनता के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। मैं 140 करोड़ भारतीयों की ओर से विनम्रतापूर्वक यह सम्मान स्वीकार करता हूं।
पीएम मोदी को नामीबिया का सर्वोच्च सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नामीबिया ने भी सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाज दिया है। पीएम मोदी को बुधवार को नामीबिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेल्वित्चिया मिराबिलिस' से सम्मानित किया गया। मई 2014 में प्रधानमंत्री मोदी के पदभार ग्रहण करने के बाद से किसी विदेशी सरकार की ओर से उन्हें प्रदान किया गया यह 27वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
भारत-नामीबिया में कई समझौतों पर बनी सहमति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नामीबिया के राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो नंदी-नदैतवा ने नामीबिया के विंडहोक में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। इस दौरान कई समझौता प्रस्तावों पर सहमति बनी और दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद भारत और नामीबिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नामीबिया के राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो नंदी-नदैतवाह की उपस्थिति में समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया।
नामीबिया की राष्ट्रपति नेतुम्बो नंदी ने नामीबिया के स्टेट हाउस में प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
नामीबिया के स्टेट हाउस में प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान पीएम मोदी को 21 बंदूकों की सलामी दी गई।
प्रधानमंत्री मोदी ने नामीबिया की राजधानी विंडहॉक में भारतीय समुदाय से मुलाकात की। पीएम मोदी जिस होटल में ठहरे हैं, उसमें प्रधानमंत्री से मिलने बड़ी संख्या में भारतीय और भारतवंशी लोग पहुंचे।
भारतीय समुदाय की एक महिला ने कहा कि 'पीएम मोदी के नामीबिया दौरे को लेकर हम रोमांचित हैं। हम प्रधानमंत्री के स्वागत में गरबा नृत्य करेंगे। एक अन्य महिला ने कहा कि यह पहली बार होगा, जब मैं पीएम मोदी से मिलूंगी। मैं इसे लेकर बेहद उत्साहित हूं।'
नामीबिया की राजधानी विंडहॉक में प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए भारतीय समुदाय उत्सुक है। बड़ी संख्या में लोग हाथों में बैनर लेकर प्रधानमंत्री मोदी के होटल आने का इंतजार कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने एक दिवसीय दौरे पर नामीबिया पहुंच गए हैं। पीएम मोदी के नामीबिया दौरे पर दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर सहमति बन सकती है, जिसमें यूरेनियम निर्यात, रक्षा उपकरण खरीद और तेल और गैस के क्षेत्र में सहयोग आदि प्रमुख हैं।
पीएम मोदी के नामीबिया की यात्रा से शुरू हो सकता है प्रोजेक्ट चीता 2
नामीबिया में भारत के उच्चायुक्त राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि भारत में चीते अच्छी तरह से रह रहे हैं, लेकिन उनकी संख्या पर्यावरण संतुलन के लिए अभी भी पर्याप्त नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नामीबिया यात्रा के बाद 'प्रोजेक्ट चीता 2' की शुरुआत हो सकती है, जिससे भारत को और ज्यादा चीते मिल सकें। यह बयान भारत में जैविक विविधता और वन्यजीव संरक्षण को लेकर चल रहे प्रयासों को और आगे बढ़ाने की दिशा में देखा जा रहा है।
ग्लोबल साउथ में भारत की भूमिका अहम, अफ्रीका हमारा मजबूत साथी
नामीबिया में भारत के उच्चायुक्त राहुल श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान कहा कि ग्लोबल साउथ (दक्षिणी देशों) में भारत की नेतृत्व भूमिका को दुनिया मानती है, और इस दिशा में अफ्रीका भारत का मजबूत साझेदार है। उन्होंने बताया कि भारत ने नामीबिया को हमेशा समर्थन दिया है और नामीबिया ने भी तीनों "वॉयस ऑफ द ग्लोबल साउथ समिट" में भाग लिया है।
यूरेनियम के निर्यात की संभावना पर भी होगा विचार
राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि भारत को नामीबिया में पाए जाने वाले क्रिटिकल मिनरल्स (अहम खनिज) में काफी रुचि है। इसके अलावा भारत नामीबिया से यूरेनियम के निर्यात की संभावना पर भी विचार कर रहा है। हाल ही में नामीबिया में तेल और गैस के भंडार भी पाए गए हैं, जो भारत के लिए एक और आकर्षण का क्षेत्र है। श्रीवास्तव ने बताया कि रक्षा क्षेत्र को लेकर भी बातचीत होगी। वहीं नामीबिया भारत से कुछ रक्षा उपकरण खरीदना चाहता है और क्षमता निर्माण (कैपेसिटी बिल्डिंग) को दोनों देशों के रिश्तों का एक महत्वपूर्ण स्तंभ माना जा रहा है।
खनिज और रक्षा पर होगी अहम बातचीत
नामीबिया में भारत के उच्चायुक्त राहुल श्रीवास्तव ने कहा है कि भारत और नामीबिया के रिश्ते बेहद अच्छे हैं। उन्होंने बताया कि भारत उन पहले देशों में शामिल था जिन्होंने नामीबिया की आज़ादी का समर्थन किया था। आजीदी के बाद दोनों देशों के बीच यह दोस्ती मजबूत आर्थिक संबंधों में बदल गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 साल बाद नामीबिया की यात्रा पर पहुंचे हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, खनिज संसाधनों और रक्षा सहयोग जैसे कई अहम मुद्दों पर बातचीत होगी।
नामीबिया में संसद को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
नामीबिया में भारत के उच्चायुक्त राहुल श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने नामीबिया के दौरे के दौरान वहां राष्ट्रपति के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तरीय बातचीत करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी नामीबिया के राष्ट्रीय स्मारक ‘हीरोज एकर’ पर जाकर देश के संस्थापक डॉ. सैम नुजोमा को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। इसके अलावा वे नामीबिया की संसद को संबोधित करेंगे और वहां मौजूद भारतीय प्रवासी समुदाय से भी मुलाकात करेंगे।