मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है कि प्रधानमंत्री मोदी हमारे 60वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में हमारे साथ आए। प्रधानमंत्री मोदी कई बार हमारे यहां आ चुके हैं, लेकिन इस बार उन्होंने हमारे साथ कई घंटे बिताए। प्रधानमंत्री मोदी ने यहां सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। प्रधानमंत्री के साथ मेरी मुलाकात बहुत फलदायी रही और हमने पर्यावरण के बारे में बात की। प्रधानमंत्री मोदी मालदीव के मामलों में रुचि रखते हैं और हमारी अच्छी चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मालदीव की अपनी यात्रा समाप्त करने के बाद तमिलनाडु के थूथुकुडी के लिए रवाना हुए। आज रात करीब आठ बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु के तूतीकोरिन में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में 4800 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालदीव के माले में भारतीय प्रवासियों से मुलाकात की और उनका अभिवादन किया।
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने कहा कि भारत उन प्रमुख पर्यटन देशों में से एक है जो मालदीव को पर्यटन में मदद करता है। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा से इसमें और वृद्धि होने वाली है। मुझे विश्वास है कि इस यात्रा से दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान में काफी वृद्धि होगी।
इस साल भारत आने की अपनी योजना के बारे में मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि ऐसा होगा। मुझे नहीं पता कि इस साल होगा या नहीं, लेकिन शायद निकट भविष्य में। हम सभी ने देखा है कि भारत ने अतीत में मालदीव की कैसे मदद की है,और इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होगा कि आगे चलकर भारत एक बहुत ही महत्वपूर्ण साझेदार होगा।
प्रधानमंत्री मोदी के बारे में मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने कहा कि वह एक अद्भुत व्यक्ति हैं जो भारत के पड़ोसियों के बीच संबंध बनाने के बहुत शौकीन हैं। मालदीव और भारत के बीच सदियों पुराने बहुत अच्छे संबंध हैं और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आने वाले दिनों में दोनों सरकारों के बीच सहयोग और भी समृद्ध होगा।
भारत के साथ ऋण सुविधा, ऋण भुगतान, एफटीए और यूपीआई से संबंधित समझौतों पर मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने कहा कि इससे मालदीव को आगे बढ़ने में बहुत मदद मिलेगी। हमने जिन समझौतों और समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं, उन्हें लागू करने के लिए उत्सुक हैं। दोनों देशों के लोग उत्सुक हैं। इससे यहां आने वाले पर्यटकों और भारत जाने वाले मालदीवियों को लाभ होगा। हमने अभी एफटीए काम शुरू किया है और हमें उम्मीद है कि यह जल्द ही पूरा हो जाएगा।
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने कहा कि सभी मालदीववासियों की ओर से मैं प्रधानमंत्री मोदी को इस महत्वपूर्ण ऐतिहासिक अवसर पर मालदीव आने के मेरे निमंत्रण को स्वीकार करने के लिए धन्यवाद देता हूं।
मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन माले के रिपब्लिक स्क्वायर में किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समारोह में 'विशिष्ट अतिथि' के रूप में शामिल हो रहे हैं। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू भी मौजूद हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी माले के रिपब्लिक स्क्वायर में मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल हुए। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू भी मौजूद रहे।
मालदीव के पर्यटन और पर्यावरण मंत्री थोरिक इब्राहिम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मालदीव यात्रा बिल्कुल सही समय पर हुई है। वह आज मालदीव के स्वतंत्रता दिवस पर विशेष अतिथि के रूप में यहां आए हैं। यह भारत और मालदीव के बीच गहरी और मूल्यवान साझेदारी को रेखांकित करता है। मुझे विश्वास है कि उनकी यात्रा मालदीव के लिए भारतीय पर्यटन बाजार के महत्व को उजागर करती है, जो वर्तमान में जुलाई 2025 तक आने वाले पर्यटकों का छह फीसदी है और इस वर्ष 5 फीसदी आगमन वृद्धि को दर्शाता है। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा हमारे लिए बहुत खास है।
मालदीव के पर्यटन एवं पर्यावरण मंत्री थोरिक इब्राहिम ने कहा कि हमें उम्मीद है कि वेलाना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के खुलने और विशेष रूप से प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के साथ भारत से पर्यटकों का आगमन बढ़ेगा। इस वर्ष हमारा लक्ष्य देश में लगभग 23 लाख पर्यटकों को लाना है। हम लगभग 12 लाख पर्यटकों तक पहुंच चुके हैं और मैं यह बताना चाहूंगा कि ये 10 लाख पर्यटक भारत से हैं।
मालदीव के पर्यटन और पर्यावरण मंत्री थोरिक इब्राहिम ने कहा कि भारत-मालदीव दोनों ही पर्यावरण संबंधी मुद्दों को साझा करते हैं। कल मालदीव और भारत के बीच हुए समझौतों पर गौर करें तो हम जिन प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान देंगे, उनमें से एक है उसी द्वीप का विकास जहां हमारा हवाई अड्डा है, हनीमाधू। सौर गठबंधन भी प्रधानमंत्री मोदी की एक पहल है। मालदीव सौर गठबंधन का पहला हस्ताक्षरकर्ता है। इसलिए हम सौर गठबंधन और अन्य भारतीय संस्थानों के साथ मिलकर काम करने की उम्मीद करते हैं, ताकि नवीकरणीय ऊर्जा और स्थिरता पर हमारी क्षमता बढ़े। कॉप 33 के लिए मालदीव के भारत को समर्थन पर उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हम कॉप को अपने क्षेत्र के करीब लाना चाहेंगे। यह क्षेत्र के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि होगी। इसलिए हमें उम्मीद है कि भारत आने पर कॉप- 33 एक बड़ी सफलता होगी।
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने हिंद महासागर को मालदीव और भारत के बीच दीर्घकालिक संबंधों का जीवंत प्रमाण बताते हुए कहा है कि दोनों देशों के बीच एक अटूट रिश्ता है, जो कूटनीति से कहीं आगे है। शुक्रवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित एक राजकीय भोज के दौरान मुइज्जू ने भारत सरकार के निरंतर समर्थन और अटूट दोस्ती के लिए आभार व्यक्त किया। मालदीव और भारत के बीच 60 वर्षों के राजनयिक संबंधों पर मुइज्जू ने कहा कि दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों को साझा इतिहास रहा है और दोनों देशों के बीच सदियों पुराने गहरे संबंध हैं। राष्ट्रपति मुइज्जू ने स्वीकार किया कि मालदीव के विकास में भारत की साझेदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने शनिवार को अपने एक बयान में कहा कि उनकी सरकार मालदीव पर विदेशी ताकतों का नियंत्रण नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि उनकी सरकार सेना और पुलिस बल के विकास पर खासा ध्यान दे रही है। मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुइज्जू ने यह बयान दिया।
मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद के साथ भी पीएम मोदी की मुलाकात हुई।
मालदीव दौरे पर पीएम मोदी ने आज उपराष्ट्रपति हुसैन मोहम्मद लतीफ और स्पीकर अब्दुल रहीम अब्दुल्ला से मुलाकात की। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच के कई मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में बताया कि 'मालदीव के उपराष्ट्रपति हुसैन मोहम्मद लतीफ के साथ बुनियादी ढांचे, तकनीक, जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा और अन्य अहम मुद्दों पर बात हुई। आने वाले वर्षों में दोनों देश आपसी संबंधों को और मजबूत करने की तरफ देख रहे हैं, जिससे हमारे लोगों को फायदा होगा।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में शुक्रवार को पड़ोसी देश के लिए कई बड़े एलान किए गए। इस दौरान पीएम मोदी ने जोर दिया कि नई दिल्ली को हिंद महासागर के द्वीपसमूह मालदीव का 'सबसे भरोसेमंद' मित्र होने पर गर्व है। भारत ने मालदीव के वार्षिक ऋण भुगतान दायित्वों को 40 प्रतिशत तक कम करने का भी निर्णय लिया है। इसे 51 मिलियन अमेरिकी डॉलर से घटाकर 29 मिलियन अमेरिकी डॉलर कर दिया गया है। इससे मालदीव को अपनी आर्थिक समस्याओं से निपटने में मदद मिलेगी।
इससे पहले शुक्रवार को दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। मालदीव के राष्ट्रपति ने बतौर भारतीय प्रधानमंत्री दूसरा सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के लिए पीएम मोदी को बधाई दी। शुक्रवार को पीएम मोदी ने कहा, हमारी विकास साझेदारी को नई गति देने के लिए हमने मालदीव को 565 मिलियन डॉलर (4,850 करोड़ रुपये) की ऋण सहायता देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग मालदीव में बुनियादी ढांचे के विकास से संबंधित परियोजनाओं के लिए, देश के लोगों की प्राथमिकताओं के अनुसार किया जाएगा।