फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi France LIVE: प्रधानमंत्री मोदी बोले- हमारे रिश्ते साझा सोच से प्रेरित; मैक्रों ने पीएम संग ली सेल्फी

Sun, 14 Jun 2026 08:01 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, पेरिस

खास बातें

PM Narendra Modi France Visit News Live Updates: पीएम मोदी फ्रांस पहुंच चुके हैं। इस दौरान वो जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। पीएम आज फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से भी मुलाकात करेंगे। नीस में आयोजित भारत इनोवेट्स-2026 कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। । इस दौरान भारत-अमेरिका और भारत-फ्रांस संबंधों के साथ निवेश, तकनीक और रणनीतिक सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत होने की संभावना है। वहीं, कुछ दिन बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात तय है। पीएम मोदी के फ्रांस दौरे से जुड़े सभी अपडेट जानने के लिए इस पेज पर बने रहे....
 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:17 PM, 14-Jun-2026

पीएम मोदी स्लोवाकिया की यात्रा के लिए फ्रांस से रवाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्लोवाकिया की आधिकारिक यात्रा के लिए फ्रांस के नीस से रवाना हो गए हैं। इस यात्रा से व्यापार, निवेश, इनोवेशन और रणनीतिक सहयोग के क्षेत्रों में भारत-स्लोवाकिया के संबंध और मजबूत होने की उम्मीद है।

09:30 PM, 14-Jun-2026

द्विपक्षीय वार्ता में इन मुद्दों पर हुआ मंथन

फ्रांस के नीस शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें दोनों नेताओं ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्टार्टअप, व्यापार, इंफ्रास्ट्रक्चर, मोबिलिटी और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों पर खास जोर दिया गया। दोनों नेताओं ने भारत-फ्रांस के ‘स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ की प्रगति की समीक्षा भी की और इसे आगे मजबूत करने पर सहमति जताई। इस दौरान नवाचार, निवेश, सुरक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच संबंधों को और बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी अपने फ्रांस दौरे के दौरान राष्ट्रपति मैक्रों के साथ ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जो दोनों देशों के बीच तकनीकी और नवाचार सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि इस बैठक से कई क्षेत्रों में ठोस परिणाम सामने आए हैं, खासकर AI, विज्ञान, अंतरिक्ष, स्टार्टअप और फिनटेक के क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा मिली है। प्रधानमंत्री मोदी ने रवाना होने से पहले कहा था कि फ्रांस भारत की रणनीतिक दृष्टि में एक खास स्थान रखता है। अपने इस दौरे के दौरान वह G-7 शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप समेत कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात करेंगे।

08:00 PM, 14-Jun-2026

फ्रांस-भारत साझेदारी की असाधारण मजबूती- मैक्रों

वहीं, एक्स पर एक अन्य पोस्ट में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने लिखा- अपने प्रिय मित्र नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। आज नीस से लेकर जी-7 एवियन और पेरिस में विवा-टेक तक, यह सातवीं यात्रा फ्रांस-भारत साझेदारी की असाधारण मजबूती को दर्शाती है। हम अपने लोगों के लिए टैलेंट, निवेश और ठोस समाधानों का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं।
 

विज्ञापन
07:54 PM, 14-Jun-2026

मैक्रों ने पीएम मोदी के साथ ली सेल्फी

फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी के साथ सेल्फी ली है, जिसे उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर साझा भी किया है।
 

05:14 PM, 14-Jun-2026

पीएम मोदी और मैक्रों के बीच द्विपक्षीय बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच फ्रांस के नीस शहर में द्विपक्षीय बैठक चल रही है।
 

विज्ञापन
05:12 PM, 14-Jun-2026

भारत का डिफेंस सेक्टर भी इनोवेशन के लिए खुला है- पीएम मोदी

'भारत इनोवेट्स' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'भारत का डिफेंस सेक्टर भी इनोवेशन के लिए खोल दिया गया है। आज, डिफेंस और स्पेस से जुड़े सैकड़ों स्टार्टअप भारत में शानदार काम कर रहे हैं। हाल ही में, भारत के न्यूक्लियर एनर्जी सेक्टर में भी अहम सुधार किए गए हैं... सुधारों का यह सिलसिला रुकेगा नहीं, यह आगे बढ़ता रहेगा'।
 

05:11 PM, 14-Jun-2026

इनोवेशन भारत के DNA में है- पीएम मोदी

'भारत इनोवेट्स' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'इनोवेशन भारत के DNA में है। हजारों वर्षों से भारत ने अपने ज्ञान और इनोवेशन से दुनिया को नई दिशा दिखाई है। गणित से लेकर खगोल विज्ञान तक, और चिकित्सा से लेकर योग तक, भारत का योगदान पूरी मानवता की प्रगति का आधार रहा है। आज हमने इस विरासत को नई गति और नई दिशा दी है'।
 

05:10 PM, 14-Jun-2026

'मानवता के सामने चुनौतियां भी हैं और अपार अवसर भी'

'भारत इनोवेट्स' के उद्घाटन समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, 'टकराव और जलवायु परिवर्तन के बढ़ते असर के बीच, दुनिया अभूतपूर्व उथल-पुथल से गुजर रही है। लेकिन आज, मानवता के सामने चुनौतियां भी हैं और अपार अवसर भी। AI, क्वांटम कंप्यूटिंग, बायोटेक्नोलॉजी, स्पेस टेक्नोलॉजी और एडवांस्ड मटीरियल्स ऐसी तकनीकें हैं जो मानवता के भविष्य को आकार देंगी। ये मानव सभ्यता के अगले अध्याय हैं। हर तकनीकी क्रांति मानवता को एक नया अवसर देती है और हर अवसर एक नई ज़िम्मेदारी भी लेकर आता है। आज दुनिया ऐसी तकनीकों की ओर देख रही है जो भरोसेमंद, समावेशी और मानव-केंद्रित हों और जिनका मकसद वैश्विक भलाई हो। ऐसे समय में, भारत की प्राथमिकता 'मानवता के लिए तकनीक' और मानव-केंद्रित इनोवेशन है'।
 

04:30 PM, 14-Jun-2026

'भारत में दो लाख से ज्यादा स्टार्टअप्स का एक बड़ा पूल है'

'भारत इनोवेट्स' के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आज इस कार्यक्रम में कई वेंचर कैपिटलिस्ट और इंडस्ट्री लीडर्स शामिल हैं। मैं भारत से आए युवा इनोवेटर्स की तारीफ करना चाहता हूं। पुराने रास्ते पर चलने के बजाय, उन्होंने उसे छोड़कर एक नया रास्ता चुना है। उन्होंने एक नई राह बनाई है। यहां आपको 100-125 स्टार्टअप दिख रहे होंगे, लेकिन भारत में ऐसे दो लाख से ज्यादा स्टार्टअप्स का एक बड़ा पूल है। ये सभी स्टार्टअप मिलकर भारत और दुनिया की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं'।
 

04:22 PM, 14-Jun-2026

भारत पूरी दुनिया के लिए इनोवेशन करता है- पीएम मोदी

'भारत इनोवेट्स' के उद्घाटन समारोह में युवा इनोवेटर्स का जिक्र करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आपकी क्षमता को देखते हुए मैं कहूंगा कि भारत बड़े पैमाने पर और तेजी से इनोवेशन करता है, भारत टिकाऊ भविष्य के लिए इनोवेशन करता है और भारत पूरी दुनिया के लिए इनोवेशन करता है'।

 
 

04:16 PM, 14-Jun-2026

आज भारत में स्टार्टअप क्रांति चल रही है- पीएम मोदी

'भारत इनोवेट्स' के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, '21वीं सदी का भारत बदलाव के एक बड़े दौर से गुजर रहा है। आज भारत में स्टार्टअप क्रांति चल रही है। इस क्रांति में, नई सोच के साथ भारत के युवा मानवता के हित में समस्याओं का समाधान ढूंढ रहे हैं। हमारे युवाओं के विश्व-स्तरीय समाधानों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का माध्यम 'भारत इनोवेट्स' है'।

 

04:10 PM, 14-Jun-2026

फ्रांस और भारत मिलकर इनोवेशन कर रहे हैं - मैक्रों

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने 'भारत इनोवेट्स' में कहा, 'भारत और फ्रांस एक सच्ची साझेदारी और सहयोगी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में आपसी सम्मान पर भरोसा करते हैं। जलवायु और ऊर्जा के क्षेत्रों में, फ्रांस और भारत मिलकर इनोवेशन कर रहे हैं। परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में, हम स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर्स जैसे प्रोजेक्ट्स और टेक्नोलॉजी पर मिलकर काम कर रहे हैं'।
 




 

04:05 PM, 14-Jun-2026

यह मंच भारतीय प्रतिभा और यूरोपीय पूंजी के बीच एक सेतु- पीएम मोदी

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, 'भारत यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा था कि इस सदी की चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए भारत और फ्रांस को मिलकर आगे बढ़ना होगा। आज मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि यह पहल उसी दिशा में एक कदम है। 'भारत इनोवेट्स' का यह मंच भारतीय प्रतिभा और यूरोपीय पूंजी के बीच एक सेतु बन रहा है - एक ऐसा मंच जहां भारत के युवा दिमागों को यूरोपीय विशेषज्ञता से जुड़ने का अवसर मिल रहा है'।
 

03:57 PM, 14-Jun-2026

'हमने वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए हर संभव प्रयास किया'

'भारत इनोवेट्स' के उद्घाटन समारोह में भारत-फ्रांस संबंधों पर बात करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, 'इस रिश्ते में जुड़ाव, भरोसा, इनोवेशन, प्रेरणा, साझा मूल्य और साझा विजन शामिल हैं। इसी रिश्ते की नींव पर, हमने पिछले कुछ वर्षों में मिलकर नई पहल शुरू की हैं और नए विचारों को आगे बढ़ाया है। हमने वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए भी हर संभव प्रयास किया है। चाहे वह इंटरनेशनल सोलर अलायंस हो, एआई से जुड़ी बातचीत हो, या सुरक्षा से लेकर सस्टेनेबिलिटी तक हमारी साझेदारी हो - यानी, हम दोनों देशों ने मानवता से जुड़ी चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए मिलकर काम किया है। इस साल फरवरी में 'भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर' की शुरुआत हुई थी। मुझे खुशी है कि आज हम फ्रांस के साथ मिलकर 'भारत इनोवेट्स' का उद्घाटन कर रहे हैं'।
 

03:51 PM, 14-Jun-2026

'भारत इनोवेट्स' के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री का संबोधन

'भारत इनोवेट्स' के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'दुनिया भर के अलग-अलग देश एक-दूसरे के साथ व्यापार करते हैं और रणनीतिक साझेदारी भी करते हैं। लेकिन कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जो आपसी हितों के अलावा एक साझा सोच से भी प्रेरित होते हैं। भारत-फ्रांस के संबंध ऐसे ही रिश्तों में से एक हैं'।
 

03:48 PM, 14-Jun-2026

भारत ग्लोबल इनोवेशन में सबसे आगे है- मैक्रों

इस दौरान फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने आगे कहा कि, 'भारत, जो रिसर्च और इनोवेशन से आगे बढ़ रहा है, ग्लोबल इनोवेशन में सबसे आगे है। और अगर मैं सिर्फ एक उदाहरण दूं कि आप क्या कर सकते हैं, तो स्पेस सेक्टर इसका सबसे अच्छा उदाहरण है। चंद्रयान-3 मिशन के साथ, चांद के साउथ पोल पर उतरने का कारनामा रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया, जिससे भारत की ताकत और इनोवेशन की क्षमता का पता चलता है'।
 

03:43 PM, 14-Jun-2026

नीस में आपका स्वागत करना हमारे लिए बहुत सम्मान की बात- मैक्रों

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने 'भारत इनोवेट्स' के उद्घाटन समारोह में अपने भाषण में कहा, 'आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नीस में आपका स्वागत करना हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है। कुछ महीने पहले, हमने मुंबई में मिलकर 'भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष' की शुरुआत की थी। सवाल यह नहीं था कि क्या भारत इनोवेशन कर रहा है, बल्कि यह था कि भारत के साथ मिलकर इनोवेशन कौन करेगा... आदरणीय प्रधानमंत्री, मैं आपकी इस यात्रा के लिए आपको बधाई देना चाहता हूं। कुछ ही दिन पहले, आप आजादी के बाद से भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बने हैं। यह एक लंबा सफर रहा है जो आपके पक्के इरादे और आपके देश की मजबूती को दिखाता है; यह वाकई बहुत शानदार है। इसलिए, हमें बहुत गर्व है कि आप हमारे बीच यहां मौजूद हैं'।
 

03:25 PM, 14-Jun-2026

भारत इनोवेट्स मंच से पीयूष गोयल का बड़ा संदेश

फ्रांस के नीस शहर में आयोजित भारत इनोवेट्स कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और फ्रांस के संबंधों को विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों को इस वर्ष विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया गया है। 

गोयल ने याद दिलाया कि फरवरी 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में एआई एक्शन समिट की सह-अध्यक्षता की थी, जबकि फरवरी 2026 में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि अब दोनों नेता नीस में फिर एक साथ आए हैं और एक समावेशी तथा नवाचार आधारित दुनिया के साझा विजन को आगे बढ़ा रहे हैं। गोयल ने कहा कि 2026 को भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, जिससे इस पहल को विशेष महत्व मिला है।

 

03:22 PM, 14-Jun-2026

भारत इनोवेट्स का जल्द होगा आगाज

फ्रांस के नीस शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों जल्द ही भारत इनोवेट्स कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के प्रमुख स्टार्टअप, वेंचर कैपिटल फंड, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और नवाचार विशेषज्ञ एक मंच पर जुटेंगे। 
 

03:18 PM, 14-Jun-2026

पीएम मोदी-मैक्रों की मुलाकात

फ्रांस के नीस शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। मैक्रों ने गर्मजोशी के साथ प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। दोनों नेता जल्द ही भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के स्टार्टअप, निवेशक, उद्योग जगत और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। 

 

08:48 AM, 14-Jun-2026

भारत इनोवेट्स 2026 खास क्यों?

नीस में आयोजित होने वाला भारत इनोवेट्स 2026 कार्यक्रम भारत के उच्च शिक्षण संस्थानों और केंद्र पोषित तकनीकी संस्थानों से निकल रहे नवाचारों को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल है। इस मंच के जरिए देश के उभरते तकनीकी उद्यमों की पहचान की जाएगी और उन्हें मार्गदर्शन, निवेश तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम में शोध से बाजार तक की यात्रा को तेज करने और वैश्विक साझेदारी को मजबूत बनाने पर विशेष जोर रहेगा।

08:44 AM, 14-Jun-2026

नवाचार और निवेश को मिलेगी नई रफ्तार

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के आमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज फ्रांस के नीस शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान 14 जून को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच अहम द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसमें दोनों देशों के रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी संबंधों को और मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। दोनों नेता संयुक्त रूप से भारत इनोवेट्स कार्यक्रम का शुभारंभ भी करेंगे।

08:42 AM, 14-Jun-2026

नीस में पीएम मोदी का भव्य स्वागत

फ्रांस के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नीस शहर में भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से स्वागत किया। बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीयों ने उनका अभिनंदन किया, जिसे प्रधानमंत्री ने बेहद यादगार बताया। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि नीस में भारतीय समुदाय द्वारा मिला स्वागत अविस्मरणीय रहा। उन्होंने कहा कि भले ही भारतीय समुदाय देश से हजारों मील दूर रहता हो, लेकिन भारत के साथ उसका जुड़ाव आज भी उतना ही मजबूत है। फ्रांस पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि उनके दौरे में नीस के अलावा एवियन और पेरिस में भी कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान भारत के प्रमुख विकास साझेदार देशों के साथ द्विपक्षीय और बहुपक्षीय चर्चाएं होंगी। प्रधानमंत्री ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात और भारत इनोवेट्स कार्यक्रम में भाग लेने को लेकर भी उत्साह जताया। उनका यह दौरा भारत-फ्रांस संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
 

08:19 AM, 14-Jun-2026

PM Modi France LIVE: प्रधानमंत्री मोदी बोले- हमारे रिश्ते साझा सोच से प्रेरित; मैक्रों ने पीएम संग ली सेल्फी

फ्रांस पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा कूटनीति, नवाचार और वैश्विक साझेदारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और नीस में आयोजित भारत इनोवेट्स-2026 कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस मंच का उद्देश्य भारतीय स्टार्टअप, डीप-टेक कंपनियों और नवाचारों को वैश्विक पहचान दिलाना है। कार्यक्रम में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों समेत सरकार, उद्योग, निवेश और शोध जगत के प्रमुख प्रतिनिधि शामिल होंगे। वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ पीएम मोदी की प्रस्तावित मुलाकात भी चर्चा में है। इस दौरान भारत-अमेरिका और भारत-फ्रांस संबंधों के साथ निवेश, तकनीक और रणनीतिक सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत होने की संभावना है। भारत इस दौरे के जरिए खुद को वैश्विक नवाचार और प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा संदेश देगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें