फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi In Indonesia LIVE: ऑस्ट्रेलिया पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी; PM अल्बनीज के साथ करेंगे वार्षिक शिखर बैठक

Wed, 08 Jul 2026 06:37 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।

खास बातें

PM Modi In Indonesia LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुबियांतो के साथ प्रम्बानन मंदिर पहुंचे। पीएम मोदी के दौरे की तस्वीरें सामने आई हैं। पीएम मोदी इंडोनेशियाई राष्ट्रपति के साथ विमान से यूनेस्को की विश्व धरोहर देखने पहुंचे। उन्होंने इस धरोहर को देखने के बाद कहा कि इंडोनेशिया की हवा में संस्कृति की खुशबू है। इंडोनेशिया यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री ऑस्ट्रेलिया रवाना हो गए। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पीएम मोदी की विदेश यात्रा से जुड़े तमाम अपडेट्स
विज्ञापन
इंडोनेशिया दौरे पर पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:32 PM, 08-Jul-2026

ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों के दौरे के दूसरे चरण के क्रम में ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंच गए हैं। मेलबर्न में पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलियाई पीएम एथंनी अल्बनीज के बीच वार्षिक शिखर बैठक होगी। 

01:36 PM, 08-Jul-2026

भारतीय उच्चायुक्त ने पीएम मोदी की यात्रा को लेकर क्या कहा?

पीएम मोदी की यात्रा को लेकर ऑस्ट्रेलिया में भारतीय उच्चायुक्त नागेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री अल्बानीज के साथ उनकी बैठकों में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि तीसरे वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए मेलबर्न आ रहे प्रधानमंत्री की इस यात्रा का एजेंडा बहुत व्यापक है। उन्होंने कहा, 2022 में दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर हस्ताक्षर किए गए थे। दोनों प्रधानमंत्रियों के पास रणनीतिक साझेदारी और आगे की दिशा तय करने का अवसर है। भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंध सबसे तेजी से बढ़ते और सबसे महत्वपूर्ण संबंधों में से एक हैं। उच्चायुक्त के मुताबिक दोनों देशों के बीच रक्षा से लेकर व्यापार और निवेश, स्वच्छ प्रौद्योगिकी, जन-संपर्क, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों, शिक्षा जैसे तमाम पहलुओं पर विस्तार से बातचीत होगी।

12:55 PM, 08-Jul-2026

ऑस्ट्रेलिया रवाना हुए पीएम मोदी

6 से 8 जुलाई तक तीन दिवसीय इंडोनेशिया यात्रा के बाद पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न के लिए रवाना हो गए। अपने तीसरे आधिकारिक दौरे पर जा रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को ऑस्ट्रेलिया में रहेंगे। 12 साल के अंतराल के बाद मेलबर्न जा रहे पीएम मोदी ने आखिरी दौरा नवंबर 2014 में किया था। वे मई 2023 में भी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए थे।

विज्ञापन
12:29 PM, 08-Jul-2026

मेलबर्न की संस्कृति भारत जैसी, प्रवासी युवा पीएम मोदी के आगमन से उत्साहित

ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले कई अन्य लोगों ने भी बताया कि भारत के साथ सांस्कृतिक रिश्ता काफी मजबूत है। रोजमर्रा की जरूरतों, किराना दुकानों, मंदिरों और चर्चों को पारंपरिक विरासत के साथ यहां रहने वाले लोग सहजता से जुड़ जाते हैं। क्लेटन में रहने वाली प्रवासी समुदाय की अदिति पटेल भी प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर उत्साहित दिखीं। उन्होंने कहा कि अपने देश जैसी सुविधाओं की उपलब्धता विदेश में रहने को एक सुखद अनुभव बनाती है। उन्होंने कहा, 'यहां आनंद लेने के लिए बहुत कुछ है। यहां सभी किराने की दुकानें, रेस्तरां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंदिर और चर्च मौजूद हैं। हम यहां का भरपूर आनंद लेते हैं। प्रधानमंत्री के यहां आने से मैं बहुत उत्साहित हूं। मैं उनसे मिलना चाहती थी, लेकिन मुझे विश्वविद्यालय का कुछ काम है। मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है कि वे मेलबर्न आ रहे हैं।

11:50 AM, 08-Jul-2026

गुजरात के युवा ने पीएम मोदी के आगमन पर क्या कहा?

क्लेटन में रहने वाले भारतीय प्रवासी स्मित मूल रूप से गुजरात के सूरत से हैं। उन्होंने  कहा कि इस क्षेत्र के अधिकांश रेस्तरां भारतीय रेस्तरां हैं। स्मित ने बताया, 'यहां कई समुदाय रहते हैं, लेकिन मैं कह सकता हूं कि इस क्षेत्र की 50-60% आबादी भारतीयों की है। इसीलिए इसे 'मिनी इंडिया' कहा जाता है। इसके आसपास के उपनगरों में भी भारतीय और एशियाई आबादी है। यहां घर जैसा महसूस होता है। प्रधानमंत्री के मेलबर्न दौरे से मैं बहुत उत्साहित हूं।'

विज्ञापन
11:35 AM, 08-Jul-2026

इंडोनेशिया के बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी के इंडोनेशिया दौरे का आज अंतिम दिन है। इसके बाद वे ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे पर जाएंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के लोगों में उत्साह का माहौल है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के निमंत्रण पर तीन दिवसीय यात्रा कर रहे पीएम मोदी के आगमन से पहले ही स्थानीय निवासियों, विशेष रूप से मेलबर्न के क्लेटन क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। इस बहुसांस्कृतिक उपनगर को भारतीय व्यवसायों, संस्कृति और निवासियों की घनी आबादी के कारण 'मिनी इंडिया' कहा जाता है।

11:15 AM, 08-Jul-2026

2029 से पहले पूरा होगा जीर्णोद्धार, इंडोनेशिया आकर जश्न मनाएंगे: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी के प्रम्बानन मंदिर दौरे के बाद दोनों देशों ने संयुक्त बयान जारी किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति सुबियांतो ने 2029 से पहले जीर्णोद्धार पूरा करने का वादा लिया है। वे योजना बनाकर काम करते हैं, ऐसे में पूरा भरोसा है कि काम पूरा होगा और वे इंडोनेशिया आकर एकसाथ इसका जश्न मनाएंगे। पीएम मोदी ने कहा कि इस गौरवशाली स्थल के जीर्णोद्धार का हिस्सा बनने को लेकर उन्हें गर्व है।

इस खबर में पढ़ें पीएम मोदी का संबोधन

11:07 AM, 08-Jul-2026

क्यों खास है प्रम्बानन मंदिर?

प्रम्बानन मंदिर परिसर योग्याकार्ता में एक यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है। यह सदियों पुराना मंदिर योग्याकार्ता शहर से लगभग 17 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है। इसे इंडोनेशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर माना जाता है। 10वीं शताब्दी में निर्मित यह इंडोनेशिया में शिव को समर्पित सबसे बड़ा मंदिर परिसर है। यूनेस्को की वेबसाइट के अनुसार, इन संकेंद्रित वर्गों के अंतिम केंद्र के ऊपर तीन मंदिर हैं। ये रामायण के महाकाव्य को दर्शाने वाली नक्काशी से सजे हैं। ये तीन महान हिंदू देवताओं (शिव, विष्णु और ब्रह्मा) को समर्पित हैं। तीन मंदिर उन जानवरों को समर्पित हैं जो उनकी सेवा करते हैं।

दोनों देशों के बीच हुए अहम समझौते
आज मंदिर दौरे से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इंडोनेशिया में राष्ट्रपति सुबियांतो के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। दोनों नेताओं के बीच इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM), ब्रह्मोस मिसाइल और कृषि क्षेत्र में सहयोग पर विस्तार से चर्चा हुई। पीएम मोदी ने समझौतों और द्विपक्षीय बैठक के बाद दोनों देशों की साझा संस्कृति को ताकत बताया। ईवीएम से जुड़े मुद्दे पर बनी सहमति के मुताबिक दोनों देशों ने अनुकूलित भारतीय इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के निर्यात पर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है।

10:55 AM, 08-Jul-2026

मंदिर के जीर्णोद्धार में भारत करेगा मदद

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति सुबिआंतो इस विरासत स्थल का दौरा करने विमान से पहुंचे। उन्होंने योग्याकार्ता में प्रम्बानन मंदिर जीर्णोद्धार परियोजना का उद्घाटन भी किया। अपनी यात्रा से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के साथ योग्याकार्ता से प्रम्बानन मंदिर जा रहा हूं।' उन्होंने एक विमान में दोनों नेताओं की हाथ मिलाते हुए एक तस्वीर भी साझा की। पोस्ट में भव्य प्रम्बानन मंदिर! भी लिखा था।

10:40 AM, 08-Jul-2026

PM Modi In Indonesia LIVE: ऑस्ट्रेलिया पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी; PM अल्बनीज के साथ करेंगे वार्षिक शिखर बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के साथ योग्याकार्ता में प्रम्बानन मंदिर परिसर का दौरा किया। यह यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है। भारत और इंडोनेशिया ने एक दिन पहले मंदिर परिसर के संरक्षण और जीर्णोद्धार परियोजना शुरू करने पर सहमति जताई थी। दोनों देशों के बीच इस संबंध में समझौता भी हुआ है। इस परियोजना में भारत सहायता देगा। मोदी सोमवार को अपनी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में जकार्ता पहुंचे थे। इस यात्रा में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड भी शामिल हैं। आज वे सभी कार्यक्रमों के बाद ऑस्ट्रेलिया रवाना हो जाएंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें