फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi 3-Nation Visit LIVE: 'भारत 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, साइप्रस भरोसेमंद साझेदार', CEO फोरम में पीएम

Sun, 15 Jun 2025 03:11 PM IST
अभिषेक दीक्षित वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

PM Modi Cyprus Canada Croatia Visit Live Updates In Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को साइप्रस पहुंचे। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी 15 से 18 जून तक विदेश यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह साइप्रस, कनाडा व क्रोएशिया जाएंगे।
विज्ञापन
साइप्रस पहुंचे पीएम मोदी - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:20 PM, 15-Jun-2025

भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था: पीएम मोदी
भारत-साइप्रस सीईओ फोरम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "...पिछले एक दशक में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और बहुत जल्द भविष्य में हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में बहुत तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। आज भारत की नीति स्पष्ट है। 

उन्होंने आगे कहा, साइप्रस लंबे समय से हमारा भरोसेमंद साझेदार रहा है और यहां से भारत में काफी निवेश हुआ है। कई भारतीय कंपनियां भी साइप्रस आई हैं और एक तरह से साइप्रस को यूरोप के प्रवेश द्वार के रूप में देखा जाता है। आज आपसी व्यापार 150 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, लेकिन हमारे संबंधों की वास्तविक क्षमता इससे कहीं अधिक है। 

11:16 PM, 15-Jun-2025

पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को दिया धन्यवाद
साइप्रस पहुंचे पीएम मोदी ने ट्वीट किया, "मैं भारतीय समुदाय को उनके स्नेह के लिए धन्यवाद देता हूं। भारत आने वाले समय में साइप्रस के साथ संबंधों को और मजबूत करने के लिए काम करता रहेगा।"

11:15 PM, 15-Jun-2025

साइप्रस: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने एक बिजनेस राउंडटेबल इवेंट में भाग लिया।

विज्ञापन
06:54 PM, 15-Jun-2025

भारतीय समुदाय ने किया पीएम मोदी का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब साइप्रस लिमासोल के एक होटल पहुंचे, तो वहां भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने 'भारत माता की जय' के नारों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने उनसे मुलाकात की और बातचीत भी की।
 
 

06:43 PM, 15-Jun-2025

साइप्रस पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, लारनाका हवाई अड्डे पर हुआ स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को साइप्रस पहुंचे। लारनाका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोदुलिदेस ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी साइप्रस के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर 15-16 जून तक आधिकारिक दौरे पर हैं। यह उनके तीन देशों की यात्रा का हिस्सा है, जिसमें वे 16-17 जून को कनाडा में होने वाले जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और क्रोएशिया भी जाएंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक्स पर लिखा, साइप्रस पहुंच गया हूं। हवाई अड्डे पर विशेष स्वागत के लिए राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस का आभार। यह दौरा भारत-साइप्रस संबंधों को, खासकर व्यापार और निवेश जैसे क्षेत्रों में नई गति देगा। 

विज्ञापन
03:10 PM, 15-Jun-2025

क्यों अहम है पीएम मोदी का साइप्रस दौरा?
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तुर्किये ने जिस तरह से खुलकर पाकिस्तान का समर्थन किया और साथ ही भारत पर हमले के लिए पाकिस्तान को ड्रोन मुहैया कराए, उससे भारत और तुर्किये के संबंधों में खटास आई है। अब प्रधानमंत्री साइप्रस दौरे पर जा रहे हैं और उनका दौरा तुर्किये के लिए एक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। तुर्किये और साइप्रस में दुश्मनी है और साल 1974 के बाद से दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध भी नहीं हैं। 

01:22 PM, 15-Jun-2025

प्रधानमंत्री मोदी का साइप्रस दौरा तुर्किये के लिए कड़ा संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों के दौरे पर रविवार को रवाना हो गए। इस दौरे के पहले पड़ाव में पीएम मोदी रविवार को साइप्रस पहुंचेंगे। यह 23 साल में पहली बार किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला साइप्रस दौरा है। प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे को तुर्किये को संदेश देने के तौर पर देखा जा रहा है। दरअसल तुर्किये पर आरोप है कि उसने साइप्रस के एक तिहाई हिस्से पर साल 1974 से कब्जा किया हुआ है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तुर्किये ने पाकिस्तान का खुलकर समर्थन किया था और पाकिस्तान को अटैक ड्रोन मुहैया कराए थे।

12:03 PM, 15-Jun-2025

द्विपक्षीय संबंधों को फिर से शुरू करने और शांति स्थापित करने का प्रयास
ग्लोबल इंडियन डायस्पोरा अलायंस के अध्यक्ष एचएस पनेसर ने कहा कि जून 2025 तक कनाडा के पीएम कार्नी की ओर से आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी की भागीदारी को भारतीय प्रवासियों और विभिन्न टिप्पणीकारों द्वारा तनावपूर्ण भारत-कनाडा संबंधों पर प्रतिक्रिया करने और सुधारने के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री कार्नी को द्विपक्षीय संबंधों को फिर से शुरू करने और शांति स्थापित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। यह तथ्य कि भारत के G7 का सदस्य न होने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी को इसमें आमंत्रित किया गया है, विश्व में सबसे अधिक जनसंख्या वाले देश तथा चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को रेखांकित करता है।

11:32 AM, 15-Jun-2025

'शांति पाने के लिए समाधान निकालने का एक बेहतरीन अवसर'
कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी के भाग लेने पर कनाडा में रहने वाले पत्रकार हरप्रीत सिंह ने कहा, 'दुनिया एक महत्वपूर्ण दौर से गुजर रही है और अल्बर्टा में जी-7 की बैठक विश्व नेताओं के लिए विचार-विमर्श करने और शांति पाने के लिए समाधान निकालने का एक बेहतरीन अवसर होगा। हमारे प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रित किया है, जो एक स्वागत योग्य कदम है। पिछले कुछ वर्षों में भारत और कनाडा के बीच कुछ मुद्दे रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि इस बैठक के दौरान सब कुछ सुलझ जाएगा और एक नया रास्ता चुना जाएगा, जहां दोनों देश विकसित और समृद्ध होंगे। हमें व्यापार, प्रौद्योगिकी और निवेश में बेहतर संबंध बनाने की आवश्यकता है। भारत और कनाडा दोनों इससे समृद्ध हो सकते हैं।'

10:33 AM, 15-Jun-2025

'भारत और कनाडा के बीच संबंध और अधिक मजबूत तथा समृद्ध होंगे'
कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी के भाग लेने पर भारत कनाडा संगठन (आईसीओ), मॉन्ट्रियल के उपाध्यक्ष हरजीत सिंह संधू ने कहा, 'हम आपका कनाडा में हार्दिक स्वागत करते हैं और आशा करते हैं कि आपके आगमन से भारत और कनाडा के बीच संबंध और अधिक मजबूत तथा समृद्ध होंगे।'

10:19 AM, 15-Jun-2025

क्या वह मणिपुर की यात्रा के लिए 'सहानुभूति' नहीं जुटा सकते: कांग्रेस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन देशों की यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस ने रविवार को कहा कि उनके पास ऐसी यात्राओं के लिए पूरी ऊर्जा, उत्साह और जोश है। पार्टी ने पूछा कि क्या वह मणिपुर जाने के लिए सहानुभूति नहीं जुटा सकते, जहां लोगों की पीड़ा जारी है। विपक्षी दल ने यह भी कहा कि मई 2023 के बाद से यह पीएम मोदी की 35वीं विदेश यात्रा है और मणिपुर के साथ इस तरह का बुरा व्यवहार करना ठीक नहीं है।

09:45 AM, 15-Jun-2025

सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सहयोग के लिए साझेदार देशों को धन्यवाद देने का मौका: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि कनाडा में आगामी जी7 शिखर सम्मेलन वैश्विक मुद्दों और वैश्विक दक्षिण की प्राथमिकताओं पर विचारों के आदान-प्रदान के लिए जगह प्रदान करेगा, क्योंकि वे तीन देशों की यात्रा पर रवाना हुए हैं। तीन देशों की अपनी यात्रा से पहले अपने प्रस्थान वक्तव्य में मोदी ने कहा कि वे कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के निमंत्रण पर कनानास्किस में शिखर सम्मेलन के दौरान साझेदार देशों के नेताओं के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं।

उन्होंने कहा कि तीन देशों की यात्रा सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को उनके दृढ़ समर्थन के लिए साझेदार देशों को धन्यवाद देने और आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से निपटने के लिए वैश्विक समझ को प्रेरित करने का अवसर भी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वे राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस के निमंत्रण पर 15-16 जून को साइप्रस का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा, 'साइप्रस भूमध्यसागरीय क्षेत्र और यूरोपीय संघ का एक करीबी मित्र और महत्वपूर्ण साझेदार है। यह यात्रा ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने और व्यापार, निवेश, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में हमारे संबंधों को बढ़ाने तथा लोगों के बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करती है।'

पीएम मोदी ने कहा कि जी7 शिखर सम्मेलन के बाद वे क्रोएशिया का दौरा करेंगे। वे राष्ट्रपति जोरान मिलनोविक और प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत और क्रोएशिया के बीच सदियों पुराने घनिष्ठ सांस्कृतिक संबंध हैं। मोदी ने कहा कि किसी भारतीय प्रधानमंत्री की क्रोएशिया की पहली यात्रा के रूप में यह आपसी हितों के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के लिए नए रास्ते खोलेगी।

09:09 AM, 15-Jun-2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साइप्रस यात्रा से पहले द्वीपीय राष्ट्र में भारतीय समुदाय भारत की सांस्कृतिक विरासत योग और आयुर्वेद को बढ़ावा देने के उनके वैश्विक प्रयासों पर उत्साह और गर्व दर्शा रहा है।
 

08:19 AM, 15-Jun-2025

योग और आयुर्वेद के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ेगी

  • आयुर्वेद चिकित्सक आशीष ने कहा कि पीएम मोदी कई सालों से आयुर्वेद और योग को खूब बढ़ावा दे रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की साइप्रस यात्रा से योग और आयुर्वेद के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ेगी।
  • योग शिक्षक अनिल भंडारी ने कहा कि हम बहुत खुश हैं कि प्रधानमंत्री मोदी साइप्रस आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की साइप्रस यात्रा से यहां के लोगों में योग के बारे में जागरूकता बढ़ेगी और अधिक लोग योग से जुड़ेंगे। योग और आयुर्वेद जीवन में बहुत संतुलन लाते हैं।
  • पीएम मोदी की साइप्रस यात्रा पर जेएपीए आयुर्वेद और योग रिट्रीट की संस्थापक एथेना चैटजिकिरियो ने कहा कि हम बहुत उत्साहित हैं, क्योंकि पीएम मोदी साइप्रस आ रहे हैं। पीएम मोदी ने आयुर्वेद और योग को खूब बढ़ावा दिया है। जब भी पीएम मोदी आयुर्वेद और योग के बारे में बात करते हैं तो हम प्रेरित और प्रोत्साहित महसूस करते हैं।

08:15 AM, 15-Jun-2025

भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम चल रहा
साइप्रस गणराज्य में भारत के उच्चायुक्त मनीष ने बताया कि साइप्रस भारत-यूरोपीय संघ के संदर्भ में भारत का बहुत अच्छा मित्र रहा है। साइप्रस 1 जनवरी 2026 से यूरोपीय संघ की अध्यक्षता संभालेगा। भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम चल रहा है। ऐसी जानकारी है कि हम इस दस्तावेज को वर्ष के अंत तक अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में हैं और इसे साइप्रस की अध्यक्षता के दौरान लागू किया जाएगा।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता के लिए भारत की दावेदारी का साइप्रस की ओर से समर्थन किए जाने पर साइप्रस गणराज्य में भारत के उच्चायुक्त मनीष ने कहा कि यह एक घोषित स्थिति है। पिछले दौरों और संयुक्त वक्तव्यों में इस पर जोर दिया गया है और दोहराया गया है। अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद या सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ लड़ने के लिए उनका समर्थन हमारे लिए है। न केवल यहां का नेतृत्व बल्कि आम लोग भी इस बात से बहुत उत्साहित हैं कि प्रधानमंत्री मोदी यहां आ रहे हैं, क्योंकि वह दुनिया भर में बहुत लोकप्रिय नेता हैं। प्रधानमंत्री मोदी के यहां आने से दोस्ती के नए आयाम स्थापित होंगे।

उन्होंने प्रवासी भारतीयों की भूमिका पर कहा, 'भारतीय कई वर्षों से इस छोटे से द्वीपीय देश में आते रहे हैं। वे सभी क्षेत्रों में काम करते हैं, लेकिन प्राथमिक क्षेत्र शिपिंग और आईटी क्षेत्र हैं। लगभग 11,500 भारतीय यहां रहते हैं और काम करते हैं। हर जगह, प्रवासी भारतीयों का बहुत सम्मान किया जाता है। भारत और भारतीयों के लिए बहुत सम्मान है और भारतीय संस्कृति यहां काफी लोकप्रिय है। योग यहां बहुत लोकप्रिय है और हम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाएंगे। हम एक विशाल आउटरीच और योग सत्र की योजना बना रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा हमारे संबंधों को मजबूती और प्रोत्साहन देगी।

08:02 AM, 15-Jun-2025

पहली बार किसी भारतीय पीएम की क्रोएशिया यात्रा
पीएम मोदी 18 जून को क्रोएशिया की यात्रा पर रहेंगे जो किसी भी भारतीय पीएम की इस देश की पहली यात्रा होगी। पीएम मोदी प्रधानमंत्री प्लेंकोविच के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे और क्रोएशियाई राष्ट्रपति जोरान मिलानोविच से भी मिलेंगे।
 

08:01 AM, 15-Jun-2025

पहले चरण में पीएम साइप्रस पहुंचेंगे पीएम मोदी, फिर कनाडा जाएंगे
विदेश मंत्रालय ने बताया कि यात्रा के पहले चरण में पीएम साइप्रस पहुंचेंगे। 15-16 जून की यह यात्रा साइप्रस गणराज्य के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस के निमंत्रण पर हो रही है। दो दशकों में यह किसी भारतीय पीएम की पहली साइप्रस यात्रा है। राजधानी निकोसिया में पीएम मोदी व राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस के बीच वार्ता होगी। लिमासोल में वह उद्यमियों को संबोधित करेंगे। यात्रा के दूसरे चरण में पीएम मोदी 16-17 जून को कनाडा  में रहेंगे और लगातार छठी बार जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। वह जी-7 देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
 

07:55 AM, 15-Jun-2025

PM Modi 3-Nation Visit LIVE: 'भारत 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, साइप्रस भरोसेमंद साझेदार', CEO फोरम में पीएम

PM Modi Cyprus Canada Croatia Visit Live Updates In Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साइप्रस के लिए रवाना हो गए। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी 15 से 18 जून तक विदेश यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह साइप्रस, कनाडा व क्रोएशिया जाएंगे। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी के इस पहले विदेश दौरे को द्विपक्षीय रिश्तों को बढ़ाने व यूरोपीय संघ और भूमध्यसागरीय क्षेत्र  के साथ भारत के जुड़ाव को मजबूत करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। कनाडा में वह जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के अलावा पीएम मार्क कार्नी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें