फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किर्गिस्तान दौरा लाइव: एससीओ सम्मेलन से इतर कई नेताओं से मिले पीएम मोदी; ईरान ने भारत के समर्थन को सराहा

Mon, 31 Aug 2026 11:42 PM IST
शिवम गर्ग वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, बिश्केक

खास बातें

पीएम मोदी का किर्गिस्तान दौरा लाइव अपडेट्स: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंच गए हैं। यहां वह शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और संगठन के कई सदस्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। एयरपोर्ट पर किर्गिस्तान के मंत्रिपरिषद के अध्यक्ष अदिलबेक कासिमालियेव ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरान पारंपरिक किर्गिज नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई। हर छोटे-बड़े अपडेट्स के लिए इस पेज पर बने रहे...
विज्ञापन
बिश्केक में पीएम मोदी - फोटो : Amar Ujala Graphics
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:40 PM, 31-Aug-2026

खेल, पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में जन-जन संपर्क बढ़ाने की योजना

प्रधानमंत्री मोदी ने किर्गिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति जापारोव और वहां की जनता को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने SCO की सफल अध्यक्षता के लिए भी किर्गिस्तान के राष्ट्रपति को बधाई दी। मोदी ने कहा कि SCO बैठकों में भारत की मजबूत भागीदारी दोनों देशों के बीच आपसी सम्मान, विश्वास और सहयोग को दर्शाती है। दोनों देशों ने खेल, पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में जन-जन संपर्क बढ़ाने की योजना बनाने पर भी सहमति व्यक्त की है।

पीएम मोदी के दौरे की मुख्य बातें:

  • प्रधानमंत्री मोदी और किर्गिस्तान के राष्ट्रपति जापारोव ने रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा की।
  • दोनों देशों के बीच आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।
  • स्वास्थ्य, फार्मा, आईटी, कृषि और डिजिटल तकनीक में सहयोग बढ़ाएंगे दोनों देश।
  • रक्षा और सुरक्षा संबंधों को और मजबूत करने पर जोर।

11:05 PM, 31-Aug-2026

किन क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएंगे भारत और किर्गिस्तान?

विदेश मंत्रालय के अनुसार, पीएम मोदी ने किर्गिस्तान दौरे पर दोनों देशों ने अर्थव्यवस्थाओं की पूरक क्षमताओं को ध्यान में रखते हुए आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक को बेहद उपयोगी बताते हुए स्वास्थ्य सेवा, फार्मास्यूटिकल्स, आईटी, खनिज, कृषि, डिजिटल तकनीक और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में सहयोग को गति देने की बात कही। उन्होंने रक्षा और सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने तथा खेल और पर्यटन समेत विभिन्न क्षेत्रों के माध्यम से दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर भी जोर दिया।

10:35 PM, 31-Aug-2026

रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेंगे भारत-किर्गिस्तान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सदिर जापारोव से मुलाकात के दौरान दोनों देशों की साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया। दोनों नेताओं ने बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से इतर हुई बैठक में भारत और किर्गिस्तान के बीच द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की समीक्षा भी की। दोनों देशों ने रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

विज्ञापन
09:50 PM, 31-Aug-2026

ईरान ने शांति प्रयासों के लिए भारत के समर्थन को सराहा

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने शांति को बढ़ावा देने के लिए भारत के समर्थन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि युद्ध जारी रखना किसी के हित में नहीं है और इसे लंबा खींचने से किसी को लाभ नहीं होगा। भारत के ईरान के साथ करीबी सभ्यतागत, सांस्कृतिक और लोगों के बीच संबंध हैं, इसलिए पेजेशकियन ने माना कि भारत की शांति प्रयासों में भूमिका है। प्रधानमंत्री ने उन्हें बताया कि भारत ने जहां भी संभव हुआ, संघर्ष खत्म करने के प्रयासों में अपनी आवाज जोड़ी है। प्रधानमंत्री फरवरी के अंत में संघर्ष शुरू होने के बाद से क्षेत्र के लगभग सभी नेताओं और क्षेत्र से बाहर के नेताओं के संपर्क में रहे हैं। जहाजों और नाविकों पर हमलों, जिनमें भारतीय नाविकों की जान भी गई, को लेकर भारत ने संबंधित सभी पक्षों के समक्ष चिंता जताई है।

09:49 PM, 31-Aug-2026

SCO सम्मेलन से इतर कई नेताओं से मिले प्रधानमंत्री

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि प्रधानमंत्री सोमवार को बिश्केक पहुंचे और 26वें SCO राष्ट्राध्यक्ष शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। उन्होंने मेजबान राष्ट्रपति सदिर जापारोव, ईरान के राष्ट्रपति, आर्मेनिया के प्रधानमंत्री और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से द्विपक्षीय बैठकें कीं। जापारोव के साथ द्विपक्षीय संबंधों में हालिया प्रगति पर चर्चा हुई और दोनों नेताओं ने भारत-किर्गिस्तान रणनीतिक साझेदारी को और गति देने पर सहमति जताई। आर्मेनिया के प्रधानमंत्री के साथ रक्षा, आर्थिक मामलों, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, संस्कृति और लोगों के बीच संबंधों में सहयोग पर चर्चा हुई। ईरान के राष्ट्रपति के साथ पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रम और द्विपक्षीय संबंधों पर विचार-विमर्श हुआ। प्रधानमंत्री ने उन्हें दो सप्ताह से भी कम समय में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली आने की बात कही।

विज्ञापन
09:40 PM, 31-Aug-2026

पुतिन-शी ने रूस-चीन संबंधों को बताया मजबूत साझेदारी की मिसाल

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सोमवार (31 अगस्त) को किर्गिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से इतर मुलाकात के दौरान रूस और चीन के बीच संबंधों की सराहना की। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि आज, जटिल भू-राजनीतिक माहौल के बीच, रूस और चीन के बीच व्यापक साझेदारी और रणनीतिक सहयोग दो देशों के संबंधों की एक मिसाल के रूप में काम कर रहे हैं। ये संबंध दोस्ती की मजबूत परंपराओं, संप्रभुता के सम्मान, समानता और पारस्परिक लाभ पर आधारित हैं। वहीं, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि मेरा मानना है कि हमारे रणनीतिक मार्गदर्शन और संयुक्त प्रयासों के तहत चीन-रूस संबंधों की नींव और अधिक मजबूत होगी, हमारी गति एक-दूसरे के साथ और बेहतर तालमेल में होगी और भविष्य की संभावनाएं और उज्ज्वल होंगी।

08:01 PM, 31-Aug-2026

वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिश्केक एरीना में आयोजित छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में शिरकत की। इन खेलों का आयोजन 31 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है, जिसमें पारंपरिक खेलों और खानाबदोश संस्कृति से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

07:08 PM, 31-Aug-2026

पुतिन से मिले पीएम मोदी

शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में शामिल होने के लिए किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंचे पीएम मोदी ने सोमवार शाम को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान दोनों ही नेताओं ने गर्मजोशी से एक दूसरे से मुलाकात की। हालांकि अभी तक दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच अभी तक किसी औपचारिक बैठक की जानकारी सामने नहीं आई है। 

05:44 PM, 31-Aug-2026

'किर्गिज के राष्ट्रपति को पीएम मोदी ने दी बधाई'

एससीओ समिट में शामिल होने के लिए ताशकंद पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को किर्गिज के राष्ट्रपति से मुलाकात की। अपनी मुलाकात की जानकारी प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'आज बिश्केक में किर्गिज गणराज्य के राष्ट्रपति सादिर झापारोव के साथ सार्थक बैठक हुई, जिसमें मैंने उन्हें और किर्गिज गणराज्य की जनता को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई दी तथा देश की सफल एससीओ अध्यक्षता के लिए भी शुभकामनाएं दीं। बैठक में भारत-किर्गिज रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर व्यापक चर्चा हुई, जिसमें स्वास्थ्य सेवा, फार्मास्यूटिकल्स, IT, खनिज, कृषि, डिजिटल तकनीक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने, रक्षा एवं सुरक्षा संबंधों का विस्तार करने तथा खेल, पर्यटन और अन्य माध्यमों से दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।'
 

04:06 PM, 31-Aug-2026

भारत-अर्मेनिया संबंधों को नई गति देने पर जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिश्केक में SCO शिखर सम्मेलन से इतर आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिनयान से मुलाकात को शानदार बताया। उन्होंने कहा कि भारत और आर्मेनिया के बीच रक्षा, आईटी, अंतरिक्ष, शिक्षा, फार्मास्यूटिकल्स सहित कई क्षेत्रों में सहयोग को और बढ़ाने की पूरी संभावना है। प्रधानमंत्री मोदी ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में दोनों देश व्यापार और निवेश के संबंधों को भी और मजबूत करेंगे।
 

04:00 PM, 31-Aug-2026

पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति से की मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को बिश्केक में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से मुलाकात की। मुलकात की जानकारी देते हुए पीएम मोदी ने पेजेश्कियन के साथ अपनी तस्वीरों को सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने लिखा, ' बिश्केक में राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से मुलाकात हुई। इस दौरान ईरान के साथ भारत की लंबे समय से चली आ रही मित्रता को विभिन्न क्षेत्रों में और मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता दोहराई। आने वाले समय में हम अपने व्यापारिक संबंधों का विस्तार करने और व्यापार के दायरे में विविधता लाने के लिए प्रयासरत हैं। क्षेत्र में मौजूदा परिस्थितियों पर भी चर्चा हुई। भारत स्थायी शांति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए जा रहे सभी प्रयासों का निरंतर समर्थन करता रहेगा।'
 

03:02 PM, 31-Aug-2026

ताशकंद में गूंजी पीएम मोदी की कविताएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया उज्बेकिस्तान यात्रा के दौरान उनकी कविताएं भी चर्चा में रहीं। ताशकंद में उज्बेक छात्रों ने पीएम मोदी की रचनाओं का हिंदी और उज्बेक भाषा में पाठ किया। वहीं, उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव की ओर से आयोजित अनौपचारिक रात्रिभोज में उनकी कविता 'अभी तो सूरज उगा है' पर आधारित संगीतमय प्रस्तुति भी दी गई।

ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज के छात्रों ने प्रधानमंत्री मोदी के सामने उनकी कई कविताएं प्रस्तुत कीं। अधिकारियों के मुताबिक, छात्रों ने हिंदी के साथ-साथ उनकी रचनाओं के उज्बेक अनुवाद का भी पाठ किया। चौथे वर्ष के छात्र केेलदियोरोव दिलशुहबेक ने 'अभी तो सूरज उगा है' का हिंदी में पाठ किया, जबकि तीसरे वर्ष की छात्रा दिलशोदा जुराबोएवा ने इसका उज्बेक अनुवाद प्रस्तुत किया। 
 



पीएम मोदी की कविता 'नए भारत के नए संकल्प' भी छात्रों की प्रस्तुति का हिस्सा रही। इस कविता को आत्मविश्वास और आकांक्षाओं से भरे नए भारत की भावना से जोड़ा गया है। चौथे वर्ष के छात्र ओताबेक अमीरोव ने इसका हिंदी पाठ किया और तीसरे वर्ष के छात्र इकरोमखुजा सादिल्लाएव ने उज्बेक अनुवाद प्रस्तुत किया।

02:35 PM, 31-Aug-2026

पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से की द्विपक्षीय बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों को मजबूत करने और साझा हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
 

02:01 PM, 31-Aug-2026

पीएम मोदी ने अर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिनयान से की द्विपक्षीय वार्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिनयान के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की।
 

11:16 AM, 31-Aug-2026

बिश्केक में पीएम मोदी ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में महात्मा गांधी स्मारक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। प्रधानमंत्री मोदी ने बिश्केक में विभिन्न समुदायों के लोगों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों से संवाद किया और उनके अनुभवों को जाना।
 



पीएम मोदी किर्गिस्तान के दो दिवसीय दौरे पर हैं। वह कल बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में प्रधानमंत्री क्षेत्रीय सुरक्षा, संपर्क और विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर भारत का पक्ष रखेंगे।

 

08:43 AM, 31-Aug-2026

SCO सम्मेलन में क्या होगा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक सितंबर को SCO के 26वें शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन का विषय 'SCO के 25 वर्ष: सतत शांति, विकास और समृद्धि की ओर साथ-साथ' रखा गया है। सम्मेलन में आतंकवाद से मुकाबला, क्षेत्रीय स्थिरता और सीमा-पार सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सहयोग जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। राष्ट्राध्यक्षों के सत्र में बिश्केक घोषणा और अन्य दस्तावेजों को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।

08:41 AM, 31-Aug-2026

बिश्केक में किन कार्यक्रमों में शामिल होंगे पीएम मोदी?

किर्गिस्तान पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले बिश्केक में 'फ्रेंड्स ऑफ इंडिया' से बातचीत करेंगे। इसके बाद वह महात्मा गांधी मेमोरियल पार्क पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इस प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री ने 2015 में किर्गिस्तान यात्रा के दौरान किया था। पीएम मोदी आज छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे। यह आयोजन मध्य एशिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक खेलों को दुनिया के सामने पेश करता है।

08:35 AM, 31-Aug-2026

किर्गिस्तान दौरा लाइव: एससीओ सम्मेलन से इतर कई नेताओं से मिले पीएम मोदी; ईरान ने भारत के समर्थन को सराहा

पीएम मोदी का किर्गिस्तान दौरा लाइव अपडेट्स: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंच गए हैं। यहां वह शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और संगठन के कई सदस्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। एयरपोर्ट पर किर्गिस्तान के मंत्रिपरिषद के अध्यक्ष अदिलबेक कासिमालियेव ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरान पारंपरिक किर्गिज नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई। हर छोटे-बड़े अपडेट्स के लिए इस पेज पर बने रहे...
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें