जापान के भारतीय समुदाय ने विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी योगदान दिया है। वे भारत में भी अपनी जड़ों से जुड़े रहे हैं। मैं गर्मजोशी से स्वागत के लिए जापान में प्रवासी भारतीयों को धन्यवाद देता हूं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
पीएम मोदी आज शाम चार बजे भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का टोक्यो में भारतीय समुदाय ने जबरदस्त स्वागत किया है।
पांचवीं कक्षा के छात्र विजुकी ने कहा- मैं ज्यादा हिंदी नहीं बोल सकता, लेकिन समझ सकता हूं। पीएम ने मेरा संदेश पढ़ा और मुझे उनका ऑटोग्राफ भी मिला, मैं खुश हूं।
जापान रवाना होने से पहले पीएम ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस पहली बार क्वाड नेताओं की शिखर वार्ता में हिस्सा लेंगे। वह उनके साथ द्विपक्षीय बैठक को लेकर उत्साहित हैं, जिसमें व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बहुआयामी सहयोग और परस्पर हित के क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी।
इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे, जिसमें दोनों नेता बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगे। हम क्षेत्रीय विकास और समसामयिक वैश्विक मुद्दों पर भी संवाद करेंगे।
पीएम मोदी ने जापान के दो दिवसीय 23-24 मई के दौरे पर रवाना होने से पहले जारी एक बयान में कहा कि वह जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के आमंत्रण पर जापान के टोक्यो जा रहे हैं। मार्च में उन्हें 14वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में पीएम किशिदा की आवभगत का सौभाग्य मिला था। टोक्यो की यात्रा के दौरान वह दोनों देशों के विशेषकर रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से संवाद को जारी रखने के उत्सुक हैं।
पारंपरिक वेशभूषा में आए बच्चों ने कहा कि पीएम मोदी ने हमें आशीर्वाद और ऑटोग्राफ दिया। इन्हीं में से एक जापानी बच्चे ने कहा पीएम ने मुझसे पूछा कि क्या मैं हिंदी बोल सकता हूं।
भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी के लिए 'भारत मां का शेर' के नारे भी लगाए।
टोक्यो में भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। लोगों ने कहा कि हम जापान में पीएम मोदी का स्वागत करके बहुत खुश हैं। उनकी ऊर्जा लाजवाब है। उन्होंने हमें हर कहीं गर्वित किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान की राजधानी टोक्यो पहुंच गए हैं। वे जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के निमंत्रण पर 23-24 मई के दौरे के लिए यहां पहुंचे हैं। यहां पीएम मोदी क्वाड शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी जापान में लगभग 40 घंटे के अपने प्रवास के दौरान विश्व के तीन नेताओं के साथ बैठक सहित 23 कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पीएम मोदी टोक्यो में 24 मई को क्वाड शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और ऑस्ट्रेलिया तथा जापान के प्रधानमंत्रियों के साथ शामिल होंगे। वह 36 से अधिक जापानी सीईओ और सैकड़ों भारतीय प्रवासी सदस्यों के साथ बातचीत करेंगे।