फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Budget Session: संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित; कई अहम विधेयक पर हुई चर्चा

Mon, 23 Mar 2026 07:17 PM IST
Jyoti Bhaskar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

सार

Parliament Budget Session Lok Sabha Rajya Sabha Proceedings News in Hindi: ईद और चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के साथ-साथ शनिवार-रविवार के लंबे अवकाश के बाद संसद के बजट सत्र की कार्यवाही आज शुरू हुई। संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही, विपक्ष की मांगों, संसद परिसर में विरोध और अहम मुद्दों पर बयानबाजी के कारणों आदि से जुड़े तमाम अपडेट्स अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में बढ़ें।
विज्ञापन
संसद का बजट सत्र - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज राज्यसभा में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक, 2026 पेश करेंगे। इस विधेयक का उद्देश्य सीएपीएफ अधिकारियों की भर्ती, प्रतिनियुक्ति और पदोन्नति को विनियमित करना है। इसमें आईजी स्तर पर 50 फीसदी पद आईपीएस से भरने का प्रस्ताव है।
विज्ञापन


विधेयक में अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) स्तर के कम से कम 67 फीसदी पद आईपीएस से भरे जाने का भी प्रस्ताव है। वहीं विशेष महानिदेशक (एसडीजी) और महानिदेशक (डीजी) के सभी पद सिर्फ प्रतिनियुक्ति के माध्यम से भरे जाएंगे। फिलहाल सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी जैसे बल अपने-अपने अलग-अलग कानूनों के तहत संचालित होते हैं। सरकार का मानना है कि एक समान कानून के अभाव में नियम बिखरे हुए हैं, जिससे सेवा संबंधी विवाद और प्रशासनिक कठिनाइयां बढ़ रही हैं।

CAPF से जुड़े गृह मंत्रालय के इस विधेयक का मकसद क्या है?

बिल के उद्देश्यों के अनुसार, यह कानून सीएफीएफ में ग्रुप ‘ए’ सामान्य ड्यूटी अधिकारियों और अन्य अधिकारियों की भर्ती, पदोन्नति, प्रतिनियुक्ति और सेवा शर्तों को एकसमान ढंग से विनियमित करेगा। यह प्रस्ताव ऐसे समय में आया है जब सुप्रीम कोर्ट ने 2025 के अपने फैसले में सीएफीएफ में आईपीएस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कम करने और कैडर रिव्यू करने का निर्देश दिया था। केंद्र की पुनर्विचार याचिका को भी कोर्ट ने खारिज कर दिया था।

सेवानिवृत्त सीएपीएफ अफसरों ने सुप्रीम कोर्ट का किया है रुख
सेवानिवृत्त सीएपीएफ अधिकारियों के एक समूह ने हाल ही में गृह सचिव गोविंद मोहन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका भी दायर की है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं किया गया। सरकार का कहना है कि सीएपीएफ देश की आंतरिक सुरक्षा और सीमा सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं और आईपीएस अधिकारियों की तैनाती से केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित होता है।

दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू

दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हो गई है। लोकसभा में प्रश्नकाल चल रहा है। राज्यसभा में सभापति की अनुमति से सदस्यों ने अहम मुद्दों को सदन के पटल पर रखा।

लोकसभा में पर्यावरण मंत्रालय से अहम सवाल

लोकसभा में पर्यावरण मंत्रालय से अहम सवाल पूछे गए। केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने सवालों के जवाब दिए।

भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी को लेकर क्या बोले निशिकांत दुबे

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने श्रीलंका द्वारा भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस और डीएमके पर दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि पुराने आंदोलनों के बाद यह समस्या बढ़ेगी और अटल बिहारी वाजपेयी की कोशिशें भी बाद में कमजोर पड़ गईं। दुबे ने आरोप लगाया कि जवाहरलाल नेहरू से शुरू हुई नीति को इंदिरा गांधी और बाद में मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी ने आगे बढ़ाया।

 

संजय कुमार झा बोले- एलपीजी स्थिरता को लेकर कोई दिक्कत नहीं है

जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पश्चिम एशिया के हालात की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि अगर स्थिति नियंत्रण में है और एलपीजी स्थिरता को लेकर कोई दिक्कत नहीं है। अगर भविष्य में हालात बिगड़ते हैं, तो सरकार जरूरी कदम उठाएगी।

दो बजे लोकसभा में बोलेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 2 बजे लोकसभा में पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के अहम मुद्दों पर बयान देंगे। इस दौरान वे मौजूदा हालात, भारत पर उसके असर और सरकार की तैयारी व रणनीति के बारे में जानकारी दे सकते हैं। यह संबोधन ऐसे समय में हो रहा है जब क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

राम मनोहर लोहिया की जयंती पर ओम बिरला और अन्य सांसदों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी

दिल्ली में डॉ.राम मनोहर लोहिया की जयंती के अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और अन्य सांसदों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। सभी नेताओं ने संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में एकत्र होकर डॉ. लोहिया की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए और उनके योगदान को याद किया।

भाजपा सांसद रवि किशन ने पीएम मोदी के नाम के कसीदे पढ़े

भाजपा सांसद रवि किशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले सरकार प्रमुख बनने पर उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मोदी न सिर्फ लंबे समय तक सेवा करने वाले नेता हैं, बल्कि एक दाग रहित छवि वाले नेता भी हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई नेता पूरी निष्ठा से देश की सेवा करता है, तो उसकी पहचान दुनिया भर में बनती है। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रवि किशन ने कहा कि उन्हें जमीनी हकीकत देखनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि देश का हर व्यक्ति प्रधानमंत्री मोदी को वोट देना चाहता है।

प्रियंका चतुर्वेदी बोलीं- पीएम बताएंगे पश्चिम एशिया पर भारत का रुख

शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद में पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और उससे निपटने के तरीके के बारे में बात करेंगे, तो देशवासियों को वास्तविक स्थिति के बारे में जानकारी मिल सकेगी।

 

पीएम मोदी के संबोधन से पहले प्रियंका गांधी ने क्या कहा?

पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर संसद में पीएम मोदी के बोलने के बारे में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि यह एक अच्छी बात है। मैं सुनना चाहती हूं कि वे क्या कहेंगे है। कई मुद्दे हैं। इस युद्ध का हमारे देश पर बहुत बड़ा असर पड़ रहा है। यह बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था, लेकिन मुझे खुशी है कि अब वह ऐसा कर रहे हैं। 

लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित

राज्यसभा की कार्यवाही भी दो बजे तक स्थगित

राज्यसभा की कार्यवाही भी दो बजे तक स्थगित

विश्व की अर्थव्यवस्था पर हो रहा गहरा असर- पीएम मोदी

लोकसभा में पीएम मोदी ने कहा कि बीत दो तीन हफ्तों में जयशंकर जी ने और हरदीप पुरी जी ने सदन को जानकारी दी है। इसका पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था पर और लोगों के जीवन पर विपरीत असर हो रहा है। पूरी दुनिया इस संकट के जल्द से जल्द समाधान के लिए सभी पक्षों से आग्रह भी कर रही है। भारत के सामने भी इस युद्ध ने अप्रत्याशित चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। ये चुनौतियां आर्थिक भी हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ी हैं और मानवीय भी हैं।

युद्ध से प्रभावित देशों के साथ भारत के व्यापक व्यापारिक रिश्ते- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि युद्ध से प्रभावित देशों के साथ भारत के व्यापक व्यापारिक रिश्ते हैं। जिस क्षेत्र में युद्ध हो रहा है, वह दुनिया के दूसरे देशों के साथ हमारे व्यापार का भी एक अहम रास्ता है। खासकर कच्चे तेल और गैस की जरूरतों का बड़ा हिस्सा यही क्षेत्र पूरा करता है। हमारे लिए यह क्षेत्र एक और कारण से भी अहम है। लगभग एक करोड़ भारतीय खाड़ी देशों में रहते हैं और काम करते हैं। वहां समुद्र में जो वाणिज्यिक शिप चलते हैं, उनमें भारतीय क्रू मेंबर्स की संख्या काफी ज्यादा है। इन कारणों की वजह से भारत की चिंताएं अधिक हैं। यह आवश्यक है कि भारत की संसद से इस संकट को लेकर एकमत और एकजुट आवाज दुनिया में जाए।

पश्चिम एशिया संकट पर होनी चाहिए चर्चा- प्रियंका

लोकसभा में पीएम मोदी की तरफ से पश्चिम एशिया संकट पर दिए गए बयान के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। प्रियंका ने कहा कि पीएम मोदी ने देश को इस स्थिति से अवगत कराया है। इस मुद्दे पर संसद में चर्चा होनी चाहिए।

देश चाहता है कि यह संघर्ष जल्द समाप्त हो- भाजपा सांसद

भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसद में बयान बहुत ही दार्शनिक और समझदारी भरा था। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी संसद को दी और दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत पूरी तरह तैयार है। रुडी ने कहा कि देश चाहता है कि यह संघर्ष जल्द समाप्त हो।

राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

राज्यसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित की गई।

लोकसभा के कामकाज का समय बढ़ाया गया

लोकसभा की कार्यवाही का समय शाम सात बजे तक बढ़ाया गया है। आमतौर पर शाम छह बजे तक सदन का काम-काज चलता है। लेकिन बोलने वाले सांसदों की संख्या और अन्य आवश्यकताओं को देखते हुए सदन की कार्यवाही का समय सदस्यों की सहमति के अनुसार बढ़ा दिया जाता है।

लोकसभा में वित्त विधेयक 2026 पर चर्चा जारी

लोकसभा में फिलहाल वित्त विधेयक 2026 पर चर्चा की जा रही है, जो अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह वित्त वर्ष 2026-27 के लिए केंद्र सरकार के वित्तीय प्रस्तावों को अधिनियमित करता है। यह केंद्रीय बजट की विधायी रीढ़ है, जो कराधान और व्यय उपायों को कानूनी रूप प्रदान करता है।

मोबाइल उपभोक्ताओं को मिले डाटा रोलओवर की सुविधा- राघव चड्ढा

आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद राघव चड्ढा ने सोमवार को राज्यसभा में दूरसंचार कंपनियों के डाटा इस्तेमाल के तरीके पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, जो डाटा उपभोक्ता इस्तेमाल नहीं कर पाते, वह खत्म नहीं होना चाहिए, बल्कि अगले दिन के लिए बचा रहना चाहिए। अभी रोजाना मिलने वाला डाटा रात 12 बजे के बाद खत्म हो जाता है, जबकि इसके लिए उपभोक्ता पैसे चुका चुके होते हैं। इसलिए इसका फायदा कंपनियों को नहीं, बल्कि ग्राहकों को मिलना चाहिए। चड्ढा ने सुझाव दिया कि बचे हुए डाटा के आधार पर अगले महीने रिचार्ज में छूट दी जाए और ग्राहकों को डाटा रोलओवर की सुविधा मिले। उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ता को अपना बचा हुआ डाटा दूसरों को ट्रांसफर करने का अधिकार भी मिलना चाहिए। आप सांसद ने अमेरिका, यूरोप, नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां ऐसी सुविधाएं पहले से मौजूद हैं।
विज्ञापन

लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित हो की गई।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें