इमरान खान ने पाकिस्तान की आवाम और अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की।
इमरान खान की रिहाई को लेकर शहबाज शरीफ सरकार की प्रवक्ता मरियम औरंगजेब ने सुप्रीम कोर्ट पर सवाल उठाए। मरियम ने ट्वीट किया कि सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान के 60 अरब रुपये के घोटाले पर सवाल क्यों नहीं किए। इस आदमी की वजह से दो दिन में पूरा मुल्क जल गया। इससे पहले पुलिस और रेंजर्स पर हमले कराए गए। सुप्रीम कोर्ट तब क्यों चुप रहा?
इमरान खान ने कोर्ट को बताया कि उन्हें रिमांड में पीटा गया। मेरी गिरफ्तारी ऐसे की गई, जैसे मैं कोई आतंकी हूं। मुझे डंडों से पीटा गया। 145 से ज्यादा फर्जी केस डाल दिए गए। इमरान खान ने कोर्ट से कहा कि उन्हें घर जाने दिया जाए। इस पर कोर्ट ने कहा कि आपकी जान को खतरा है। आपको तीन बेड रूम के पुलिस लाइंस गेस्टहाउस में रखा जाएगा। आपसे 10 से ज्यादा लोग नहीं मिल सकते। सुप्रीम कोर्ट ने इमरान से कहा कि आपकी गिरफ्तारी के बाद मुल्क में जो हिंसा हुई, आपको उसकी निंदा करनी होगी।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद इमरान खान को रिहा किया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने इमरान की गिरफ्तारी को अवैध करार देते हुए कहा कि पूर्व पीएम के साथ न्याय नहीं हुआ। उन्हें कल इस्लामाबाद हाईकोर्ट के सामने पेश किया जाए। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने इमरान को तत्काल रिहा करने के आदेश दिए।
इमरान खान सुप्रीम कोर्ट में मौजूद हैं। कोर्ट के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने इमरान की गिरफ्तारी को गैरकानूनी करार दिया है। कोर्ट ने कहा कि यह भविष्य के लिए उदाहरण पेश करने का वक्त है। कोर्ट ने कहा कि पाकिस्तान को जेल नहीं बनने देंगे। पाकिस्तान के उच्चतम न्यायालय ने राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को एक घंटे के भीतर अदालत में पेश करने का निर्देश दिया।
इस्लामाबाद हाईकोर्ट से इमरान खान की गिरफ्तारी पर पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने एनएबी की कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि हाईकोर्ट में जो कुछ भी हुआ, वह न्यायपालिका की छवि पर हमला था। कोर्ट ने एनएबी को निर्देश दिया कि वे इमरान खान को स्थानीय समयानुसार साढ़े चार बजे तक सुप्रीम कोर्ट में पेश करें।
सिंध विधानसभा के पटल पर बोलते हुए मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने कहा कि अतीत में आतंकवादी समूहों द्वारा पाकिस्तानी सेना के जनरल मुख्यालय और कराची कोर कमांडर कार्यालय पर हमले किए गए थे। उन्होंने कहा कि पीटीआई को फैसला करना है कि वह तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) बनना चाहती है या मुत्तहिदा कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम) जैसी राजनीतिक पार्टी बनना चाहती है। उन्हें यह निर्णय लेना होगा।
इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने आरोप लगाया है कि गिलगित-बाल्टिस्तान के मुख्यमंत्री खालिद खुर्शीद (Khalid Khurshid) को इस्लामाबाद में "हाउस अरेस्ट" के तहत रखा गया है।
सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय पीठ आज दोपहर दो बजे अल-कादिर ट्रस्ट मामले में पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान की गिरफ्तारी के खिलाफ उनकी याचिका पर सुनवाई करेगी। पीठ में मुख्य न्यायाधीश उमर अता बंदियाल, न्यायमूर्ति मुहम्मद अली मजहर और न्यायमूर्ति अतहर मिनल्लाह शामिल होंगे।
पंजाब पुलिस ने पूरे प्रांत में सार्वजनिक और निजी संपत्तियों पर हमला करने के आरोप में 1,650 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।पंजाब के महानिरीक्षक ने कहा कि हिंसक गतिविधियों में शामिल सभी संदिग्धों का पता लगाया जा रहा है और उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'ऐसे लोग दया के पात्र नहीं हैं।'
इमरान खान के समर्थकों ने बुधवार को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के लाहौर स्थित आवास पर हमला कर दिया था। पुलिस के अनुसार, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के 500 से अधिक उपद्रवी बुधवार तड़के प्रधानमंत्री के मॉडल टाउन लाहौर स्थित आवास पर पहुंचे और वहां खड़े वाहनों में आग लगा दी। पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री के घर में पेट्रोल बम भी फेंके। उन्होंने बताया, जैसे ही पुलिस का एक दल वहां पहुंचा, पीटीआई प्रदर्शनकारी वहां से चले गए।
प्रधानमंत्री आवास पहुंचने से पहले खान के समर्थकों की भीड़ ने मॉडल टाउन में सत्तारूढ़ पीएमएल-एन सचिवालय पर हमला किया और वहां खड़े वाहनों में आग लगा दी। उन्होंने वहां के अवरोधकों को भी आग के हवाले कर दिया।