फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pakistan Political Crisis Live: सुप्रीम कोर्ट में कल भी जारी रहेगी सुनवाई, इमरान करेंगे 'देशद्रोहियों' के खिलाफ प्रदर्शन

Mon, 04 Apr 2022 09:18 PM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद

खास बातें

पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में रविवार को पांच मिनट के अंदर इमरान खान के खिलाफ पेश अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया। इसके बाद तेजी से कई घटनाक्रम हुए। इमरान खान ने इसके तुरंत बाद संसद भंग किए जाने की मांग की। इस पर राष्ट्रपति ने तुरंत अपनी सहमति दे दी और संसद को भंग कर दिया। तब से विपक्ष का हंगामा जारी है। हालांकि, अब यह पूरा मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है। लेकिन आज हुई सुनवाई में भी फैसला नहीं आ सका। मामले में मंगलवार को भी सुनवाई जारी रहेगी। उधर, इमरान खान ने अपने विरोधियों के खिलाफ प्रदर्शन करने का एलान किया है।
विज्ञापन
इमरान खान - फोटो : पीटीआई (फाइल)
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:37 PM, 04-Apr-2022

पाकिस्तान के केएसई-100 इंडेक्स में 1250 अंकों की गिरावट

पाकिस्तान के स्टॉक एक्सचेंज (पीएसएक्स) के बेंचमार्च केएसई-100 इंडेक्स में सोमवार को 1250.07 अंकों की गिरावट आई। संसद भंग करने का फैसला आने के बाद पाकिस्तानी रुपये की कीमत में भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले गिरावट आई है। सोमवार को बाजार खुलने के साथ ही 700 अंकों से अधिक की गिरावट दर्ज की गई थी।

05:41 PM, 04-Apr-2022

कार्यवाहक पीएम के लिए पूर्व मुख्य न्यायाधीश के नाम की सिफारिश

इमरान खान ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश गुलजार अहमद को कार्यवाहक प्रधानमंत्री बनाने का प्रस्ताव दिया है।

04:41 PM, 04-Apr-2022

'देशद्रोहियों' के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे इमरान

इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने कहा है कि प्रधानमंत्री उन देशद्रोहियों के खिलाफ एक प्रदर्शन करेंगे जो विदेशी साजिश का हिस्सा हैं।

विज्ञापन
04:33 PM, 04-Apr-2022

कार्यवाहक पीएम की नियुक्ति होने तक इमरान ही संभालेंगे पद

राष्ट्रपति आरिफ अल्वी की ओर से जारी एक नोटिफिकेशन के अनुसार इमरान खान कार्यवाहक प्रधानमंत्री की नियुक्ति होने तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने रहेंगे। 

04:12 PM, 04-Apr-2022

मंगलवार दोपहर साढ़े 12 बजे होगी सुनवाई

पाकिस्तान में जारी सियासी संकट को लेकर सुप्रीम कोर्ट में आज भी फैसला नहीं हो सका। कोर्ट ने मामले की सुनवाई कल यानी मंगलवार दोपहर 12.30 बजे होगी। कोर्ट ने कहा कि यह संविधान से जुड़ा मामला है, इसलिए जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं दे सकते।

विज्ञापन
03:47 PM, 04-Apr-2022

शहबाज शरीफ ने उठाए इमरान के दावे पर सवाल

पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के नेता शहबाज शरीफ ने इमरान खान के उस दावे पर सवाल उठाए हैं जिसमें उन्होंने अमेरिका से खतरा होने की बात कही है। शरीफ ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव आठ मार्च को जमा किया गया था और अगर कोई खतरा था तो इसे 24 मार्च से पहले क्यों नहीं उठाया गया। शरीफ ने इमरान खान पर पाकिस्तान में सिविल मार्शल लॉ लगाने का आरोप भी लगाया।

03:39 PM, 04-Apr-2022

तार्किक आदेश जारी किया जाएगा: मुख्य न्यायाधीश

पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश उमर अता बांदियाल ने कहा है कि वर्तमान राजनीतिक स्थिति की वैधता पर तार्किक आदेश जारी किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने और उनकी सलाह पर राष्ट्रपति की ओर से संसद भंग किए जाने के फैसले के खिलाफ मामले में सुनवाई कर रही है।

03:32 PM, 04-Apr-2022

सुप्रीम कोर्ट के बाहर जुटी भारी भीड़

सुप्रीम कोर्ट की पांच सदस्यीय पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि स्पीकर के पास संसद भंग के आदेश को निरस्त करने का विवेक है। इस बीच सुनवाई को लेकर लोगों के बीच इतनी उत्सुकता है कि सुप्रीम कोर्ट के बाहर भारी भीड़ जुटी हुई है। 
 

03:18 PM, 04-Apr-2022

इमरान ने बुलाई संसदीय बोर्ड की बैठक

प्रधानमंत्री इमरान खान ने मंगलवार (कल) को पीटीआई संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाई है। मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के मुताबिक, वह संसदीय बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जो अगले चुनाव में टिकट बंटवारे पर विचार करेगा।

02:41 PM, 04-Apr-2022

संसद में जो कुछ हुआ उसकी समीक्षा जरूरी- कोर्ट

पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि, संसद में जो कुछ भी हुआ उसकी समीक्षा जरूरी है। दरअसल, संसद ने रविवार को इमरान खान के खिलाफ पेश अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। 

02:37 PM, 04-Apr-2022

कोर्ट ने फुल बेंच के गठन से किया इंकार

सुप्रीम कोर्ट में विपक्ष ने सुनवाई के लिए फुल बेंच गठित किए जाने की मांग की है। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि, हमें बताएं कि ऐसी कौन सी बात है, जिसके लिए फुल बेंच का गठन किया जाए। कोर्ट में राजनीतिक बातें न करें। फुल बेंच से अन्य मामले प्रभावित होते हैं। 
 

02:35 PM, 04-Apr-2022

बिलावल भुट्टो की पार्टी के वकील को सुप्रीम कोर्ट की फटकार 

इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को खारिज किए जाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है। कोर्ट ने बिलावल भुट्टो की पार्टी के वकील को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने कहा कि, अगर बेंच पर सवाल उठाए तो हम सुनवाई रोक देंगे। 

02:25 PM, 04-Apr-2022

कार्यवाहक प्रधानमंत्री के लिए इमरान की पार्टी ने भेजे दो नाम

कार्यवाहक प्रधानमंत्री चुनने के लिए इमरान की पार्टी पीटीआई की ओर से राष्ट्रपति को दो नाम भेजे गए हैं। मंत्री फवाद चौधरी ने बताया कि अगर विपक्ष अगले सात दिन में अपनी ओर से नाम नहीं भेजता है, तो हमारे द्वारा भेजे गए नामों में से एक को कार्यवाहक प्रधानमंत्री चुन लिया जाएगा।  

02:22 PM, 04-Apr-2022

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू

इमरान सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज किए जाने और संसद भंग मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई शुरू हो गई है। सुप्रीम कोर्ट में पांच जजों की बेंच मामले की सुनवाई कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट इस मामले में आज ही अपना फैसला सुना सकता है। 

01:55 PM, 04-Apr-2022

कार्यवाहक पीएम चुने जाने की प्रकिया में नहीं शामिल होंगे शहबाज शरीफ

पाकिस्तान में विपक्ष के नेता शहबाज शरीफ ने कार्यवाहक पीएम चुनने के लिए प्रक्रिया में शामिल होने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि, असंवैधानिक तरीके से अविश्वास प्रस्ताव को खारिज किया गया और संसद को भंग किया गया है। इसलिए वह इस प्रक्रिया में शामिल नहीं होंगे। 

01:11 PM, 04-Apr-2022

कार्यवाहक प्रधानमंत्री चुनने के लिए राष्ट्रपति ने इमरान व शहबाज को लिखा पत्र

पाकिस्तान में कार्यवाहक प्रधानमंत्री चुनने के लिए राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने प्रधानमंत्री इमरान खान और विपक्ष के नेता शहबाज शरीफ को पत्र भेजा है। 

12:45 PM, 04-Apr-2022

इमरान खान ने किया कानून का उल्लंघन 

पाकिस्तान के विपक्षी नेता शहबाज शरीफ ने कहा कि, इमरान खान ने कानून और संविधान का उल्लंघन किया है। अगर सब कुछ कानून और संविधान के अनुसार होता तो इमरान और उनकी पार्टी को नुकसान होता, इसका वे सामना नहीं कर सकते थे। इसलिए उन्होंने लोकतंत्र को चोट पहुंचाई और संविधान का उल्लंघन किया। 

11:47 AM, 04-Apr-2022

अजमत सईद हो सकते हैं कार्यवाहक प्रधानमंत्री

संसद भंग किए जाने के बाद अजमत सईद को पाकिस्तान का कार्यवाहक प्रधानमंत्री बनाया जा सकता है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पीटीआई ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री के लिए सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज अजमत सईद का नाम प्रस्तावित किया है। 

11:31 AM, 04-Apr-2022

सुप्रीम कोर्ट में एक बजे से सुनवाई

पाकिस्तान में अविश्वास प्रस्ताव खारिज किए जाने और संसद भंग मामले में एक बजे से सुनवाई शुरू होगी। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, सुनवाई के दौरान स्पीकर की ओर से अटॉर्नी जनरल पेश होंगे। 

10:00 AM, 04-Apr-2022

केयरटेकर पीएम चुने जाने तक इमरान रहेंगे प्रधानमंत्री

पाकिस्तान में संसद भंग हो चुकी है। अब चुनाव के बाद ही स्थाई प्रधानमंत्री का चयन हो सकेगा। हालांकि, केयरटेकर पीएम चुने जाने तक इमरान खान ही प्रधानमंत्री के पद पर रहेंगे। इसको लेकर राष्ट्रपति कार्यालय से आदेश जारी किया गया है। 

08:42 AM, 04-Apr-2022

फुल बेंच करे सुनवाई- विपक्ष 

संसद भंग मामले में सुप्रीम कोर्ट आज सुनवाई करेगा। इससे पहले संयुक्त विपक्ष की ओर से मांग की गई है कि, मामले की सुनवाई फुल बेंच करे। विपक्ष का कहना है कि, उन्हें उम्मीद है कि कोर्ट संविधान के साथ खड़ी रहेगी। 

08:13 AM, 04-Apr-2022

लंदन में नवाज शरीफ पर फिर से हमला 

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ इन दिनों लंदन में हैं। यहां उनके ऊपर फिर से हमला हुआ है। पिछले 24 घंटे के अंदर यह उन पर दूसरा हमला है। जानकारी के मुताबिक, 15 से 20 नकाबपोशों ने नवाज शरीफ के कार्यालय पर हमला बोला। इससे एक दिन पहले भी नवाज शरीफ को एक शख्स ने फोन फेंक कर मारा था। 

08:06 AM, 04-Apr-2022

जनता से बात करेंगे इमरान खान

इमरान खान आज एक बार फिर से जनता से बात करेंगे। भारतीय समयानुसार दोपहर करीब 3:30 मिनट पर वह जनता से फोन से बात करेंगे और उनके सवालों के जवाब देंगे। सीनेटर फैसल जावेद ने बताया कि इमरान खान व जनता के बीच बातचीत का टेलीवीजन व रेडियो पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। 

07:41 AM, 04-Apr-2022

Pakistan Political Crisis Live: सुप्रीम कोर्ट में कल भी जारी रहेगी सुनवाई, इमरान करेंगे 'देशद्रोहियों' के खिलाफ प्रदर्शन

पाकिस्तान इन दिनों बड़ी सियासी उथल-पुथल से गुजर रहा है। इमरान खान के खिलाफ पेश अविश्वास प्रस्ताव को रविवार को बिना मतदान खारिज कर दिया गया। इसके बाद संसद को भी भंग कर दिया गया। विपक्ष के हंगामे के बाद यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है। कोर्ट आज इस मामले में सुनवाई करेगा। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, कोर्ट ने पाकिस्तान के अटार्नी जनरल को नोटिस भेजकर तलब किया है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें