प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट किया- भारत आतंक मुक्त क्षेत्र में शांति और स्थिरता चाहता है, ताकि हम अपनी विकास चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित कर सकें और अपने लोगों की भलाई और समृद्धि सुनिश्चित कर सकें।
शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। सीनेट के चेयरमैन ने दिलाई शपथ। शरीफ देश के 23वें प्रधानमंत्री बने।
राष्ट्रपति डॉ. आरिफ अल्वी ने बेचैनी की शिकायत की है। पाकिस्तान के राष्ट्रपति के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने ट्वीट किया गया है कि डॉक्टरों ने उनकी अच्छी तरह से जांच की है और उन्हें कुछ दिनों के लिए आराम करने की सलाह दी है।
पाकिस्तान के नवनिर्वाचित पीएम शहबाज शरीफ ने कहा, आज सर्वशक्तिमान ने पाकिस्तान और देश के 22 करोड़ लोगों को बचाया है। यह पहली बार है जब अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान सफलतापूर्वक पारित हुआ है। इस देश के लोग इस दिन का जश्न मनाएंगे।
शहबाज शरीफ पाकिस्तान के 23वें प्रधानमंत्री होंगे। उन्हें नेशनल असेंबली में कुल 174 वोट मिले।
शहबाज शरीफ चुने गए नए प्रधानमंत्री, आज रात आठ (भारतीय समयानुसार रात 8.30) बजे होगा शपथ ग्रहण। इमरान की पार्टी पीटीआई के सांसदों ने सदन से वाॉकआउट किया था।
नेशनल असेंबली में नए प्रधानमंत्री का चुनाव करने के दौरान पीटीआई सदस्य बाहर चले गए। कुरैशी का कहना है कि हालांकि वह प्रधानमंत्री पद के लिए पीटीआई के उम्मीदवार थे, वह चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा करते हैं।
पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री के चुनाव के लिए नेशनल असेंबली की बैठक शुरू हो गई है। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के अध्यक्ष शहबाज शरीफ विपक्ष की ओर से पीएम पद के उम्मीदवार हैं। इमरान खान की पार्टी पीटीआई की ओर से शाह महमूद कुरैशी पीएम पद के उम्मीदवार थे, लेकिन पीटीआई के सभी सांसदों के इस्तीफे के एलान से उनकी उम्मीदवारी समाप्त हो गई।
पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से खबर आई है कि इमरान खान की पार्टी पीटीआई के सभी सदस्य नेशनल असेंबली से इस्तीफा देंगे। इमरान खान ने भी इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उनकी पार्टी के सभी सदस्य इस्तीफा देने जा रहे हैं।
खबरों के मुताबिक, नए प्रधानमंत्री के चुनाव के बाद आज ही शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। रात साढ़े आठ बजे प्रधानमंत्री शपथ ले सकते हैं।