फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pakistan Election Live: हिंसा के बीच पाकिस्तान में संपन्न हुआ मतदान, नवाज ने गठबंधन की संभावना से किया इनकार

Thu, 08 Feb 2024 06:19 PM IST
अभिषेक दीक्षित वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद

खास बातें

Pakistan General Election 2024 Live Updates in Hindi: पाकिस्तान में आम चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान हो रहा है। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे चल रहे पूर्व पीएम नवाज शरीफ को सेना का समर्थन मिला हुआ है। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान अभी भी जेल में हैं। ऐसे में शरीफ की पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है।
विज्ञापन
Pakistan Polls - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:18 PM, 08-Feb-2024

हिंसा की खबरों के बीच, पाकिस्तान में मतदान संपन्न हो गया है।

05:39 PM, 08-Feb-2024

पीएमएल-एन सुप्रीमो नवाज शरीफ ने मतदाताओं से की बहुमत देने की अपील
इस बीच, पूर्व प्रधानमंत्री पीएमएल-एन सुप्रीमो नवाज शरीफ ने मतदाताओं से उन्हें पूर्ण बहुमत देने की अपील की है। साथ ही उन्होंने गठबंधन सरकार बनाने की संभावना से इनकार किया। प्रांतीय राजधानी लाहौर में अपना वोट डालने के बाद नवाज ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में स्थिरता लाने के लिए एक-दलीय बहुमत की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज हम जहां हैं, उस दिन को देखने के लिए हमने बलिदान दिया है। हमें दुर्व्यवहार और अभद्रता की इस संस्कृति को खत्म करना होगा। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव देश में समृद्धि लाएगा जो गंभीर आर्थिक और सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है।

03:21 PM, 08-Feb-2024

उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान में बम हमले में मारे गए 4 पुलिसकर्मी 
अफगानिस्तान की सीमा से लगे पाकिस्तान के अशांत खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में चुनाव सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मियों के वाहन पर गुरुवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला कर दिया। इस हमले में चार पुलिसकर्मी मारे गए और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हमले के समय वाहन डेरा इस्माइल खान के कलाची पुलिस स्टेशन एरिया में खड़ा था।इन पुलिसकर्मियों को ग्राहा असलम मतदान केंद्र की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था। यह हमला अशांत बलूचिस्तान प्रांत में दोहरे आतंकवादी हमलों में कम से कम 30 लोगों के मारे जाने के एक दिन बाद हुआ। हमले के पीड़ितों के शवों और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

विज्ञापन
03:01 PM, 08-Feb-2024

मोबाइल सेवा निलंबन से एजेंसी के काम में बाधा नहीं
पाकिस्तान में मोबाइल सेवाओं के निलंबन के बीच पाकिस्तान के मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा ने गुरुवार को कहा कि उनकी चुनाव प्रबंधन प्रणाली इंटरनेट पर निर्भर नहीं है। इसके कारण कुछ भी प्रभावित नहीं हुआ है।

02:11 PM, 08-Feb-2024

पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
 

विज्ञापन
01:20 PM, 08-Feb-2024

खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमला
पाकिस्तान में मतदान के बीच खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमला हुआ है। इस दौरान पांच पुलिसकर्मियों के मारे जाने की खबर है।

12:37 PM, 08-Feb-2024

इमरान खान ने जेल से डाला वोट
इस बीच पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक पूर्व रिकॉर्डेड संदेश में जनता से अपने मताधिकारों का इस्तेमाल करने को कहा। 71 वर्षीय इमरान खान और जेल में बंद अन्य प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने अदियाला जेल से डाक मतपत्र के जरिए वोट डाला। वहीं पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी परवेज इलाही, अवामी मुस्लिम लीग के प्रमुख शेख राशिद, पूर्व सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने डाक से अपना वोट भेजा। इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी मतदान में हिस्सा नहीं ले सकीं।

12:37 PM, 08-Feb-2024

धांधली के आरोपों के बीच मतदान जारी
पाकिस्तान में आम चुनाव के लिए गुरुवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। इसमें बड़ी संख्या में लोग हिस्सा ले रहे हैं। मतदान पूरा होने के तत्काल बाद मतों की गिनती शुरू हो जाएगी। इस बीच देश की कार्यवाहक सरकार ने कहा कि पाकिस्तान में बिगड़ते सुरक्षा हालात के कारण मोबाइल सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। ऐसी खबरें भी हैं कि कराची और पेशावर सहित कुछ शहरों में फोन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

10:32 AM, 08-Feb-2024

पाकिस्तानी सेना नवाज शरीफ को लाना चाहती है: रक्षा विशेषज्ञ
रक्षा विशेषज्ञ ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) अनिल गुप्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सेना नवाज शरीफ को लाना चाहती है। उन्होंने सुनिश्चित किया है कि कोई विरोध न हो। उन्होंने सुनिश्चित किया है कि वे अपने समर्थन से नवाज शरीफ को प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं। पाकिस्तानी सेना एक बार फिर देश में आतंकवादी संगठनों को मुख्यधारा में लाने की कोशिश कर रही है, जो छद्म नामों के तहत चुनाव लड़ रहे हैं। कश्मीर कोई मुद्दा नहीं है। यह हमेशा भारत का अभिन्न अंग रहेगा। जम्मू-कश्मीर का पूरा राज्य 1947 में भारत में शामिल हो गया था, लेकिन यह पाकिस्तान सरकार थी, जिसने हमले किए और राज्य के कुछ हिस्सों पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया, जो अब भी है। यह एक खूनी चुनाव होने जा रहा है और मतपत्र लूटने, उम्मीदवारों की हत्या या मतदान केंद्रों के बाहर विस्फोट के मामलों के साथ कानून और व्यवस्था की समस्याएं होंगी। इमरान खान की गिरफ्तारी अलोकतांत्रिक है। उन्हें परिस्थितियों का शिकार बनाया गया है।

09:17 AM, 08-Feb-2024

विदेश मामलों के विशेषज्ञ ने कही यह बात
विदेश मामलों के विशेषज्ञ सुशांत सरीन ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से हमले हो रहे हैं। बलूचिस्तान में हालात सबसे खराब हैं। बलूच क्षेत्रों के साथ-साथ पश्तून क्षेत्रों में भी हालात ऐसे ही हैं। लोग चुनावों में अपनी पहचान नहीं बताते। ऐसी अटकलें हैं कि ये हमले पाकिस्तानी सेना करा रही है। हो सकता है कि वे खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में चुनाव न चाहते हों। ऐसा माना जा रहा था कि यहां इमरान खान की पीटीआई बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। इनमें से कुछ हमलों से यह सुनिश्चित होगा कि मतदान केंद्रों पर मतदान कम हो, जिसका मतलब है कि मतदान सेना की योजना के अनुसार होगा।

09:16 AM, 08-Feb-2024

चुनावों के नतीजे पहले से तय होते हैं: रक्षा विशेषज्ञ
पाकिस्तान में अशांति पर रक्षा विशेषज्ञ कमर आगा ने कहा कि इन चुनावों के नतीजे पहले से तय होते हैं। प्रधानमंत्री कौन होगा से लेकर प्रत्येक पार्टी कितनी सीटें जीतेगी। यदि आप देख रहे हैं कि दो मुख्य उम्मीदवार हैं- पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और बिलावल भुट्टो। एक तरफ नवाज शरीफ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अगर वह गठबंधन में सरकार बनाते हैं, तो वह अपनी बेटी मरियम को आगे बढ़ा सकते हैं। नवाज शरीफ के पाकिस्तानी सेना के साथ संबंध बेहतर हो गए हैं, उनका परिवार वापस आ गया है। उनके अपराधों को माफ कर दिया गया है। खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में लगातार से हिंसा हो रही है। भले ही सेना इन चुनावों का प्रबंधन करती हो, सरकार चला रही हो, लेकिन देश में गंभीर आर्थिक संकट और राजनीतिक अस्थिरता को देखते हुए यह बहुत मुश्किल काम होगा।

09:13 AM, 08-Feb-2024

पाकिस्तान में मोबाइल सेवाएं बंद
पाकिस्तान में मोबाइल सेवाएं को बंद कर दी गईं हैं। मुल्क के आंतरिक मंत्रालय ने बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर देशभर में मोबाइल सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।

08:43 AM, 08-Feb-2024

संसदीय आम चुनाव जारी
पाकिस्तान में संसदीय आम चुनाव जारी है। मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपना वोट दे रहे हैं।
 

08:43 AM, 08-Feb-2024

6,50,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए, 12.85 करोड़ मतदाता
पाकिस्तान निर्वाचन आयोग ने चुनाव कराने के लिए पिछले साल दिसंबर में एक कार्यक्रम जारी किया था और बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के बावजूद चुनाव प्रक्रिया को बरकरार रखा था। पाकिस्तान में आम चुनाव के लिए लगभग 6,50,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस चुनाव में 12.85 करोड़ से अधिक पंजीकृत मतदाता मतदान करेंगे।

08:43 AM, 08-Feb-2024

आतंकी हमलों ने बढ़ाई चिंता
इससे पहले आम चुनाव से एक दिन पहले बुधवार को आतंकी हमले हुए। बलूचिस्तान प्रांत में चुनाव कार्यालयों को निशाना बनाकर किए गए दो बम विस्फोटों में कम से कम 30 लोग मारे गए और 40 से अधिक घायल हो गए।

08:42 AM, 08-Feb-2024

तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के उम्मीदवार निर्दलीय के रूप से चुनाव लड़ रहे
इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के उम्मीदवार निर्दलीय के रूप से चुनाव लड़ रहे हैं, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने उनकी पार्टी को उसके चुनाव चिह्न क्रिकेट ‘बल्ला’ से वंचित करने संबंधी निर्वाचन आयोग के फैसले को बरकरार रखा है।

नवाज के साथ बिलावल भी रेस में
ऐसे में चुनाव में 74 वर्षीय शरीफ की नजर रिकॉर्ड चौथी बार प्रधानमंत्री बनने पर होगी। इस मुकाबले में बिलावल भुट्टो-जरदारी की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) भी शामिल है। बिलावल भुट्टो-जरदारी को पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है।

08:40 AM, 08-Feb-2024

Pakistan Election Live: हिंसा के बीच पाकिस्तान में संपन्न हुआ मतदान, नवाज ने गठबंधन की संभावना से किया इनकार

Pakistan General Election 2024 Live Updates in Hindi: पाकिस्तान में आम चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान हो रहा है। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे चल रहे पूर्व पीएम नवाज शरीफ को सेना का समर्थन मिला हुआ है। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान अभी भी जेल में हैं। ऐसे में शरीफ की पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें