पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री राणा सनाउल्लाह ने कहा कि इंटरनेट पर प्रतिबंध तब तक जारी रहेगा जब तक कि घरों को जलाने वाले और सभी को उकसाने वाले अपराधियों को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता। पाकिस्तानी मीडिया से बात करते हुए पीएमएल-एन नेता ने कहा कि अगर इमरान खान से जुड़े मामलों को 17 मई से आगे बढ़ाया जाता है तो उन्हें इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन लेना होगा।
लाहौर के चार मामलों में से एक में इमरान खान को जमानत दे दी गई है, जबकि तीन मामलों में सुनवाई होगी। तीन मामलों की सुनवाई के लिए दो जजों की डिवीजन बेंच गठित की गई है।
पीएमएल-एन ने आरोप लगाया है कि "आतंकवादी" पीटीआई के समर्थकों ने एक बार फिर इमरान खान के आदेश पर देश में हमला करना शुरू कर दिया है।
इस्लामाबाद हाईकोर्ट में इमरान खान की याचिका पर सुनवाई दोबारा शुरू हो गई है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संघीय कैबिनेट को संबोधित करते हुए कहा है कि पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान और उनकी पार्टी "झूठे" हैं। अमेरिका द्वारा उनकी सरकार को हटाने की साजिश के बारे में इमरान के दावों का जिक्र करते हुए शरीफ ने कहा कि एक से अधिक राष्ट्रीय सुरक्षा समिति में यह निष्कर्ष निकाला गया कि उनके आरोप झूठे थे।
पीटीआई नेता हम्माद अजहर ने कहा है कि पार्टी अध्यक्ष इमरान खान को गिरफ्तार करने का एक और प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, इमरान खान ने संदेश दिया है कि उन्हें फिर से गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है और वह चाहते हैं कि पूरा देश उनके समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से सामने आए। अजहर ने कहा कि इमरान इस समय देश में संविधान, लोकतंत्र और कानून के शासन के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने लोगों से सड़कों पर उतरने और अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया।
इस्लामाबाद पुलिस ने कहा कि श्रीनगर हाइवे पर एक वाहन में आग लगा दी गई है और दमकल की गाड़ियां आग बुझाने की कोशिश कर रही हैं।
पाक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पीटीआई के वकील बाबर अवान ने दावा किया है कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को नए मामलों में गिरफ्तार करने के लिए लाहौर से एक पुलिस टीम गिरफ्तारी वारंट लेकर इस्लामाबाद के लिए रवाना हुई है। वकील ने यह भी आरोप लगाया कि इमरान को गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी कुछ खास लोगों को सौंपी गई है। साथ ही बाबर ने कहा कि जिन लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री को जेल भेजा, वही लोग देश में हिंसा के लिए जिम्मेदार हैं।