नेपाल में जारी हिंसक प्रदर्शनों के बीच सेना ने आधिकारिक बयान जारी कर सख्त रुख अपनाया है। सेना ने कहा कि कुछ समूह मौजूदा हालात का गलत फायदा उठाकर लूटपाट, आगजनी और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसे रोकने के लिए नेपाल आर्मी और सभी सुरक्षा एजेंसियां नौ सितंबर की रात 10 बजे से सख्ती से तैनात रहेंगी। सेना ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसी गतिविधियां नहीं रुकीं, तो सुरक्षाबलों की मुख्य जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बहाल करने और जनता व संपत्तियों की सुरक्षा होगी। बयान में कहा गया कि यह कदम नेपाल और नेपाली नागरिकों की सुरक्षा के लिए उठाया जा रहा है। साथ ही पूरे देश से सहयोग की अपील की गई है। सेना ने साफ किया कि हालात की लगातार समीक्षा होगी और आवश्यकता पड़ने पर आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
नेपाल में प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के इस्तीफे और राजनीतिक वर्ग के खिलाफ छात्रों के हिंसक आंदोलन पर चीन ने अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। ओली को लंबे समय से चीन समर्थक नेता माना जाता है। मंगलवार को उन्होंने भारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच पद छोड़ दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नेताओं के आवास, राजनीतिक दलों के दफ्तर और संसद भवन पर हमले किए। एक दिन पहले ही पुलिस कार्रवाई में कई लोगों की मौत हुई थी। चीन की चुप्पी नेपाल के बदलते राजनीतिक समीकरणों पर और सवाल खड़े कर रही है।
पूर्व राजनयिक सुखदेव मुनी ने नेपाल की मौजूदा स्थिति को अराजक बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली देश छोड़कर दुबई जा सकते हैं और सरकार लगभग गिर चुकी है। संसद, राष्ट्रपति का पैतृक घर और प्रधानमंत्री आवास तक जलाए जाने पर उन्होंने चिंता जताई। मुनी ने कहा कि अंतरिम प्रबंधन में मेयर बालन शाह को शामिल करने की चर्चा है, जिनकी ईमानदार और स्वतंत्र छवि जनता के बीच मजबूत है, लेकिन उनके सामने बड़ी चुनौतियां होंगी।
नेपाल में जारी हिंसक प्रदर्शनों के बीच काठमांडू स्थित प्रमुख मीडिया संस्थान कांतिपुर टीवी के मुख्यालय में आग लग गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में इमारत से धुआं और लपटें उठती हुई दिखाई दीं। यह घटना ऐसे समय हुई है जब प्रदर्शनकारी सरकारी दफ्तरों और नेताओं के घरों को निशाना बना रहे हैं। माना जा रहा है कि आगजनी प्रदर्शनकारियों की तोड़फोड़ के कारण हुई। अभी तक जान-माल के नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में आग लगाई
काठमांडू में मंगलवार को एक बार फिर विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया और प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में आग लगा दी। कथित भ्रष्टाचार को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच नेपाली प्रधानमंत्री ने आज दोपहर इस्तीफा दे दिया था। जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है।
काठमांडू में एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "जनरेशन-जी के प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में आग लगा दी है। कल नेपाल पुलिस के जवानों ने कम से कम 19 छात्रों की हत्या कर दी थी। यह विरोध सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के कारण नहीं है, बल्कि हम इसलिए विरोध कर रहे हैं क्योंकि हमें एक युवा नेता चाहिए। हम बदलाव चाहते हैं। जनरेशन-जी एक युवा नेता की माँग कर रही है।
भारत ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी
भारतीय विदेश मंत्रालय ने भारत के नागरिकों को नेपाल की स्थिति स्थिर होने तक यात्रा स्थगित करने के निर्देश दिए हैं।
रबि लामिछाने जेल से रिहा
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रबी लामिछाने को मंगलवार दोपहर नक्खू जेल में प्रदर्शनकारियों से बात करने के लिए बाहर लाया गया है। यह भी बताया गया है कि उन्हें अन्य कैदियों की सुरक्षा के लिए रिहा किया गया है। सहकारी बचत घोटाले के आरोप में लामिछाने जेल में बंद थे। आरएसपी के केंद्रीय सदस्य क्रांतिशिखा धीतल द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में भीड़ को संबोधित करते दिख रहे हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा पर भीड़ ने किया हमला, हुए जख्मी
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के घर पर भीड़ ने हमला कर दिया। इस हमले में पूर्व पीएम भी घायल हुए हैं। हमले में जख्मी हुए शेर बहादुर को सेना ने बचाया है।
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली का इस्तीफा
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने इस्तीफे का पत्र राष्ट्रपति को सौंप दिया है। बता दें कि जनरेशन जेड के उग्र प्रदर्शन के बीच पीएम ओली ने इस्तीफा दिया है।
ओली के इस्तीफे पर युवाओं में खुशी की लहर
नेपाल की राजधानी काठमांडू में एक प्रदर्शनकारी ने कहा, 'हम बहुत खुश हैं कि नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया है।'
काठमांडू कलिंग साहित्य महोत्सव स्थगित
नेपाल की राजधानी में मौजूदा हालात को देखते हुए चौथे काठमांडू कलिंग साहित्य महोत्सव को स्थगित कर दिया गया है, आयोजकों ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। सोमवार को सोशल मीडिया साइटों पर सरकारी प्रतिबंध के खिलाफ काठमांडू और कुछ अन्य स्थानों पर युवाओं द्वारा किए गए हिंसक विरोध प्रदर्शनों में कम से कम 19 लोग मारे गए और 300 से ज़्यादा घायल हो गए।
आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम 13 और 14 सितंबर को काठमांडू में होना था। उन्होंने बताया कि बानू मुश्ताक, दीपा भाष्थी और बासुदेव त्रिपाठी सहित 60 से ज़्यादा भारतीय और 200 नेपाली लेखक इस महोत्सव में शामिल होने वाले थे। कलिंग साहित्य महोत्सव की निदेशक रश्मि रंजन परिदा ने कहा कि यह आयोजन अब 14 और 15 फरवरी, 2026 को होगा। भुवनेश्वर स्थित आयोजकों द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि सोशल मीडिया साइटों पर प्रतिबंध को लेकर काठमांडू में हुई हिंसा को देखते हुए इसे स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। इसमें कहा गया है कि इस समय महोत्सव का आयोजन न तो उचित होगा और न ही सम्मानजनक।
नेपाल के स्वास्थ्य मंत्री प्रदीप पौडेल का इस्तीफा
नेपाल के स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्री प्रदीप पौडेल ने जेनरेशन जेड के विरोध प्रदर्शनों से निपटने के सरकार के तरीके पर अपनी असहमति जताते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। एक फेसबुक पोस्ट के जरिए अपने फैसले की घोषणा करते हुए, पौडेल ने लिखा कि युवा पीढ़ी ने सिर्फ सुशासन, जवाबदेही और न्याय की मांग की थी, लेकिन इसके बजाय उन्हें सरकारी दमन और गोलीबारी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा, 'देश का बेहतर भविष्य चाहने वाले युवाओं को गोली मारना उचित नहीं ठहराया जा सकता।' नेपाली कांग्रेस के एक केंद्रीय नेता पौडेल ने कहा कि उनकी अंतरात्मा उन्हें ऐसी परिस्थितियों में मंत्रिमंडल में बने रहने की इजाजत नहीं देती। उनका इस्तीफा देश भर में तेज होते विरोध प्रदर्शनों के बीच आया है, जिसमें कई प्रदर्शनकारी पहले ही अपनी जान गंवा चुके हैं।
नेपाल में प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में लगाई आग
नेपाल में जेनरेशन-जेड के प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में आग लगा दी है। इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में घुसकर तोड़फोड़ की थी।
केपी शर्मा ओली ने पीएम पद से दिया इस्तीफा
नेपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ युवाओं के प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जानकारी के मुताबिक राजधानी समेत पूरे देश में बढ़ते विद्रोह के कारण पीएम केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दिया है। जिसे राष्ट्रपति की तरफ से स्वीकार कर लिया गया है। वहीं इससे पहले हिंसक विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए पीएम ओली ने सर्वदलीय बैठक भी बुलाई थी।
त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद्द
नेपाल में त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं। हवाई अड्डा प्राधिकरण ने असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। टीआईए के महाप्रबंधक हंसराज पांडे ने बताया कि कोटेश्वर के पास धुएं के गुबार के बाद दोपहर 12:45 बजे से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रोक दी गई हैं। उन्होंने कहा, 'हवाई अड्डा बंद नहीं है। हम इसे बंद भी नहीं करेंगे।' चालक दल के सदस्य आवाजाही में समस्या के कारण हवाई अड्डे तक नहीं पहुंच पाए, जिससे उड़ानें उड़ान नहीं भर सकीं। बुद्ध एयर समेत घरेलू एयरलाइनों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।
नेपाल में प्रदर्शनकारियों का प्रदर्शन जारी
काठमांडू में प्रदर्शनकारियों ने कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना प्रदर्शन जारी रखा और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर आग लगाई।
प्रदर्शनकारियों का पथराव जारी, मंत्रियों के घरों में आग लगाई
नेपाल में उग्र प्रदर्शनकारियों ने उपप्रधानमंत्री और वित्त मंत्री बिष्णु पौडेल के भैसपति स्थित आवास पर भी पथराव किया। नेपाल राष्ट्र बैंक के गवर्नर बिस्व पौडेल के भैसपति स्थित आवास पर भी पथराव किया गया।इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बुधनीलकांठा स्थित ऊर्जा मंत्री दीपक खड़का के घर में भी तोड़फोड़ की और आग लगा दी।
नेपाल में मंत्रियों के घरों में लगाई गई आग
नेपाल के मंत्री आरजू राणा देउबा और गृह मंत्री रमेश लेखक के घरों में भी आग लगा दी गई। प्रदर्शनकारियों ने सीपीएन (यूएमएल) पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में भी तोड़फोड़ की।
प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के साथ-साथ मंत्री के आवास में आगजनी
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल के आवास को प्रदर्शनकारियों ने आग के हवाले कर दिया है। वहीं इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सूचना एवं संचार मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग के आवास में भी आग लगा दी। पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल उर्फ प्रचंड के घर के बाहर पुलिस चौकी में भी आग लगा दी गई। रौतहट के चंद्रपुर नगर पालिका में भी आगजनी की खबरें हैं।
अनिश्चितकालीन कर्फ्यू है लागू
नेपाल की राजधानी काठमांडू सहित कई जिलों में अधिकारियों ने मंगलवार को अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया। काठमांडू जिला प्रशासन कार्यालय ने पूरे राजधानी शहर में सुबह 8:30 बजे से अगली सूचना तक कर्फ्यू के आदेश जारी किए। इस बीच, काठमांडू में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन को लेकर भारतीयों के संदर्भ में विदेश मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी ी है। इसमें नेपाल में रहने वाले भारतीयों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
नेपाली कांग्रेस पार्टी कार्यालय में घुसे प्रदर्शनकारी
नेपाल की राजधानी काठमांडू में मंगलवार को एक बार फिर स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। वहीं अधिकारियों ने शहर में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है। मंगलवार को प्रदर्शनकारियों मे शहर के बल्खू इलाके में नेपाली कांग्रेस पार्टी कार्यालय में भी घुस गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पार्टी कार्यालय के बाहर एक ट्रैफिक पोस्ट को भी आग लगा दी
नेपाल सरकार ने हिंसक प्रदर्शनों के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिबंध हटाने का एलान किया है। प्रतिबंध हटाने की घोषणा पीएम केपी शर्मा ओली की सरकार में सूचना और प्रसारण मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरूंग ने की थी, लेकिन इस एलान के बाद भी मंगलवार सुबह से प्रदर्शनकारी फिर से सड़कों पर उतर आए हैं और सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए पीएम ओली के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।