09:19 AM, 04-Sep-2026
नेपाल बाढ़ के ताजा अपडेट: लापता भारतीयों की पहचान के लिए भारत में होगी डीएनए जांच, 1259 पहुंचा मौत का आंकड़ा
बाढ़ के बाद लापता लोगों की पहचान में मदद के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत में रह रहे लापता लोगों के प्रथम श्रेणी के जैविक रिश्तेदारों का डीएनए प्रोफाइल तैयार कराया जाएगा। इसके लिए केंद्रीय और राज्य स्तर की फोरेंसिक प्रयोगशालाओं के साथ राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और डीएनए प्रोफाइलिंग की सुविधा वाली एनएबीएल से मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रथम श्रेणी के रिश्तेदारों में पिता, मां, बेटा, बेटी या भाई-बहन के जैविक नमूने लिए जा सकेंगे। यह व्यवस्था नेपाल में मिले अज्ञात शवों की पहचान की प्रक्रिया को तेज करने के लिए की गई है। नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 1,259 हो गई है, जबकि 12 हजार से ज्यादा लोगों को बचाया जा चुका है और करीब 5,000 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।