चुनाव आयोग पहले ही 148 प्रत्यक्ष चुनाव सीटों के अंतिम परिणाम घोषित कर चुका है। फिलहाल 16 सीटों पर मतगणना जारी है, जबकि नेपाल चुनाव आयोग द्वारा आधिकारिक विवरण में शामिल नहीं किए गए हैं, क्योंकि धनुषा 1 से आरएसवीपी की उम्मीदवारी खारिज कर दी गई थी।
अब तक 127 सीटों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। नतीजों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने अब तक 102 सीटें जीती हैं। दूसरे स्थान पर नेपाली कांग्रेस है, जिसने 14 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं यूएमएल ने 7 सीटें और एनसीपी ने 4 सीटें जीती हैं।
नेपाल निर्वाचन आयोग के अनुसार चुनावों में कई प्रमुख नेताओं ने जीत हासिल की है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रबी लामिछाने ने चितवन-2 सीट 54,402 वोटों से जीती, जबकि नेपाली कांग्रेस की मीना कुमारी खरेल को 14,564 वोट मिले।
नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने रुकुम पुरबा से कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के लीलामणि गौतम को हराकर जीत हासिल की।
राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (आरपीपी) के ज्ञानेंद्र शाही ने जुमला निर्वाचन क्षेत्र से नरेश भंडारी को हराकर जीत दर्ज की और राजशाही समर्थक पार्टी से सीट जीतने वाले एकमात्र उम्मीदवार बन गए। इन चुनावों में 10 महिला उम्मीदवार भी निर्वाचित हुईं, जिनमें से नौ आरएसपी से और एक नेपाली कांग्रेस से थीं।
नेपाल चुनाव आयोग के अनुसार, शाम साढ़े छह बजे तक 78 सीटों के परिणाम घोषित किए जा चुके थे, जिनमें से 62 सीटों पर आरएसपी ने जीत दर्ज कर ली है और 60 सीटों पर आगे चल रही है। नेपाली कांग्रेस को नौ सीटें मिली हैं और नौ सीटों पर आगे चल रही है। सीपीएन-यूएमएल को सिर्फ तीन सीटों पर जीत मिली है और नौ सीटों पर आगे चल रही है। नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी) दो सीटों पर जीत चुकी है और पांच पर आगे चल रही है। राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (आरपीपी) को एक सीट पर विजय हासिल हुई है। 275 सदस्यीय संसद में 165 सदस्यों का प्रत्यक्ष मतदान से चुनाव होगा जबकि शेष 110 सीटों पर चुनाव आनुपातिक विधि के माध्यम से किया जाएगा। प्रत्यक्ष मतदान के तहत 165 सीटों के लिए लगभग 3,400 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं और आनुपातिक मतदान के माध्यम से 110 सीटों के लिए 3,135 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
ओली को घोषित किया था प्रधानमंत्री पद का चेहरा
35 वर्षीय बालेन शाह को 68,348 मत मिले जबकि 74 वर्षीय ओली को 18,734, वोटों से संतोष करना पड़ा। नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) ने ओली को प्रधानमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था। विगत वर्ष जेन-जी आंदोलन के कारण ओली को पद से इस्तीफा देना पड़ा था और पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की के नेतृत्व में अंतरिम सरकार का गठन किया गया था। 39 वर्षीय रवि लिमिछाने ने 2022 में आरएसपी का गठन किया था। बालेन जेन-जी की पसंद माने जाते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री और एनसीपी नेता पुष्प कमल दहल प्रचंड ने रुकुम पुरबा जिले से 10,240 वोट हासिल करके जीत दर्ज की जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सीपीएन-(यूएमएल) के लीलामणि गौतम को 3,462 वोट मिले।
नेपाल में प्रतिनिधि सभा चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) दो तिहाई बहुमत के करीब पहुंचती दिख रही है। प्रत्यक्ष व समानुपातिक दोनों सीटों को मिलाकर पार्टी की स्थिति बेहद मजबूत मानी जा रही है। काठमांडो के पूर्व मेयर बालेंद्र शाह ने चार बार प्रधानमंत्री रहे केपी शर्मा ओली को उन्हीं के गढ़ झापा-5 संसदीय सीट से करीब 50 हजार मतों के बड़े अंतर से पराजित कर दिया है। उनका अगला प्रधानमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। काठमांडो के पूर्व मेयर बालेंद्र शाह राष्ट्रीय स्वतंत्रता पार्टी (आरएसपी) की तरफ से प्रधानमंत्री पद का चेहरा हैं। उन्हें प्यार से लोग बालेन भी कहते हैं।
अनुपातिक मतदान प्रणाली में भी आरएसपी आगे चल रही है। पार्टी को अब तक 1,26,503 वोट मिले हैं। नेपाली कांग्रेस को 38,343, यूएमएल को 28,721, राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी को 10,962, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी को 10,794 और श्रम शक्ति पार्टी को 6,474 वोट मिले हैं। नेपाल की संसद में कुल 275 सदस्य होते हैं। इनमें से 165 सदस्य प्रत्यक्ष मतदान से चुने जाते हैं, जबकि 110 सदस्य अनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली से चुने जाते हैं। प्रत्यक्ष मतदान के तहत 165 सीटों के लिए करीब 3,400 उम्मीदवार मैदान में थे। जबकि अनुपातिक प्रणाली के तहत 110 सीटों के लिए 3,135 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के नेता पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' ने रुकुम पूर्व सीट से जीत दर्ज की। उन्हें 10,240 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी यूएमएल के लीलामणि गौतम को 3,462 वोट मिले। राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के ज्ञानेंद्र शाही ने कर्णाली प्रांत की जुमला सीट से जीत हासिल की। उन्होंने नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के नरेश भंडारी को हराया। वह राजशाही समर्थक इस पार्टी के इकलौते उम्मीदवार हैं, जिन्हें प्रतिनिधि सभा में सीट मिली है।
35 वर्षीय इंजीनियर, रैपर और अब नेता बने बालेन के नेपाल के अगले प्रधानमंत्री बनने की संभावना जताई जा रही है। यह नतीजे स्थापित राजनीतिक दलों के प्रति जनता के असंतोष को भी दिखाते हैं। पिछले 18 वर्षों में नेपाल में 14 सरकारें बन चुकी हैं। आरएसपी के अध्यक्ष रवि लमिछाने ने चितवन-2 सीट से जीत हासिल की। उन्हें 54,402 वोट मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी नेपाली कांग्रेस की मीना कुमारी खरेल को 14,564 वोट मिले। यह उनकी लगातार तीसरी जीत है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार मधेश प्रांत के आठ जिलों की कुल 32 सीटों में से आरएसपी सात सीटें जीत चुकी है और 23 सीटों पर आगे चल रही है। पार्टी काठमांडू घाटी में भी बड़ी जीत दर्ज कर रही है। काठमांडू जिले की सभी 10 सीटों के अलावा भक्तपुर में दो और ललितपुर में एक सीट पार्टी ने जीत ली है। काठमांडू घाटी की बाकी दो सीटों पर भी पार्टी बड़ी बढ़त के साथ आगे है। माना जा रहा है कि चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बालेन के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में किए गए रोड शो का भी असर पड़ा है।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक नेपाली कांग्रेस ने नौ सीटें जीती हैं और नौ पर बढ़त बनाई हुई है। नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) को सिर्फ तीन सीटें मिली हैं और वह नौ सीटों पर आगे है। नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी ने दो सीटें जीती हैं और पांच पर आगे है। श्रम शक्ति पार्टी तीन सीटों पर आगे है और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी ने एक सीट जीती है। एक निर्दलीय उम्मीदवार भी विजेता रहा है। पांच मार्च को प्रतिनिधि सभा के चुनाव में करीब 60 प्रतिशत मतदान हुआ। मतगणना गुरुवार देर रात शुरू हुई थी। निर्वाचन आयोग के मुताबिक शनिवार शाम पांच बजे तक 162 निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना जारी थी।
नेपाल में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के नेता बालेंद्र शाह ने चार बार प्रधानमंत्री रह चुके केपी शर्मा ओली को भारी मतों से हरा दिया। इसके साथ ही आरएसपी देश में अगली सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। पिछले साल जेन-जी के हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद यह पहला आम चुनाव था, जिसमें परिवारवाद को खत्म करने और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन की मांग उठी थी। इन चुनावों में पारंपरिक राजनीतिक दलों को बड़ा झटका लगा है।
रैपर से नेता बने बालेंद्र शाह 'बालेन' ने झापा-5 सीट पर नेपाल की पुरानी पार्टी नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली को करीब 50 हजार वोटों से हराया। निर्वाचन आयोग के अनुसार 35 साल के बालेन को 68,348 वोट मिले, जबकि 74 साल के ओली को 18,734 वोट मिले। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, 2022 में बनाई गई आरएसपी ने घोषित 78 सीटों में से 62 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है।
आंकड़ों के अनुसार, आरएसपी ने काठमांडू जिले की सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज की है। साथ ही देश भर में करीब 60 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। मतदाताओं को भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई, भाई-भतीजावाद खत्म करने और राजनीतिक नेतृत्व में परिवारवाद जैसे मुद्दे ज्यादा असर डालते दिखे। इसी वजह से पारंपरिक दल मतदाताओं को प्रभावित करने में पीछे रह गए।
पड़ोसी देश नेपाल में चुनाव परिणाम की घोषणा होने के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने एक्स हैंडल पर जारी संदेश में लिखा, 'नेपाल में चुनावों के सफल और शांतिपूर्ण संचालन पर देश की जनता और सरकार को हार्दिक बधाई।'
उन्होंने कहा 'अपने नेपाली भाई-बहनों को इतने उत्साहपूर्वक अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करते देखना अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि नेपाल के लोकतांत्रिक सफर में एक गौरवपूर्ण क्षण है। एक घनिष्ठ मित्र और पड़ोसी होने के नाते, भारत नेपाल की जनता और उनकी नई सरकार के साथ मिलकर शांति, प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रतिबद्ध है।'
नेपाल के ऐतिहासिक जनादेश के पीछे प्रवासियों के समर्थन की भी भूमिका है। इस देश की राजनीति और चुनाव परिणाम से जुड़ी रिपोर्ट्स के मुताबिक नेपाली डायस्पोरा (प्रवासी) से मिली फंडिंग ने बालेंद्र शाह और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के चुनाव प्रचार को बढ़ावा देने में बड़ी भूमिका निभाई। आरएसपी पदाधिकारियों का कहना है कि नेपाल से बाहर, खासकर अमेरिका में नेपालियों से बड़े दान मिले। बड़ी रैलियों और चुनाव प्रचार अभियान में इससे मदद मिली। मीडिया स्ट्रैटेजी के तहत उन्होंने लगभग हर आठ दिन में एक बड़ा भाषण दिया। 650 से अधिक लोगों की सोशल मीडिया टीम ने उनके संदेशों को पूरे देश में पहुंचाया।
बालेंद्र शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने काठमांडू घाटी में भी शानदार प्रदर्शन किया है। वोट काउंटिंग के दौरान काठमांडू ज़िले की सभी 10 सीटों के साथ-साथ भक्तपुर की दो और ललितपुर की एक सीट जीत चुकी है। यह घाटी की बाकी दो सीटों पर भी आगे चल रही है, जिससे पार्टी नेपाल के राजनीतिक और एडमिनिस्ट्रेटिव हब पर लगभग पूरी तरह से जीत हासिल करने की स्थिति में है।
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) मधेश प्रांत में मजबूत बढ़त बना चुकी है। बालेंद्र शाह की लीडरशिप वाली पार्टी इस प्रांत में अब तक सात सीटें जीत चुकी है। 23 अन्य जगहों पर आरएसपी प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। यह इलाका राजनीतिक रूप से अहम है क्योंकि RSP ने इस साल की शुरुआत में धनुषा जिले के जनकपुर से अपना चुनाव अभियान शुरू किया था।
नेपाल के आम चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने बढ़त बनाई हुई है। पार्टी ने अब तक 41 सीटें जीतीं और कुल 78 सीटों पर बढ़त बनाए रखी है, जिससे पूर्व महापौर और रैपर बालेन शाह जीत के बेहद करीब हैं। बालेन शाह ने कुल 52,096 वोट हासिल किए, जो उनके प्रतिद्वंदी से 38,065 वोट अधिक हैं।
प्रमुख पार्टियों का प्रदर्शन
नेपाल चुनाव आयोग के अनुसार पूर्व मेयर और रैपर बालेन शाह की पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने काठमांडू घाटी में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगभग सभी सीटों पर जीत दर्ज की है या बढ़त बना ली है। रिपोर्ट के मुताबिक काठमांडू घाटी की हर सीट पर आरएसपी उम्मीदवारों ने मजबूत पकड़ बनाई है। इस प्रदर्शन से पार्टी को राजधानी क्षेत्र में बड़ी राजनीतिक बढ़त मिलती दिखाई दे रही है और इसे चुनाव का सबसे बड़ा उलटफेर माना जा रहा है।
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' एक बार फिर चुनाव जीतने में सफल रहे हैं। उन्होंने लगातार पांचवीं बार जीत हासिल करते हुए रुकुम ईस्ट-1 सीट से प्रतिनिधि सभा के लिए अपनी जगह बनाई है। इस सीट पर प्रचंड ने 10,240 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी लीलामणि गौतम रहे, जो सीपीएन-यूएमएल से चुनाव मैदान में थे। गौतम को कुल 3,462 वोट मिले।
नेपाल में हुए आम चुनावों की मतगणना 9 मार्च तक पूरी होने की संभावना जताई गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने बताया कि चुनाव आयोग पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि 165 सीटों की गिनती पूरी होने के 24 घंटे के भीतर परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। आयोग इस बार मतगणना को पहले से अधिक तेज और पारदर्शी बनाने की कोशिश कर रहा है। 2022 के आम चुनाव में सभी नतीजे आने में लगभग दो सप्ताह का समय लग गया था। हालांकि इस बार चुनाव आयोग का दावा है कि परिणाम पहले की तुलना में काफी जल्दी घोषित किए जाएंगे।
इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा का केंद्र रहे झापा निर्वाचन क्षेत्र संख्या 5 के लिए मतगणना के अनुसार, आरएसपी उम्मीदवार बालेन शाह सीपीएन-यूएमएल अध्यक्ष केपी शर्मा ओली से लगभग चार गुना अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। शाह ने अपनी बढ़त को 42,543 वोटों से बढ़ा लिया है। यूएमएल अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली दूसरे स्थान पर हैं, उन्हें 11,427 वोट मिले हैं।
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रबी लामिछाने ने चितवन निर्वाचन क्षेत्र-2 से भारी बहुमत से जीत हासिल की है। लामिछाने ने इस निर्वाचन क्षेत्र से 54,402 वोट हासिल किए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी नेपाली कांग्रेस की नेता मीना खरेल को केवल 14,564 वोट मिले। यह तीसरी बार है जब पूर्व मीडियाकर्मी से राजनेता बने लामिछाने ने इसी निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की है।
नेपाल के चुनाव आयोग ने अब तक 42 सीटों के परिणाम घोषित किए हैं। इनमें राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने 32 सीटों पर जीत दर्ज की है और अब 87 अन्य सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
प्रमुख पार्टियों का प्रदर्शन
काठमांडू में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उम्मीदवार डोल प्रसाद आर्यल ने काठमांडू निर्वाचन क्षेत्र नंबर 9 से प्रतिनिधि सभा (संसद) का चुनाव जीत लिया। आर्यल पार्टी के वाइस-चेयर और संघीय चुनाव मोबिलाइजेशन कमेटी के समन्वयक भी हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को भारी मतों के अंतर से हराया। डोल प्रसाद आर्यल को 35,093 वोट मिले, जबकि उनके मुख्य मुकाबले में नेपाली कांग्रेस के उम्मीदवार नानुमैया बस्तोला को केवल 5,460 वोट ही मिले।
नेपाल के आम चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने बढ़त बनाई हुई है। पार्टी ने अब तक 28 सीटें जीतीं और कुल 90 सीटों पर बढ़त बनाए रखी है, जिससे पूर्व महापौर और रैपर बालेन शाह जीत के बेहद करीब हैं। बालेन शाह ने कुल 39,284 वोट हासिल किए, जो उनके प्रतिद्वंदी से 28,991 वोट अधिक हैं।
प्रमुख पार्टियों का प्रदर्शन
काठमांडू घाटी में हुए चुनावों में पूर्व महापौर और रैपर बालेन शाह की पार्टी, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) ने शानदार जीत हासिल की है। यह जानकारी नेपाल निर्वाचन आयोग ने साझा की है।
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के वरिष्ठ नेता और पीएम पद उम्मीदवार बालेन शाह ने सीपीएन-यूएमएल के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली पर अपनी बढ़त को और बढ़ा ली है। नवीनतम मतगणना के अनुसार शाह को 39,284 वोट मिले हैं, जबकि ओली को 10,293 वोट प्राप्त हुए हैं। जैसे-जैसे निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना आगे बढ़ रही है बड़ा अंतर सामने आ रहा है।
वोटों की गिनती फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट (एफपीटीपी) सिस्टम के तहत चल रही है, जिसके जरिए संसद के निचले सदन के 165 सदस्य चुने जाएंगे।
ताजा अपडेट के अनुसार, आरसीपी 93 सीटों में आगे चल रही है, उसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री ओली की पार्टी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड मार्क्सिस्ट-लेनिनिस्ट) को एक सीट पर जीत और 13 सीटों में बढ़त हासिल है। जबकि नेपाली कांग्रेस 10 सीटों में आगे है। नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी) नौ इलाकों में आगे चल रही है।
काठमांडू मेट्रोपॉलिटन सिटी के पूर्व मेयर बालेन शाह, ओली के पारंपरिक राजनीतिक गढ़ में प्रधानमंत्री पद के दो उम्मीदवारों के बीच मुकाबले में हैं। वोटों की गिनती के अनुसार शाह को 39,284 वोट मिले हैं, जबकि ओली को 10,293 वोट मिले हैं।
चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, बालेन शाह की पार्टी (आरएसपी) अब तक 23 सीटें जीत चुकी है, जबकि 93 अन्य सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, पारंपरिक दलों में नेपाली कांग्रेस को 5 सीटें, नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी को 2 सीटें औरनेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) को 1 सीट मिली है।
नेपाल की प्रमुख पार्टियों को इस चुनाव में उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली है।
चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, बालेन शाह की पार्टी (आरएसपी) अब तक 18 सीटें जीत चुकी है, जबकि 99 अन्य सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
Nepal Election Result LIVE: नेपाल में पांच मार्च को हुए मतदान के बाद अब मतगणना हो रही है। नेपाल के आम चुनाव के शुरुआती रुझान सियासी समीकरण बदलने के संकेत दे रहे हैं। शुरुआती आंकड़ों में बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी पारंपरिक दलों को कड़ी चुनौती देती दिख रही है। करीब 60 फीसदी मतदान के बीच केपी शर्मा ओली और गगन थापा जैसे बड़े नेता भी चुनावी मैदान में हैं। पढ़ें नेपाल चुनाव परिणाम से जुड़े पल-पल के अपडेट्स अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में....