फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Israel-Iran LIVE: पश्चिम एशिया में मदद सामग्री भेजेगा UK; ईरान से फ्रांस की अपील- US के साथ परमाणु वार्ता करें

Sat, 14 Jun 2025 11:10 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, तेहरान।

खास बातें

Iran Israel Conflict News Live : ईरान और इस्राइल के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। इस्राइल के हमलों के बाद ईरान ने भी पलटवार किया है। ईरान ने सैकड़ों बैलेस्टिक मिसाइलें इस्राइल पर दागी हैं। साथ ही उसने अमेरिका के साथ परमाणु समझौते पर वार्ता से भी इनकार कर दिया है। वहीं, दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी दी है। ट्रंप ने कहा है कि ईरान के पास अभी भी समय है। हमने ईरान को 60 दिन का अल्टीमेटम दिया था, और आज 61वां दिन था। इससे पहले, शुक्रवार सुबह सुबह आईडीएफ ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं और उसके 20 शीर्ष कमांडर मार गिराए। इस हमले में ईरान के परमाणु कार्यक्रम के प्रमुख की भी मौत हुई। ईरान ने भी जवाब में इस्राइल पर हमला किया और 100 से ज्यादा ड्रोन दागे। जानिए इस्राइल-ईरान टकराव से जुड़े अपडेट्स
विज्ञापन
ईरान-इस्राइल का टकराव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:09 PM, 14-Jun-2025

पीएम स्टार्मर ने पश्चिम एशिया में मदद के हाथ बढ़ाए
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा, पश्चिम एशिया के हालात को देखते हुए उन्होंने यूनाइटेड किंगडम से आकस्मिक मदद के तौर पर सेना के जेट विमान और अन्य जरूरी सामानों की खेप भेजने का फैसला लिया है।

10:50 PM, 14-Jun-2025
इमैनुएल मैक्रों - फोटो : ANI

फ्रांस के राष्ट्रपति ने अमेरिका से बात करने की अपील की
इस्राइली सेना के हमलों और ईरान के पलटवार के बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल मैक्रों ने कहा है कि ईरान को अमेरिका से बातचीत करनी चाहिए। मैक्रों ने अपने ईरानी समकक्ष मसूद पेजेशकियन से अपील की है कि अमेरिका के साथ परमाणु समझौते को लेकर अटकी वार्ता को शीघ्र बहाल करने पर ईरान गंभीरता से विचार करे।

10:40 PM, 14-Jun-2025

ईरान के दक्षिण पारस क्षेत्र में गैस का उत्पादन अस्थायी रूप से रोका गया
इस्राइली सेना के ताबड़तोड़ हमलों से ईरान में बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। ईरान की तस्नीम समाचार एजेंसी ने बताया कि हमलों के बाद दक्षिण पारस क्षेत्र के चरण 14 से गैस का उत्पादन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। खबरों के मुताबिक इसकी क्षमता 12 मिलियन क्यूबिक मीटर है।

विज्ञापन
10:20 PM, 14-Jun-2025

इस्राइली हमले में अयातुल्ला खामेनेई के शीर्ष सलाहकार की मौत
ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के शीर्ष सलाहकार अली शमखानी इस्राइली सेना के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एक दिन बाद शमखानी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

09:34 PM, 14-Jun-2025

पुतिन ने इस्राइली हमले की निंदा की; नेतन्याहू बोले- ट्रंप का पूरा समर्थन हासिल
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप से कहा, वह ईरान के खिलाफ इस्राइल के सैन्य अभियानों की निंदा करते हैं। दूसरी तरफ इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, ईरान पर इस्राइली सेना के हमलों को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का 'पूरा समर्थन' हासिल है।

विज्ञापन
09:05 PM, 14-Jun-2025

ईरान के गैस फील्ड में रिफाइनरी पर हमले की खबर
इस्राइली सेना के ताबड़तोड़ हमलों के बीच ईरानी समाचार एजेंसियों ने कहा है कि इस्राइल ने ड्रोन से ईरान के साउथ पारस गैस फील्ड में रिफाइनरी पर हमला किया है। अगर इसकी पुष्टि हो जाएगी तो यह ईरान के तेल और प्राकृतिक गैस उद्योग पर इस्राइल का पहला हमला होगा। फिलहाल, इस्राइल ने ड्रोन हमले की पुष्टि नहीं की है। बता दें कि ईरान पड़ोसी देश कतर के साथ गैस क्षेत्र को साझा करता है। यह फारस की खाड़ी में फैला हुआ है।

08:25 PM, 14-Jun-2025

नेतन्याहू ने नरमी न बरतने के लिए संकेत
ईरान के रुख को लेकर इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, उनकी सेना ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई शासन की हर जगह और हर लक्ष्य पर हमला करेगी।

07:51 PM, 14-Jun-2025

अमेरिका के साथ परमाणु समझौते को लेकर वार्ता पर ईरान का रुख
ईरान ने कहा है कि इस्राइल के साथ चल रहे संघर्ष के बीच अमेरिका के साथ परमाणु समझौते पर कोई भी बैठक 'अर्थहीन' होगी। हालांकि, अमेरिकी प्रशासन खामेनेई के नेतृत्व वाले ईरानी प्रशासन के साथ बैठक करना चाहता है। एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, हमें अभी भी बातचीत की उम्मीद है।

07:05 PM, 14-Jun-2025

IDF की चेतावनी, कहा- तेहरान अब सुरक्षित नहीं है, इस्राइली जेट भर रहे स्वतंत्र उड़ान
पश्चिम एशिया में ईरान और इस्राइल के हिंसक संघर्ष के बीच इस्राइली रक्षा बलों (IDF)  प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने शनिवार को कहा, इस्राइली वायु सेना ने तेहरान पर हवाई कार्रवाई की स्वतंत्रता हासिल कर ली है। तेहरान 'अब सुरक्षित नहीं है।' डेफ्रिन ने कहा कि ईरानी राजधानी पर हवाई कार्रवाई की स्वतंत्रता हासिल करने के लिए तेहरान में रात भर ऑपरेशन चलाया गया। इस्राइली वायु सेना के 70 से अधिक लड़ाकू विमानों ने सैन्य कार्रवाई में भाग लिया। करीब 40 जगहों को निशाना बनाया गया। इन ठिकानों में वायु रक्षा प्रणाली और परमाणु संपत्तियां भी शामिल हैं।

06:24 PM, 14-Jun-2025

SCO के बयान से भारत ने किनारा किया, MEA ने कहा- ईरान और इस्राइल के संघर्ष पर चर्चा नहीं हुई
भारत ने इस्राइल और ईरान के टकराव पर SCO के बयान से किनारा कर लिया है। शनिवार को विदेश मंत्रालय ने कहा, शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) ने इस्राइल और ईरान के बीच हाल के घटनाक्रम पर एक बयान जारी किया है। भारत ने एससीओ के बयान से जुड़ी उपर्युक्त चर्चा में भाग नहीं लिया। ईरान पर किए गए इस्राइली हमलों की निंदा करने वाले बयान से खुद को अलग करते हुए भारत ने स्पष्ट किया कि उसने उन चर्चाओं में भाग ही नहीं लिया जिसके बाद एससीओ की निंदा करने वाली टिप्पणियां सामने आईं।

06:00 PM, 14-Jun-2025

वायुसेना के नए प्रमुख की नियुक्ति, ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई का आदेश
ईरान में ब्रिगेडियर जनरल सैय्यद माजिद मौसवी को ईरान रेवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की वायुसेना- एयरोस्पेस फोर्स का नया कमांडर नियुक्त किया है। देश के सशस्त्र बलों के कमांडर अयातुल्ला खामेनेई ने मौसवी को आईआरजीसी के एयरोस्पेस फोर्स की कमान सौंपने का आदेश दिया।

05:43 PM, 14-Jun-2025

तेहरान में भारतीय दूतावास ने आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए
ईरान में भारतीय दूतावास ने इस्राइल और ईरान के हिंसक संघर्ष के बाद आपातकालीन संपर्क के लिए फोन नंबर जारी किए हैं। ईरान में रहने वाले भारतीयों को सलाह दी गई है कि वे इस्राइल के हमलों के बाद सतर्क रहें। अनावश्यक गतिविधियों से बचें और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें। ईरान में भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, आपातकालीन स्थिति में इन नंबरों- +98 9128109115; +98 9128109109 पर संपर्क किया जा सकता है। ईरान में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों को सलाह दी गई है कि दूतावास के सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें। स्थानीय अधिकारियों की तरफ से जारी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें।

05:30 PM, 14-Jun-2025

लेबनान ने कहा- एयरस्पेस बंद नहीं करेंगे
ईरान और इस्राइल एक दूसरे पर लगातार हवाई हमले कर रहे हैं। इसी बीच इस्राइल के पड़ोसी देश लेबनान ने कहा है कि वह अपने एयरस्पेस को बंद नहीं करेगा। देश के परिवहन मंत्री फैज रसमनी ने कहा, दोनों देशों के संघर्ष के बीच लेबनान अपने हवाई क्षेत्र को खुला रखेगा। हवाईअड्डे तब तक खुले रहेंगे, जब तक कि हालात नियंत्रण से बाहर नहीं जाते। लेबनान की राष्ट्रीय विमानन कंपनी मिडिल ईस्ट एयरलाइंस उड़ानों में देरी की भरपाई फ्लाइट्स की संख्या बढ़ाकर करेगी।

05:13 PM, 14-Jun-2025

दोनों देशों के टकराव से पश्चिम एशिया में चिंता
ब्रिटिश विदेश मंत्री ने ईरान और इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव को लेकर चिंता जताई है। पश्चिम एशिया के हिंसक संघर्ष को लेकर इससे पहले भारत और यूक्रेन समेत कई और देशों ने भी चिंता जताई है।

04:46 PM, 14-Jun-2025

बैलिस्टिक मिसाइल हमले में इस्राइल के सात सैनिक घायल
इस्राइल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने कहा, कल रात मध्य इस्राइल में बैलिस्टिक मिसाइल से हमले के कारण सात सैनिक मामूली रूप से घायल हो गए। आईडीएफ ने कहा कि कल रात मध्य इस्राइल में बैलिस्टिक मिसाइल के हमले में घायल हुए सैनिकों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद सैनिकों को घर भेज दिया गया।

04:27 PM, 14-Jun-2025

ईरान के सैन्य अड्डे पर धमाका; इस्राइल का दावा इस्फहान और नतांज के परमाणु ठिकानों पर बड़ा नुकसान
इस्राइल के ताबड़तोड़ हमले के बीच ईरान की मीडिया ने बताया कि केरमानशाह प्रांत में सैन्य अड्डे पर विस्फोट की आवाज सुनी गई और धुआं भी उठता देखा गया। इस्राइली अधिकारियों का दावा है कि ईरान के दो परमाणु स्थलों, इस्फहान और नतांज को काफी नुकसान पहुंचा है। नुकसान इतना बड़ा है कि इसकी मरम्मत में कुछ हफ्ते से भी अधिक समय लगेगा।

04:15 PM, 14-Jun-2025

जेलेंस्की को उम्मीद- ईरान-इस्राइल टकराव के कारण सैन्य सहायता में नहीं आएगी कमी
ईरान के उत्तर पश्चिमी शहर जांजान में इस्राइल के हमले में रिवॉल्यूशनरी गार्ड के तीन जवानों के मारे जाने की खबर के बाद अब यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की को अपने देश की चिंता सताने लगी है। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक जेलेंस्की ने उम्मीद जताई है कि इस संकट के कारण यूक्रेन को मिल रही सैन्य मदद में कमी नहीं आएगी।

03:42 PM, 14-Jun-2025

ईरान के दो और शीर्ष सैन्य जनरलों की मौत

इस्राइल के हमलों में ईरान के दो और शीर्ष सैन्य जनरल मारे गए हैं। ईरान के सरकारी मीडिया ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। रिपोर्ट्स में बताया कि खुफिया विभाग के डिप्टी जनरल गोलामरेजा महरबी और डिप्टी ऑपरेशं मेहदी रब्बानी की मौत हुई है। हालांकि ये नहीं बताया गया कि इन दोनों जनरलों की मौत कहां हुई।

01:44 PM, 14-Jun-2025

एअर इंडिया ने किया ट्वीट

एअर इंडिया ने ट्वीट कर बताया कि ईरान में मौजूदा स्थिति को देखते हुए पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में एयरस्पेस बंद कर दिया गया है। ऐसे में अपने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कुछ रूट्स पर हमारी फ्लाइट्स वैकल्पिक दिनों में संचालित होंगी। हम यात्रियों को परेशानी को कम करने के लिए हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। एअर इंडिया ने यात्रियों से एअर इंडिया की वेबसाइट पर फ्लाइट्स का स्टेटस चेक करने की अपील की। साथ ही कस्टमर केयर नंबर जारी कर संपर्क करने की अपील की। 
 

01:29 PM, 14-Jun-2025

इस्राइल स्थित भारतीय दूतावास ने जारी की गाइडलाइंस

इस्राइल स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में इस्राइल में रहने वाले भारतीयों के लिए गाइडलाइंस जारी की हैं। इनके मुताबिक इस्राइल में मौजूद भारतीयों को चौंकन्ना रहने और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा गया है। साथ ही इस्राइली सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया गया है। लोगों से यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है और सुरक्षा शेल्टर में रहने की अपील की गई है। भारतीय दूतावास ने इमरजेंसी हालात के लिए टेलीफोन नंबर भी जारी किए हैं ताकि मुश्किल परिस्थिति में दूतावास की मदद ली जा सके।
 

01:08 PM, 14-Jun-2025

ईरान के एयरपोर्ट पर हमला

इस्राइल ने ईरान के एयरपोर्ट पर हमला किया। ईरान के मिसाइल हमले के बाद इस्राइल का यह अटैक हुआ है। इस्राइली लड़ाकू विमानों ने ईरान की सेना से जुड़े एयरपोर्ट पर हमला किया। 

12:54 PM, 14-Jun-2025

ईरान का दावा- इस्राइली रक्षा मंत्रालय को बनाया निशाना

ईरान ने इस्राइल पर हमले में बड़ी संख्या में बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल कर इस्राइल के अहम संस्थानों को निशाना बनाने की कोशिश की। ईरान का दावा है कि उन्होंने इस्राइल के रक्षा मंत्रालय को भी निशाना बनाया है। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने इस्राइल को धमकी देते हुए कहा कि 'हम इस्राइल को इस अपराध से आसानी से बचकर नहीं निकलने देंगे।'

11:24 AM, 14-Jun-2025

ईरान ने परमाणु समझौते पर चर्चा को बताया बेकार

ईरान के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा कि इस्राइल के हमले के बाद अमेरिका के साथ परमाणु समझौते पर चर्चा करना अर्थहीन है। ईरानी विदेश मंत्रालय के इस बयान से रविवार को दोनों देशों के बीच ओमान में होने वाली बैठक खटाई में पड़ गई है। हालांकि मंत्रालय को बातचीत को पूरी तरह से खारिज नहीं किया। मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने कहा कि अमेरिका ने जो किया है, उसके बाद बातचीत करना बेकार है। उन्होंने कहा कि इस्राइल ने हमला कर सभी रेड लाइन क्रॉस कर दी हैं।

11:18 AM, 14-Jun-2025

ईरान के इस्राइल पर हमले में तीन की मौत

ईरान ने शनिवार की सुबह इस्राइल पर मिसाइल हमला किया। इस हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है और दर्जनों घायल हुए हैं। तेल अवीव में एक महिला की मौत हुई है। सेंट्रल इस्राइल में हुए मिसाइल हमले में दो लोगों की मौत हुई थी। सेंट्रल इस्राइल में हुए हमले में 19 लोग घायल भी हुए हैं। इस्राइल का कहना है कि चार मकान बुरी तरह से तबाह हुए हैं। 

10:43 AM, 14-Jun-2025

ईरान का एयरस्पेस बंद, इंडिगो ने जारी किया बयान

भारतीय एयरलाइंस ने बयान जारी कर बताया है कि ईरान और इस्राइल के संघर्ष के चलते ईरान के आसपास का एयरस्पेस बंद है, जिसके चलते कुछ फ्लाइट्स के रास्तों में बदलाव हो सकता है। इसके चलते यात्रा का समय बढ़ सकता है। इंडिगो ने यात्रियों से अपील की कि वे अपनी फ्लाइट का स्टेटस एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले वेबसाइट या मोबाइल एप पर चेक करते रहें।

09:47 AM, 14-Jun-2025

यूएन चीफ बोले- अब बस बहुत हुआ

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने इस्राइल और ईरान से संघर्ष रोकने की अपील की है। यूएन चीफ ने कहा कि इस्राइल ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले किए, जिसके बाद ईरान ने तेल अवीव पर मिसाइल अटैक किए। अब बहुत हुआ। इसे रोकने का समय आ गया है। शांति और कूटनीति के साथ बात होनी चाहिए।

09:15 AM, 14-Jun-2025

इस्राइल के ईरान पर हमले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने शानदार बताया और चेताया कि अभी बहुत कुछ होना बाकी है। ट्रंप ने कहा कि 'यह शानदार है। हमने उन्हें (ईरान) मौका दिया, लेकिन उन्होंने लिया ही नहीं। अब उन्हें बड़ा झटका लगा है और अभी बहुत कुछ होना बाकी है।'

06:37 AM, 14-Jun-2025

ईरानी हमले में इस्राइल में एक की मौत 70 घायल
ईरान ने तेल अवीव में भी मिसाइलों से इमारतों को निशाना बनाया है। वहीं, इस्राइल के राष्ट्रीय आपातकालीन चिकित्सा, आपदा, एम्बुलेंस और रक्त बैंक सेवा के मैगन डेविड एडोम ने कहा कि इस्राइल पर ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल हमले में करीब 22 लोग घायल हुए हैं। दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। वहीं दो की हालत मध्यम है, जबकि बाकी लोगों को हल्की चोटें आई हैं। हालांकि कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ईरानी हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, वहीं 70 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। 

04:56 AM, 14-Jun-2025

इस्राइल में अग्रिम तैयारी, भोजन-पानी का भंडारण शुरू
इस्राइल में लोगों ने ईरान की जवाबी कार्रवाई को देखते हुए भोजन-पानी का भंडारण शुरू कर दिया है। विभिन्न माध्यमों से आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि  यरूशलम के सुपरमार्केट में सामान तेजी से खाली हो रहा है। देश में आपात सेवा के लिए रक्त भी जमा किया जा रहा है। अस्पताल में भर्ती घर जाने योग्य रोगियों को छुट्टी दी जा रही है। वेस्ट बैंक के सभी फलस्तीनी शहरों में लॉकडाउन लगा दिया गया है।

03:55 AM, 14-Jun-2025

ईरान ने इस्राइल पर दो बार में लगभग 150 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं: सूत्र
अब तक ईरान ने दो बार में इस्राइल पर लगभग 150 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। इस्राइली रक्षा बलों ने जानकारी दी। टाइम्स ऑफ इस्राइल के अनुसार, ईरानी हमले में नौ दुर्घटना स्थलों पर दुर्घटना की सूचना मिली है, जिसमें लगभग 15 लोग घायल हुए हैं।  

ईरानी हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए इस्राइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि ईरान ने हमारी नागरिक आबादी पर हमला किया है। ऐसा दुस्साहस कर ईरान ने रेखा पार कर ली है। हम इस्राइल के नागरिकों की रक्षा करना जारी रखेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि अयातुल्ला शासन को अपने जघन्य कृत्यों के लिए भारी कीमत चुकानी पड़े।

इससे पहले दिन में आईडीएफ ने कहा था कि ईरान द्वारा गोले दागे जाने के कारण समूचा इजरायल हमले की चपेट में है। टाइम्स ऑफ इजरायल के अनुसार, ईरान ने इस्राइल पर लगभग 200 मिसाइलें दागी हैं।

03:50 AM, 14-Jun-2025

मध्य पूर्व तनाव के कारण फिलिस्तीनी राज्य पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन स्थगित
 मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच इस्राइल और फलस्तीन के लिए दो-राज्य समाधान पर अगले सप्ताह होने वाला शीर्ष स्तरीय संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन को स्थगित कर दिया गया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इस बारे में जानकारी दी। बता दें कि फ्रांस और सऊदी अरब को 17-20 जून को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा आयोजित सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करनी थी। फलस्तीनी प्राधिकरण को उम्मीद थी कि यह सम्मेलन लंबे समय से बंद पड़ी शांति प्रक्रिया को पुनर्जीवित करेगा।

02:39 AM, 14-Jun-2025

नटांज पर इस्राइल का बड़ा हमला, यूएन में हुआ खुलासा
संयुक्त राष्ट्र की आपात बैठक में परमाणु मामलों के प्रमुख राफेल ग्रोसी ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि इस्राइल के हमले में ईरान की प्रमुख परमाणु साइट नटांज का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया है। इस हमले में पूरे बिजली ढांचे और इमरजेंसी जनरेटर को भी नष्ट कर दिया गया है। साथ ही उस हिस्से को भी नुकसान हुआ है जहां यूरेनियम को 60% तक संवर्धित किया जा रहा था। ग्रोसी ने यह भी कहा कि नटांज की मुख्य भूमिगत सेंट्रीफ्यूज सुविधा पर सीधा हमला नहीं हुआ, लेकिन बिजली सप्लाई ठप होने से वहां की संरचना को गंभीर नुकसान हो सकता है।

02:01 AM, 14-Jun-2025

जहां से ईरान पर शुरू हुए हमले उन्हें निशाना बनाया- IRGC
वहीं, आधी रात को अपने एक और बयान में IRGC ने कहा कि ईरानी मिसाइल और ड्रोन इकाइयों ने उन इस्राइली सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जिनका इस्तेमाल ईरान पर हमले शुरू करने के लिए किया गया था। साथ ही इस्राइल के औद्योगिक हथियार निर्माण और अन्य सैन्य स्थलों को भी निशाना बनाया गया। बयान में कहा गया कि सैटेलाइट इमेजरी के माध्यम से एकत्र की गई खुफिया जानकारी से पता चला है कि दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलों ने अपने लक्ष्यों पर सटीक हमला किया। 

01:52 AM, 14-Jun-2025

विदेश मंत्री ने जयशंकर ने इस्राइल-ईरान के समकक्ष से की बात
इस्राइल के विदेश मंत्री गिदोन सा’र ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को फोन कर मौजूदा घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत इस्राइल की ओर से ईरान के खिलाफ शुरू किए गए ऑपरेशन राइजिंग लॉयन के मद्देनजर हुई है। इस्राइल ने ईरान के खिलाफ ऑपरेशन राइजिंग लॉयन अभियान शुरू किया है। जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि इस्राइल के विदेश मंत्री ने उन्हें शुक्रवार दोपहर में फोन किया था। यूरोप के दौरे पर निकले जयशंकर वर्तमान में फ्रांस में हैं। बाद में, एक अन्य पोस्ट में विदेश मंत्री ने कहा कि उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास अराघची के साथ भी टेलीफोन पर बातचीत की।

01:52 AM, 14-Jun-2025

अमेरिका ने ईरानी मिसाइलों को रोका
अमेरिकी सेना ने जवाबी कार्रवाई में इस्राइल पर ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों को रोकने मे मदद कर रही है। अमेरिका ने पहले ही अपने लड़ाकू विमानों और युद्धपोत आधारित मिसाइल रोधी प्रणाली को इस्राइल के करीब भेज दिया है, जहां उसका अपना सैन्य बेस है।

01:15 AM, 14-Jun-2025

इस्राइल के युद्ध मंत्रालय को निशाना बनाया गया
ईरान की समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, बिना किसी चेतावनी के ईरान की तरफ से हुए हमलों में इस्राइल के युद्ध मंत्रालय को निशाना बनाया गया है। मिसाइलों के हाई-प्रोफाइल लक्ष्यों पर हमला करने से पहले अन्य विशिष्ट लक्ष्यों के आसपास मौजूद इस्राइली रडार सिस्टम को भी नष्ट कर दिया गया। इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने हमले शुरू होने के बाद एक संक्षिप्त बयान जारी किया है। इसमें कहा कि मिसाइल हमले में हमने दर्जनों इस्राइली ठिकानों को निशाना बनाया है। जिनमें सैन्य स्थल और एयरबेस शामिल हैं। 

01:04 AM, 14-Jun-2025

फोर्डो परमाणु संयंत्र के पास दो धमाके हुए
इससे पहले, ईरान पर हमले के 24 घंटे के भीतर इस्राइल ने दोबारा इरान पर हमला किया। इस्राइली सेना ने कहा कि उन्होंने ईरान में 200 से अधिक ठिकानों पर हमला किया है, जिसमें इस्फ़हान में परमाणु प्रतिष्ठान भी शामिल है। ईरान सरकार की समाचार एजेंसी नूर न्यूज ने कहा कि फोर्डो परमाणु संवर्धन स्थल के पास दो विस्फोटों की आवाज सुनी गई। यह सुविधा सैकड़ों मीटर नीचे जमीन में स्थित है। इसके अलावा, ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने बताया कि पूर्वी अजरबैजान प्रांत के एक अधिकारी के अनुसार, तबरीज के पास एक रडार साइट पर हमला किया गया। वहीं मजीद फारसी ने आईआरएनए को बताया कि ईस्ट अजरबैजान प्रांत में कुल 11 सैन्य ठिकानों पर हमला किया गया है और इन हमलों में 18 लोगों की मौत हुई है, जिनमें रेड क्रेसेंट (रेड क्रॉस जैसी सेवा संस्था) का एक राहतकर्मी भी शामिल है।

12:54 AM, 14-Jun-2025

अयातुल्ला अली खामेनेई ने इस्राइली हमलों का बदला लेने की कसम खाई 
वहीं, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने भी अपना बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि हम इस्राइली हमलों का बदला लेंगे। खामेनेई ने कहा कि ईरानी सेना जवाबी हमले के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, 'यह मत सोचिए कि उन्होंने हमला किया और सब खत्म हो गया। नहीं। उन्होंने काम शुरू किया और युद्ध शुरू किया। हम उन्हें उनके द्वारा किए गए इस महान अपराध से सुरक्षित रूप से भागने नहीं देंगे।'

12:51 AM, 14-Jun-2025

वहीं, इस्राइली रक्षा बल ने भी ईरानी हमले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि ईरानी हमला जारी है। इस्राइल की ओर दर्जनों अतिरिक्त मिसाइलें दागी गईं हैं। 

12:49 AM, 14-Jun-2025

अमेरिका से परमाणु वार्ता से पीछे हटा ईरान
वहीं, इस्राइल के हमले के बाद ईरान ने अमेरिका के साथ चल रही परमाणु वार्ता से पीछे हटने का एलान किया है। ईरानी मंत्रालय ने कहा कि जब एक राष्ट्र पर हमला हो रहा हो, तो कूटनीति का कोई औचित्य नहीं रह जाता।

12:23 AM, 14-Jun-2025

Israel-Iran LIVE: पश्चिम एशिया में मदद सामग्री भेजेगा UK; ईरान से फ्रांस की अपील- US के साथ परमाणु वार्ता करें

ईरान-इस्राइल के बीच संघर्ष तेज होता जा रहा है। अब ईरान ने इस्राइली हमले का जवाब देना शुरू कर दिया है। शुक्रवार की देर रात ईरान ने इस्राइल पर 100 से ज्यादा मिसाइलों से हमला किया। ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलों से हमले के बाद यरूशलम में हवाई हमले से सावधान करते हुए सायरन की आवाज सुनी गईं। एक जगह विस्फोट की आवाज भी सुनाई दी है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने कहा कि ईरानी सेना ने अपने अभियान को 'कड़ी सजा' नाम दिया है। ईरानी मिसाइल हमलों के बाद सेना ने देश भर के निवासियों को बम आश्रयों में जाने का आदेश दिया है। एक सैन्य अधिकारी ने कहा कि ईरानी हमले के कारण इस्राइली सैन्य ब्रीफिंग को बीच में ही रोक दिया गया।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें