फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Iran-Israel Row Live: अमेरिकी ने ईरान में 14 बंकर-बस्टर बम गिराए; अमेरिकी हमले को लेकर बुलाई गई UNSC की बैठक

Sun, 22 Jun 2025 09:08 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, तेल अवीव/तेहरान/वाशिंगटन

खास बातें

Iran Israel Conflict News Live: इस्राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष दूसरे हफ्ते में प्रवेश कर गया है। संघर्ष विराम के लिए स्विट्जरलैंड के जिनेवा में ईरान और यूरोपीय देशों के बीच हुई बातचीत में कोई नतीजा नहीं निकला है। वहीं इस्राइल ने कहा है कि वह लंबे सैन्य अभियान के लिए तैयार है। दोनों पक्षों के बीच लगातार जारी हमलों के बीच अमेरिका भी खुलकर युद्ध में कूद गया है। अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु केंद्रों पर सफल हमले का दावा किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इसे ऐतिहासिक क्षण करार दिया है। ईरान की तरफ से भी इस्राइल में कई ठिकानों पर मिसाइलें दागी गईं। पढ़ें पल-पल के अपडेट्स
विज्ञापन
ईरान इस्राइल संघर्ष - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:07 PM, 22-Jun-2025

अगला कदम ईरानी सरकार को उठाना है- रुबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को कहा कि अगला कदम ईरानी सरकार को उठाना है। एक समाचार चैनल के कार्यक्रम में रुबियो ने कहा, 'अगर शासन शांति चाहता है, तो हम शांति के लिए तैयार हैं। अगर वे कुछ और करना चाहते हैं, तो वे अविश्वसनीय रूप से असुरक्षित हैं। वे अपने स्वयं के हवाई क्षेत्र की भी रक्षा नहीं कर सकते।' मार्को रुबियो ने क्षेत्र के उन देशों पर ईरानी हमलों के खिलाफ भी चेतावनी दी, जो अमेरिकी सैन्य बलों की मेजबानी करते हैं। रुबियो ने आगे कहा, 'यही कारण है कि वे वहां हैं। वे सभी ठिकाने वहां इसलिए हैं क्योंकि उन देशों को डर है कि ईरान उन पर हमला कर देगा।' 'वे ठिकाने वहां इसलिए हैं क्योंकि वे देश डरे हुए हैं।'

09:05 PM, 22-Jun-2025

ईरानी हमले में तेल अवीव में कई लोग घायल
अमेरिकी हमलों के बाद ईरानी मिसाइल दागे जाने से इस्राइल की राजधानी तेल अवीव में भारी नुकसान पहुंचा है। ईरानी हमले में कुछ लोग घायल बताए जा रहे हैं।
 

08:53 PM, 22-Jun-2025

ईरान पर अमेरिकी हमले को लेकर बुलाई गई UNSC की बैठक
ईरान पर अमेरिका के हमले को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई गई है। राजनयिकों ने बताया कि ईरान ने बैठक का आग्रह किया है। इसके साथ ही उसने 15 सदस्यीय संगठन से आक्रामकता के इस घोर और गैरकानूनी कृत्य पर ध्यान देने व इसकी कड़े शब्दों में निंदा करने की अपील की है। वहीं इस्राइल के संयुक्त राष्ट्र राजदूत डैनी डैनन ने कहा कि अमेरिका और इस्राइल किसी भी निंदा के पात्र नहीं हैं, बल्कि दुनिया को सुरक्षित जगह बनाने के लिए प्रशंसा और आभार के पात्र हैं।

विज्ञापन
06:02 PM, 22-Jun-2025

रूस ने ईरानी परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा की
रूस ने रविवार को ईरान में तीन परमाणु सुविधाओं पर अमेरिकी हमलों की कड़ी निंदा की, और कहा कि यह अंतर्राष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और यूएनएससी प्रस्तावों का घोर उल्लंघन करता है।अमेरिका ने आज तड़के सुबह ईरान में तीन प्रमुख परमाणु स्थलों - फोर्डो, नतांज और इस्फहान पर बमबारी की, जिससे वह खुद को इस्राइल-ईरान संघर्ष में ले आया। एक बयान में, रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा, 'किसी संप्रभु राज्य के क्षेत्र को मिसाइल और बम हमलों के अधीन करने का गैर-जिम्मेदाराना निर्णय, चाहे कोई भी तर्क इस्तेमाल किया जाए, अंतर्राष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का घोर उल्लंघन करता है, जिसने पहले स्पष्ट रूप से ऐसी कार्रवाइयों को अस्वीकार्य बताया था।' अमेरिका का नाम लिए बिना, मंत्रालय ने कहा कि यह 'विशेष रूप से चिंताजनक" है कि हमले "एक ऐसे देश द्वारा किए गए जो संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य है।'

05:59 PM, 22-Jun-2025

'अमेरिका ने ईरान में 14 बंकर-बस्टर बम गिराए'
अमेरिकी रक्षा प्रमुख ने कहा कि अमेरिका 'युद्ध नहीं चाहता' और उसने ईरानी सैनिकों या लोगों को निशाना नहीं बनाया है। वहीं पेंटागन ने कहा कि ईरानी परमाणु सुविधाओं पर अमेरिकी बमबारी 'शासन परिवर्तन के बारे में नहीं थी'। पेंटागन ने आगे कहा कि अमेरिकी बमवर्षकों ने ईरान में 14 बंकर-बस्टर बम गिराए हैं।

विज्ञापन
05:17 PM, 22-Jun-2025

अमेरिकी हमले के बाद रूस का दौरा करेंगे ईरानी विदेश मंत्री
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने रविवार को कहा कि अमेरिका की तरफ से ईरानी परमाणु स्थलों पर हमला किए जाने के बाद वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने के लिए दिन में बाद में मास्को जाएंगे। तुर्किये में एक सम्मेलन में एक समाचार ब्रीफिंग में रूसी आउटलेट के एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह टिप्पणी की। रूस का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, 'हमारे बीच रणनीतिक साझेदारी है और हम हमेशा एक-दूसरे से परामर्श करते हैं और अपनी स्थिति का समन्वय करते हैं।'

03:15 PM, 22-Jun-2025

पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति से की बात
पश्चिम एशिया के हालात को देखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बात की। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि ईरान के राष्ट्रपति से बात की। हमने मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की। हाल ही में हुई बढ़े तनाव पर गहरी चिंता व्यक्त की। आगे बढ़ने के लिए तत्काल तनाव कम करने, बातचीत और कूटनीति के लिए अपना आह्वान दोहराया और क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली की मांग की।

03:03 PM, 22-Jun-2025

आईएईए ने बुलाई आपात बैठक
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रम के बीच आपातकालीन बैठक बुलाई है। महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने कहा कि ईरान में गंभीर स्थिति को देखते हुए आईएईए की आपतकालीन बैठक बुला रहा हूं। 

01:59 PM, 22-Jun-2025

इस्राइल ने ईरान के दो एफ-5 लड़ाकू विमानों को मार गिराया
इस्राइल ने कहा कि उसने ईरान के देज़फुल हवाई अड्डे पर एफ-5 लड़ाकू विमान को मार गिराया। इस्राइल ने ब्लैक एंड व्हाइट फुटेज जारी की है। इसमें एक विमान को नष्ट होते हुए दिखाया गया है। इस्राइल ने यह भी कहा कि उसने इस्फहान के हवाई अड्डे के आसपास सहित अन्य जगहों पर भी हमला किया। ईरान ने अभी तक युद्ध में विमान या अन्य सामग्री के नुकसान की बात स्वीकार नहीं की है। ईरान के अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा कि उसने रविवार सुबह इस्राइल पर हमले के दौरान 40 मिसाइलें दागीं, जिनमें उसकी खोर्रमशहर-4 भी शामिल है। ईरान ने कहा है कि खोर्रमशहर-4 कई वारहेड ले जा सकता है।
 

01:35 PM, 22-Jun-2025

कतर और ओमान ने अमेरिकी हमले की निंदा की
कतर और ओमान ने ईरान पर अमेरिकी हमले की निंदा की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों देशों ने तनाव कम करने के लिए कहा है। 

01:13 PM, 22-Jun-2025

इस्राएयर ने बंद की विमान की टिकटों की बिक्री
इस्रा एयर ने कहा कि वह सात जुलाई तक अपनी सभी उड़ानों में सीटों की बिक्री स्थगित कर रहा है। सात जुलाई तक उड़ान आरक्षण वाले सभी यात्री बिना किसी शुल्क के अपनी यात्रा रद्द कर सकते हैं। यात्रियों को पूरी खरीद राशि के लिए क्रेडिट वाउचर मिलेगा, जो किसी भी भविष्य की इस्रा एयर उड़ान पर दो साल के लिए वैध होगा।

01:12 PM, 22-Jun-2025

ईरानी मिसाइल हमलों में 86 लोग घायल 
इस्राइल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ईरानी मिसाइल हमलों के कारण 86 लोग घायल हुए हैं। जिनमें दो की हालत मध्यम है, 77 की हालत अच्छी है, चार पीड़ित तीव्र गंभीर हैं।

01:07 PM, 22-Jun-2025

मिस्र के विदेश मंत्री की भारत यात्रा रद्द
ईरान में तीन प्रमुख परमाणु स्थलों पर अमेरिकी हमलों के बादर मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलती की दो दिवसीय भारत यात्रा रद्द कर दी गई है। बद्र सोमवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ व्यापक मुद्दों पर बातचीत करने वाले थे।

12:12 PM, 22-Jun-2025

इस्राइल ने ईरान पर किया हमला
इस्राइली वायु सेना ने पश्चिमी ईरान में सैन्य ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए हैं। 

11:53 AM, 22-Jun-2025

इस्राइल के राष्ट्रपति ने अमेरिका को दिया धन्यवाद
इस्राइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने ईरान पर हमला करने के लिए अमेरिका को धन्यवाद दिया। हर्जोग ने कहा कि हमले दिखाते हैं कि कैसे स्वतंत्रता, जिम्मेदारी और सुरक्षा के सिद्धांतों की जीत हुई है। इसके परिणामस्वरूप अमेरिकी कार्रवाई दुनिया की सुरक्षा और सुरक्षा की दिशा में एक साहसी कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कार्रवाई से इस्राइली बंधकों की रिहाई में तेजी आएगी और पश्चिम एशिया में बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर होगा।

हर्जोग ने एक्स पर लिखा कि मानव इतिहास के पन्नों में यह एक ऐसा क्षण है जब स्वतंत्रता, जिम्मेदारी और सुरक्षा के सिद्धांतों की जीत हुई है। आतंक और बुराई की धुरी और आशा की धुरी के बीच एक निर्णायक क्षण। धन्यवाद प्रेसिडेंट ट्रंप। धन्यवाद संयुक्त राज्य अमेरिका। यह साहसी कदम पूरे मुक्त विश्व की सुरक्षा और संरक्षा के लिए है। 

10:53 AM, 22-Jun-2025

विकिरण में नहीं हुआ इजाफा
संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी संस्था ने कहा है कि ईरान के परमाणु स्थलों पर अमेरिकी हमलों के बाद ऑफ-साइट विकिरण के स्तर में कोई वृद्धि नहीं हुई है। 

10:26 AM, 22-Jun-2025

ईरान ने इस्राइल पर दागीं मिसाइलें
अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने इस्राइल पर मिसाइलें दागी हैं। इस्राइल में धमाकों की आवाज सुनाई दी है। जगह-जगह सायरन बज रहे हैं। ईरान से प्रक्षेपित एक बैलिस्टिक मिसाइल ने हाइफा पर हमला किया। आईडीएफ ने कहा कि ईरान की ओर से लगभग 20-30 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। इस्राइली सेना ने कहा है कि उसने ईरान से दागी गई मिसाइलों की पहचान कर ली है। हमारी रक्षात्मक प्रणालियां खतरे को रोकने के लिए काम कर रही हैं। जनता से आश्रय स्थलों और संरक्षित क्षेत्रों में जाने तथा अगले आदेश तक वहीं रहने को कहा गया है। हमलों में 11 लोग घायल हुए हैं। 

10:24 AM, 22-Jun-2025

विकिरण के कोई संकेत नहीं
ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने घोषणा की कि उसके प्रमुख परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद रेडियोधर्मी विकिरण के कोई संकेत नहीं मिले हैं।संगठन ने लोगों को आश्वस्त किया कि सुरक्षा आकलनों से पता चला है कि लक्षित स्थलों पर कोई विकिरण रिसाव नहीं हुआ है। इसने इस बात पर भी जोर दिया कि हमलों के बावजूद देश का परमाणु कार्यक्रम रोका नहीं जाएगा।ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने घोषणा की कि उसके प्रमुख परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद रेडियोधर्मी विकिरण के कोई संकेत नहीं मिले हैं।संगठन ने लोगों को आश्वस्त किया कि सुरक्षा आकलनों से पता चला है कि लक्षित स्थलों पर कोई विकिरण रिसाव नहीं हुआ है। इसने इस बात पर भी जोर दिया कि हमलों के बावजूद देश का परमाणु कार्यक्रम रोका नहीं जाएगा।

10:24 AM, 22-Jun-2025

उड़ानों का बदला रास्ता
ईरान में अमेरिकी हवाई हमलों के बाद कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों ने मध्य पूर्व के बड़े हिस्से से उड़ानें हटा लीं। फ़्लाइटरडार24 के डाटा के मुताबिक उड़ानों के रास्तों में बदलाव हुआ है। विमानों ने ईरानी और आस-पास के हवाई क्षेत्र से बच रहे हैं। फ्लाइटरडार24 ने एक्स पर कहा कि ईरानी परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिकी हमलों के बाद क्षेत्र में वाणिज्यिक यातायात उसी प्रकार संचालित हो रहा है, जैसा कि पिछले सप्ताह हवाई क्षेत्र पर नए प्रतिबंध लगाए जाने के बाद से हो रहा है। उड़ानें कैस्पियन सागर के माध्यम से उत्तर की ओर या मिस्र और सऊदी अरब के माध्यम से दक्षिण की ओर जा रही हैं। 

10:23 AM, 22-Jun-2025

हमलों के बाद अमेरिकी शहरों में अलर्ट
ईरान के तीन परमाणु स्थलों पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद न्यूयॉर्क और वाशिंगटन सहित प्रमुख अमेरिकी शहरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने कहा है कि अभी तक कोई खतरा नहीं है। धार्मिक, राजनयिक और सांस्कृतिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त गश्त और सावधानियां बरती जा रही हैं। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (NYPD) ने एक्स पर कहा कि वह स्थिति पर नज़र रख रहा है और सावधानी के तौर पर पूरे शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वाशिंगटन डीसी में मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग (एमपीडी) ने भी स्थानीय, राज्य और संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ खुफिया जानकारी साझा करने और निवासियों, आगंतुकों और व्यवसायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समन्वय बढ़ाने पर ध्यान दिया गया। लॉस एंजिल्स में मेयर करेन बास ने भी कहा कि शहर के अधिकारी अमेरिकी सैन्य अभियान के बाद सार्वजनिक सुरक्षा के लिए किसी भी खतरे पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।

10:01 AM, 22-Jun-2025

आईएईए की मिलीभगत से हुए हमले: ईरान
ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन की ओर से परमाणु सुविधाओं पर हमलों के बाद जारी बयान को भारत में ईरान के दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया। इसमें कहा गया है कि हाल के दिनों में यहूदी विरोधी दुश्मन द्वारा किए गए क्रूर हमलों के बाद  फोर्डो, नतांज़ और इस्फ़हान में देश के परमाणु स्थलों पर बर्बर आक्रमण किया गया। यह अंतरराष्ट्रीय कानूनों विशेष रूप से एनपीटी का उल्लंघन है। यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) की उदासीनता और  मिलीभगत से हुई। अमेरिकी दुश्मन ने अपने राष्ट्रपति की घोषणा के द्वारा परमाणु ठिकानों पर हमलों की जिम्मेदारी ली है। जबकि ये परमाणु ठिकाने सुरक्षा समझौते और एनपीटी के अनुसार निरंतर IAEA निगरानी में हैं। 
 

09:35 AM, 22-Jun-2025

इस्राइल ने बंद किया अपना हवाई क्षेत्र
इस्राइल के हवाई अड्डा प्राधिकरण ने रविवार को घोषणा की कि वह ईरान के परमाणु स्थलों पर अमेरिकी हमलों के मद्देनजर देश के हवाई क्षेत्र को आने वाली और जाने वाली दोनों उड़ानों के लिए बंद कर रहा है। एजेंसी ने कहा कि वह हवाई यातायात बंद कर रही है। अमेरिका ने शनिवार-रविवार दरमियानी रात को ईरान के तीन स्थलों पर हमला किया। 

09:34 AM, 22-Jun-2025

ईरान पर इस्राइली हमलों में 865 लोग मारे गए 
ईरान पर इस्राइली हमलों में अब तक 865 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 3,396 अन्य घायल हुए हैं। वाशिंगटन स्थित मानवाधिकार समूह ने कहा कि मरने वालों में 363 नागरिक और 215 सुरक्षा बल के जवान शामिल हैं। शनिवार को ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इस्राइली हमलों में करीब 400 ईरानी मारे गए हैं और 3,056 अन्य घायल हुए हैं।

09:15 AM, 22-Jun-2025

आतंकवाद वित्त विश्लेषक  जोनाथन शैन्जर ने कहा कि ईरानी शासन के लिए वापसी संभव नहीं है। उन्होंने अपनी पूरी वायु सेना खो दी है। उन्होंने अपनी हवाई सुरक्षा खो दी है। उन्होंने अपनी परमाणु सुविधाएं खो दी हैं। उनके मिसाइल शस्त्रागार में जो कुछ भी बचा है, उसके अलावा अभी उनके पास काम करने के लिए बहुत कुछ नहीं है। हम इंतजार करेंगे और देखेंगे कि क्या इस्राइल हमले को झेलता है या संयुक्त राज्य अमेरिका हमले को झेलता है। लेकिन यह एक ऐसा शासन है जो राष्ट्रपति के इस आकलन के बावजूद कि वे प्रभावी रूप से एक खर्चीली सेना हैं, विद्रोही प्रतीत होता है। 

हमलों के बाद ईरान के होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के प्रभाव पर उन्होंने कहा कि अभी होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के किसी भी प्रयास का संभवतः संयुक्त राज्य अमेरिका की ओर से अविश्वसनीय बल के साथ सामना किया जाएगा। जब यह शुरू हो गया है, तो यह कल्पना करना मुश्किल नहीं है कि फ्रांसीसी या ब्रिटिश लोग रास्ते को साफ करने के लिए आएंगे। मुझे लगता है कि अगर ईरान इस मार्ग पर आगे बढ़ता है तो यह पूरी तरह से आत्मघाती होगा। मुझे लगता है कि हम यहां एक निर्णायक क्षण में हो सकते हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि ईरान हमला करने की कोशिश नहीं करेगा, लेकिन मुझे लगता है कि पारंपरिक तरीकों की तुलना में विषम तरीके से हमला करने की संभावना अधिक है।

09:15 AM, 22-Jun-2025

पूर्व अमेरिकी ट्रेजरी अधिकारी और आतंकवाद वित्त विश्लेषक  जोनाथन शैन्जर ने कहा कि यह एक बहुत ही छोटा भाषण था। मुझे लगता है कि उन हमलों की सफलता के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का आकलन थोड़ा समय से पहले का हो सकता है। ट्रंप ईरान से पूर्ण और संपूर्ण समर्पण, पूर्ण आत्मसमर्पण का आह्वान कर रहे हैं। अभी मुझे यकीन नहीं है कि (ईरानी) शासन ऐसा करने के लिए तैयार है। यदि आप अभी शासन से आ रहे बयानों को देखें, तो वे जवाब में अमेरिका पर हमला करने की धमकी दे रहे हैं। 
 

09:02 AM, 22-Jun-2025

भारत के लिए सतर्क रहने का समय: रक्षा विशेषज्ञ
रक्षा विशेषज्ञ प्रफुल बख्शी ने कहा कि भारत के लिए यह अधिक सतर्क रहने का समय है। ईरान और इस्राइल दोनों हमारे मित्र हैं। इस्राइल के साथ हमारा भावनात्मक संबंध है। मुझे लगता है कि पीएम मोदी इस मुद्दे को दोनों पक्षों के साथ उठाकर इस युद्ध को समाप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि ईरान अब समझ गया है कि अमेरिका गंभीर है। एक बार अमेरिका को अपना शिकार मिल जाए, जैसा कि उसने इराक में किया, भले ही शिकार की कोई गलती न हो, शिकारी वही करेगा जो वह करता है। यह ईरान और उसके समर्थकों जैसे चीन और रूस के लिए एक चेतावनी है। 

08:19 AM, 22-Jun-2025

पेंटागन के पूर्व अधिकारी माइकल रुबिन ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि यह एक पूर्ण युद्ध होगा। मुझे संदेह है कि यूरोपीय, संयुक्त राष्ट्र और शायद डोनाल्ड ट्रंप भी ईरान को पीछे हटने के लिए एक रास्ता देने की कोशिश करेंगे।फिर से ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि ईरान के नेतृत्व को खत्म करना अमेरिका की इच्छा नहीं है। जबकि इस्राइली सर्वोच्च नेता अली खामेनेई से छुटकारा पाना चाहते हैं और शासन परिवर्तन चाहते हैं, संयुक्त राज्य अमेरिका की नीति ऐसा नहीं करने की है। अमेरिका अयातुल्ला खामेनेई को जीवित रखना चाहता है। यदि किसी अन्य कारण से नहीं, तो यदि औपचारिक आत्मसमर्पण होता है, तो वे चाहते हैं कि कोई व्यक्ति आत्मसमर्पण पर हस्ताक्षर करे और एक अनंतिम प्राधिकरण को सत्ता सौंप दे ताकि कोई शून्य न हो। 

08:17 AM, 22-Jun-2025

ईरान ने मानी परमाणु ठिकानों पर हमले की बात
ईरान की परमाणु एजेंसी ने कहा कि उसके फोर्डो, इस्फ़हान और नतांज परमाणु स्थलों पर हमले हुए हैं, लेकिन हमारा काम नहीं रुकेगा। ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने कहा कि ईरान का परमाणु ऊर्जा संगठन राष्ट्र को आश्वासन देता है कि अपने दुश्मनों की नापाक साजिशों के बावजूद अपने हजारों क्रांतिकारी और प्रेरित वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के प्रयासों से वह इस राष्ट्रीय उद्योग के विकास को जो परमाणु शहीदों के खून का परिणाम है, रुकने नहीं देगा। ईरान की सरकारी एजेंसी इरना ने सुरक्षा मामलों के प्रभारी इस्फ़हान के डिप्टी गवर्नर अकबर सालेही के हवाले कहा कि साइट के आसपास हमले हुए हैं। ईरान के कोम प्रांत से दिए गए एक बयान का हवाला देते हुए इरना ने कहा कि कुछ घंटे पहले, जब कोम हवाई सुरक्षा सक्रिय हो गई थी और शत्रुतापूर्ण लक्ष्यों की पहचान की गई थी, तो फोर्डो परमाणु स्थल के एक हिस्से पर दुश्मनों ने हमला कर दिया था।

07:49 AM, 22-Jun-2025

इससे अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए खतरा: गुटेरेस
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने एक्स पर लिखा कि मैं ईरान के खिलाफ संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा किए गए हमले से बहुत चिंतित हूं। यह पहले से ही संकटग्रस्त क्षेत्र में एक खतरनाक वृद्धि है। यह अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए एक सीधा खतरा है। मैं सदस्य देशों से आह्वान करता हूं कि वे तनाव कम करें और संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतर्राष्ट्रीय कानून के अन्य नियमों के तहत अपने दायित्वों को बनाए रखें। 

07:37 AM, 22-Jun-2025

पेंटागन के पूर्व अधिकारी माइकल रुबिन ने कहा कि अमेरिका ने ईरान की तीन परमाणु सुविधाओं पर हमला किया। ईरान अक्सर धमकी के साथ प्रतिक्रिया करता है। हालांकि कभी-कभी उनका जवाबी हमला इस तरह से सीमित होता है कि इससे संकेत मिलता है कि वे इसे और आगे नहीं बढ़ाना चाहते। मुझे संदेह है कि अयातुल्ला खामेनेई को जवाब देना होगा क्योंकि उनकी खुद की वैधता इस परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी हुई है। इसके अलावा हम इस क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों के बारे में बहुत सारी बातें सुनते हैं, कि क्या उन्हें निशाना बनाया जा सकता है। मुझे नहीं लगता कि ईरानी उस तरह से जवाबी हमला करेंगे जैसा हम उम्मीद करते हैं। मैं डलास, टेक्सास या आयोवा में एक शॉपिंग मॉल के बारे में बहरीन या कतर में अमेरिकी जगह के बारे में जितना चिंतित रहूंगा, उससे कहीं ज़्यादा चिंतित रहूंगा।

07:36 AM, 22-Jun-2025

बधाई हो राष्ट्रपति ट्रंप: नेतन्याहू
इस्राइल के राष्ट्रपति बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका वास्तव में बेजोड़ रहा है। इसने वह किया है जो धरती पर कोई दूसरा देश नहीं कर सका। इतिहास दर्ज करेगा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने दुनिया के सबसे खतरनाक शासन, दुनिया के सबसे खतरनाक हथियारों को नकारने के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि ईरान-इस्राइल संघर्ष के बीच, अमेरिका ने ईरान की तीन परमाणु सुविधाओं पर हमला किया। उन्होंने कहा, कि बधाई हो राष्ट्रपति ट्रंप। संयुक्त राज्य अमेरिका की भयानक और न्यायपूर्ण शक्ति के साथ ईरान की परमाणु सुविधाओं को लक्षित करने का आपका साहसिक निर्णय इतिहास बदल देगा। ऑपरेशन राइजिंग लाइन में इस्राइल ने वास्तव में आश्चर्यजनक चीजें की हैं। 

06:41 AM, 22-Jun-2025

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प रात 10 बजे EST पर राष्ट्र को संबोधित करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा कि मैं ईरान में हमारे बहुत सफल सैन्य अभियान के बारे में व्हाइट हाउस में रात 10:00 बजे राष्ट्र के नाम एक संबोधन दूंगा। यह संयुक्त राज्य अमेरिका, इस्राइल और दुनिया के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। ईरान को अब इस युद्ध को समाप्त करने के लिए सहमत होना चाहिए।

05:41 AM, 22-Jun-2025

अमेरिका ने ईरान के 3 परमाणु स्थलों पर हमला किया
ईरान इस्राइल के बीच जारी जंग में अब अमेरिका भी खुलकर शामिल हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के तीन परमाणु  संवर्धन केंद्रों पर हमला किया है। ट्रंप ने कहा कि इस तरह से हम सीधे-सीधे इस्राइल के उन प्रयासों में शामिल हो गए हैं, जिनके जरिए वह ईरान के परमाणु कार्यक्रम को नष्ट करना चाहता है। इस बीच ईरान ने जवाबी कार्रवाई की धमकी दी है जिससे व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष छिड़ सकता है।

04:52 AM, 22-Jun-2025

सऊदी अरब ने ईरान पर हुए इस्राइली हमले की निंदा की
सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान ने ईरान के खिलाफ इस्राइली आक्रामकता की निंदा की। उन्होंने कहा कि यह हमला ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा को कमजोर करता है, और यह अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि इससे पूरे इलाके की शांति और स्थिरता को खतरा है। फरहान ने यह बात शुक्रवार (स्थानीय समयानुसार) को तुर्की के इस्तांबुल शहर में हुई इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) की एक बैठक में कही। उन्होंने कहा कि अब और लड़ाई बंद होनी चाहिए। तनाव नहीं बढ़ना चाहिए, और ईरान व बाकी दुनिया के बीच बातचीत दोबारा शुरू होनी चाहिए।

02:06 AM, 22-Jun-2025

इस्राइल से अपने नागरिकों की घर वापसी के लिए अमेरिका ने शुरू कीं उड़ान सेवाएं
 अमेरिका ने इस्राइल से अपने नागरिकों की सुरक्षित घर वापसी के लिए उड़ान सेवाएं शुरू कर दी हैं। इस्राइल में अमेरिकी राजदूत राजदूत माइक हुकाबी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, चूंकि इस्राइल और ईरान के बीच युद्ध अपने दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर गया है। इसलिए अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए उड़ानें शुरू की जा रही हैं। उन्होंने कहा ऐसे अमेरिकी नागरिक जो वापस आना चाहते हैं उनके लिए एक ऑनलाइन फॉर्म जारी किया गया है। उस पर विवरण देकर उड़ान प्रस्थान की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। हुकाबी ने साथ ही कहा कि अमेरिका ने ईरान में अपने नागरिकों से भी कहा है कि जो लोग वापस आना चाहते हैं वे आ सकते हैं। इसके अलावा अमेरिकी नागरिक अजरबैजान, आर्मेनिया या तुर्की भी जा सकते हैं।

01:55 AM, 22-Jun-2025

ट्रंप बोले, ईरान हमसे बात करना चाहता है, यूरोप से नहीं

इस्राइल-ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए यूरोप की तरफ से शुरू की गई कूटनीतिक पहल को खारिज करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि तेहरान यूरोपीय शक्तियों के साथ बातचीत करने के बजाय वाशिंगटन के साथ सीधी बातचीत करना पसंद करता है। उन्होंने कहा कि ईरान यूरोप से नहीं, हमसे बात करना चाहता है। उन्होंने मध्यस्थता करने के यूरोप की क्षमता पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इस्राइल युद्ध में अच्छा कर रहा है और ईरान के लिए उसे रोकना थोड़ा मुश्किल है। हालांकि, बातचीत के मुद्दे पर ईरान ने साफ कर दिया है कि जब तक इस्राइल की तरफ से हमला रुकता नहीं है, तब तक वह अमेरिका के साथ अपने परमाणु कार्यक्रम पर कोई बात नहीं करेगा।

01:55 AM, 22-Jun-2025

अमेरिकी सैन्य भागीदारी पर ईरान ने चेताया
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरघाची ने इस्राइल के साथ युद्ध में अमेरिकी सैन्य भागीदारी के खिलाफ चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि युद्ध में अमेरिका का शामिल होना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण होगा और यह सभी के लिए बहुत खतरनाक होगा। अरघाची ने इस्तांबुल में इस्लामिक सहयोग संगठन की बैठक से इतर बातचीत में यह चेतावनी दी।

01:55 AM, 22-Jun-2025

परमाणु ठिकाने पर हमला
इस्राइल ने ईरान के इस्फहान के पास परमाणु अनुसंधान केंद्र पर हमला किया। यहां से धुआं निकलता देखा गया है। इस्राइली सेना के एक अधिकारी ने बताया कि हमले का लक्ष्य दो सेंट्रीफ्यूज उत्पादन स्थल थे। इस्फहान प्रांत के सुरक्षा मामलों के उप-गवर्नर अकबर सालेही ने परमाणु इकाई पर इस्राइली हमले की पुष्टि की और कहा कि इसमें प्रतिष्ठान को नुकसान पहुंचा है, लेकिन कोई मानवीय क्षति नहीं हुई है। ईरान ने भी इस्राइल पर ड्रोन और मिसाइलों से ताबड़तोड़ हमले किए, लेकिन नुकसान के बारे में तत्काल कोई खबर नहीं मिली सकी। इस्राइली अधिकारियों ने इसे छोटा हमला बताया और कहा कि इसे इस्राइली वायु रक्षा प्रणाली ने बहुत हद तक नाकाम कर दिया।

01:54 AM, 22-Jun-2025

ईरान के वरिष्ठ कमांडरों की मौत
इस्राइली रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने कहा कि इस्राइल की सेना ने ईरान के कोम शहर में एक अपार्टमेंट को निशाना बनाया। इसमें ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की विदेशी शाखा कुद्स फोर्स के फलस्तीनी कोर के प्रमुख सई इजादी की मौत हुई है। काट्ज ने इजादी की मौत को इस्राइल के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इजादी ने इस्राइल पर 7 अक्तूबर, 2023 के हमले से पहले फलस्तीनी आतंकी समूह हमास को धन और हथियार उपलब्ध कराए थे। हमास के इस हमले के बाद ही गाजा में युद्ध की शुरुआत हुई थी। रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने खोरमाबाद पर हुए हमलों में उसके पांच सदस्यों के मारे जाने की पुष्टि की, लेकिन इजादी का जिक्र नहीं किया जो अमेरिकी और ब्रिटिश प्रतिबंधित सूची में था।

इस्राइल ने कुद्स फोर्स के कमांडर बेहनाम शाहरियारी को भी मार गिराने का दावा किया है, जो कुद्स फोर्स की तरफ से हिज्बुल्ला और हमास जैसे संगठनों को हथियार मुहैया कराने के लिए जिम्मेदार था। इस्राइल ने कहा कि पश्चिमी ईरान में कार से यात्रा करते समय बेहनाम को निशाना बनाया गया। इस्रराइल का दावा है कि पश्चिमी ईरान में उस चलती कार को 1,000 किलोमीटर से अधिक दूरी से मिसाइल से सटीक निशाना लगाकर ध्वस्त कर दिया गया। इस हमले को इस्राइल की एक और बड़ी सैन्य सफलता माना जा रहा है। इस्राइली वायु सेना ने कहा कि उसने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स वायु सेना में ड्रोन इकाई के कमांडर अमीन फोर जुडाकी को भी मार गिराया है। जुडाकी ने इस्राइल पर सैकड़ों ड्रोन से हमले कराए थे।
 

01:46 AM, 22-Jun-2025

Iran-Israel Row Live: अमेरिकी ने ईरान में 14 बंकर-बस्टर बम गिराए; अमेरिकी हमले को लेकर बुलाई गई UNSC की बैठक

Iran Attack on Israel, Israel Iran News in Hindi: इस्राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष दूसरे हफ्ते में प्रवेश कर गया है। संघर्ष विराम के लिए स्विट्जरलैंड के जिनेवा में ईरान और यूरोपीय देशों के बीच हुई बातचीत में कोई नतीजा नहीं निकला है। इसके बाद से दोनों तरफ से हमले तेज हो गए हैं। इस्राइल ने शनिवार को ईरान के तीन और वरिष्ठ कमांडरों को मार गिराने का दावा किया। उसने ईरान के परमाणु अनुसंधान केंद्र और मिसाइल निर्माण संयंत्र को भी निशाना बनाया। ईरान की तरफ से भी इस्राइल में कई ठिकानों पर मिसाइलें दागी गईं। पढ़ें पल पल के अपडेट्स

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें