गाजा में तत्काल युद्धविराम की जरूरत: जॉर्डन
इस्राइल-हमास युद्ध पर संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के विशेष सत्र में चर्चा चल रही है। जॉर्डन ने गाजा में युद्धविराम का प्रस्ताव पेश किया है। चर्चा में भाग लेते हुए संयुक्त राष्ट्र में जॉर्डन के राजदूत महमूद दैफल्लाह हमौद ने कहा कि गाजा में तत्काल युद्धविराम की जरूरत है। इस त्रासदी को समाप्त करने और राजनयिक समाधान की दिशा में रास्ता बनाने के लिए तत्काल युद्धविराम के लिए प्रयास होने चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सभी देशों की जिम्मेदारी है और शांति के लिए प्रयास करना सभी का नैतिक दायित्व है।
हमास और इस्राइल के हिंसक संघर्ष के बीच पश्चिम एशिया के हालात बेहद नाजुक हैं। इसी बीच इस्राइल का समर्थन कर रहे अमेरिका ने बड़ा बयान दिया है। व्हाइट हाउस की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि सात अक्तूबर की वारदात के बाद इस्राइल को हमास पर कार्रवाई का पूरा अधिकार है।
इस्राइली सेना ने शुक्रवार को हमास पर गाजा पट्टी में अस्पतालों को इस्राइल के खिलाफ हमले के लिए परिचालन केंद्रों के रूप में उपयोग करने का आरोप लगाया। सैन्य प्रवक्ता डेनियल हगारी ने पत्रकारों से कहा, "गाजा में हमास अस्पतालों से युद्ध छेड़ रहा है।" उन्होंने कहा कि इस्लामी समूह अपने अभियानों को अंजाम देने के लिए इन केंद्रों में संग्रहीत ईंधन का भी उपयोग कर रहा है।
हमास का पलटवार
हमास ने इस्रायली सेना के आरोप पर पलटवार किया कि वह अस्पतालों का दुरुपयोग कर रही है। आतंकी संगठन ने आरोपों को निराधार बताया। हमास राजनीतिक ब्यूरो के एक वरिष्ठ सदस्य इज़्ज़त अल-रिश्क के हवाले से आई मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, "दुश्मन सेना के प्रवक्ता ने जो कहा है उसमें सच्चाई का कोई आधार नहीं है।" इज़्ज़त ने इस्राइल पर "नरसंहार का मार्ग प्रशस्त करने" का आरोप लगाया।
इस्राइल और हमास के युद्ध के बीच अमेरिका इस्राइल के साथ खड़ा है। अमेरिका ने शुक्रवार को हमास से जुड़े प्रमुख अधिकारियों, वित्तीय नेटवर्क और ईरान-आधारित संगठनों को निशाना बनाते हुए कड़े प्रतिबंधों का एलान किया। बैन ऐसे संगठनों पर लगाया गया है जो आतंकवादी समूह के वित्तपोषण में शामिल थे। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने प्रतिबंधों की जानकारी दी। ट्रेजरी ने ईरान में हमास के एक अधिकारी और ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के सदस्यों पर प्रतिबंध लगाए हैं। इसके साथ-साथ गाजा- आधारित इकाई पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। इस पर हमास और फलस्तीनी इस्लामिक जिहाद (पीआईजे) को अवैध ईरानी फंड दिलाने में मदद के आरोप हैं
शुक्रवार को इस्राइल और हमास के युद्ध के 21वें दिन भी जमकर गोलीबारी हुई। इसी बीच संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी कि गाजा में इस्राइल की घेराबंदी के परिणामस्वरूप "कई और लोग मारे जाएंगे।" यूएन की चिंता है कि घेराबंदी के कारण फलस्तीनी क्षेत्र की सड़कों पर सीवेज का पानी बह रहा है। पश्चिम एशिया के इस इलाके में दयनीय हालात पर मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस्राइल ने इस क्षेत्र में भोजन, ईंधन, पानी और बिजली की आपूर्ति पर रोक लगा दी है।
आईडीएफ के लड़ाकू विमानों ने दराज तुफाह बटालियन के तीन वरिष्ठ हमास नेताओं को ढेर कर दिया। मारे गए कमांडर में डिप्टी बटालियन कमांडर इब्राहिम जद्बा, बटालियन कमांडर रिफत अब्बास, कॉम्बैट सपोर्ट कमांडर तारेक मारुफ शामिल हैं।
हमास के पश्चिमी खान यूनिस बटालियन के कमांडर मदथ मुबशर को गुरुवार रात इस्राइल रक्षा बलों (आईडीएफ) के हवाई हमले में मार गिराया गया। इस्राइल रक्षा बलों ने बताया, लगातार दूसरी रात, इस्राइली सैनिकों ने गाजा के अंदर लक्षित हमले किए, जिससे उन्हें हमास के खिलाफ संघर्ष में अगले चरण की तैयारी के लिए तैयार किया गया। बता दें कि आईडीएफ ने पिछले दिनों गाजा पट्टी में हमास के 250 से अधिक ठिकानों पर भी हमला किया।
करीब 21 दिन पहले हमास ने इस्राइल पर अंधाधुंध रॉकेट हमले किए। 7 अक्तूबर की इस घटना के बाद दक्षिणी इस्राइल में खूनी संघर्ष हो रहा है। हमास की घुसपैठ के जवाब में इस्राइल ने विनाशकारी हवाई हमले किए हैं। सैन्य कार्रवाई के बीच फलस्तीनी मरने वालों की संख्या 7,000 से अधिक हो गई है। गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, मरने वालों में 2,900 से अधिक नाबालिग और 1,500 से अधिक महिलाएं शामिल हैं। शुक्रवार शाम 5.30 बजे तक कुल आंकड़ा 7326 हो चुका है।
पश्चिम एशिया में इस्राइल-हमास युद्ध के बीच अमेरिकी सैनिकों पर हमलों के जवाब में सीरिया में एयरस्ट्राइक की खबरें सामने आई हैं। खबरों के अनुसार, अमेरिकी लड़ाकू विमानों की कार्रवाई पर पेंटागन ने कहा कि अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने शुक्रवार तड़के पूर्वी सीरिया में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से जुड़े दो स्थानों पर हवाई हमले किए। अमेरिका के अनुसार, सीरिया में हमले पिछले सप्ताह की शुरुआत में इस क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों और कर्मियों के खिलाफ ड्रोन और मिसाइल हमलों के जवाब में किया गया। अमेरिका ने कहा, सीरिया में हमले नाजुक संतुलन बनाए रखने के बाइडन प्रशासन के दृढ़ संकल्प को दर्शाते हैं।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को अपने ओमानी समकक्ष बद्र अल्बुसैदी से बात की। दोनों ने पश्चिम एशिया में चल रहे संकट पर चर्चा की। बता दें कि 7 अक्तूबर को हमास के आतंकियों ने इस्राइली शहरों पर अभूतपूर्व हमले किए थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म- 'एक्स' पर एक पोस्ट में, अल्बुसैदी ने कहा उन्होंने गाजा में तत्काल युद्धविराम की जरूरत पर बल दिया। विदेश मंत्री ने बातचीत को 'अच्छी' बताया। जयशंकर ने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, "ओमानी विदेश मंत्री बद्र अल्बुसैदी के साथ अच्छी बातचीत हुई। हमारे द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा हुई और पश्चिम एशिया में संकट पर विचारों का आदान-प्रदान किया।"
संयुक्त राष्ट्र ने शुक्रवार को कहा कि वह इस्राइल और हमास के बीच हिंसक संघर्ष में युद्ध अपराध हो रहे हैं।
इस्राइली सेना ने शुक्रवार को कहा कि उसके लड़ाकू विमानों ने दराज तुफाह बटालियन में हमास के तीन लड़ाकों को पर हमला किया और उन्हें ढेर कर दिया। इस बटालियन के लड़ाकों ने सात अक्तूबर को इस्राइल के खिलाफ आक्रमण और जानलेवा हमले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस्राइली रक्षा बलों ने बताया कि इन लड़ाकों को हमास आतंकवादी संगठन की सबसे महत्वपूर्ण ब्रिगेड माना जाता था।
इस्राइल-हमास संघर्ष के दौरान इस्राइली वायुसेना ने एक वीडियो जारी कर बंधकों को छुड़ाए जाने का दावा किया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि सैनिकों सैनिक कुछ बंधकों को छुड़ाकर लाते दिखाई दे रहे हैं। आईडीएफ का दावा है कि यह ऑपरेशन दक्षिणी इस्राइल सीमा के पास किबुत्ज बेरी में अंजाम दिया गया।
हमास ने दावा किया है कि इस्राइल के हवाई हमलों में गाजा में 50 बंधकों की मौत हो गई है। हमास के सैन्य प्रवक्ता अबू ओबैदा ने यह जानकारी दी है।इस बीच एक रिपोर्ट के मुताबिक, गाजा में 1600 लोगों के लापता होने की सूचना है। इनमें 900 बच्चे भी हैं। हवाई हमले में ध्वस्त हुई इमारतों में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।
Israel Hamas War News Updates: इस्राइल ने टैंकों व सैन्य टुकड़ियों के साथ बुधवार रात गाजा में हमास के ठिकानों पर सीमित जमीनी हमला किया। इस्राइली सेना के प्रवक्ता के मुताबिक, कई आतंकी ठिकाने निशाना बनाए हैं। इसे बड़े पैमाने पर जमीनी हमला शुरू करने की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। जमीनी हमले के साथ इस्राइली वायुसेना ने भी हमास के 250 ठिकानों को निशाना बनाया। इनमें छोटे बच्चों के एक स्कूल और मस्जिद के बीच स्थित रॉकेट लॉन्चर साइट भी है। इस्राइल ने कहा कि रॉकेट लॉन्चर साइट इसका एक और सबूत है कि हमास नागरिक ठिकानों का इस्तेमाल आतंकी उद्देश्य से कर रहा है। इसके जरिये इस्राइल को निशाना बनाया जा रहा था।