Israel-Iran Row: इस्राइली सेना के मुताबिक, कुछ समय पहले ईरान से इस्राइल की ओर मिसाइलें दागी गई थीं। इस्राइली नागरिकों को सतर्क रहने और होम फ्रंट कमांड के निर्देशों का ठीक से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
हिजबुल्ला का दावा- तीन इस्राइली टैंक नष्ट किए
हिजबुल्ला ने कहा कि उसने लेबनान के सीमावर्ती गांव की ओर बढ़ते हुए तीन इस्राइली टैंकों को नष्ट कर दिया। एएफपी के मुताबिक हिजबुल्ला का कहना है कि उसने तीन मर्कवा टैंकों को रॉकेटों से नष्ट कर दिया, जब वे मारून अल-रास गांव की ओर बढ़ रहे थे।
ईरान ने इस्राइल पर दागे 180 रॉकेट
इस्राइल विदेश मंत्रालय ने उप प्रवक्ता एलेक्स गैंडलर ने कहा कि ईरान ने इस्राइल पर 180 से अधिक रॉकेट दागे। अधिकांश रॉकेटों को हमारी वायु रक्षा प्रणाली और हमारे गठबंधन के सदस्यों ने रोक दिया। ईरान से निपटने के लिए हमारे पास रणनीतिक लक्ष्य हैं। इस्राइल ईरान के सभी प्रतिनिधियों को हराने के लिए काम कर रहा है, चाहे वह हिजबुल्ला हो, हमास हो, हूती हों या अन्य। हमें लगता है कि ईरान ने एक वैश्विक मोर्चा खोल दिया है। इस्राइल को ईरानी हमले में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ और कोई चोट नहीं आई।
साइप्रस में इस्राइली राजदूत के लापता होने की अफवाह
साइप्रस में इस्राइली राजदूत ओरेन एनोलिक ने अपने लापता होने की अफवाहों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा, मैं सुन रहा हूं कि मेरे बारे में कुछ फर्जी खबरें प्रसारित हो रही हैं। मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि मैं ठीक हूं। "ऐसा लगता है कि किसी ने पूरी दुनिया को मुझे कॉल करने और संदेश भेजने और मुझे नए यहूदी वर्ष की शुभकामनाएं देने के लिए एक बहुत ही रचनात्मक तरीका निकाला है!
स्पेन लेबनान से 350 नागरिकों को निकालेगा
स्पेन की रक्षा मंत्री मार्गारीटा रोबल्स ने बुधवार को कहा कि स्पेन गुरुवार को लेबनान से कम से कम 350 नागरिकों को निकालने की योजना बना रहा है। स्पेनिश विमान तैयार हैं, कर्मचारी तैयार हैं। विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बेरेस के अनुसार लेबनान में लगभग 1,000 स्पेनवासी मौजूद हैं।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस्राइल पर ईरानी हमले की 'कड़ी' निंदा की
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने बुधवार को ब्रुसेल्स के दौरे पर जाने से पहले इस्राइल के खिलाफ ईरान के मिसाइल हमलों की निंदा की है। स्टार्मर ने इस्राइली नेता बेंजामिन नेतन्याहू से बात की और इस्राइली सुरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा के लिए ब्रिटेन की 'दृढ़ प्रतिबद्धता' व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन इस्राइल और उसके 'आत्मरक्षा के अधिकार' के साथ खड़ा है।
उन्होंने क्षेत्रीय तनाव के गंभीर जोखिम और 'तनाव कम करने की तत्काल आवश्यकता' पर चर्चा करने के लिए फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रोन और जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ को भी फोन किया। स्टार्मर ने मंगलवार रात अपने संबोधन में कहा, मैं ईरानी शासन द्वारा निर्दोष इस्राइलियों को नुकसान पहुंचाने, इस अविश्वसनीय रूप से खतरनाक स्थिति को बढ़ाने और क्षेत्र को युद्ध के करीब धकेलने के इस प्रयास की कड़ी निंदा करता हूं।
लेबनान में बड़ी कार्रवाई की तैयारी में इस्राइली सेना
इस्राइल लेबनान पर बड़े हमले की तैयारी कर रहा है। आईडीएफ ने दक्षिणी लेबनान के दो दर्जन गांवों में लेबनानी नागरिकों को घर खाली करने की नई चेतावनी जारी की है। आईडीएफ के कर्नल अविचाय एड्राई ने लिखा कि, हिज़्बुल्ला की गतिविधि ने उसके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मजबूर कर दिया है। आईडीएफ आपको नुकसान नहीं पहुंचाना चाहता। आपकी सुरक्षा के लिए, आपको तुरंत अपने घरों को खाली कर देना चाहिए। जो कोई भी हिज्बुल्ला के गुर्गों की मदद करेगा, वह खुद को मुश्किल में डालेगा। वह खुद को जोखिम में डालता है।
गाजा पट्टी में इस्राइली सैन्य हमलों में कम से कम 60 फिलिस्तीनी मारे गए
इस्राइली टैंक खान यूनिस के क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं, गाजा में इस्राइली सैन्य हमलों में रात भर में कम से कम 60 फिलिस्तीनी मारे गए है। आधिकारिक वॉयस ऑफ फिलिस्तीन रेडियो और हमास मीडिया के अनुसार इस्राइली टैंकों ने पूर्वी और मध्य खान यूनिस के कई क्षेत्रों पर हमला किया।
ईरानी हमले पर इस्राइली सेना ने जारी किया बयान
आईडीएफ ने एक्स पर लिखा कि, कल इस्राइल के खिलाफ ईरान द्वारा किए गए हमले के बाद चीफ ऑफ द जनरल स्टाफ हर्जी हलेवी ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड के कमांडर जनरल माइकल एरिक से मौजूदा स्थिति के बारे में बात की। ईरानी हमले से पहले उसके दौरान और उसके बाद कई दिनों तक आईडीएफ और अमेरिकी सशस्त्र बलों ने रक्षा में एक साथ सहयोग किया। आईडीएफ इस सहयोग की बहुत प्रशंसा व्यक्त करता है और क्षेत्रीय स्थिरता और सेनाओं के बीच समन्वय को मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता को दिखाता है। इस्राइल अमेरिकी सशस्त्र बलों के साथ अपने संबंधों को गहरा करना जारी रखेगा।
दिल्ली स्थिति इस्राइली दूतावास की बढ़ाई गई सुरक्षा
ईरान द्वारा इस्राइल पर किए गए मिसाइल हमले के बाद दिल्ली स्थित इस्राइली दूतावास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही विदेश मंत्रालय ने भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
कोपेनहेगन में इस्राइली दूतावास के पास दो धमाके, जांच में जुटी पुलिस
डेनमार्क की पुलिस ने बुधवार को कहा कि वे उस स्थान पर प्रारंभिक जांच कर रहे हैं, जहां कोपेनहेगन में इस्राइली दूतावास के पास दो विस्फोट हुए थे। पुलिस ने कहा कि डेनमार्क के इन दो क्षेत्र में हुए विस्फोटों में कोई घायल नहीं हुआ है। कोपेनहेगन पुलिस ने एक्स पर लिखा कि, दो विस्फोटों के आधार पर हम स्ट्रैंडगेरवेज/लुंडेवांग्सवेज क्षेत्र में जांच कर रहे हैं। कोई भी घायल नहीं हुआ है। क्षेत्र में स्थित इस्राइली दूतावास से जुड़े धमाकों के संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा, हमें वर्तमान में बहुत सारे कॉल आ रहे हैं, जिनका हम जवाब नहीं दे पा रहे हैं।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने जारी की चेतावनी
ईरान- इस्राइल के बीच जारी संघर्ष को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालयल की ओर से अहम प्रतिक्रिया सामने आई है। विदेश मंत्रालय ने कहा, हम इस क्षेत्र में हो रही गतिविधियों पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं। भारतीय नागरिकों को ईरान की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी जाती है। वर्तमान में ईरान में रहने वाले लोगों से अनुरोध है कि वे सतर्क रहें और तेहरान में भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें।
ईरान ने बंद किया अपने एयर स्पेस
ईरान और इस्राइल के बीच जारी संघर्ष लगातार गहराता जा रहा है। इस्राइल अब पलटवार करने के मूड में है। नेतन्याहू ने बदला लेने की कसम खाई है। माना जा रहा है कि, किसी भी वक्त इस्राइल ईरान पर हवाई हमला कर सकता है। इस खतरे की आशंका को देखते हुए अब ईरान ने गुरुवार सुबह 5 बजे तक अपने एयर स्पेस को बंद कर दिया है।
2 यमनी बंदरगाह चालू हैं, लेकिन बिजली स्टेशन हुए क्षतिग्रस्त
संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि, यमन के दो मुख्य बंदरगाह चालू हैं, लेकिन रविवार को इस्राइली हमलों के बाद बिजली स्टेशन क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
चार्टर्ड फ्लाइट के जरिए चीन ने लेबनान से निकाले अपने नागरिक
चीन ने लेबनान में फंसे अपनी नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। आज सुबह 146 चीनी नागरिक और उनके परिवार के पांच सदस्य चार्टर्ड फ्लाइट से बीजिंग पहुंचे। चीन की आधिकारिक समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि लेबनान में चीनी दूतावास जारी रहेगा।
डेनमार्क में इस्राइली दूतावास के बाहर धमाका
डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में धमाकों की आवाज सुनी गई है, बताया जा रहा है कि, ये धमाका इस्राइली दूतावास के बाहर हुई है। इन धमाकों के बाद दूतावास की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि, इन धमाकों में फिलहाल किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है।
इस्राइल बना सकता है ईरान के तेल संयंत्रों को निशाना
एक्सियोस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस्राइल की सेना कुछ दिनों के भीतर ईरान के तेल उत्पादन संयंत्रों को निशाना बनाकर मिसाइल हमला कर सकता है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने बुधवार को आपात बैठक बुलाई
मध्य पूर्व में बढ़े संघर्ष को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने बुधवार को आपात बैठक बुलाई है। बता दें कि, ईरान ने मंगलवार को इस्राइल के खिलाफ 200 मिसाइलें दागी हैं। दोनों देशों द्वारा किए गए हमले और जवाबी हमले से इस क्षेत्र में काफी तनाव बढ़ गया है। इस क्षेत्र में संयुक्त राष्ट्र तत्काल युद्ध विराम चाहता है।
बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने की युद्ध विराम की अपील
ईरान ने मंगलवार को संघर्ष बढ़ने के बाद इस्राइली क्षेत्र में 200 मिसाइलें दागीं थी। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने दोनों देशों के बीच चल रहे संघर्ष को रोकने की अपील की है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने क्षेत्र में "लगातार बढ़ते तनाव" की निंदा की और तुरंत युद्ध विराम का आह्वान किया।
तेल की कीमतों में बढ़ोतरी
ईरानी और इस्राइल के बीच बढ़ रहे विवाद का असर अब दुनिया पर दिखने लगा है। दोनों देशों में बढ़ते तनाव का असर सबसे पहले कच्चे तेल की कीमतों पर दिखने लगा है। आज क्रूड ऑयल के दाम एक झटके में 5 फीसदी तक बढ़ गए हैं।
इस्राइल ने हिजब्बुला पर फिर की एयर स्ट्राइक
ईरान के हमले के बाद भी इस्राइल की हिजब्बुला पर कार्रवाई जारी है। लेबनान के बेरूत के दक्षिणी इलाकों में इस्राइल ने हवाई हमले किए। लेबनान के एक सुरक्षा सूत्र ने बताया कि बुधवार तड़के इस्राइली सेना ने बेरूत के दक्षिणी इलाकों में कम से कम पांच हवाई हमले किए हैं। जो हिजब्बुला के ठिकानों को निशाना बनाकर किए थे।
जापान के नए प्रधानमंत्री ने इस्राइल पर हमले को बताया-अस्वीकार्य
जापान के नए प्रधानमंत्री शिगेरू किशिदा ने बुधवार को एक बयान जारी कर इस्राइल पर हमले को ‘अस्वीकार्य’ बताया। उन्होंने मध्यस्थ के रूप में संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ सहयोग करने और वास्तविक युद्ध को रोकने की भी पेशकश की।
ईरान ने इस्राइल पर 200 मिसाइलें दागने की पुष्टि की
सरकारी टीवी ने बुधवार को बताया कि, ईरान ने इस्राइल पर 200 मिसाइलें दागीं हैं। इस्राइली सेना ने कहा था कि 180 मिसाइलें दागी गई थीं और उनमें से ज़्यादातर को रोक दिया गया था।
जो बाइडन ने ईरानी हमले को बताया- विफल
अमेरिकी राष्ट्रपति ने हमले को लेकर रहा कि, मेरे निर्देश पर अमेरिका की सेना ने इस्राइल की रक्षा का सक्रिय रूप से समर्थन किया है और हम अभी भी इसके प्रभाव का आकलन कर रहे हैं। लेकिन अब जो हमें पता है कि ईरान का ये हमला पूरी तरह से विफल और अप्रभावी प्रतीत होता है। यह इस्राइल की सैन्य क्षमता और अमेरिकी सेना का प्रमाण है।
मिसाइलों को इस्राइल और अमेरिका के नेतृत्व वाले रक्षा गठबंधन ने रोका: हगारी
आईडीएफ के प्रवक्ता आरएडीएम. डैनियल हगारी ने कहा, 'इरान ने इस्राइल राज्य पर सीधे ईरानी धरती से 180 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलों का बड़े पैमाने पर हमला किया। इस्राइल के केंद्र में थोड़ी संख्या में हमले हुए और दक्षिणी इस्राइल में कुछ अन्य हमले हुए। अधिकांश आने वाली मिसाइलों को इस्राइल और अमेरिका के नेतृत्व वाले रक्षा गठबंधन द्वारा रोक दिया गया। ईरान का यह हमला एक गंभीर वृद्धि है। इसके खतरनाक परिणाम होंगे। हमारी रक्षा और आक्रमणकारी क्षमताएं सर्वोच्च स्तर पर तैयार हैं। हमारी संचालन योजनाएं तैयार हैं। हम इस्राइल सरकार के निर्देश के अनुसार जहां, जब और जैसे चाहेंगे उत्तर देंगे।
ईरान और उसके प्रतिनिधि सात अक्तूबर से कई मोर्चों पर इस्राइल पर हमला कर रहे हैं। आईडीएफ इस्राइल की रक्षा करने और इस्राइल के लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक हर कदम उठाती रहेगी।
बाइडन ने की उच्चस्तरीय बैठक
वहीं, हमले के बाद व्हाइट हाउस ने भी ट्वीट कर इस मामले में प्रतिक्रिया दी है। व्हाइट हाउस ने कहा कि आज सुबह, राष्ट्रपति बाइडन ने इस्राइल के खिलाफ एक महत्वपूर्ण बैलिस्टिक मिसाइल हमला शुरू करने की ईरानी योजनाओं पर चर्चा करने के लिए उपराष्ट्रपति हैरिस और उनकी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ एक बैठक बुलाई। उन्होंने इस्राइल को इन हमलों से बचाने और क्षेत्र में अमेरिकी कर्मियों की सुरक्षा में मदद करने के लिए अमेरिकी तैयारियों की स्थिति की समीक्षा की।
जयशंकर-ब्लिंकन की बैठक में भी ईरान-इस्राइल तनाव पर चर्चा
वहीं, वाशिंगटन डीसी में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर की वार्ता के दौरान भी ईरान-इस्राइल तनाव पर चर्चा हुई। इस दौरान ब्लिंकन ने कहा कि कुछ घंटे पहले, ईरान ने पांच महीने के अंतराल में दूसरी बार इस्राइल पर सीधा हमला किया, जिसमें लगभग 200 बैलिस्टिक मिसाइलें शामिल थीं। यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है और पूरी दुनिया को इसकी निंदा करनी चाहिए। प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि संयुक्त राज्य अमेरिका और अन्य भागीदारों के सक्रिय समर्थन से इस्राइल ने इस हमले को प्रभावी ढंग से हरा दिया। हमने एक बार फिर इस्राइव की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। हम आने वाले घंटों और दिनों में इस्राइल और क्षेत्र के अन्य भागीदारों के साथ बहुत करीबी संपर्क में रहेंगे।
इस्राइल में विमान या रणनीतिक सैन्य संपत्तियों को किसी नुकसान की जानकारी नहीं
इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने ईरान-इस्राइल तनाव पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आज ईरान ने इस्राइल में लगभग 200 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इस हमले के खिलाफ इस्राइल की रक्षा में मदद करने के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका की सेना ने इस्राइली रक्षा बलों के साथ निकटता से समन्वय किया। अमेरिकी नौसैनिक विध्वंसक भीतर की ओर आने वाली मिसाइलों को मार गिराने के लिए इंटरसेप्टर फायरिंग में इजरायली वायु रक्षा इकाइयों में शामिल हो गए हैं। राष्ट्रपति बाइडन और उपराष्ट्रपति हैरिस ने व्हाइट हाउस सिचुएशन रूम से हमले और प्रतिक्रिया की निगरानी कर रही हैं। हम हमले के प्रभाव का आकलन करने के लिए अभी भी आईडीएफ और इस्राइल में अधिकारियों के साथ काम कर रहे हैं। लेकिन इस समय, हमें इस्राइल में किसी भी मौत की जानकारी नहीं है। हम वेस्ट बैंक के जेरिको में एक फ़िलिस्तीनी नागरिक की कथित मौत पर नज़र रख रहे हैं। हमें इस्राइल में विमान या रणनीतिक सैन्य संपत्तियों को किसी नुकसान की जानकारी नहीं है... ऐसा प्रतीत होता है कि यह हमला पराजित और अप्रभावी रहा है। यह सबसे पहले और सबसे महत्वपूर्ण आईडीएफ की व्यावसायिकता का परिणाम था।
आगे उन्होंने कहा कि हम आज जाफ़ा में एक आतंकवादी हमले की रिपोर्टों से भी अवगत हैं जिसमें कई इस्राइली नागरिकों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। हमारी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों और जेरिको में फिलिस्तीनी नागरिकों के परिवार के प्रति हैं. हम अधिक जानकारी इकट्ठा करने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार संशोधन और समायोजन करने का अधिकार सुरक्षित रखते हैं...यह एक विकट स्थिति है। हम प्रतिक्रिया के संदर्भ में अगले कदमों और ईरान ने जो किया है उससे निपटने के तरीके पर इजरायलियों से परामर्श करेंगे। हम ईरान और उसके प्रतिनिधियों से आगे के खतरों और हमलों की निगरानी करना जारी रखेंगे। हम विशेष रूप से अमेरिकी सेवा सदस्यों की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
इस बीच, जानकारी मिली है कि अमेरिकी विध्वंसक जहाज ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल हमले के खिलाफ इजरायली वायु सेना में शामिल हो गए हैं।
ईरान ने कहा कि हिजबुल्ला प्रमुख हसन नसरल्ला की शहादत का यह पहला बदला है। यह अभी शुरुआत है। वहीं, इस्राइल ने कहा कि वह हमले का कड़ा जवाब देगा। वक्त और जगह वह खुद तय करेगा। ईरान के हमले के बाद पश्चिम एशिया का संघर्ष भीषण रूप लेता दिख रहा है। अमेरिका ने हमले से कुछ घंटे पहले ही इस्राइल को सतर्क किया था। हमले के बाद इस्राइल ने सभी उड़ानें और ट्रेनें रोक दी हैं। जॉर्डन और इराक ने भी अपने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए हैं। अल जजीरा के अनुसार, हमले के बीच इस्राइल युद्ध कैबिनेट की बैठक बंकर में करनी पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने तेल अवीव व यरूशलम में घरों की खिड़कियों के शीशे तोड़ने वाले धमाके सुनने का दावा किया। हालांकि यह साफ नहीं हुआ कि धमाके मिसाइलों के लक्ष्य से टकराने से हुए या इस्राइली डोम एयर डिफेंस सिस्टम से टकराने के कारण।
इस्राइल में बज रहे अलर्ट के सायरन
इस्राइली सेना के अनुसार, देश में कई जगहों पर चेतावनी के सायरन बजाए जा रहे हैं। नागरिकों को सतर्क रहने और होम फ्रंट कमांड के निर्देशों का ठीक से पालन करने का निर्देश दिया गया है। आईडीएफ के अनुसार, कुछ देर पहले ही होम फ्रंट कमांड ने देश भर के कई क्षेत्रों में जीवन रक्षक निर्देश जारी किए हैं। इस्राइल के नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है और करेगा। आईडीएफ के अनुसार, सभी इस्राइली नागरिक बम शेल्टर होम में हैं क्योंकि ईरान से इस्राइल पर रॉकेट दागे जा रहे हैं।
हिजबुल्ला-हमास नेताओं की हत्या का बदला
वहीं एपी के मुताबिक, ईरान ने कहा कि उसने हिजबुल्ला नेता और हमास अधिकारी की हत्या का बदला लेने के लिए इस्राइल पर दर्जनों मिसाइलें दागीं।