फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi In G7 Live: PM मोदी इटली से रवाना; जी7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में लिया भाग, इन बातों पर चर्चा

Sat, 15 Jun 2024 03:16 AM IST
अभिषेक दीक्षित वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, रोम

खास बातें

G7 Summit PM Modi Italy Visit Live News in Hindi : जी7 शिखर सम्मेलन के ‘आउटरीच’ सत्र में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली की यात्रा पर हैं। उन्होंने मेजबान देश इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की। मेलोनी के अलावा पीएम मोदी फ्रांस, ब्रिटेन और यूक्रेन के राष्ट्राध्यक्षों से भी मिले। सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ऊर्जा, अफ्रीका और भूमध्यसागरीय क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
विज्ञापन
जी7 शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी और इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी - फोटो : दूरदर्शन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:14 AM, 15-Jun-2024

पीएम मोदी स्वदेश रवाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को इटली की अपनी एक दिवसीय यात्रा समाप्त करने के बाद स्वदेश के लिए रवाना हो गए। इससे पहले उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट कर वहां के लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि अपुलिया में जी7 शिखर सम्मेलन में बहुत ही उपयोगी दिन रहा। विश्व नेताओं के साथ बातचीत की और विभिन्न विषयों पर चर्चा की। साथ मिलकर, हमारा लक्ष्य ऐसे प्रभावशाली समाधान तैयार करना है जो वैश्विक समुदाय को लाभ पहुंचाएं और भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक बेहतर दुनिया का निर्माण करें। मैं इटली के लोगों और सरकार को उनके गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए धन्यवाद देता हूं।

अपनी यात्रा के दौरान शिखर सम्मेलन से इतर, मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, कनाडाई प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो, फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों, ब्रिटिश प्रधान मंत्री सुनक, यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की, इतालवी प्रधान मंत्री मेलोनी, पोप फ्रांसिस और जापानी प्रधान मंत्री फुमियो किशिदा सहित अन्य से मुलाकात की। गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री के रूप में अपने तीसरे कार्यकाल के लिए कार्यभार संभालने के बाद मैक्रों के साथ मोदी की किसी अंतरराष्ट्रीय नेता के साथ पहली आधिकारिक द्विपक्षीय बैठक थी।

10:49 PM, 14-Jun-2024

जी7 में पीएम मोदी का एआई पर जोर
भारत के एआई (कृत्रिम मेधा) मिशन की बात करते हुए पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि इस तकनीक का उद्देश्य सभी की प्रगति और भलाई को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस व्यापक उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए भारत अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा दे रहा है।

10:01 PM, 14-Jun-2024

हम सभी को मिलकर हरित युग बनाना होगा- पीएम मोदी
जी7 के आउटरीच सत्र में पीएम मोदी ने कहा कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (कृत्रिम मेधा) में राष्ट्रीय रणनीति तैयार करने वाले पहले कुछ देशों में से एक है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में भारत का दृष्टिकोण चार सिद्धांतों उपलब्धता, पहुंच, सामर्थ्य और स्वीकार्यता पर आधारित है। प्रधानमंत्री ने आगे कहा ‘हमें मिलकर आने वाले समय को 'हरित युग' बनाने का प्रयास करना चाहिए। 2047 तक विकसित भारत का निर्माण हमारा संकल्प है। हमारी प्रतिबद्धता है कि समाज का कोई भी वर्ग पीछे न छूटे। ग्लोबल साउथ के देश वैश्विक अनिश्चितताओं और तनाव का खामियाजा भुगत रहे हैं। ग्लोबल साउथ के देशों की प्राथमिकताओं और चिंताओं को विश्व मंच पर रखना भारत की जिम्मेदारी है। हमें गर्व है कि भारत की अध्यक्षता में जी-20 ने अफ्रीकी संघ को समूह का स्थायी सदस्य बनाया।’

 

विज्ञापन
07:50 PM, 14-Jun-2024

जी7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में पीएम मोदी
जी7 के आउटरीच सत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (कृत्रिम मेधा), ऊर्जा, अफ्रीका और भूमध्य सागर पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने इस सत्र में हिस्सा लिया।

06:50 PM, 14-Jun-2024

पीएम मोदी ने पोप फ्रांसिस से की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली में जी7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में पोप फ्रांसिस से मुलाकात की।

 

विज्ञापन
06:08 PM, 14-Jun-2024

जी7 शिखर सम्मेलन में पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में पहुंचे। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी का स्वागत किया। भारत जी7 शिखर सम्मेलन में 'आउटरीच राष्ट्र' के रूप में भाग ले रहा है।
 

04:10 PM, 14-Jun-2024

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से पीएम मोदी की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर अपुलिया में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान पीएम मोदी ने भारत-ब्रिटेन के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
 

 

04:10 PM, 14-Jun-2024

पीएम मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति से की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली में जी7 शिखर सम्मेलन के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की। मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भारत, यूक्रेन के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए उत्सुक है। उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ बैठक बहुत सार्थक रही।

 

03:21 PM, 14-Jun-2024

पीएम मोदी ने की फ्रांस के राष्ट्रपति से मुलाकात
जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने इटली पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने रक्षा, एआई (कृत्रिम मेधा), महत्वपूर्ण तकनीक और अंतरिक्ष जैसे प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने आगामी पेरिस ओलंपिक 2024 की मेजबानी के लिए राष्ट्रपति मैक्रों को शुभकामनाएं दीं।
 
 

09:31 AM, 14-Jun-2024

पोप फ्रांसिस के पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करने की भी उम्मीद
प्रधानमंत्री मोदी अपने एक दिन के दौरे में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी द्वारा आयोजित कृत्रिम मेधा यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ऊर्जा, अफ्रीका और भूमध्यसागरीय क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित करने वाले एक सत्र में हिस्सा लेंगे। इस सत्र में पोप फ्रांसिस भी शामिल होंगे। पोप फ्रांसिस के मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करने की भी उम्मीद है।

09:31 AM, 14-Jun-2024

जी7 शिखर सम्मेलन के 'आउटरीच सत्र' को भी संबोधित करेंगे पीएम मोदी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने हवाई अड्डे से एक वीडियो संदेश में कहा कि भारत के प्रधानमंत्री जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए इटली के ब्रिंडिसी हवाई अड्डे पहुंचे। उनका शुक्रवार का दिन बेहद व्यस्त रहने वाला है। हमारी एक के बाद एक कई वैश्विक नेताओं से साथ द्विपक्षीय बैठकें हैं। वह जी7 शिखर सम्मेलन के 'आउटरीच सत्र' को भी संबोधित करेंगे।

08:36 AM, 14-Jun-2024

हिंद-प्रशांत क्षेत्र के 11 विकासशील देश हो रहे शामिल
भारत के अलावा इटली ने अफ्रीका, दक्षिण अमेरिका और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के 11 विकासशील देशों के नेताओं को शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। हालांकि, यूरोपीय संघ जी7 का सदस्य नहीं है, लेकिन यह वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेता है।

08:36 AM, 14-Jun-2024

कई द्विपक्षीय बैठकें करने की संभावना
प्रधानमंत्री के शिखर सम्मेलन से इतर कई द्विपक्षीय बैठकें करने की संभावना है। पीएम मोदी इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। जी7 में अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, इटली, जर्मनी, कनाडा और जापान शामिल हैं। इटली जी7 (सात देशों के समूह) शिखर सम्मेलन की वर्तमान में अध्यक्षता और मेजबानी कर रहा है। रूस को इस समूह में शामिल करने के साथ 1997 और 2013 के बीच इसका विस्तार जी8 के रूप में हुआ। हालांकि, क्रीमिया पर कब्जा करने के बाद 2014 में रूस की भागीदारी निलंबित कर दी गई थी।

08:36 AM, 14-Jun-2024

पीएम मोदी ने कही यह बात
पीएम मोदी ने कहा, 'प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर मैं 14 जून को आयोजित होने वाले जी7 आउटरीच शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इटली के अपुलिया क्षेत्र की यात्रा कर रहा हूं।' उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद उनकी पहली यात्रा जी7 शिखर सम्मेलन के लिए इटली की हो रही है।

08:17 AM, 14-Jun-2024

PM Modi In G7 Live: PM मोदी इटली से रवाना; जी7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में लिया भाग, इन बातों पर चर्चा

PM Modi In G7 Summit Updates: जी7 शिखर सम्मेलन के ‘आउटरीच’ सत्र में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली की यात्रा पर हैं। रवाना होने से पहले उन्होंने गुरुवार को कहा कि सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ऊर्जा, अफ्रीका और भूमध्यसागरीय क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। सत्र में ‘ग्लोबल साउथ’ के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। तीसरी बार पीएम बनने के बाद पीएम मोदी अपनी पहली विदेश यात्रा के तहत यूरोपीय देश पहुंचे हैं। इटली के अपुलिया क्षेत्र के बोर्गो एग्नाजिया के रिसॉर्ट में 13 से 15 जून तक आयोजित होने वाले जी7 शिखर सम्मेलन में यूक्रेन में युद्ध और गाजा में संघर्ष के मुद्दों के छाये रहने की उम्मीद है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें