फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

G7 Summit Day-2 Live: पीएम मोदी ने इतालवी समकक्ष मेलोनी समेत कई नेताओं से की मुलाकात; शाम में ट्रंप से वार्ता

Wed, 17 Jun 2026 03:40 PM IST
Jyoti Bhaskar वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।

खास बातें

G7 Summit 2026 in France Live News in Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के एवियन में आयोजित जी7 देशों के सम्मेलन में मंगलवार को मजबूती से भारत का पक्ष रखा। आज सम्मेलन का दूसरा दिन है। जी7 देशों की बैठक से इतर आज कई कारोबारियों और कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) से के साथ बातचीत निर्धारित है। पीएम मोदी आज शाम करीब 6.15 बजे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। जी7 सम्मेलन से इतर कई अहम द्विपक्षीय बैठकों का कार्यक्रम भी निर्धारित है। जी7 देशों के इस सम्मेलन में मेजबान फ्रांस के अलावा कनाडा, ब्रिटेन, इटली, यूएई समेत कई देश शामिल हो रहे हैं। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए जी7 सम्मेलन और इससे इतर द्विपक्षीय बैठकों से जुड़े तमाम अपडेट्स
विज्ञापन
पीएम मोदी का फ्रांस दौरा - फोटो : पीटीआई / अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:50 PM, 17-Jun-2026

पीएम मोदी ने इतालवी समकक्ष समेत कई नेताओं से की मुलाकात

पीएम मोदी ने जी7 शिखर सम्मेलन से इतर फ्रांस के एवियन में इतालवी समकक्ष मेलोनी समेत कई देशों के नेताओं से मुलाकात की।



प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात के दौरान विदेश मंत्री जयशंकर भी मौजूद रहे।

11:50 AM, 17-Jun-2026

जापानी प्रधानमंत्री से भी हुई पीएम मोदी की द्विपक्षीय मुलाकात

प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा कर पीएम मोदी ने एक्स हैंडल पर लिखा कि जापानी समकक्ष के साथ विचारों का शानदार आदान-प्रदान हुआ। भारत और जापान व्यापार और निवेश को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में अपने सहयोगात्मक संबंधों को और गहरा करेंगे।

11:20 AM, 17-Jun-2026

पीएम मोदी ने दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति से की मुलाकात

फ्रांस के एवियन में दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति से मुलाकात की तस्वीर साझा कर पीएम मोदी ने एक्स हैंडल पर लिखा, 'मैंने एवियन में दक्षिण कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति ली जे-म्योंग के साथ बेहद सार्थक बातचीत की। दो महीने पहले ही मैंने भारत में राष्ट्रपति ली का स्वागत किया था। दोनों देश न केवल व्यापार और वाणिज्य में बल्कि भविष्य के विभिन्न उच्च-तकनीकी क्षेत्रों में भी घनिष्ठ सहयोग कर रहे हैं।
 

विज्ञापन
09:06 AM, 17-Jun-2026

आज शाम करीब 6.15 बजे ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम करीब 6.15 बजे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। उनके अनुमानित कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री यूरोपीय संघ की त्रिपक्षीय बैठक में भी शामिल हो सकते हैं। भारतीय समयानुसार उनके संभावित कार्यक्रम पर एक नजर:

  • दोपहर करीब एक बजे- G7 समूह और सहयोगियों की वर्किंग मीटिंग।
  • दोपहर करीब दो बजे यूरोपीय संघ की त्रिपक्षीय बैठक।
  • दोपहर करीब 3.30 बजे जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ द्विपक्षीय बैठक।
  • जी7 एवं पार्टनर देशों के प्रतिनिधि दुनिया की बड़ी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियों के CEOs के साथ वर्किंग लंच (करीब छह बजे)
  • शाम करीब 06:15 बजे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक।
  • अतिरिक्त द्विपक्षीय बैठकों की योजना (शाम लगभग सात बजे)
  • एवियन से जिनेवा के लिए प्रस्थान (रात करीब 8:30 बजे)
  • जिनेवा से पेरिस रवानगी (रात करीब 9:10 बजे)

11:44 PM, 16-Jun-2026

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर के साथ पीएम मोदी ने की द्विपक्षीय बैठक

विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज फ्रांस के एवियन में जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने पिछले वर्ष दोनों प्रधानमंत्रियों की पारस्परिक यात्राओं के बाद से भारत-ब्रिटेन संबंधों में आई मजबूत गति की समीक्षा की और व्यापार एवं आर्थिक विकास, रक्षा एवं सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और हरित ऊर्जा, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार तथा शिक्षा एवं जन-संबंधों सहित विजन 2035 के सभी स्तंभों में हुई प्रगति का स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस वर्ष की शुरुआत में दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में ब्रिटेन के सशक्त प्रतिनिधित्व के लिए प्रधानमंत्री स्टार्मर को धन्यवाद दिया। इसके साथ ही उन्होंने प्रौद्योगिकी सुरक्षा पहल के तहत हुई निरंतर प्रगति का स्वागत किया, जिसमें हाल ही में भारत-ब्रिटेन क्रिटिकल मिनरल्स ग्लोबल सप्लाई चेन ऑब्जर्वेटरी का शुभारंभ भी शामिल है।

विज्ञापन
11:41 PM, 16-Jun-2026

जी7 के मंच से पीएम मोदी ने उठाया भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा

जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "हम पश्चिम एशिया में शांति प्रयासों में हुई प्रगति का स्वागत करते हैं। इस संघर्ष के कारण पश्चिम एशिया में हमारे मित्र देशों को जान-माल का नुकसान हुआ है। होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री व्यापार बाधित होने से वैश्विक अर्थव्यवस्था को भारी क्षति पहुंची है। कई भारतीय नागरिकों ने अपनी जान गंवाई है। वैश्विक समुद्री व्यापार के माध्यम से सभी देशों को जोड़ने वाले नाविकों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि समुद्री मार्ग सुरक्षित रहें और नाविक बिना किसी भय के अपना काम कर सकें।" 

06:52 PM, 16-Jun-2026

G7 समिट 2026: फ्रांस में पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की हुई मुलाकात

G7 शिखर सम्मेलन 2026 के इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी विशेष मुलाकात की, जहां दोनों वैश्विक नेताओं के बीच बेहद गर्मजोशी और दोस्ताना माहौल देखा गया। इस मुलाकात के बाद भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने, वैश्विक व्यापार, सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे कई द्विपक्षीय व वैश्विक मुद्दों पर सार्थक चर्चा होने की उम्मीद है, जो आने वाले समय में दोनों देशों के रिश्तों को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगी।
 


 

06:49 PM, 16-Jun-2026

एवियन में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी का किया गर्मजोशी से स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैश्विक मंच पर भारत का पक्ष रखने के लिए मंगलवार को फ्रांस के एवियन पहुंचे, जहां G7 शिखर सम्मेलन 2026 के भव्य आयोजन स्थल पर फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने उनका बेहद गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया। इस शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी विश्व के अन्य शीर्ष नेताओं के साथ वैश्विक अर्थव्यवस्था, सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और तकनीकी सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर उच्च स्तरीय चर्चाओं में भाग लेंगे, जिससे भारत और फ्रांस के द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ वैश्विक कूटनीति को भी एक नई मजबूती मिलेगी।
 

04:51 PM, 16-Jun-2026

G7 समिट में शामिल होने पहुंचे पीएम मोदी, कई मुद्दों पर होगी बातचीत

03:59 PM, 16-Jun-2026

जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने एवियन पहुंचे प्रधानमंत्री, तस्वीर के जरिए दिया संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए फ्रांस के एवियन शहर पहुंच चुके हैं। वहां पहुंचते ही उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी और कहा कि वे दुनिया के बड़े नेताओं के साथ वैश्विक मुद्दों पर बातचीत करने के लिए बेहद उत्सुक हैं। पीएम मोदी ने साफ किया कि भारत पूरी दुनिया को अधिक सुरक्षित, समृद्ध और टिकाऊ बनाने के लिए सभी देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस दौरे पर वे कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ खास बैठकें भी करेंगे।
 

03:37 PM, 16-Jun-2026

पीएम मोदी जिनेवा पहुंचने पर क्या बोले?

प्रधानमंत्री मोदी ने जिनेवा पहुंचने के बाद एक्स हैंडल पर तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा, 'कुछ देर पहले जिनेवा पहुंचा, यहां से मैं G7 समिट के लिए एवियन जाऊंगा। एयरपोर्ट पर स्विस प्रेसिडेंट मिस्टर गाय पार्मेलिन से मुलाकात हुई। उनके साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई।

03:03 PM, 16-Jun-2026
स्विटजरलैंड के जिनेवा पहुंचे पीएम मोदी का राष्ट्रपति गाय पारमेलिन ने स्वागत किया - फोटो : पीटीआई

प्रधानमंत्री स्विटजरलैंड के जिनेवा पहुंचे, यहां से जाएंगे फ्रांस

प्रधानमंत्री स्विटजरलैंड के जिनेवा पहुंच गए हैं। यहां से वे फ्रांस के शहर एवियन रवान होंगे। स्विस प्रेसिडेंट गाय पारमेलिन ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया।

02:01 PM, 16-Jun-2026
जी7 देशों के सम्मेलन में पहुंचे कई बड़े नेता - फोटो : पीटीआई

जी7 देशों की बैठक से पहले आई दिलचस्प तस्वीरें

जी7 देशों की बैठक शुरू होने से पहले कई दिलचस्प तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों में मेजबान देश के राष्ट्रपति मैक्रों यूक्रेन के समकक्ष वोलोदिमीर जेलेंस्की, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई अन्य नेताओं का स्वागत करते दिखे। तस्वीरों में इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी और उनके कनाडाई समकक्ष मार्क कार्नी को भी देखा गया।
 

01:52 PM, 16-Jun-2026

क्या है जी-7 सम्मेलन, इसका क्या इतिहास?

जी7 के गठन की कहानी भी काफी दिलचस्प है। दरअसल, 1970 का दौर, वह समय था, जब पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था तेल के बढ़ते दामों की वजह से मुश्किल में थी। खासकर तेल पैदा करने वाले देशों के संगठन- ऑर्गनाइजेशन ऑफ द पेट्रोलियम एक्सपोर्टिंग कंट्रीज (ओपेक) यानी पेट्रोल निर्यातक देशों के संगठन की मनमानी की वजह से। 

ओपेक की तरफ से तेल के निर्यात पर लगी पाबंदियों का असर ऐसा हुआ कि तब अमेरिका के वित्त मंत्री जॉर्ज शुल्ज ने एक बैठक बुला ली। पहली बैठक में छह देश इकट्ठा हुए और आर्थिक संकटों से निपटने पर चर्चा की। फैसला हुआ कि एक साल बाद यह देश फिर मिलेंगे और उठाए गए कदमों की समीक्षा करेंगे। 

1976 
एक साल बाद जब यह बैठक फिर हुई तो कनाडा को भी इसका हिस्सा बना लिया गया। इस तरह जी7 अस्तित्व में आया।  

1977
यूरोपीय आयोग (ईसी) के अध्यक्ष को भी जी7 की बैठकों के लिए आमंत्रित कर दिया गया। सामूहिक तौर पर यूरोप जी7 का हिस्सा नहीं बना।

1997
रूस को इस समूह में शामिल किया गया था। इसके बाद यह जी-8 बन गया। हालांकि, 2014 में यूक्रेन के क्रीमिया पर कब्जा करने के बाद रूस को समूह से निलंबित कर दिया गया और यह वापस जी-7 बन गया। 

01:01 PM, 16-Jun-2026

पीएम मोदी साढ़े तीन बजे फ्रांस पहुंचेंगे

जी7 सम्मेलन से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीएम मोदी दोपहर करीब साढ़े तीन बजे फ्रांस पहुंचेंगे। जहां वे जी7 शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे। 

12:31 PM, 16-Jun-2026

चीन के बढ़ते निर्यात पर होगी चर्चा, इसका यूरोपीय अर्थव्यवस्था पर असर का मुद्दा उठाएंगे मैक्रों

जी7 शिखर सम्मेलन 2026 में आज चीन के बढ़ते निर्यात और उसके यूरोपीय अर्थव्यवस्था पर पड़ रहे प्रभाव का मुद्दा प्रमुखता से उठ सकता है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों इस विषय पर सदस्य देशों के नेताओं के सामने अपनी चिंताएं रख सकते हैं। इस वर्ष की शुरुआत में मैक्रों ने चेतावनी दी थी कि चीन से होने वाला निर्यात यूरोप के बड़े हिस्से के उद्योगों को लगभग खत्म कर रहा है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि इस खतरे को समझने में यूरोप ने काफी देर कर दी।

इस बीच, यूरोपीय सहयोगी देशों की कोशिश है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को यूरोपीय संघ (EU) और कनाडा जैसे पारंपरिक सहयोगियों पर दंडात्मक शुल्क (टैरिफ) लगाने की नीति से पीछे हटने के लिए राजी किया जाए। यूरोपीय देशों का मानना है कि अमेरिका को अपने सहयोगी देशों के साथ व्यापारिक टकराव बढ़ाने के बजाय चीन से उत्पन्न आर्थिक चुनौतियों का संयुक्त रूप से मुकाबला करना चाहिए। इसी रणनीति के तहत जी7 बैठक में ट्रंप प्रशासन पर सहयोगी देशों के साथ मिलकर काम करने का दबाव बनाया जा सकता है।

08:32 AM, 16-Jun-2026

फ्रांस के राष्ट्रपति ने ट्रंप और अन्य मेहमानों का स्वागत किया

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने जी7 सम्मेलन के लिए एवियन पहुंचे अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप और अन्य मेहमानों का स्वागत किया। उन्होंने एक्स हैंडल पर जो वीडियो और तस्वीरें साझा की हैं, इसमें देखा जा सकता है कि ट्रंप का गर्मजोशी से स्वागत करने के अलावा उन्होंने फ्रांस समेत 9 देशों के प्रतिनिधियों / राष्ट्राध्यक्षों के साथ एक औपचारिक तस्वीर भी क्लिक कराई।

07:38 AM, 16-Jun-2026

आर्थिक और तकनीकी साझेदारी के प्रयास, फ्रांस में भारत का हासिल क्या?

दरअसल, जी7 के लिए भारत का रणनीतिक महत्व बढ़ रहा है। यह ठोस आर्थिक और प्रौद्योगिकी साझेदारियों में परिलक्षित होता है। हाल ही में संपन्न भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौता इसका प्रमाण है। नीस में भारत इनोवेट्स जैसी पहल भी इसका उदाहरण है। पेरिस में आगामी विवाटेक में भारत आधिकारिक एआई भागीदार देश होगा।

07:24 AM, 16-Jun-2026

जी7 सम्मेलन में भारत की भागीदारी क्यों अहम है?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों के निमंत्रण पर एवियन पहुंचे हैं। इस यात्रा के दौरान अहम द्विपक्षीय विषयों पर संवाद के अलावा वैश्विक मुद्दों पर भी व्यापक मंथन होने की उम्मीद है। भारत की जी7 शिखर सम्मेलन में 13वीं बार भागीदारी कर रहा है। प्रधानमंत्री लगातार 7वीं बार सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे हैं। सरकार के मुताबिक जी7 में भारत की नियमित भागीदारी वैश्विक चुनौतियों के समाधान में नई दिल्ली की भूमिका को दर्शाती है।

07:09 AM, 16-Jun-2026

G7 Summit Day-2 Live: पीएम मोदी ने इतालवी समकक्ष मेलोनी समेत कई नेताओं से की मुलाकात; शाम में ट्रंप से वार्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के एवियन में आज से शुरू हो रहे जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह उनकी दो देशों की यात्रा का तीसरा चरण है। दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमानुएल मैक्रों प्रधानमंत्री का औपचारिक स्वागत करेंगे। मोदी शिखर सम्मेलन के एक कार्य सत्र में शामिल होंगे। सत्र का विषय 'नई साझेदारी बनाना और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता का पुनर्निर्माण' है। इसमें जी7 देशों के नेता और भागीदार देश शामिल होंगे। विश्व बैंक तथा अफ्रीकी विकास बैंक के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

कई देशों के साथ द्विपक्षीय बैठकों की योजना, कार्नी-स्टार्मर से मुलाकात
जी7 देशों की बैठक के इतर प्रधानमंत्री कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। वे कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मिलेंगे। यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से भी उनकी मुलाकात होगी। संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से भी बातचीत करेंगे। बाद में, वे फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें