फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bangladesh Election Live: शेख हसीना की पार्टी ने दर्ज की आम चुनावों में जीत; आधी से ज्यादा सीटों पर किया कब्जा

Sun, 07 Jan 2024 10:17 PM IST
काव्या मिश्रा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ढाका

खास बातें

Bangladesh Elections 2024 Live News in Hindi: बांग्लादेश में आम चुनाव में शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने जीत दर्ज की है। इससे पहले, बांग्लादेश संसद की 300 सीटों के लिए मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ था। मतदान के दौरान संभावित हिंसा की आशंका को देखते हुए बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया था।
विज्ञापन
वोट डालने के बाद स्याही का निशान दिखाता एक बुजुर्ग। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:49 PM, 07-Jan-2024

लगातार चौथी बार पीएम बनेंगी शेख हसीना
बांग्लादेश की प्रधान मंत्री शेख हसीना की पार्टी ने बंपर जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही वे रिकॉर्ड चौथी बार लगातार पीएम पद संभालेंगी। वहीं, कुल मिलाकर उनका ये पांचवां कार्यकाल होगा। अनौपचारिक परिणामों का हवाला देते हुए ढाका ट्रिब्यून अखबार ने बताया कि अवामी लीग ने 170 निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल की है, जबकि जातीय पार्टी ने 10 सीटें हासिल की हैं। इसमें कहा गया है कि 45 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है।

11:08 PM, 07-Jan-2024

बांग्लादेश की वर्तमान प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी ने एक बार फिर आम चुनावों में शानदार जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही वे 5वीं बार देश की कमान संभालेंगी। समाचार एजेंसी एएफपी ने चुनाव निकाय के हवाले से बताया कि उनकी पार्टी को कम से कम आधी सीटें मिलीं। 

10:17 PM, 07-Jan-2024

पीएम हसीना गोपालगंज-3 निर्वाचन क्षेत्र से चुनी गईं

छिटपुट हिंसा और मुख्य विपक्षी बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) के बहिष्कार के बीच हुए आम चुनावों में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री और अवामी लीग प्रमुख शेख हसीना रविवार को गोपालगंज-3 निर्वाचन क्षेत्र से फिर से संसद के लिए चुनी गईं। 76 वर्षीय हसीना को 249,965 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी बांग्लादेश सुप्रीम पार्टी के एम निजाम उद्दीन लश्कर को सिर्फ 469 वोट मिले। गोपालगंज के उपायुक्त और रिटर्निंग ऑफिसर काजी महबुबुल आलम ने नतीजे की घोषणा की। हसीना ने 1986 के बाद से आठवीं बार गोपालगंज-3 सीट जीती है।

विज्ञापन
10:14 PM, 07-Jan-2024

मतगणना शुरू, शेख हसीना की पार्टी का जीतना लगभग तय

बांग्लादेश में छिटपुट हिंसा और मुख्य विपक्षी दल बीएनपी व उसके सहयोगियों के बहिष्कार के बीच आम चुनाव के लिए रविवार शाम मतदान संपन्न हो गया। इसके साथ ही मतगणना भी शुरू हो गई। चूंकि, विपक्षी पार्टी ने चुनाव का बहिष्कार कर रखा है, ऐसे में प्रधानमंत्री शेख हसीना के लगातार चौथी बार सत्ता में आने का रास्ता साफ हो गया है।

10:12 PM, 07-Jan-2024

बांग्लादेश चुनाव आयोग के एप पर यूक्रेन-जर्मनी से साइबर हमले

बांग्लादेश चुनाव आयोग ने रविवार को कहा कि यूक्रेन और जर्मनी के हैकरों ने उसके एप पर साइबर हमला किया। इस वजह से देश में 12वें आम चुनाव के दौरान उसका कामकाज धीमा हो गया। चुनाव आयोग (ईसी) के सचिव एमडी जहांगीर आलम ने कहा कि हमने 'स्मार्ट इलेक्शन मैनेजमेंट बीडी' नाम का एक मोबाइल एप्लिकेशन बनाया है। इससे वास्तविक समय पर मतदान की जानकारी मिलती है। हालांकि, मतदान के दौरान मतदाताओं ने रविवार सुबह से शिकायत की कि ईसी एप ठीक से काम नहीं कर रहा है। जांच के बाद पता चला कि एप पर यूक्रेन और जर्मनी के हैकर्स ने साइबर अटैक किया था।

विज्ञापन
09:14 PM, 07-Jan-2024

मेरे लिए लोगों की स्वीकार्यता महत्वपूर्ण है: प्रधानमंत्री हसीना

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने रविवार को कहा कि उन्हें चुनावों को लेकर विदेशी मीडिया की स्वीकृति की कोई परवाह नहीं है, क्योंकि देश के लोगों के बीच उनकी स्वीकार्यता ही सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है। हसीना ने यह टिप्पणी देश के 12वें आम चुनाव में अपना वोट डालने के बाद की। मुख्य विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने चुनावों का बहिष्कार किया था। निर्वाचन आयोग के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, मतदान लगभग 40 प्रतिशत हुआ है लेकिन अंतिम आंकड़ा बाद में ही सामने आएगा।

06:50 PM, 07-Jan-2024

बांग्लादेश में कम वोटिंग

छिटपुट हिंसा, मुख्य विपक्षी पार्टी बीएनपी और उसके सहयोगियों के बहिष्कार के बीच बांग्लादेश के लोग रविवार को आम चुनाव में वोट डालने के लिए कम संख्या में बाहर निकले। ऐसे में उम्मीद है कि प्रधानमंत्री शेख हसीना लगातार चौथी बार जीत हासिल कर सकती हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त काजी हबीबुल अवल ने कहा कि शुरुआती अनुमान के मुताबिक, मतदान लगभग 40 प्रतिशत हुआ, लेकिन अंतिम गिनती के बाद यह आंकड़ा बदल सकता है।

06:48 PM, 07-Jan-2024

'बीएनपी ने हार की आशंका से चुनाव में हिस्सा नहीं लिया'

गृह मंत्री असदुज्जमां खान ने रविवार को कहा कि मुख्य विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने संसदीय चुनाव में हिस्सा नहीं लिया, क्योंकि उसे पता था कि वह हार जाएगी। बीएनपी ने विभिन्न बहानों, विभिन्न मांगों के साथ चुनाव का बहिष्कार करने की रणनीति अपनाई है। उन्होंने 2018 के चुनाव में हिस्सा लिया और कुछ संसदीय सीटें जीतीं, लेकिन इस साल उन्होंने यह जानकर कदम पीछे खींच लिए कि वे हार जाएंगे।

03:20 PM, 07-Jan-2024

सात घंटे में सिर्फ 27.15 फीसदी मतदान

बांग्लादेश में सात घंटे की वोटिंग पूरी हो चुकी है। यहां दोपहर तीन बजे तक सिर्फ 27.15% वोट पड़े। इलेक्शन कमीशन के सेक्रेटरी जहांगीर आलम ने इसकी जानकारी दी। वोटिंग शाम पांच बजे तक जारी रहेगी।

03:19 PM, 07-Jan-2024

ढाका के हजारीबाग में 2 क्रूड बम फटे

राजधानी ढाका के हजारीबाग में दो क्रूड बम से विस्फोट हुआ। इसमें एक बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए। इन्हें ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

11:41 AM, 07-Jan-2024

शनिवार शाम को उपद्रवियों ने लालमोनिरहाट के हाटीबांधा उपजिला में एक मतदान केंद्र को आग के भेट चढ़ा दिया। इसके अलावा, शेख सुंदर मास्टरपारा प्राथमिक विद्यालय में शनिवार रात करीब 10 बजे आग लगा दी गई।

11:38 AM, 07-Jan-2024

रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश के 10 जिलों में कम से कम 14 मतदान केंद्रों और दो स्कूलों में आम चुनाव से कुछ घंटे पहले शुक्रवार शाम और शनिवार तड़के आग लगा दी गई।

11:31 AM, 07-Jan-2024

गृह मंत्री असदुज्जमां खान ने कहा, 'हमें भरोसा है कि हम जीतेंगे। हमने कई काम किए हैं। लोग शेख हसीना से प्यार करते हैं। बीएनपी लोगों की इच्छा के खिलाफ निर्णय ले रही है। हमें बांग्लादेश की स्थापना के समय से ही समर्थन मिला है। मुझे पता है कि हमें भारत से क्या सहयोग मिला है। इसलिए, हम मानते हैं कि हमारा संबंध बना रहेगा।'
 

10:02 AM, 07-Jan-2024

नरसिंहदी पोलिंग सेंटर पर बैलेट पेपर छीनने की कोशिश

बांग्लादेश के नरसिंहदी में इब्राहिमपुर सरकारी प्राथमिक विद्यालय को पोलिंग बूथ बनाया गया था। यहां फिलहाल वोटिंग को रोक दिया गया है। निर्वाचन अधिकारी बदीउल आलम ने बताया कि वोटिंग शुरू होने के बाद आठ-10 लोगों ने यहां बैलेट पेपर खींचने की कोशिश की। इसके बाद पोलिंग बूथ के इंचार्ज ने वोटिंग रोकने का फैसला किया।

10:02 AM, 07-Jan-2024

मैमनसिंह के नंदैल और गफरगांव उपजिलों में दो मतदान केंद्रों पर आगजनी के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। जिले के पुलिस अधीक्षक मासूम अहमद भुइयां ने बताया कि संदिग्धों को शनिवार सुबह हुए हमलों के बाद जिले के कई हिस्सों से गिरफ्तार किया गया।

 

09:47 AM, 07-Jan-2024

बांग्लादेश के चुनाव आयुक्त अनीसुर रहमान कहा कहना है, 'मुझे लगता है कि दिन के अंत तक मतदान प्रतिशत 50 प्रतिशत से कम नहीं होगा। देश भर में फिलहाल माहौल शांतिपूर्ण है।'

09:01 AM, 07-Jan-2024

बीएनपी (बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी) के चुनावों का बहिष्कार करने पर अहमद ने कहा, 'लोकतंत्र की उनकी परिभाषा बिल्कुल अलग है। वे लोगों को मारने, सरकारी संपत्ति को नष्ट करने, सामान्य लोगों के जीवन को नष्ट करने में विश्वास करते हैं। क्या यही लोकतंत्र है? मैं और प्रधानमंत्री शेख हसीना इसमें विश्वास नहीं करते।'

08:57 AM, 07-Jan-2024

बांग्लादेशी अभिनेता और बांग्लादेश अवामी लीग के उम्मीदवार फिरदौस अहमद ने कहा, 'हम बहुत उत्साहित हैं और इस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने अभी अपना वोट दिया है। पूरा देश केंद्रों पर आ रहा है और मतदान कर रहा है। हम जीतेंगे, मुझे 100 फीसदी विश्वास है। मैं जीतूंगा और प्रधानमंत्री हसीना पांचवीं बार सत्ता में वापस आएंगी।'

08:56 AM, 07-Jan-2024

चुनाव से पहले बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा कि हम ये सुनिश्चित करेंगे कि देश में लोकतंत्र रहे और लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार सुरक्षित रहें। 
 

08:25 AM, 07-Jan-2024

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने ढाका में अपना वोट डाला।
 

08:14 AM, 07-Jan-2024

बांग्लादेश में विपक्ष के बहिष्कार के बीच मतदान शुरू हुआ। कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग हो रही है।

07:33 AM, 07-Jan-2024

बांग्लादेश की बीएनपी के 48 घंटे की आम हड़ताल के आह्वान पर एक स्थानीय निवासी का कहना है, 'हमारे देश में चुनाव आयोग से 46 पंजीकृत दल हैं। बीएनपी सिर्फ एक पार्टी है। केवल एक पार्टी हमारे देश की राजनीतिक व्यवस्था को परिभाषित नहीं कर सकती है। मैं वोट डालने के लिए जाऊंगा क्योंकि मैं अपना प्रतिनिधि चुनना चाहता हूं।'
 

07:32 AM, 07-Jan-2024

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वोटिंग से पहले शनिवार शाम को बांग्लादेश चुनाव आयोग का चुनाव एप्लिकेशन 'स्मार्ट इलेक्शन मैनेजमेंट बीडी' क्रैश हो गया। एप काम करना बंद कर दिया है। चुनाव आयोग ने मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों सहित चुनाव संबंधी विवरण ढूंढने के लिए एप लॉन्च किया था। आयोग का कहना है कि यह अस्थाई समस्या है। जल्द ही इसे ठीक कर लिया जाएगा। आयोग के मुताबिक, क्षमता से अधिक यूजर्स के एप आने से यह समस्या हुई।

07:32 AM, 07-Jan-2024

विपक्ष का दावा है कि प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार के रहते हुए देश में निष्पक्ष चुनाव नहीं हो सकता है। बीएनपी ने चुनाव से पहले 48 घंटे की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है जो सोमवार सुबह छह बजे समाप्त होगी। बीएनपी के प्रवक्ता रूहुल कबीर रिजवी ने कहा कि हड़ताल का उद्देश्य शेख हसीना की सरकार का इस्तीफा, अंतरिम सरकार की स्थापना और राजनीति बंदियों की रिहाई की मांगों को लेकर दबाव बनाना है।

07:26 AM, 07-Jan-2024

Bangladesh Election Live: शेख हसीना की पार्टी ने दर्ज की आम चुनावों में जीत; आधी से ज्यादा सीटों पर किया कब्जा

बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए आज मतदान होना है। निर्वाचन आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बांग्लादेश संसद की 300 सीटों के लिए मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ। नतीजे आठ जनवरी को आने की उम्मीद है। संभावित हिंसा की आशंका को देखते हुए बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मुख्य विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसके सहयोगियों ने चुनाव बहिष्कार का फैसला किया है। बीएनपी की नेता और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया भ्रष्टाचार के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद घर में नजरबंद हैं।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें