या
सब्सक्रिप्शन लें, अतिरिक्त 4 महीने फ्री {{/show_subscribe}}प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस रात 8.45 बजे (स्थानीय समयानुसार) बंगभवन पहुंचे। शपथ ग्रहण रात नौ बजे होगा। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भारतीय उच्चायुक्त भी मौजूद हैं।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि जहां तक भारत का सवाल है, बांग्लादेश के नागरिकों के हित हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता रखते हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम बांग्लादेश में कानून और व्यवस्था की पुन: स्थापना की उम्मीद रखते हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार बांग्लादेश में हिंसा से जुड़ी खबरें अभी भी सामने आ रही हैं।
बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना के साथ भारत आए उनके कई करीबी और रिश्तेदार जल्द ही भारत से दूसरे देश रवाना होना शुरू कर देंगे। शेख हसीना अपनी बहनों और कई अन्य रिश्तेदारों और करीबियों के साथ 5 अगस्त को भारत आईं थीं। अब शेख हसीना के करीबी और रिश्तेदार जल्द ही भारत से अपने दूसरे पड़ाव की तरफ रवाना होना शुरू कर देंगे। शेख हसीना के कई रिश्तेदार इतनी तेजी में बांग्लादेश से निकले की वह अपने साथ कपड़े भी नहीं लेकर आए। उन्होंने भारत में ही अपने लिए जरूरी सामान की खरीददारी की है।
बांग्लादेश में शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के गिरने के बाद भी हिंसा जारी है। अब एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बीती 5 अगस्त को शेख हसीना के इस्तीफे और देश छोड़ने के बाद देश भर में भड़की हिंसा की घटनाओं में कम से कम 232 लोग मारे जा चुके हैं। गुरुवार को एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई के मध्य में शुरू हुए आरक्षण विरोधी प्रदर्शनों के बाद अब तक मरने वालों की संख्या 560 हो गई है। बांग्लादेश के एक अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, हसीना के सत्ता से हटने के बाद बुधवार शाम तक कुल 232 लोगों की मौत हो चुकी है।
इससे पहले, 16 जुलाई से 4 अगस्त तक सरकारी नौकरियों में आरक्षण के विरोध में हुए आंदोलन के दौरान हुई झड़पों में करीब 328 लोग मारे गए थे। पिछले 23 दिनों में कुल मिलाकर करीब 560 लोग मारे गए। गाजीपुर में मंगलवार को काशिमपुर की उच्च सुरक्षा वाली जेल से करीब 209 कैदी भाग गए। जेल के सुरक्षाकर्मियों ने कैदियों को भागने से रोकने के लिए फायरिंग की। जेल सूत्रों ने बताया कि इस घटना में तीन आतंकवादियों समेत छह लोगों की मौत हो गई।
बांग्लादेश लौटने पर मोहम्मद यूनुस ने कहा कि 'बांग्लादेश को दूसरी बार आजादी मिली है और लोगों को इस आजादी की सुरक्षा करनी चाहिए। हमें ऐसी सरकार बनानी होगी, जिसमें नागरिकों के अधिकार सुरक्षित रहें।'
मेघालय सरकार ने बांग्लादेश में अस्थिर स्थिति के कारण अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा हाटों पर व्यापार संचालन को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। मेघालय सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और राज्य पुलिस ने खुफिया जानकारी साझा की है, जिसमें संकेत दिया गया है कि अगर सीमा हाटों को फिर से खोला जाता है, तो बांग्लादेशी नागरिकों, प्रतिबंधित आतंकवादी समूहों, तस्करों और अन्य अनधिकृत गतिविधियों द्वारा सीमा पार से आवाजाही की उच्च संभावना है। सोमवार को राज्य सरकार ने बांग्लादेश के साथ अगली सूचना तक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगा दिया था। अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर चर्चा करने और राष्ट्र विरोधी तत्वों द्वारा स्थिति का फायदा उठाने के संभावित खतरों से निपटने के लिए बीएसएफ और राज्य पुलिस सहित हितधारकों के साथ बैठक करेगी। मेघालय की 443 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर करीब 22 प्रस्तावित सीमा हाट हैं।
बांग्लादेश की अपदस्थ पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद जॉय ने एक बड़ा बयान दिया है। सजीब ने कहा है कि बांग्लादेश में लोकतंत्र बहाल होने के बाद शेख हसीना बांग्लादेश वापस आएंगी। सजीब ने बांग्लादेश में अशांति के लिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को जिम्मेदार ठहराया।
नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस गुरुवार को बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ लेने के लिए पेरिस से बांग्लादेश लौटे। तीन दिन पहले शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और व्यापक विरोध के बाद देश छोड़कर निकल गईं थी।
84 वर्षीय मोहम्मद यूनुस को मंगलवार को राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन द्वारा संसद भंग करने के बाद अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया गया था। यूनुस ओलंपिक खेलों के लिए पेरिस में थे। वे दुबई के रास्ते बांग्लादेश लौटे। यूनुस को लेकर अमीरात की फ्लाइट (ईके-582) स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:10 बजे ढाका के हजरत शाहजलाल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी। सेना प्रमुख जनरल वकर-उज-जमान, वरिष्ठ अधिकारियों, छात्र नेताओं और नागरिक समाज के सदस्यों ने हवाई अड्डे पर उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से मोहम्मद यूनुस सीधे प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास बंगभवन जाएंगे।
आज शपथ लेने वाली अंतरिम सरकार एक निश्चित अवधि के लिए देश का नेतृत्व करेगी और निर्वाचित सरकार को सत्ता हस्तांतरित करने के लिए चुनाव की देखरेख करेगी। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन अंतरिम सरकार को पद की शपथ दिलाएंगे। बुधवार को सेना प्रमुख ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह शाम को करीब 400 गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में आयोजित किया जाएगा।
बांग्लादेश में अराजकता और अव्यवस्था इस कदर हावी हो गई है कि कई इलाकों में लोग खुद सड़कों पर उतरकर पहरा दे रहे हैं। राजधानी ढाका में कई घरों में लूट की घटनाएं हुई हैं, जिसके बाद लोग अपने-अपने इलाकों में खुद रातभर पहरेदारी कर रहे हैं। पुलिसकर्मी गायब हैं और कानून व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है। हालांकि सेना के जवान कुछ जगहों पर पेट्रोलिंग कर रहे हैं। वहीं राजधानी ढाका की सड़कों से ट्रैफिक पुलिसकर्मी गायब हैं। कई युवा खुद ट्रैफिक संचालन कराने में जुटे हैं।
बांग्लादेश में जारी हिंसा और सरकार गिरने के बाद आई अस्थिरता का असर पश्चिम बंगाल के हावड़ा के मछली बाजार पर भी पड़ा है। दरअसल आयात-निर्यात बंद होने की वजह से बांग्लादेश से हावड़ा के मछली बाजार में आने वाली मछलियां कम हो गई हैं। इसके चलते मछली बाजार के व्यापारियों को रोजाना करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। हावड़ा के मछली बाजार में हिल्सा मछली की बहुत मांग है और बांग्लादेश से मछलियों के आयात में कमी से परेशानी बढ़ी है।
1971 के युद्ध में भाग लेने वाले विंग कमांडर देवेंद्र जीत सिंह ने बांग्लादेश के मौजूदा हालात पर निराशा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि 'बांग्लादेश के मौजूदा हालात देखना दुखद है। एक छात्र आंदोलन को इस तरह का नहीं होना चाहिए। भीड़ सबकुछ नियंत्रित कर रही है और हालात को समझना बेहद मुश्किल है कि उनके पीछे कौन है।' 1971 की लड़ाई में ही पाकिस्तान टूटकर बांग्लादेश बना था।
बांग्लादेश की सेना के प्रमुख जनरल वकार उज जमां ने सेना मुख्यालय से मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि आज रात आठ बजे (बांग्लादेश के समय अनुसार) मोहम्मद यूनुस का अंतरिम सरकार के प्रमुख के तौर पर शपथ ग्रहण हो सकता है। शपथ ग्रहण समारोह में 400 लोग शामिल हो सकते हैं। जनरल वकार उज जमां ने उम्मीद जताई कि अगले तीन से चार दिनों में हालात सामान्य हो जाएंगे। उन्होंने ये भी कहा कि बीते कुछ दिनों में जिन लोगों ने हिंसा की है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अमेरिका ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को अपना समर्थन दिया है। अमेरिका के विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने एक बयान में कहा कि 'हम बांग्लादेश की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मोहम्मद यूनुस को अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया गया है और हमें लगता है कि अंतरिम सरकार बांग्लादेश में स्थिरता और शांति बनाने के लिए काम करेगी।'
बांग्लादेश में स्थित भारतीय वीजा केंद्रों को अगले आदेश तक बंद रहेंगे। एक बयान में कहा गया है कि बांग्लादेश में अस्थिर हालात को देखते हुए यह फैसला किया गया है। आवेदन की अगली तारीख की जानकारी जल्द ही मैसेज के जरिए दे दी जाएगी।
ढाका न्यायाधिकरण ने श्रम कानून उल्लंघन मामले में प्रोफेसर यूनुस को बरी कर दिया। ग्रामीण टेलीकॉम के तीन अन्य शीर्ष अधिकारियों को भी बरी कर दिया गया। गौरतलब है कि 1 जनवरी को ढाका के श्रम न्यायालय-3 ने ग्रामीण टेलीकॉम के अध्यक्ष यूनुस और इसके निदेशकों अशरफुल हसन, एम शाहजहां और नूरजहां बेगम को श्रम कानूनों का उल्लंघन करने के लिए छह-छह महीने के कारावास की सजा सुनाई। चारों पर 30,000 टका का जुर्माना भी लगाया गया, जिसे अदा न करने पर उन्हें 25 दिन और जेल में रहना होगा। 28 जनवरी को प्रोफेसर यूनुस और उनके सहयोगियों ने सजा के खिलाफ श्रम अपीलीय न्यायाधिकरण में अपील दायर की। 9 सितंबर 2021 को श्रम निरीक्षक (जनरल) एसएम आरिफुज्जमां ने चारों के खिलाफ श्रम न्यायालय में मामला दर्ज कराया।
मोहम्मद यूनुस ने बयान में कहा कि 'मैं सभी से शांत रहने की अपील करता हूँ। कृपया सभी प्रकार की हिंसा से दूर रहें। मैं सभी छात्रों, सभी राजनीतिक दलों के सदस्यों और गैर-राजनीतिक लोगों से शांत रहने की अपील करता हूं। यह हमारा खूबसूरत देश है जिसमें बहुत सारी संभावनाएं हैं। हमें इसे सुरक्षित रखना चाहिए और इसे अपने और अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अद्भुत देश बनाना चाहिए।'
मोहम्मद यूनुस ने अपने एक लेख में लिखा है कि कुछ ही महीनों में पारदर्शी तरीके से निष्पक्ष चुनाव कराए जाएंगे। मोहम्मद यूनुस यूरोप में थे और आज बांग्लादेश लौट रहे हैं। यूनुस ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा, इस नई जीत का बेहतरीन उपयोग करें। अपनी गलतियों से जीत को हाथ से न फिसलने दें। बांग्लादेश की सेना के जनरल जमां ने कहा, मुझे पूरा भरोसा है कि यूनुस हमें लोकतंत्र की राह पर वापस ले आएंगे, इससे सभी को लाभ होगा। सेना का यूनुस को पूरा समर्थन है।
अंतरिम सरकार की सलाहकार परिषद में 15 सदस्य
जनरल जमां ने कहा, अंतरिम सरकार की सलाहकार परिषद में 15 सदस्य हो सकते हैं। सेना प्रमुख ने तीन से चार दिन में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई। कहा, हालात में तेजी से सुधार हुए हैं। जो भी लोग अपराध में शामिल रहे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने दावा भी किया, उन्हें देश की नौसेना व वायुसेना के प्रमुख का साथ हासिल है।
भारतीय उच्चायोग के कर्मी लौटे, कामकाज जारी
ढाका के भारतीय उच्चायोग के गैर-जरूरी कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य स्वेच्छा से वाणिज्यिक उड़ानों से भारत लौट आए। हालांकि, भारतीय मिशन में सभी राजनयिक ढाका से काम कर रहे हैं। वहां भारत के चार सहायक उच्चायोग भी हैं। एअर इंडिया व इंडिगो ने बुधवार को विशेष विमान चलाए और ढाका में फंसे 400 से अधिक लोगों को भारत लेकर आए।