फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

G-20 Summit Live: इंडोनेशिया ने भारत को G-20 समिट की अध्यक्षता सौंपी, पीएम मोदी बाली से स्वदेश रवाना

Wed, 16 Nov 2022 04:25 PM IST
संजीव कुमार झा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, बाली

खास बातें

इंडोनेशिया के बाली में हो रहे G-20 शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। इस दौरान जहां कई देशों के बीच अहम बैठकों का दौर जारी है वहीं प्रधानमंत्री मोदी भी आज जर्मनी, इटली, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। वहीं इससे पहले आज सुबह पीएम मोदी ने G20 नेताओं के साथ  बाली के मैंग्रोव वन का दौरा किया। G-20 शिखर सम्मेलन से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...
विज्ञापन
पीएम मोदी और इंडोनिश्या के राष्ट्रपति जोको विडोडो - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:22 PM, 16-Nov-2022

इंडोनेशिया से स्वदेश रवाना हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया के बाली में जी20 सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद आज ही स्वदेश वापसी कर रहे हैं। गौरतलब है कि पीएम मोदी ने अपने दो दिवसीय दौरे पर दुनियाभर के कई बड़े नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने अगले जी20 सम्मेलन के लिए पीएम मोदी को शुभकामनाएं भी दीं।

03:44 PM, 16-Nov-2022

जी20 घोषणापत्र पर क्या बोले मेजबान देश के राष्ट्राध्यक्ष

इंडोनेशियाई राष्ट्रपति जोको विडोडो का कहना है कि जी20 घोषणापत्र में रूस-यूक्रेन को लेकर गहन चर्चा हुई थी। जी20 बाली घोषणापत्र में रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर मतभेदों की बात स्वीकार करते हुए कहा गया कि अधिकांश सदस्यों ने इसकी कड़ी निंदा की है। घोषणापत्र के मुताबिक, अधिकतर सदस्यों का कहना है कि यूक्रेन युद्ध भारी मानवीय पीड़ा का कारण बना जिसने वैश्विक अर्थव्यवस्था में मौजूदा कमजोरियों को बढ़ाया। अधिकांश सदस्यों ने कहा कि यूक्रेन युद्ध से विकास बाधित हुआ, मुद्रास्फीति में वृद्धि हुई और ऊर्जा व खाद्य असुरक्षा बढ़ी।

बाली घोषणापत्र में यह भी कहा गया कि शांति और स्थिरता की रक्षा करने वाले अंतरराष्ट्रीय कानून और बहुपक्षीय व्यवस्था को कायम रखना जरूरी है। इसमें सशस्त्र संघर्षों में नागरिकों की सुरक्षा सहित अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का पालन करने का आह्वान भी किया गया।

03:18 PM, 16-Nov-2022

जी20 में गूंजा पीएम मोदी का संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सितंबर में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत में जो संदेश दिया था उसकी प्रतिध्वनि जी20 शिखर सम्मेलन के घोषणापत्र में बुधवार को सुनाई दी। घोषणापत्र में नेताओं ने यूक्रेन युद्ध को तत्काल खत्म करने का आह्वान करते हुए कहा कि “आज का युग, युद्ध का युग नहीं होना चाहिए।”

दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के अंत में एक विज्ञप्ति जारी की गई जिसमें यूक्रेन पर रूसी आक्रमण और दुनिया के लिए इसके प्रभावों पर व्यापक रूप से विचार-विमर्श किया गया।

विज्ञापन
02:51 PM, 16-Nov-2022

पीएम मोदी ने इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी  से की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने बाली में द्विपक्षीय वार्ता की।

02:48 PM, 16-Nov-2022

G20 के घोषणापत्र में रूस-यूक्रेन युद्ध की कड़ी निंदा

G20 के बाली घोषणापत्र में रूस-यूक्रेन युद्ध पर मतभेदों को स्वीकार करते हुए कहा गया है कि अधिकांश सदस्यों ने इसकी कड़ी निंदा की है।

विज्ञापन
02:44 PM, 16-Nov-2022

हम व्यापार समझौते के लिए प्रतिबद्ध: ऋषि सुनक

इंडोनेशिया के बाली में जी-20 समिट में बैठक के दौरान ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक ने कहा कि हम भारत के साथ व्यापार समझौते के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन हमें इन चीजों को ठीक करने की जरूरत है।

02:40 PM, 16-Nov-2022

पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलिया के पीएम ने की  द्विपक्षीय वार्ता

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस बाली में द्विपक्षीय वार्ता में शामिल हुए।

12:58 PM, 16-Nov-2022

पीएम मोदी और सिंगापुर के प्रधानमंत्री के बीच द्विपक्षीय वार्ता 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग ने इंडोनेशिया के बाली में  G20 शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने हरित अर्थव्यवस्था, नवीकरणीय ऊर्जा, फिनटेक और व्यापार संबंधों को गहरा करने जैसे क्षेत्रों में भारत-सिंगापुर सहयोग के अवसरों को बढ़ाने पर चर्चा की।

12:56 PM, 16-Nov-2022

इंडोनेशिया ने भारत को G-20 समिट की अध्यक्षता सौंपी

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने बाली शिखर सम्मेलन के समापन समारोह में भारत को G20 की अध्यक्षता सौंपी। भारत एक दिसंबर से आधिकारिक तौर पर G20 की अध्यक्षता ग्रहण करेगा। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि G-20 की अध्यक्षता हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। हम अपने विभिन्न शहरों और राज्यों में बैठकें आयोजित करेंगे। हमारे अतिथियों को भारत की अद्भुदता, विविधता, समावेशी परंपराओं और सांस्कृतिक समृद्धि का पूरा अनुभव मिलेगा।

12:52 PM, 16-Nov-2022

G-20 में पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति से की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बाली में G20 शिखर सम्मेलन में बातचीत की। विभिन्न विषयों पर उनके बीच सार्थक विचार-विमर्श हुआ। दोनों नेताओं ने चर्चा की कि रक्षा संबंधों को कैसे बढ़ाया जाए, सतत विकास और आर्थिक सहयोग को बढ़ाया जाए।

12:46 PM, 16-Nov-2022

समावेशी डिजिटल आर्किटेक्चर सामाजिक-आर्थिक बदलाव लाता है

जी-20 शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों के भारत के अनुभव ने दिखाया है कि अगर हम डिजिटल आर्किटेक्चर को समावेशी बनाते हैं, तो यह सामाजिक-आर्थिक बदलाव ला सकता है। भारत ने डिजिटल सार्वजनिक सामान विकसित किया है जिसकी मूल संरचना में अंतर्निहित लोकतांत्रिक सिद्धांत हैं।
 

12:39 PM, 16-Nov-2022

वैश्विक विकास महिलाओं की भागीदारी के बिना संभव नहीं

 G-20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वैश्विक विकास महिलाओं की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। हमें अपने G-20 एजेंडा में महिलाओं के नेतृत्व में विकास को प्राथमिकता देनी होगी। 

12:36 PM, 16-Nov-2022

भारत की G-20 अध्यक्षता समावेशी, महत्वाकांक्षी, निर्णायक और क्रिया-उन्मुख होगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं आश्वासन देना चाहता हूं कि भारत की G-20 अध्यक्षता समावेशी, महत्वाकांक्षी, निर्णायक और क्रिया-उन्मुख होगी। हमारा प्रयत्न रहेगा की G-20 नए विचारों की परिकल्पना और सामूहिक एक्शन को गति देने के लिए एक ग्लोबल प्राइम मूवर की तरह काम करेगा। 

 

12:35 PM, 16-Nov-2022

चुनौतीपूर्ण समय में G-20 का जिम्मा ले रहा भारत

पीएम मोदी ने कहा कि G-20 का जिम्मा भारत ऐसे समय ले रहा है जब विश्व जियो पॉलिटिकल तनावों, आर्थिक मंदी और ऊर्जा की बढ़ी हुई कीमतों और महामारी के दुष्प्रभावों से एक साथ जूझ रहा है। ऐसे समय विश्व G-20 की तरफ आशा की नजर से देख रहा है। 

12:27 PM, 16-Nov-2022

गरीबी के खिलाफ जंग में हम टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रहे: पीएम मोदी

जी-20 शिखर सम्मेलन में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत  गरीबी के खिलाफ जंग में टेक्नोलॉजी को हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है।

11:44 AM, 16-Nov-2022

पीएम मोदी पांच देशों के नेताओं के साथ करेंगे बैठक

प्रधानमंत्री मोदी आज पांच देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इनमें जर्मनी, इटली, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन के राष्ट्राध्यक्षों के नाम शामिल हैं। 

10:37 AM, 16-Nov-2022

पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने G20 समिट 2022 के दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की।
यहां देखें वीडियो...

 

10:06 AM, 16-Nov-2022

पीएम मोदी सहित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के नेताओं से मुलाकात करेंगे ऋषि सुनक

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक आज भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के नेताओं से मुलाकात करेंगे।

 

10:01 AM, 16-Nov-2022

जी-20 समिट के दूसरे दिन की बैठक में भाग लेने पहुंचे पीएम मोदी

जी-20 समिट के दूसरे दिन की बैठक में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में वे  इंडोनेशियाई राष्ट्रपति जोको विडोडो से मुलाकात करेंगे। 

 

08:56 AM, 16-Nov-2022

VIDEO: सीढ़ियों पर लड़खड़ाए जो बाइडन

G-20 शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन बाली में मैंग्रोव वन पहुंचने पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन सीढ़ियों पर लड़खड़ा गए। इस दौरान इंडोनेशियाई राष्ट्रपति जोको विडोडो ने उन्हें संभाला।

देखें वीडियो-राष्ट्रपति जो बाइडन सीढ़ियों पर लड़खड़ा गए

 

08:52 AM, 16-Nov-2022

जो बाइडन ने भी मैंग्रोव जंगल का किया दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और अन्य G20 नेताओं ने G20 शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन बाली में मैंग्रोव वन का दौरा किया।
 

08:43 AM, 16-Nov-2022

तस्वीरों में देखें मैंग्रोव जंगल में पीएम मोदी

08:37 AM, 16-Nov-2022

पीएम मोदी बाली के मैंग्रोव जंगल पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी G20 समिट 2022 के दूसरे दिन बाली के मैंग्रोव जंगल पहुंचे हैं। इसके बाद वे  इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो संग द्विपक्षीय बैठक करेंगे। 

यहां देखें वीडियो...

 

08:23 AM, 16-Nov-2022

G-20 Summit Live: इंडोनेशिया ने भारत को G-20 समिट की अध्यक्षता सौंपी, पीएम मोदी बाली से स्वदेश रवाना

इंडोनेशिया के बाली में हो रहे G-20 शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। इस दौरान जहां कई देशों के बीच अहम बैठकों का दौर जारी है वहीं प्रधानमंत्री मोदी भी आज करीब आठ देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इनमें   फ्रांस, स्पेन, इंडोनेशिया, सिंगापुर, जर्मनी, इटली, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन के राष्ट्राध्यक्षों के नाम हैं।  इसके अलावा पीएम मोदी आज इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो संग द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। G-20 शिखर सम्मेलन से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें