02:05 AM, 04-Jun-2025
All Party Delegation: संजय झा के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल भारत लौटा; टीम शशि थरूर पहुंची वांशिगटन डीसी
All Party Delegation News Updates In Hindi: भारत के सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल 33 देशों की राजधानियों का दौरा कर रहे हैं। अलग-अलग दलों में शामिल 51 सांसदों के अलावा कई राजनयिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और नौकरशाह 'टीम इंडिया' की तरह पाकिस्तानी दुष्प्रचार को धराशायी करने में जुटे हैं। इन शिष्टमंडलों में शामिल सभी लोग दहशतगर्दों के पनाहगाह पाकिस्तान और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों को अलग-अलग मंचों पर बेनकाब कर रहे हैं। सभी शिष्टमंडलों ने अल्जीरिया, डेनमार्क, ब्रिटेन, इथियोपिया, फ्रांस, इटली जैसे देशों में भारत का पक्ष मजबूती से रखा। ग्रीस, बहरीन, कतर, रूस, जापान और यूएई जैसे देशों में भी दहशतगर्दों के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति बताई गई। वैश्विक मंचों पर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की कूटनीतिक मुहिम जारी है। वहीं, अब इन शिष्टमंडलों के भारत वापस लौटने की शुरुआत भी हो चुकी है। भाजपा सांसद वैजयंत पांडा के नेतृत्व वाला सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भारत लौट चुका है। वहीं, आज देर रात जेडी-यू सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल आज भारत लौटा। अब वापसी के बाद विदेश मंत्री जयशंकर के अलावा सभी नेता-राजनयिक पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे। इस खबर में पढ़ें भारत के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के विदेश दौरे से जुड़ी तमाम अपडेट्स