फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

All Party Delegation: लातविया से स्पेन के लिए रवाना हुई कनिमोझी की टीम; संजय झा सांसदों के साथ मलयेशिया पहुंचे

Sat, 31 May 2025 07:46 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।

खास बातें

All Party Delegation News Updates In Hindi: भारत के सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल 33 देशों की राजधानियों का दौरा कर रहे हैं। अलग-अलग दलों में शामिल 51 सांसदों के अलावा कई राजनयिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और नौकरशाह  'टीम इंडिया' की तरह पाकिस्तानी दुष्प्रचार को धराशायी करने में जुटे हैं। इन शिष्टमंडलों में शामिल सभी लोग दहशतगर्दों के पनाहगाह पाकिस्तान और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों को अलग-अलग मंचों पर बेनकाब कर रहे हैं। भाजपा सांसद बैजयंत पांडा नीत शिष्टमंडल उत्तरी अफ्रीकी देश अल्जीरिया पहुंचा है। इससे पहले रविशंकर प्रसाद कोपेनहेगन-फ्रांस-इटली जैसे देशों का दौरा कर भारत का रूख बता हैं। अन्य भारतीय प्रतिनिधिमंडलों में शामिल लोग सिएरा लियोन, पनामा, ग्रीस, बहरीन, कतर, रूस, जापान और यूएई जैसे देशों का दौरा कर चुके हैं। वैश्विक मंचों पर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की कूटनीतिक मुहिम जारी है। इस खबर में पढ़ें भारत के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के विदेश दौरे से जुड़ी तमाम अपडेट्स
विज्ञापन
कोलंबिया में कांग्रेस सांसद शशि थरूर नीत सर्वदलीय भारतीय शिष्टमंडल - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:47 PM, 31-May-2025

आतंकवाद को मिटाने के लिए काम करना मकसद- सुप्रिया सुले
इथोपिया में एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, 'इस पूरी यात्रा का उद्देश्य पहलगाम में भारत की आत्मा पर किए गए हमले के बारे में है, जिसमें हमने 26 लोगों को खो दिया। प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर नामक एक परियोजना की अगुआई की। उस परियोजना का एक हिस्सा आउटरीच कार्यक्रम है। हमारे पास सभी दलों के सात समूह हैं। यह एक बहु-पक्षीय प्रतिनिधिमंडल है और हम यहां भारतीय के रूप में हैं। हमने अपनी सभी विचारधाराओं को अलग रखा है क्योंकि जब आतंकवाद की बात आती है, तो मुझे लगता है कि हम सभी एक ही पृष्ठ पर हैं और हमारे प्रधानमंत्री ने महसूस किया कि दुनिया को पहलगाम में जो हुआ उसकी सच्चाई जानने की जरूरत है और भारत का रुख क्या है। हम दुनिया भर में अपने सभी दोस्तों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं ताकि उन्हें तथ्य बताए जा सकें और हम सभी इस ब्रह्मांड से आतंकवाद को रोकने और मिटाने के लिए कैसे मिलकर काम कर सकते हैं।'

09:04 PM, 31-May-2025

इथियोपिया ने भारत के कदम की सराहना की है- मनीष तिवारी
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा, 'हमारी बहुत रचनात्मक बैठके हुईं हैं...इथियोपिया ने पूरा जोर देकर भारत ने जो कदम उठाए थे, उन कदमों की रचनात्मक सराहना की है। अफ्रीकी संघ एक ऐसा समूह है जिसने आतंकवाद को परिभाषित किया है, आतंकवादी गतिविधियों को परिभाषित किया है क्योंकि अफ्रीका खुद आतंकवाद से पीड़ित रहा है। जो गतिविधियां पाकिस्तान भारत के खिलाफ करता रहा है, वो उसे पूरी तरह से समझते हैं। उन्होंने साफ तौर पर यह कहा है कि किसी भी प्रकार के आतंकवाद की इथियोपिया हमेशा निंदा करेगा और उसके खिलाफ खड़ा रहेगा'।
 

09:03 PM, 31-May-2025

सभी ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की- अनुराग ठाकुर
इथियोपिया के अदीस अबाबा में एनसीपी-एसपी सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, 'हमारी सबसे पहले इथियोपिया के पूर्व प्रधानमंत्री के साथ, बहुत सारे सांसदों के साथ बैठक हुई...हमारी अफ्रीकी संघ के बहुत सारे सदस्यों के साथ भी बैठक हुई। इस सभी बैठकों में एक बात बड़ी उभर कर सामने आती है कि सबने कड़े शब्दों में पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की है, सभी ने अपनी संवेदनाएं भारत के लोगों के प्रति प्रकट की हैं और सभी ने एकजुटता के साथ आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात कही है'।
 

विज्ञापन
09:00 PM, 31-May-2025

अल्जीरिया हमारे साथ है - निशिकांत दुबे
अल्जीरिया के अल्जीयर्स में भाजपा सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, 'अल्जीरिया संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का एक अस्थायी सदस्य है। यह इस्लामिक सहयोग संगठन का एक बहुत ही महत्वपूर्ण सदस्य है और अफ्रीकी देशों में इसकी अर्थव्यवस्था दक्षिण अफ्रीका के बाद दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है...उन्होंने हमारे प्रतिनिधिमंडल को उच्च प्राथमिकता दी है...अल्जीरिया हमारा साथ देना चाहता है। पहलगाम हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान के खिलाफ जो प्रस्ताव पारित किया गया था, उसमें अल्जीरिया ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई थी'।
 

08:59 PM, 31-May-2025

इथियोपिया में टैगेसे चाफो से मिला सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल
इथियोपिया में एनसीपी-एसपी सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने इथियोपिया के जनप्रतिनिधि सदन के अध्यक्ष टैगेसे चाफो से मुलाकात की।
 

विज्ञापन
06:56 PM, 31-May-2025

आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ खड़ा है इथियोपिया- रूडी
इथियोपिया के अदीस अबाबा पहुंचे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल समूह सात के सदस्य और भाजपा नेता राजीव प्रताप रूडी ने कहा, 'आज एक अद्भुत अनुभव हुआ। ये देश भारत के साथ खड़ा है। इन्होंने स्पष्ट रूप से कहा जिस प्रकार से भारत और अफ्रीका में आतंकवादी घटनाएं हो रही हैं हम उसके खिलाफ हैं। आज अफ्रीका में बेहतरीन सोच के साथ हमारे प्रतिनिधिमंडल की बात हुई। एक बड़ा कामयाब मिशन भारत की तरफ से आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया को एक मंच में लाया गया है। पाकिस्तान एक आतंकवादी देश है और आतंकवाद को बढ़ावा देता है ये संदेश पूरी दुनिया को चला गया है।'
 

06:54 PM, 31-May-2025

संजय झा सांसदों के साथ मलयेशिया पहुंचे
जेडी(यू) सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल मलयेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंचा। मलयेशिया में भारत के उच्चायुक्त बीएन रेड्डी ने उनका स्वागत किया।
 

06:53 PM, 31-May-2025

सांसदों के साथ श्रीकांत शिंदे लाइबेरिया हुए रवाना
सिएरा लियोन के फ्रीटाउन से शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल सिएरा लियोन से लाइबेरिया के लिए रवाना हुआ।
 

06:52 PM, 31-May-2025

अल्जीरिया में प्रतिनिधिमंडल ने कई जगहों का किया दौरा
अल्जीरिया में भाजपा सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने मकाम इचाहिद, राष्ट्रीय शहीद स्मारक और फिर राष्ट्रीय मुजाहिद संग्रहालय का दौरा किया।
 
 

05:25 PM, 31-May-2025

बीजेडी सांसद सस्मित पात्रा का पाकिस्तान पर हमला
सिएरा लियोन में बीजेडी सांसद सस्मित पात्रा ने पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए कहा, 'भारत उपग्रहों का प्रक्षेपण करता है, पाकिस्तान आत्मघाती हमलावरों का प्रक्षेपण करता है। भारत सॉफ़्टवेयर निर्यात करता है, पाकिस्तान आतंक का निर्यात करता है। भारत विश्वविद्यालय बनाता है, पाकिस्तान उग्रवाद को बढ़ावा देता है। भारत नवाचार के साथ युवाओं को सशक्त बनाता है, पाकिस्तान उन्हें नफरत के साथ कट्टरपंथी बनाता है। भारत जीवन बचाने के लिए डॉक्टर भेजता है, पाकिस्तान जीवन लेने के लिए आतंकवादियों को भेजता है। भारत कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वच्छ ऊर्जा में निवेश करता है, पाकिस्तान हथियारों और गोला-बारूद में निवेश करता है। भारत लोकतंत्र को मजबूत करता है, पाकिस्तान तानाशाहों और आतंकवादियों को पनाह देता है। भारत कूटनीति के माध्यम से दिल जीतता है, पाकिस्तान अंधेरे में हमलों की साजिश रचता है'।
 

05:20 PM, 31-May-2025

स्पेन रवाना हुआ कनिमोझी के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल
डीएमके सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में ग्रुप छह का सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल लातविया से स्पेन के लिए रवाना हुआ
 

05:17 PM, 31-May-2025

अफ्रीकी संघ की शांति और सुरक्षा परिषद से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात
इथियोपिया में एनसीपी-एसपी सांसद सुप्रिया सूले के नेतृत्व में ग्रुप-सात के सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने अदीस अबाबा में एयू मुख्यालय में अफ्रीकी संघ की शांति और सुरक्षा परिषद के साथ मुलाकात और बातचीत की।
 

02:53 PM, 31-May-2025

मलयेशिया रवाना हुए संजय झा की टीम
इंडोनेशिया की यात्रा समाप्त करने के बाद जदयू सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल मलयेशिया के लिए रवाना हुआ।
 

11:00 AM, 31-May-2025

लातविया में भारतीय प्रवासियों ने डीएमके सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में समूह 6 के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के स्वागत के लिए सिंदूर सम्मान का आयोजन किया। सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय प्रवासियों के सदस्यों के साथ बातचीत की।
 

10:36 AM, 31-May-2025

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के समूह पांच ने कोलंबिया काउंसिल फॉर इंटरनेशनल रिलेशंस में विचारकों के साथ बैठक की। 
 

09:48 AM, 31-May-2025

जकार्ता से आए भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्य राजस्थान के पुनीत बक्शी ने कहा कि आज युद्ध केवल हथियारों का नहीं, बल्कि सूचना का भी है। भारत सरकार के लिए पाकिस्तान द्वारा फैलाई जा रही झूठी कहानी को स्पष्ट करना बहुत महत्वपूर्ण था और उन्होंने प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से अपना उद्देश्य प्राप्त कर लिया है, जिसने हमारे सभी संदेहों को दूर कर दिया है।

09:48 AM, 31-May-2025

कोलंबिया के बोगोटा में भाजपा सांसद शशांक मणि कहते हैं कि जब 26/11 हुआ और मुंबई में 173 नागरिकों की निर्मम हत्या की गई, मैं उस शहर में था। अगर हम पूरी दुनिया के रूप में आतंकवाद के खिलाफ एकजुट नहीं होते हैं, तो यह जारी रहेगा। आज और कल की बैठक में हमने दोनों देशों के बीच जबरदस्त संस्कृति और सौहार्द देखा।

08:12 AM, 31-May-2025

फ्रीटाउन में भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि जहां तक पाकिस्तान जैसे देशों का सवाल है, वे आतंकवाद को प्रायोजित करने वाले देश हैं। वे छद्म युद्ध छेड़ने के लिए आतंकवाद का इस्तेमाल करते हैं और सोचते हैं कि आतंकवाद ही उनके लिए आगे बढ़ने का रास्ता है, तो अब समय आ गया है कि उन्हें कूटनीतिक रूप से अलग-थलग कर दिया जाए। उन्हें नैतिक रूप से जवाब दिया जाए और भारत रणनीतिक रूप से उन्हें जवाब देना जारी रखेगा।

08:12 AM, 31-May-2025

फ्रीटाउन में शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा कि जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हमला हुआ, तो आतंकवादियों ने लोगों का धर्म पूछकर उन्हें मार डाला। यह पता लगाने के बाद कि वे हिंदू हैं या गैर-मुस्लिम, उन्हें गोली मार दी गई। आतंकवादियों और पाकिस्तान का उद्देश्य भारत में क्षेत्रीय सद्भाव को अस्थिर करना था। चूंकि सिएरा लियोन बहुत धर्मनिरपेक्ष और प्रगतिशील है, इसलिए संसद में विभिन्न धर्मों के लोगों का प्रतिनिधित्व है। धर्म के नाम पर हो रहे आतंकवाद को रोकना होगा। 

08:12 AM, 31-May-2025

कोलंबिया में भाजपा नेता तेजस्वी सूर्या ने कहा कि जब पहलगाम की घटना हुई, आतंकवादी हमला हुआ और भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, तो कोलंबियाई अधिकारियों, कोलंबियाई विदेश मंत्रालय ने बहुत ही आश्चर्यजनक और अप्रत्याशित रूप से पाकिस्तान में हुई मौतों पर संवेदना व्यक्त करते हुए एक बयान जारी किया। यह बहुत निराशाजनक और अप्रत्याशित भी था। शायद यह पहलगाम में वास्तव में जो कुछ हुआ उसके तथ्यात्मक मैट्रिक्स की समझ की कमी के कारण था और भारत को इस तरह से प्रतिक्रिया क्यों करनी पड़ी। 

उन्होंने कहा कि पर्यटकों की हत्या और आतंकवादियों के मारे जाने में अंतर है। आप दोनों के बीच समानता नहीं बना सकते। उप मंत्री और अधिकारियों ने हमारे तर्कों में दम देखा और वे इतने दयालु थे कि उन्होंने पहले जो बयान दिया था उसे वापस ले लिया। उन्होंने भारत की स्थिति के प्रति पूरी सहानुभूति और समझ भी व्यक्त की।

05:35 AM, 31-May-2025

मोदी के मिशन का प्रभाव पड़ रहा : अकबर...
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर ने कहा, डेनमार्क द्वारा की गई टिप्पणियां भारत के प्रति उनका समर्थन बताती हैं। अकबर ने कहा, उनकी टिप्पणियां यह दिखाने के लिए पर्याप्त थीं कि पीएम मोदी द्वारा भेजे गए प्रतिनिधिमंडल का मिशन प्रभाव डाल रहा है। 

04:06 AM, 31-May-2025

पीओके भारत को लौटाए पाकिस्तान : खुर्शीद
पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस नेता और सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों में एक के सदस्य सलमान खुर्शीद ने कहा, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को भारत को लौटाया जाना चाहिए। खुर्शीद ने कहा, बातचीत तभी हो सकती है जब पाकिस्तान की शांति के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट हो, जिसमें सिंधु जल संधि पर बातचीत भी शामिल है। उन्होंने इंडोनेशियाई नेताओं से चर्चा करते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा अनुच्छेद-370 को निरस्त करने के साथ ही जम्मू-कश्मीर को शेष भारत से अलग मानने की धारणा समाप्त हो गई है।

03:36 AM, 31-May-2025

उत्तरी अफ्रीकी देश अल्जीरिया में भाजपा सांसद बैजयंत पांडा नीत शिष्टमंडल, आतंकवाद पर साफ किया भारत का रूख
कई देशों के सफल दौरे के बाद भाजपा के वरिष्ठ सांसद बैजयंत पांडा की अगुवाई वाला सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भारत के कूटनीतिक अभियान के तहत उत्तरी अफ्रीकी देश अल्जीरिया पहुंचा है। इस देश में भी पांडा और अन्य सांसदों समेत पूर्व राजनयिकों ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की मुहिम को मजबूती से सामने रखा। 

03:21 AM, 31-May-2025

All Party Delegation: लातविया से स्पेन के लिए रवाना हुई कनिमोझी की टीम; संजय झा सांसदों के साथ मलयेशिया पहुंचे

भारत ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस बात को कई बार दोहरा चुके हैं कि अब किसी भी दहशतगर्द के कायराना कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार स्पष्ट कर चुकी है कि भारत किसी भी आतंकी वारदात को 'एक्ट ऑफ वॉर' की तरह समझेगा और माकूल जवाब दिया जाएगा। इसी नीति से पूरी दुनिया को अवगत कराने की कवायद के तहत सरकार ने सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों का गठन किया है। भारत से अब तक छह शिष्टमंडल रूस, जापान, यूएई, कतर और गुयाना जैसे देशों में जाकर अलग-अलग मंचों पर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को बेनकाब कर चुके हैं।

पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा के खिलाफ भारतीय शिष्टमंडल की मुखर मुहिम
दहशतगर्दों के खिलाफ भारतीय सेना की कार्रवाई से तिलमिलाए पड़ोसी देश पाकिस्तान ने खुद को पीड़ित बताने के लिए दुष्प्रचार का सहारा लिया है। बीते 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की नृशंस हत्या हुई। इसके बाद से ही बीते एक महीने में पाकिस्तान के कई नेता-राजनयिकों ने विदेशी मीडिया के सहारे भारत के खिलाफ जमकर प्रोपेगेंडा किया है। पाकिस्तान के कुत्सित प्रयासों के खिलाफ भारत के सांसद मुखर होकर टिप्पणी कर रहे हैं। अलग-अलग दलों के होने के बावजूद सांसदों ने एक स्वर में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति को पूरी दुनिया के सामने स्पष्टता से रखा है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें