लाइबेरिया में चार देशों की यात्रा के समापन पर सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के नेता और शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा कि सबसे पहले मैं इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने का अवसर देने के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद देता हूं। कई वरिष्ठ सांसद और व्यापक अनुभव वाले पूर्व मंत्री इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं। इन 13 दिनों में हम सभी के बीच आत्मीयता पैदा हुई। हमें एक-दूसरे को समझने का मौका मिला। हमने जिन भी देशों का दौरा किया, हमने भारत के प्रति आत्मीयता का अनुभव किया और पीएम मोदी का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। विभिन्न देशों के नेतृत्व से मिलने के बाद हमें उन्हें यह समझाने में देर नहीं लगी कि भारत आतंकवाद से कैसे लड़ रहा है। हमने जिन भी देशों का दौरा किया उन्होंने पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा की। इन सभी देशों ने हमें आश्वासन दिया है कि वे विभिन्न वैश्विक मंचों पर भारत के साथ खड़े रहेंगे।
लंदन में भारतीय उच्चायोग ने बताया कि भारत के सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने लंदन में उच्च स्तरीय बैठकों का एक दिन पूरा किया। इसमें यूके सरकार के मंत्रियों, सांसदों, पार्टी नेताओं, थिंक टैंक और भारत मैत्री समूहों के साथ बैठक की गई। चर्चा में सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत-यूके सहयोग को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। इसमें ऑपरेशन सिंदूर को भारत के आतंकवाद विरोधी दृष्टिकोण में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में रेखांकित किया गया। प्रतिनिधिमंडल को व्यापक समर्थन मिला। इसने वैश्विक सुरक्षा, न्याय और रणनीतिक साझेदारी के लिए साझा प्रतिबद्धताओं की पुष्टि की। दिन की शुरुआत यूके स्थित थिंक टैंक के साथ बातचीत से हुई। इसमें सीमा पार आतंकवाद के खतरे और ऑपरेशन सिंदूर के बारे में चर्चा की गई कि कैसे भारत की इसके खिलाफ लड़ाई में एक नया रणनीतिक मानक स्थापित किया गया है।
लाइबेरिया में शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की 4 देशों की यात्रा के समापन पर भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि भारत वसुधैव कुटुम्बकम की भावना रखता है। जिसका अर्थ है कि पूरा विश्व एक परिवार है और एक विश्व मित्र की भूमिका निभाता है, इसलिए यह माना गया है कि आतंकवाद एक क्षेत्रीय समस्या नहीं, बल्कि एक वैश्विक समस्या है। हमारे प्रतिनिधिमंडल समूह ने संयुक्त अरब अमीरात का दौरा किया, जो पहलगाम हमले की निंदा करने वाला पहला देश था। फिर हम पश्चिम अफ्रीका आए, जहां सिएरा लियोन और डीआर कांगो हैं। मुझे यह कहते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमारा राजनयिक मिशन बहुत सफल रहा है। मुझे यह कहते हुए बहुत खुशी हो रही है कि आतंकवाद के खिलाफ 140 करोड़ भारतीयों का संकल्प अब दुनिया भर में घोषित हो रहा है।
नसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के ग्रुप 7 ने मिस्र के काहिरा में अरब राज्य लीग के महासचिव अहमद अबुल घीत के साथ बैठक की।
लाइबेरिया में आईयूएमएल सांसद ईटी मोहम्मद बशीर ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण देश है। लोकतंत्र की जननी है। भारत को आतंकवाद के खिलाफ दुनिया को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।
विदेश दौरे से लौटे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्वकर्ता भाजपा सांसद बैजयंत पांडा ने कहा कि यह दौरा बहुत सफल रहा। हम चार देशों में गए बहरीन, कुवैत, सऊदी अरब और अल्जीरिया। चारों देशों ने आतंकवाद के खिलाफ कदम उठाए हैं और उनका रुख भी साफ है। वे भारत को समझते हैं। भारत का इतिहास ऐसा है कि हमें किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं है। हम अहिंसा के देश हैं। हम पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उस पर भारत की प्रतिक्रिया के बारे में तथ्य और आंकड़े देने वहां गए थे। हमने व्यापार, वीजा, शिपिंग और जल पर आर्थिक प्रतिबंध भी लगाए हैं। हमारा उद्देश्य है कि पाकिस्तान अपनी गलत नीति बदले और आतंकवाद का खुलकर समर्थन करना बंद करे। पीएम मोदी ने पिछले 10-11 सालों में इन देशों के नेतृत्व के साथ बहुत अच्छे संबंध बनाए हैं और उन्होंने पीएम मोदी को अपने देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भी दिया है।पाकिस्तान बहुत प्रोपेगेंडा फैलाता है। कई सालों तक पाकिस्तान फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) की ग्रे लिस्ट में था, जिसकी वजह से वह विकास के लिए मिलने वाली फंडिंग का दुरुपयोग नहीं कर पा रहा था। अब जब वह FATF लिस्ट में नहीं है, तो उसने इसका दुरुपयोग किया है, और हमने इस पर चर्चा की है।
स्पेन में आरजेडी सांसद प्रेम चंद गुप्ता ने कहा कि हम पांच देशों में गए और जहां भी गए और जिन लोगों से मिले उन सभी का एक ही दृष्टिकोण है, वे किसी भी रूप में आतंकवाद का समर्थन नहीं करते हैं। यात्रा बहुत सफल रही।
स्पेन में आप सांसद डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने कहा कि यह हमारे प्रतिनिधिमंडल की यात्रा का आखिरी दिन था। स्पेन में हमने विदेश मंत्री, सांसदों, व्यापार संघ, थिंक टैंक, मीडिया, प्रवासी भारतीयों और आतंकवाद पीड़ितों से मुलाकात की। उन सभी ने कहा कि वे सभी प्रकार के आतंकवाद की निंदा करते हैं और आतंकवाद का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने के भारत के कदम का समर्थन करते हैं।
मलयेशिया में जदयू सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने विदेश मामलों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर संसदीय विशेष समिति के साथ बैठक की।
भाजपा सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल अल्जीरिया, सऊदी अरब, कुवैत और बहरीन की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद दिल्ली पहुंचा।
ओवैसी हैदराबाद एयरपोर्ट पर पहुंचे
AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी, भाजपा सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य, अल्जीरिया, सऊदी अरब, कुवैत और बहरीन की यात्रा पूरी करने के बाद हैदराबाद हवाई अड्डे पर पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की निरंतर लड़ाई को प्रदर्शित करने के लिए प्रमुख साझेदार देशों का दौरा किया।
ब्रिटिश सांसद ने शिष्टमंडल से मुलाकात को सकारात्मक बताया
लीसेस्टर ईस्ट से ब्रिटिश सांसद शिवानी राजा ने रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में गए भारत के सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। उन्होंने इसे "सकारात्मक बैठक" बताया और कहा कि वे आतंकवाद से निपटने में भारत के साथ काम करने और उसके प्रयासों का समर्थन करने की इच्छा रखती हैं। एक साक्षात्कार में शिवानी राजा ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमलों का जवाब देने के लिए भारत की प्रशंसा भी की। उन्होंने ब्रिटेन और अन्य देशों से आतंकवाद की निंदा करने का आह्वान किया। शिवानी ने कहा, अपने पार्टी मुख्यालय में उन्होंने कंजर्वेटिव फ्रेंड्स ऑफ इंडिया के साथ बेहद सकारात्मक बैठक की।
पाकिस्तान को बेनकाब करने के बाद अब स्वदेश वापसी का दौर शुरू
रूस, लातविया, स्लोवेनिया, ग्रीस और स्पेन की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद, DMK सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में गया सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भारत रवाना हो गया। प्रतिनिधिमंडल की नेता चेन्नई पहुंचेंगी, जबकि अन्य सदस्य कल दिल्ली पहुंचेंगे।
स्पेन में बोलीं DMK सांसद- सुरक्षित और अधिक दयालु दुनिया भारत का संकल्प
अन्य प्रतिनिधिमंडल स्पेन में है। डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि के नेतृत्व में इस प्रतिनिधिमंडल ने आतंकवाद पीड़ितों के एक संगठन ‘एसोसिएशन डी विक्टिमस डेल टेरोरिज्मो’ के साथ बैठक में सुरक्षित और अधिक दयालु दुनिया के लिए भारत के संकल्प दोहराया।
पाकिस्तान ने दुनियाभर में दहशत फैला रखी है
एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने आतंकवाद पर भारत के रुख के बारे में मिस्र में कहा, किस तरह पाकिस्तान ने आतंकवाद के पीछे छिपकर पूरी दुनिया में दहशत फैला रखी है। उन्होंने यह भी कहा कि जहां कहीं आतंकी वारदात होती है, पाकिस्तान का संबंध उजागर होता है।
आतंकवाद के बढ़ते खतरे के खिलाफ स्पष्ट चेतावनी
प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा सांसद समिक भट्टाचार्य ने लंदन में कहा, भारत दुनिया से कोई एहसान नहीं मांग रहा है, बल्कि आतंकवाद के बढ़ते खतरे के खिलाफ स्पष्ट चेतावनी दे रहा है। कहा, हम किसी के दरवाजे पर भीख का कटोरा लेकर नहीं खड़े हैं... हम यहां सबको यह सचेत करने आए हैं कि जो हमारे साथ हो रहा है, वह कल आपके साथ भी होगा। समिक ने कुछ वैश्विक शक्तियों के दोहरे मानदंडों पर भी निशाना साधते हुए कहा, देश गोला-बारूद बेचने के लिए अपना रुख बदलते हैं, वे हमें उपदेश देते हैं। वे कहते हैं कि बातचीत से सब कुछ सुलझाया जा सकता है। लेकिन आतंकी जब हत्या कर जाते हैं तब कोई कुछ नहीं कहता।
आलोचनाओं से बौखलाया पाकिस्तान कहा-हमें अस्थिरता के स्रोत रूप में न दिखाएं
भारत द्वारा लगातार अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान का राज्य पोषित आतंकी चेहरा बेनकाब करने से वह बौखला उठा है। उसके विदेश कार्यालय ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान को क्षेत्रीय अस्थिरता के स्रोत के रूप में चित्रित करने का कोई भी प्रयास वास्तविकता से अलग है। वह आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान की भारतीय नेतृत्व द्वारा की गई आलोचना का जवाब दे रहा था। एफओ ने कहा, कश्मीर मुद्दा क्षेत्र में शांति-स्थिरता के लिए खतरे वाला मुख्य मुद्दा बना हुआ है।
एकता व विविधता हमारी राष्ट्रभाषा: कनिमोझी
स्पेन की राजधानी मैड्रिड में डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि ने एक शानदार जवाब देकर सभी का दिल जीत लिया। उनसे भारत की राष्ट्रभाषा के बारे में सवाल पूछा गया था। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि आप राष्ट्रभाषा के बारे में जानना चाहते थे. मुझे लगता है कि भारत की राष्ट्रभाषा एकता और विविधता है। उनके इस जवाब को सुनकर वहां मौजूद भारतीय प्रवासियों और अन्य लोगों ने खूब तालियां बजाईं।
आतंकवाद पर पाकिस्तान को बेनकाब करने में सफल रहे
भाजपा सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और अल्जीरिया का दौरा करने वाले प्रतिनिधिमंडल के सदस्य सतनाम सिंह संधू और रेखा शर्मा ने कहा कि हम आतंकवाद पर पाकिस्तान को बेनकाब करने में सफल रहे। सभी देशों ने आतंकवाद के प्रति भारत की शून्य सहनशीलता के रूख का समर्थन किया। प्रतिनिधिमंडल ने आतंकवाद के वित्तपोषण पर अंकुश लगाने के लिए पाकिस्तान को एफएटीएफ की ग्रे सूची में वापस लाने पर जोर दिया।
ब्रिटिश सांसद प्रीति पटेल प्रतिनिधिमंडल से मिलीं
ब्रिटेन की शैडो विदेश मंत्री व कंजरवेटिव पार्टी की सांसद प्रीति पटेल ने भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि हमारे बीच आतंकवाद से लड़ने के लिए साझा दृढ़ संकल्प, भारत-ब्रिटेन रक्षा और सुरक्षा संबंध, आर्थिक संबंध समेत महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा हुई।
भारत उकसाने पर मजबूती से जवाब देता है
शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने लाइबेरिया के प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष रिचर्ड नागबे कून और प्रतिनिधि समूह के साथ मुलाकात की। शिंदे ने उन्हें बताया कि भारत संघर्ष नहीं चाहता, लेकिन उकसाए जाने पर पूरी ताकत से जवाब देता है। उन्होंने दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों का उल्लेख किया और आतंकवाद के खिलाफ भारत की दीर्घकालिक लड़ाई को सामने रखा।
केवल आतंकी हमले का बदला लिया: कांग्रेस सांसद शशि थरूर
शशि थरूर के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने ब्राजील के राष्ट्रपति के प्रमुख सलाहकार राजदूत सेल्सो अमोरिम से मुलाकात की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को निरंतर समर्थन देने के लिए ब्राजील को धन्यवाद दिया। थरूर ने उन्हें बताया कि ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य पाकिस्तान के साथ युद्ध शुरू करना नहीं, बल्कि पहलगाम आतंकी हमले का जवाब देना था। आतंकवाद के खिलाफ भारत के कड़े रुख को सामने रखते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि वे यहां मित्रों और उन देशों की समझ को समझने के लिए आए हैं जो जरूरी नहीं कि हमारे मित्र हों।
भारत ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस बात को कई बार दोहरा चुके हैं कि अब किसी भी दहशतगर्द के कायराना कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार स्पष्ट कर चुकी है कि भारत किसी भी आतंकी वारदात को 'एक्ट ऑफ वॉर' की तरह समझेगा और माकूल जवाब दिया जाएगा। इसी नीति से पूरी दुनिया को अवगत कराने की कवायद के तहत सरकार ने सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों का गठन किया है। भारत से अब तक छह शिष्टमंडल रूस, जापान, यूएई, कतर और गुयाना जैसे देशों में जाकर अलग-अलग मंचों पर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को बेनकाब कर चुके हैं।
पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा के खिलाफ भारतीय शिष्टमंडल की मुखर मुहिम
दहशतगर्दों के खिलाफ भारतीय सेना की कार्रवाई से तिलमिलाए पड़ोसी देश पाकिस्तान ने खुद को पीड़ित बताने के लिए दुष्प्रचार का सहारा लिया है। बीते 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की नृशंस हत्या हुई। इसके बाद से ही बीते एक महीने में पाकिस्तान के कई नेता-राजनयिकों ने विदेशी मीडिया के सहारे भारत के खिलाफ जमकर प्रोपेगेंडा किया है। पाकिस्तान के कुत्सित प्रयासों के खिलाफ भारत के सांसद मुखर होकर टिप्पणी कर रहे हैं। अलग-अलग दलों के होने के बावजूद सांसदों ने एक स्वर में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति को पूरी दुनिया के सामने स्पष्टता से रखा है।
अब भारत लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात
सर्वदलीय शिष्टमंडल के विदेश दौरे को लेकर सूत्रों ने बताया कि आज यानी मंगलवार तीन जून से भारत लौटने की शुरुआत हो जाएगी। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अलग-अलग देशों की यात्रा पर गए सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों की वापसी के बाद पहले इनकी मुलाकात विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर से होगी। इसके बाद वे पीएम मोदी से बातचीत कर सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि जयशंकर प्रतिनिधिमंडलों से अलग-अलग मुलाकात कर सकते हैं, जबकि पीएम मोदी सात शिष्टमंडलों में शामिल 59 सदस्यों से एक साथ मुलाकात करेंगे, ऐसी संभावना है। प्रतिनिधिमंडल वापस लौटने पर सरकार को अपने राजनयिक मिशनों की मुख्य बातें बताएंगे।
अलग-अलग दिग्गजों को मिला अगुवाई करने का अवसर
बता दें कि जिन सात शिष्टमंडलों को भेजा गया है, इनकी कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, भाजपा बैजयंत पांडा, कांग्रेस सांसद शशि थरूर, डीएमके सांसद कनिमोझी, एनसीपी-एसपी सांसद सुप्रिया सुले, जेडी-यू नेता संजय झा और शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे संभाल रहे हैं।