फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

All Party Delegation: रूस, जापान और अबू धाबी में भारतीय प्रतिनिधिमंडल; आतंकवाद पर पाकिस्तान को किया बेनकाब

Fri, 23 May 2025 11:12 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

भारत का सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल 33 देशों की राजधानियों का दौरा कर रहा है। सात अलग-अलग दलों में 51 सांसदों के अलावा कई राजनयिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और नौकरशाह भी शामिल हैं। आतंकवाद पर पाकिस्तानी सरकार की नीतियों को बेनकाब करने के लिए इन प्रतिनिमंडलों को भेजा गया है। डीएमके सांसद कनिमोझी की अगुवाई में एक दल रूस की राजधानी मॉस्को पहुंचा, जबकि दो अन्य दल जापान और यूएई का दौरा कर चुके हैं। इस खबर में पढ़ें सर्वदलीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल के विदेश दौरे से जुड़ी तमाम अपडेट्स
विज्ञापन
रूस पहुंचा भारतीय प्रतिनिधिमंडल - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:11 PM, 23-May-2025

कनिमोझी के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने रूस के पूर्व प्रधानमंत्री से की मुलाकात, आतंकवाद पर चर्चा
रूस के पूर्व प्रधानमंत्री मिखाइल फ्राडकोव ने शुक्रवार को डीएमके सांसद कनिमोझी के नेतृत्व वाले सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मौजूदा वैश्विक मुद्दों के अलावा आतंकवाद से उत्पन्न खतरों पर विशेष रूप से चर्चा की। रूस में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात के बारे में पोस्ट भी साझा की। कनिमोझी के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में सपा सांसद राजीव राय, एनसी सांसद मियां अल्ताफ अहमद, भाजपा सांसद कैप्टन ब्रिजेश चौकता, राजद सांसद प्रेम चंद गुप्ता, आप सांसद अशोक कुमार मित्तल, पूर्व राजदूत मंजीव सिंह पुरी और राकांपा सांसद जावेद अशरफ शामिल हैं।

11:01 PM, 23-May-2025

मॉस्को में डीएमके सांसद कनिमोझी ने कहा कि बहुत सारी गलत सूचना फैलाई जा रही हैं और यह भी कहा जा रहा है कि पाकिस्तान एक परमाणु शक्ति है, जिसे कई बार दोहराया गया है हम बस यह स्पष्ट करना चाहते थे कि सच्चाई क्या थी और वास्तव में क्या हुआ था। हम यह भी स्पष्ट करना चाहते थे कि भारत परमाणु हथियारों के खतरे से ब्लैकमेल होने से इनकार करता है। हम अपनी अखंडता के लिए लड़ेंगे और आतंकवादी हमलों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होंगे... भारत शांति के लिए खड़ा है।

वहीं, आरजेडी सांसद प्रेम चंद गुप्ता ने कहा कि आतंकवाद केवल भारत की समस्या नहीं है। पूरी दुनिया इससे पीड़ित है। रूस भी बहुत बुरी तरह से पीड़ित है। रूस के लोगों और सरकार को हमारा संदेश है कि पाकिस्तान से होने वाली आतंकवादी गतिविधियों को रोकने के लिए सभी को एक साथ आना होगा। दुनिया में किसी भी आतंकवादी गतिविधि का, प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से, पाकिस्तान से कोई न कोई संबंध होता है। उन्होंने हम पर चार युद्ध और सैकड़ों आतंकवादी हमले थोपे हैं। 

09:03 PM, 23-May-2025

यूएई पहुंचे शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा कि हम यहां आतंकवाद के खिलाफ संदेश देने आए हैं और संयुक्त अरब अमीरात के साथ हमारे बहुत लंबे समय से द्विपक्षीय संबंध हैं। इस यात्रा का एकमात्र उद्देश्य राष्ट्रों को संवेदनशील बनाना है और हमारे संदेश की संयुक्त अरब अमीरात द्वारा सराहना की जा रही है।

विज्ञापन
07:45 PM, 23-May-2025

जापान सरकार की ओर से हमें बहुत सहयोग मिला- अपराजिता सारंगी
वहीं,  सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की सदस्य भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा कि 2 दिनों से हम सब जापान में हैं... यह पहला देश है जहां हम आए हैं, मैं बहुत संतोष के साथ बताना चाहूंगी कि जापान सरकार की ओर से हमें बहुत सहयोग मिला और जापान के जितने बड़े नेता, राजनीतिज्ञ हैं उनसे हमने मुलाकात की और अपनी बात रखी। 22 अप्रैल की जो घटना हुई उसके विषय में हमने कहा और पाकिस्तान का जो इसमें रोल रहा उसकी हमने आलोचना की, आतंकवाद को बढ़ावा देने में पाकिस्तान का बहुत बड़ा हाथ रहा है। चाहे हम लश्कर-ए-तैयबा या जैश-ए-मोहम्मद की बात करें या फिर लश्कर-ए-तैयबा की प्रॉक्सी द रेजिस्टेंस फ्रंट की बात करें, यह सब पाकिस्तान द्वारा ही बढ़ाए हुए हैं... इन दो दिनों में बहुत सकारात्मक वातावरण में हमने बातचीत की है, ऐसा लगता है कि सब लोग हमारे साथ है, आतंकवाद के खिलाफ यह युद्ध चल रहा है, इसमें हम अकेले नहीं है जापान हमारे साथ है। इसके बाद यह दल जो विभिन्न 4 देशों में जाएगा, मैं आशा करती हूं कि उन 4 देशों में भी हमें सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलेगी।

07:33 PM, 23-May-2025

 पाकिस्तान का परमाणु झांसा अब खत्म हो गया
वही, जदयू सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि उनका (पाकिस्तान का) परमाणु बम का झांसा अब खत्म हो गया है क्योंकि पीएम मोदी ने एक नया सिद्धांत दिया है कि अगर आप हमारे नागरिकों को मारेंगे तो हम भी आपके आतंकवादी ठिकानों पर हमला करेंगे। भारत पिछले चार दशकों से आतंकवाद का सामना कर रहा है, अब भारत चुपचाप नहीं बैठेगा और अगर ऐसी कोई गतिविधि होगी, तो भारत जवाबी कार्रवाई करेगा। प्रतिनिधिमंडलों की दुनियाभर में यात्रा से वैश्विक जागरूकता बढ़ेगी, लोग अब पाकिस्तान के बारे में जागरूक हो रहे हैं कि पाकिस्तान की आर्मी आतंकवाद पर चलती है। 
 

विज्ञापन
07:30 PM, 23-May-2025

कनिमोझी के नेतृत्व में ग्रुप-6 के प्रतिनिधिमंडल ने स्टेट ड्यूमा समिति के अध्यक्ष लियोनिद स्लटस्की से मुलाकात की
DMK सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में ग्रुप-6 के प्रतिनिधिमंडल ने अंतर्राष्ट्रीय मामलों पर स्टेट ड्यूमा समिति के अध्यक्ष लियोनिद स्लटस्की और स्टेट ड्यूमा के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। स्टेट ड्यूमा रूसी संसद का निचला सदन है।

07:29 PM, 23-May-2025

वहीं, शिवसेना नेता शाइना एन.सी. ने कहा कि हमें गर्व है कि हमारे नेता श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल संयुक्त अरब अमीरात गया और जहां तक अबू धाबी का सवाल है, वहां जो मंदिर बनाया गया है वह एक प्रतीक और एक संदेश है कि एक इस्लामिक देश में, वास्तुकार ईसाई थे, वहां काम करने वाले लोग हिंदू थे और विभिन्न विचारधाराओं के लोग केवल शांति और सद्भाव के लिए हैं। जो लोग पाकिस्तान में आतंक फैला रहे हैं, उनका उद्देश्य क्या है यह सबको पता है उनका उद्देश्य केवल आतंकवाद को पनाह देना है लेकिन भारत का उद्देश्य सच्चाई को सबके सामने रखना है।

07:28 PM, 23-May-2025

शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने दुबई में गुरु नानक दरबार पहुंचकर मत्था टेका।

03:02 PM, 23-May-2025

रूस की विदेश मामलों की फेडरेशन काउंसिल कमेटी, जिसका नेतृत्व आंद्रेई डेनिसोव कर रहे हैं - कमेटी के प्रथम उपाध्यक्ष, मास्को में डीएमके सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में आए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर रहे हैं। बैठक में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार और अधिकारी भी मौजूद हैं।

02:03 PM, 23-May-2025

शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने अबू धाबी में अनवर गर्गश डिप्लोमैटिक अकादमी के महानिदेशक निकोले ई. म्लादेनोव से मुलाकात की।
 

01:24 PM, 23-May-2025

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने जापानी सांसद यासुहिरो हनाशी से मुलाकात की
जेडी(यू) सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में भारत के एक सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) की आतंकवाद निरोध पर शोध समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष और जापान के पूर्व न्याय मंत्री यासुहिरो हनाशी से मुलाकात की। अपनी बैठक में सांसदों ने आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ भारत के एकजुट और दृढ़ रुख पर प्रकाश डाला।

12:48 PM, 23-May-2025

रूस में भारतीय दूतावास के मुताबिक, राजदूत विनय कुमार ने आधिकारिक कार्यक्रम शुरू करने से पहले सांसदों कनिमोझी, राजीव राय, कैप्टन ब्रिजेश चौटा (सेवानिवृत्त), प्रेम चंद गुप्ता, अशोक मित्तल और राजदूत मंजीव पुरी को भारत-रूस संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी।

11:05 AM, 23-May-2025

TMC के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने जापान के टोक्यो में न्यायमूर्ति राधाबिनोद पाल की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

11:04 AM, 23-May-2025

जेडी(यू) सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा सांसद बृजलाल ने कहा कि हमें बहुत खुशी हुई कि जापान और उसके लोगों ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई का समर्थन किया। हम करीब 4 दशकों से पीड़ित हैं। 22 अप्रैल के हमले में, उन्होंने लोगों का धर्म पूछकर उन्हें मार डाला। एक महिला ने उनसे कहा कि उसे भी मार दो, उसके पति को मार दिया गया तो उन्होंने कहा कि जाओ और प्रधानमंत्री को संदेश दो। उसके बाद हमने सटीक हमला किया। हमने नागरिकों को नहीं मारा, केवल उनके आतंकवादी ढांचे को नष्ट किया। उसके बाद, हमें पता था कि पाकिस्तान जवाबी कार्रवाई करेगा। उन्होंने हमला किया और उसके बाद, हमने उनके ठिकानों को नष्ट कर दिया। हम पूरी दुनिया को यह बता रहे हैं। आज, पूरी दुनिया समझ रही है। वे हमारे रुख की सराहना कर रहे हैं और हम एक शांतिपूर्ण देश हैं, लेकिन अगर हम पर हमला होता है, तो यह नया भारत है, मोदी का भारत, और हम आतंकवादी ठिकानों और उनके प्रायोजकों को नष्ट कर देंगे।

08:31 AM, 23-May-2025

भारत दुनिया का सबसे शांतिपूर्ण देश
जापान में भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज ने कहा, भारत दुनिया का सबसे शांतिपूर्ण देश है और भारत जापान से जुड़ा हुआ है। वे भारत को भगवान बुद्ध की भूमि के रूप में देखते हैं... जम्मू-कश्मीर में शांति लौट आई थी, स्थिरता थी, लोकतांत्रिक सरकार थी, पर्यटन फल-फूल रहा था। यही वह समय था जब दुश्मन ने हमला किया। उसका उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में प्रगति को नष्ट कर भारत में धार्मिक सद्भाव को बिगाड़ना। भारत के समर्थन में विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसद एक स्वर में एक साथ आए - आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस भारत का स्पष्ट संदेश है। सभी सांसद एक स्वर में हर जगह गए।
 

08:26 AM, 23-May-2025

भविष्य में सहयोग के लिए आधार तैयार करने का प्रयास
पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद जापान पहुंचे कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा, भविष्य अस्पष्ट है, हमारे लिए और उनके लिए भी। भविष्य में हमें क्या कदम उठाने की आवश्यकता है? पाकिस्तान को अभी भी कुछ और करने की जरूरत है ताकि वे हमें यह विश्वास दिला सकें कि वे अब सही काम करने का इरादा रखते हैं। हमने केवल भविष्य के सहयोग के लिए आधार तैयार किया है जो हमें जापान जैसे देशों से मिल सकता है। खुर्शीद जेडी(यू) सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।

जापान में मिली प्रतिक्रिया बहुत संतोषजनक
सलमान खुर्शीद ने कहा, जापान में हमें मिली प्रतिक्रिया बहुत संतोषजनक रही है... आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को पूर्ण समर्थन मिला है... अब सवाल यह है कि आगे क्या होगा... हमें यह देखना होगा कि हम अगला कदम क्या उठा सकते हैं... जिन देशों का हम दौरा कर रहे हैं, हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि वे हमारी चिंताओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील हों और वे आने वाले समय में उचित और व्यवहार्य चीजों का समर्थन करने के लिए तैयार हों... हमें उम्मीद है कि इससे हमें भविष्य में चीजों की योजना बनाने में मदद मिलेगी।

08:23 AM, 23-May-2025

भारत की लड़ाई में दुनिया को एकजुट करने का प्रयास
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भाजपा सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने कहा, भारत से सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल एक मिशन के साथ जापान आया है। हमारा मिशन आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में दुनिया को एकजुट करना है। पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को दुनिया के सामने बेनकाब करना है। जापान में हमारा पहला दिन बहुत फलदायी रहा। डॉ हेमांग जेडी(यू) सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं।
 

08:21 AM, 23-May-2025

पाकिस्तान को अलग-थलग करना सभी के लिए महत्वपूर्ण
रूस दौरे पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने कहा, रूस ऐतिहासिक रूप से भारत का मित्र है। सभी कठिन परिस्थितियों में रूस हमारे साथ खड़ा रहा। पाकिस्तान न केवल भारत के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए खतरा बन गया है... हम इन सभी मुद्दों और सबूतों के साथ रूस जैसे एक खास दोस्त के पास आए हैं, ताकि यह समझाया जा सके कि पाकिस्तान को अलग-थलग करना सभी के लिए महत्वपूर्ण है। बता दें कि राजीव डीएमके सांसद कनिमोझी के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल के सदस्य हैं।

07:58 AM, 23-May-2025

आतंकवाद के प्रति भारत की नीति- जीरो टॉलरेंस
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे पर जापान में भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज ने कहा, 22 अप्रैल को भारत के पहलगाम में एक भीषण हमला हुआ... 26 निर्दोष पर्यटक मारे गए... पड़ोसी देश पाकिस्तान के आतंकवादियों ने इन पर्यटकों पर हमला किया... जब हमने आतंकवादियों को दंडित करने का फैसला किया, तो भारतीय सेना ने नौ आतंकी स्थलों (पाकिस्तान और पीओके में) पर हमला करने का फैसला किया... सैन्य कार्रवाई सटीक और संतुलित थी। इसके बाद पाकिस्तान ने हम पर हमला किया, और हमने जवाबी कार्रवाई की... यह एक स्पष्ट संदेश था कि भारत आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलता है।

07:07 AM, 23-May-2025

पूरी दुनिया में पाकिस्तान को बेनकाब करने का प्रयास कर रहा भारत
भारत से जापान गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे जेडी(यू) सांसद संजय कुमार झा ने कहा, हम दुनिया को यह बताने के लिए अलग-अलग देशों में जा रहे हैं कि आज भारत के साथ ऐसा हुआ है। कल आपके साथ भी हो सकता है। इसलिए तटस्थ मत रहिए। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सभी को शामिल होना चाहिए। हम भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हम पाकिस्तान के सीमा पार आतंकवाद के बारे में बताने के लिए पूरी दुनिया में जा रहे हैं।

इन देशों के राजदूतों और राजनयिकों के साथ बातचीत
जेडी(यू) सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने ब्राजील, ऑस्ट्रेलिया, कोलंबिया, ग्रीस और दक्षिण कोरिया के राजदूतों और राजनयिकों के साथ बातचीत की। इस दौरान झा ने कहा, 'दुनिया में हर आतंकवादी गतिविधि का पाकिस्तान से कोई न कोई संबंध होता है, इसलिए इस बार हमारे पीएम ने भी कहा है, यह एक न्यू नॉर्मल है। बहुत हो गया...अगर हमारे नागरिकों को कुछ हुआ तो हम जवाब देंगे।'

07:04 AM, 23-May-2025

पाकिस्तान से जुड़ी भारत की चिंता से रूस को अवगत कराएगी टीम
रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार ने कहा, भारतीय प्रतिनिधिमंडल की यात्रा का उद्देश्य आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के बारे में वैश्विक समुदाय के साथ-साथ रूस को भी अवगत कराना है। यात्रा का मकसद पाकिस्तान से जुड़ी भारत की गंभीर चिंताओं को साझा करना भी है। 

आतंकवाद के खिलाफ रूस का सहयोग भारत के लिए जरूरी क्यों
राजदूत विनय कुमार ने कहा, आतंकवाद का मुकाबला करने में भारत-रूस बहुत पुराने सहयोगी रहे हैं। दोनों का लंबा इतिहास रहा है। आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए भारत ने किसी देश के साथ पहला संयुक्त कार्य समूह 2002 में रूस के साथ ही बनाया था।

06:18 AM, 23-May-2025

रूस से ही दौरे की शुरुआत क्यों? DMK सांसद ने दिया जवाब
कनिमोझी ने दौरे की शुरुआत रूस से करने की अहमियत को रेखांकित करते हुए कहा, प्रतिनिधिमंडल रूस, स्लोवेनिया, ग्रीस, लातविया और स्पेन का दौरा कर रहा है। उन्होंने कहा, रूस भारत का रणनीतिक साझेदार रहा है और हमने हमेशा कूटनीतिक मुद्दों, व्यापार पर साथ मिलकर काम किया है... ऐसे समय में, जब हम बार-बार आतंकवादी हमलों का सामना कर रहे हैं, रूस से संपर्क करना बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है।

04:16 AM, 23-May-2025

रूस के पूर्व प्रधानमंत्री से भी मिलने का कार्यक्रम
अपने कार्यक्रम के बारे में कनिमोझी ने बताया, हम अंतरराष्ट्रीय मामलों की समिति के प्रथम उप-अध्यक्ष आंद्रे डेनिसन से मिलेंगे...हम रूस के उप-विदेश मंत्री से मिलेंगे...हम रूस के पूर्व प्रधानमंत्री मिखाइल येफिमोविच फ्राडकोव से भी मिलेंगे। हम थिंक टैंक और रूसी मीडिया के लोगों से भी मिलेंगे। हम बताएंगे कि भारत में क्या हुआ और आतंकवाद से लड़ने के लिए हमें कैसे एक साथ आना है।
 

03:45 AM, 23-May-2025

'सिंदूर अब न्याय और शक्ति का पर्याय बन गया है'
यूएई की राजधानी अबू धाबी में भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, 'सिंदूर अब न्याय और शक्ति का पर्याय बन गया है। मैं इसके लिए हमारे सशस्त्र बलों को सलाम करती हूं। मैं पीएम मोदी के नेतृत्व की भी सराहना करती हूं।'

03:22 AM, 23-May-2025

पूरी दुनिया के सामने बेनकाब होगा पाकिस्तान
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे का मकसद बताते हुए डीएमके सांसद कनिमोझी ने कहा, इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आतंकवाद पर भारत के एकीकृत रुख को बताना और वैश्विक स्तर पर फैलाई जा रही गलत सूचनाओं का मुकाबला करना है। उन्होंने कहा, हमारा उद्देश्य भारत के संदेश को विभिन्न देशों तक ले जाना, देश में जो हुआ है उसे समझाना और पूरी दुनिया को सच्चाई समझाना है। हमें इस समस्या का समाधान करना होगा और दुनिया को आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होना होगा।' भारत के रुख को पूरी दुनिया के सामने स्पष्ट करने की जरूरत पर कनिमोझी ने कहा, 'हमने आतंकवाद के कारण 26 लोगों की जान गंवाई। हम इस बारे में बात करना चाहते हैं कि आतंकवाद के कारण इस देश में क्या हुआ और क्या हो रहा है। हम इसे रोकना चाहते हैं। निहित स्वार्थ वाले लोग अलग-अलग कहानियां गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए सच बताया जाना चाहिए।
 

02:57 AM, 23-May-2025

मॉस्को पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का कार्यक्रम
रूस पहुंचे भारतीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल सांसद और राजनयिक कई अहम बैठकों और बातचीत के कार्यक्रमों में शरीक होंगे। मॉस्को में भारतीय दूतावास से जारी बयान के मुताबिक इस दौरे का मकसद पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के तहत की गई कार्रवाई और दहशतगर्दों के खिलाफ भारत सरकार के निरंतर प्रयासों से पूरी दुनिया को अवगत कराना है। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद के खतरे के खिलाफ भारत के सैद्धांतिक और दृढ़ रुख को आगे बढ़ाने का प्रयास भी कर रहा है। मॉस्को पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्य रूसी संघ की संघीय विधानसभा के फेडरेशन काउंसिल (उच्च सदन) और स्टेट ड्यूमा (निचले सदन) के वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों, विदेश मंत्रालय और थिंक टैंक और मीडिया में अन्य प्रमुख वार्ताकारों के साथ बातचीत भी करेंगे। मॉस्को पहुंचने से पहले इस दल ने रूस के ऊपर से लिए गए एरियल शॉट भी शेयर किए।

02:40 AM, 23-May-2025

All Party Delegation: रूस, जापान और अबू धाबी में भारतीय प्रतिनिधिमंडल; आतंकवाद पर पाकिस्तान को किया बेनकाब

आतंकवाद के मुद्दे पर पड़ोसी देश पाकिस्तान की सरकार और सेना की नीतियों को पूरी दुनिया के सामने उजागर करने के लिए भारत लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में देश की 59 हस्तियों को सात अलग-अलग सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों में 33 देशों के दौरे पर भेजा जा रहा है। तमिलनाडु से निर्वाचित लोकसभा सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में एक दल को रूस समेत कुछ अन्य देशों के दौरे पर भेजा गया है। रूस की राजधानी मॉस्को पहुंचने के बाद कनिमोझी समेत दल में शामिल अन्य लोगों की तस्वीर सामने आई। मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल का स्वागत रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार ने किया। इस प्रतिनिधिमंडल में राजीव राय, कैप्टन बृजेश चौटा, श्री प्रेम चंद गुप्ता, डॉ. अशोक कुमार मित्तल, राजदूत मंजीव सिंह पुरी शामिल हैं
इस मौके पर डीएमके सांसद ने कहा, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जब इस देश की सुरक्षा और संप्रभुता की बात आती है तो हम सभी एक साथ खड़े होते हैं। मुझे लगता है कि इस पर कोई मतभेद नहीं है।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें