बीते कुछ महीनों से भीषण हिंसा का दौर देख रहे अफगानिस्तान पर अब तालिबान का कब्जा हो गया है। सूत्रों के अनुसार देश की सत्ता तालिबान के हाथ में आ गई है और राष्ट्रपति अशरफ गनी ने देश छोड़ दिया है और वह ताजिकिस्तान पहुंचे हैं। उधर, तालिबान ने कहा है कि वह काबुल के कुछ हिस्सों में प्रवेश करने जा रहा है। उसने इस दौरान नागरिकों से न घबराने की अपील की है। तालिबान ने राष्ट्रपति भवन का नियंत्रण भी अपने हाथ में ले लिया है। यहां पढ़िए अफगानिस्तान में चल रहे इस संकट से जुड़े सभी लाइव अपडेट्स
काबुल में अमेरिकी दूतावास के बाहर दो बम धमाकों की आवाज सुनाई पड़ी है। बता दें कि अमेरिका अपने दूतावास से कर्मचारियों को निकालने में लगा है।
11:38 PM, 15-Aug-2021
ब्रिटेन का बयान, तालिबान सरकार को न मिले मान्यता
ब्रिटेन ने कहा कि तालिबान सत्ता को अफगान सरकार के रूप में मान्यता नहीं मिलनी चाहिए।
10:34 PM, 15-Aug-2021
अफगान एयरस्पेस में जाने से बचें पायलट: ब्रिटिश एयरवेज
ब्रिटिश एयरवेज ने अपने पायलटों को आदेश दिया है कि वह अफगानिस्तान में तेजी से बदलते सुरक्षा स्थितियों के चलते अफगानी एयरस्पेस (वायु क्षेत्र) में जाने से बचें। समाचार एजेंसी ने ब्रिटिश एयरवेज के प्रवक्ता के हवाले से यह खबर दी है।
दिल्ली पहुंचे अफगानी सांसद अब्दुल कादिर जाजई ने कहा कि अफगानिस्तान सरकार और तालिबान के बीच शांति समझौता हुआ था। यह बस एक हस्तांतरण की प्रक्रिया भर थी। अब काबुल में स्थिति शांत है। पारिस्तान तालिबान के सबसे करीबी समर्थकों में से एक है। उन्होंने कहा कि मेरा परिवार अभी भी काबुल में है।
10:03 PM, 15-Aug-2021
काबुल में तेजी से बदल रहे सुरक्षा हालात
काबुल में अमेरिकी दूतावास ने एक सुरक्षा अलर्ट में कहा है कि एयरपोर्ट सहित पूरे काबुल में सुरक्षा व्यवस्था तेजी से बदल रही है।
विज्ञापन
09:51 PM, 15-Aug-2021
'उम्मीद है तालिबान महिलाओं को अधिकार देगा'
अफगानिस्तान में सत्ता तालिबान के पास चली जाने के बाद वहां से दिल्ली आए अफगान राष्ट्रपति अशरफ गनी के वरिष्ठ सलाहकार रिजवानुल्लाह अहमदजई ने कहा कि अफगानिस्तान के अधिकतर हिस्सों में शांति है। लगभग सभी राजनीतिक लोग काबुल छोड़ चुके हैं। करीब 200 लोग दिल्ली आए हैं। मुझे लगता है कि यह नया तालिबान है जो महिलाओं को काम करने की आजादी देगा।
09:16 PM, 15-Aug-2021
तालिबान ने संभाला राष्ट्रपति भवन का नियंत्रण
तालिबान ने अफगानिस्तान के राष्ट्रपति भवन का नियंत्रण अपने हाथों में ले लिया है। समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया कि तालिबानी कमांडरों ने कहा है कि हमने अफगान राष्ट्रपति भवन का नियंत्रण संभाल लिया है।
09:07 PM, 15-Aug-2021
'दुनिया ने अफगानिस्तान को अकेला छोड़ दिया'
काबुल से दिल्ली आई एक महिला ने कहा कि मैं इस बात पर भरोसा नहीं कर पा रही हूं कि पूरी दुनिया ने अफगानिस्तान को अकेला छोड़ दिया है। हमारे दोस्तों की हत्या की जाने वाली है। वो (तालिबान) हमें मार देंगे। हमारी महिलाओं को कोई अधिकार नहीं मिल पाएंगे।
08:54 PM, 15-Aug-2021
अफगानिस्तान में हालात के लिए अशरफ गनी जिम्मेदार: पूर्व सांसद
एयर इंडिया के विमान से काबुल से दिल्ली पहुंचे अफगानिस्तान के पूर्व सांसद ने देश में बने हालात के लिए अशरफ गनी को जिम्मेदार बताया है। पूर्व सांसद और पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई के रिश्तेदार जमील करजई ने कहा कि मैंने जब शहर छोड़ तब काबुल पर तालिबान ने कब्जा कर लिया था। मुझे लगता है कि वहां एक नई सरकार बनेगी... जो भी हुआ है वह अशरफ गनी की वजह से हुआ है। उन्होंने अफगानिस्तान के साथ धोखा किया है। लोग उन्हें माफ नहीं करेंगे।
08:43 PM, 15-Aug-2021
दिल्ली में मौजूद अफगानी परेशान
अफगानिस्तान में हालात को लेकर नई दिल्ली में मौजूद अफगान नागरिक काफी परेशान हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार जंगपुरा में रहने वाले अफगानी नागरिक ने कहा कि नेता इधर-उधर भाग रहे हैं और नागरिकों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। मैंने अपने दोस्तों से बात की है, उन्होंने मुझे बताया है कि तालिबान काबुल में प्रवेश कर चुका है। हाल ही में मैंने अपने एक रिश्तेदार को इस लड़ाई में खोया था। वहीं, एक अन्य अफगानी नागरिक अरीफा ने कहा कि वहां हालात सच में बहुत खतरनाक हैं। मैं चादरी (बुर्का) नहीं पहनना चाहती, मैं आजादी चाहती हूं। मैं न कुछ खा पा रही हूं और न सो पा रही हूं।
08:05 PM, 15-Aug-2021
काबुल से दिल्ली पहुंचा एयर इंडिया का विमान
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में तालिबान के दाखिल होने के बाद बने हालातों के बीच वहां से उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का एक विमान नई दिल्ली पहुंच गया है। इस विमान में 129 यात्री सवार थे।
07:57 PM, 15-Aug-2021
काबुल के कुछ हिस्सों में दाखिल होगा तालिबान
समाचार एजेंसी एएनआई ने टोलो न्यूज के हवाले से खबर दी है कि तालिबान के प्रवक्ता जबीहउल्ला मुजाहिद ने कहा है कि लूटमार और भगदड़ की स्थिति से बचने के लिए हमारे दल काबुल के कुछ हिस्सों में प्रवेश करेंगे और उन सुरक्षा चौकियों को अपने कब्जे में लेंगे जिन्हें सुरक्षा बलों ने खाली कर दिया है। मुजाहिद ने लोगों से कहा है कि शहर में हमारे प्रवेश के दौरान घबराएं नहीं।
07:49 PM, 15-Aug-2021
अब्दुल्ला ने अशरफ गनी को कहा 'पूर्व राष्ट्रपति'
राष्ट्रीय सुलह के लिए उच्च परिषद के अध्यक्ष अब्दुल्ला अब्दुल्ला ने अफगान सुरक्षा बलों से सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग करने के लिए कहा है। उन्होंने तालिबान से काबुल में प्रवेश से पहले वार्ता के लिए कुछ समय देने की मांग की है। समाचार एजेंसी ने टोलो न्यूज के हवाले से बताया कि अब्दुल्ला ने अशरफ गनी को 'पूर्व राष्ट्रपति' कहा और कहा कि गनी देश छोड़ चुके हैं।
07:10 PM, 15-Aug-2021
राष्ट्रपति अशरफ गनी ने छोड़ा देश
अफगानिस्तान में बड़ा सियासी उलटफेर हो गया है। यहां तालिबान को देश की सत्ता सौंप दी गई। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने देश छोड़ दिया है।
06:41 PM, 15-Aug-2021
काबुल पर जबरन कब्जे की योजना नहीं: तालिबान
अफगान की राजधानी में गोलियों की रुक-रुक कर आ रही आवाजों के बीच तालिबान ने एक बयान में कहा कि उनकी काबुल को ‘जबरदस्ती’ अपने कब्जे में लेने की योजना नहीं है। बता दें कि दो दशक की लड़ाई के बाद अफगानिस्तान से अमेरिकी और नाटो बलों की संपूर्ण वापसी से पहले तालिबान देश पर हर ओर से कब्जा करता जा रहा है। वहीं राजधानी काबुल के बाहरी इलाकों में प्रवेश से पूर्व रविवार सुबह चरमपंथी संगठन ने जलालाबाद शहर पर कब्जा कर लिया था।
06:27 PM, 15-Aug-2021
काबुल से रवाना हुआ एयर इंडिया का विमान
एयर इंडिया का एक विमान अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से नई दिल्ली के लिए उड़ान भर चुका है। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार इस विमान में कुल 129 यात्री सवार हैं। यह विमान आज रात नई दिल्ली पहुंचेगा।
06:21 PM, 15-Aug-2021
काबुल में पुलिस को गोली चलाने की इजाजत
समाचार एजेंसी एएनआई ने टोलो न्यूज के हवाले से खबर दी है कि अफगानिस्तान के आंतरिक मंत्रालय ने कहा है कि तालिबान के काबुल में प्रवेश न करने के बयान को देखते हुए 'मौकापरस्त' लोगों से बचने के लिए पुलिस की विशेष इकाइयों को काबुल शहर के विभिन्न जिलों में तैनात कर दिया गया है। पुलिस को गोली चलाने की अनुमति दी गई है।
06:14 PM, 15-Aug-2021
अफगानिस्तान के हालात पर नाटो चिंतित
उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) ने कहा है कि अफगानिस्तान में राजनीतिक हालात पहले से कहीं ज्यादा तात्कालिक और गंभीर हो गए हैं।
05:58 PM, 15-Aug-2021
काबुल से आज रात आएगा एयर इंडिया का विमान
काबुल एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के एक विमान की उड़ान की तैयारियां चल रही हैं। सूत्रों के अनुसार इस उड़ान की सुरक्षा और बोर्डिंग की प्रक्रिया चल रही है। सूत्रों ने बताया कि यह विमान बड़ी संख्या में लोगों को लेकर आज रात दिल्ली पहुंचेगा। बता दें कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की फ्लाईदुबई एयरलाइंस ने सोमवार से काबुल की उड़ानों को निलंबित करने का एलान किया है।
05:53 PM, 15-Aug-2021
कतर जाएगा अफगान सरकार का प्रतिनिधिमंडल
सत्ता परिवर्तन के लिए तालिबान से बात कर रहे अफगानिस्तान सरकार के प्रतिनिधियों ने बताया है कि अफगान सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल तालिबानी प्रतिनिधियों से मिलने के लिए आज कतर जाएंगे। अफगान सरकार के इस प्रतिनिधि मंडल में राष्ट्रीय सुलह के लिए उच्च परिषद के प्रमुख अब्दुल्ला अब्दुल्ला भी शामिल रहेंगे।
05:47 PM, 15-Aug-2021
शांति से सत्ता परिवर्तन चाहते हैं: तालिबान
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार तालिबान के प्रवक्ता ने कहा है कि हम देश में अगले कुछ दिनों में शांतिपूर्ण सत्ता परिवर्तन चाहते हैं। इससे पहले अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने सरकारी सुरक्षा बलों से राजधानी काबुल में कानून व्यवस्था को बनाए रखने का अनुरोध किया था।
05:43 PM, 15-Aug-2021
एयरपोर्ट पहुंचाए जा रहे अमेरिकी राजनयिक
तालिबान के राजधानी काबुल में प्रवेश के साथ ही अमेरिकी राजनयिकों को यहां स्थित दूतावास से एयरपोर्ट के लिए रवाना कर दिया गया है। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि सेना के हेलिकॉप्टर लगातार एयरपोर्ट और दूतावास के बीच चक्कर लगा रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि जब तक सुरक्षा स्थितियां जवाब देती हैं तब तक दूतावास में कुछ लोगों की मौजूदगी रहेगी।
05:38 PM, 15-Aug-2021
काबुलवासियों की सुरक्षा का आश्वासन
खामा प्रेस न्यूज एजेंसी ने बताया कि राष्ट्रीय सुलह के लिए उच्च परिषद के प्रमुख अब्दुल्ला अब्दुल्ला इस प्रक्रिया में मध्यस्थता कर रहे हैं। आंतरिक और विदेश मामलों के कार्यवाहक मंत्रियों अब्दुल सत्तार मिर्जाकवाल ने आश्वासन दिया है कि काबुल के लोगों को सुरक्षित किया जाएगा। हम अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ शहर की रक्षा कर रहे हैं।
05:33 PM, 15-Aug-2021
महासंकट: अफगानिस्तान के राष्ट्रपति भवन पर भी तालिबान का कब्जा, देश छोड़कर ताजिकिस्तान पहुंचे अशरफ गनी
तालिबान ने अफगानिस्तान पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। तालिबान के आतंकी अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में प्रवेश कर गए हैं और देश की सभी सीमाओं पर कब्जा भी कर लिया है। इस बात की पुष्टि तीन अफगान अधिकारियों ने की है। वहीं, सत्ता में परिवर्तन के लिए तालिबान नेतृत्व और अफगान सरकार के बीच बातचीत चल रही है।