उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में मतदान के दौरान भाजपा और रालोद उम्मीदवारों के समर्थकों की पुलिस से नोकझोंक हो गई। इस दौरान बात हाथापाई तक पहुंच गई। वायरल वीडियो में रालोद प्रत्याशी के समर्थक और नेता पुलिस पर भाजपा के विरोध में काम करने का आरोप लगाते नजर आए। वहीं पुलिस का कहना है कि नेता बूथ पर चुनाव को प्रभावित कर रहे थे, जिससे शांतिपूर्ण मतदान बाधित हो रहा था। वहीं वीडियो में पुलिस नेताओं को एकतरफ ले जाती दिख रही है, लेकिन कुछ अन्य नेता उन्हें अपने साथ ले गए।
गाजियाबाद लोकसभा सीट पर 05:00 बजे तक कुल 48.22 प्रतिशत मतदान
विधानसभा— 9:00 बजे— 11:00 बजे— 01:00 बजे— 03:00 बजे— 05 बजे तक
लोनी— 12.8 —27.10 —37.5 — 44.5 —52.40
मुरादनगर— 11.87 —23.92 —35.88 —44.02 —52.26
साहिबाबाद— 08.25 —20.05 —29.88 —36.14 —41.53
गाजियाबाद— 09.74 —21.00 —32.14 —39.45 —46.23
धौलाना— 13.78 —27.58 —39.49 —48.04 —57.46
बागपत लोकसभा
मोदीनगर—10.05 —24.45 —36.25 —46.19 —55.74
भाई और भाभी संग वोट करने पहुंचे मोहम्मद शमी
भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाज मोहम्मद शमी शुक्रवार को अपने भाई हसीब और भाभी संग डिडौली क्षेत्र के गांव सहसपुर अलीनगर के मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि आपका वोट है आपको अपनी सरकार चुनने का हक है। शमी ने कहा कि अपने पसंद के प्रत्याशी को वोट दें। वोट डालना सभी का अधिकार है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि मेरे लिए गर्व की बात है कि वह मंच से मेरा नाम लेकर प्रशंसा करते हैं। किन मुद्दों को लेकर वोट होना चाहिए के सवाल पर उन्होंने कहा कि अमरोहा के लिए विकास, स्कूल, कॉलेज, मेडिकल कॉलेज यही सब कुछ मुद्दे हैं।
गाजियाबाद लोकसभा की मुरादनगर विधानसभा में 1 बजे तक 35.88प्रतिशत मतदान हुआ। नगरीय और देहात की मिश्रित आबादी वाली विधानसभा में भाजपा व काग्रेस मुक़बाला देखने को मिल रहा है । यहां एनडीए से भाजपा के सिम्बल पर अतुल गर्ग, इंडिया गठबंधन से काग्रेस के सिम्बल पर डोली शर्मा के बीच मुख्य मुकाबला हैं। मतदान में मंहगाई, बेरोजगारी, सुरक्षा का मुद्दा बना हुआ हैं।
हापुड़ विधानसभा क्षेत्र -39.97 प्रतिशत
गढ़ विधानसभा क्षेत्र -38.01 प्रतिशत
धौलाना विधानसभा क्षेत्र- 39.52 प्रतिशत
गाजियाबाद के मोदीनगर के सीकरी खुर्द के सुनील गिरी पुत्र राधे गिरी की आज शादी है। उन्होंने शादी से पहले मतदान किया।
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र और यूपी सरकार में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने अलीगढ़ के अतरौली स्थित अपने गांव मढ़ोली में मतदान किया।
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित शहीद भगत सिंह स्कूल में बूथ नंबर 556 पर अचानक वोटिंग रुक गई। दरअसल, बंदरों का एक झुंड मतदान केंद्र पर आ गया था जिस वजह से कर्मचारी कमरे से भाग खड़े हुए थे। इस दौरान कुछ देर के लिए बहुत पर वोटिंग बंद हो गई थी, हालांकि 10 मिनट बाद ही बंदरों को भागकर मतदान प्रक्रिया शुरू कराई गई।
गाजियाबाद के खोड़ा के ज्यादातर युवाओं ने इस बार वोट नहीं दिया है। उन्होंने पानी नहीं तो वोट नहीं की बात कही है। ग्रेटर नोएडा के नंगला नैनसुख गांव में घूंघट की ओट में महिलाएं मतदान करने के लिए लाइन में लगी दिखाई दीं।
हापुड़ के श्रीशांति स्वरूप कृषि इंटर कॉलेज में दोपहर के समय लगभग सभी बूथ खाली पड़े हैं। वहीं, धौलाना में बूथ नंबर 239 पर मतदान के लिए मतदाताओं की कतार लगी है। धौलाना में मतदाता बूथ नंबर 235 पर धूप से बचकर पेड की छांव में लाइन लगाकर खड़े दिखाई दिए। बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर भी धौलाना में मतदान केंद्र पर पहुंचे। इसके अलावा, धौलाना के पैंठ चबूतरा में बूथ नंबर 283 मशीन बंद होने के कारण मतदाता वापस लौट गए।
भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल हापुड़ जिले के आर्य कन्या पाठशाला के मतदान केंद्र पर पहुंचे। अरुण गोविल ने कहा भाजपा का मुकाबला किसी से नहीं है। पूरे देश में भाजपा की लहर है। दूसरे चरण के चुनाव में भी भाजपा की ही जीत होगी। अरुण गोविल से एक महिला कार्यकर्ता ने कहा कि वोटर निकलकर नहीं आ रहा है। अरुण गोविल ने पत्रकारों से कहा मतदाता घरों से निकल रहे हैं। 40% से ऊपर मतदान लगभग हो चुका है।
हापुड़ के पिलखुवा में राजपूताना रेजीमेंट इंटर कॉलेज के बाहर वोट डालने के लिए कतार दिखाई दी। हालांकि धौलाना क्षेत्र में कई जगह बूथ सूने भी दिखे। 72 साल की बुजुर्ग महिला शारदा का आर्मी सिपाही ने वोट डलवाया। मारवाड़ इंटर कॉलेज पर बने मतदान केंद्र पर सीओ पिलखुवा ने एजेंट को समझाया। हापुड़ के गांव सबली स्थित कंपोजिट विद्यालय में मुख्य विकास अधिकारी ने मतदान किया।
हापुड़ के थाना देहात इलाके के एलएन पब्लिक स्कूल स्थित मतदान केंद्र के पास पुलिस ने चेकिंग के दौरान कार में रखी लाल बत्ती के साथ युवक को दबोचा है। युवक के कब्जे से कई परिचय पत्र और अन्य फर्जी कागजात बरामद हुए हैं। परिचय पत्रों में युवक स्वयं पुलिस की वर्दी व उत्तर प्रदेश पुलिस सुरक्षा का बेज लगाए दिखाई दे रहा है। वहीं युवक मानसिक रूप से कमजोर भी बताया जा रहा है। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम अंकित गर्ग पुत्र राजकुमार गर्ग निवासी मोहल्ला ज्ञानलोक कॉलोनी हापुड़ बताया है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
बागपत लोकसभा की मोदीनगर विधानसभा में 1 बजे तक 36.25 प्रतिशत मतदान हुआ। नगरीय और देहात की मिश्रित आबादी वाली विधानसभा में त्रिकोणीय मुक़बाला देखने को मिल रहा है । यहां एनडीए से रालोद के सिम्बल पर डॉ राजकुमार सांगवान, इंडिया गठबंधन से सपा के सिम्बल पर अमरपाल शर्मा और बसपा के प्रवीण बैंसला के बीच मुख्य मुकाबला हैं। मतदान में मंहगाई, बेरोजगारी, सुरक्षा के अलावा जातिवाद भी मुद्दा बना हुआ हैं। इससे भाजपा और रालोद नेताओं की धड़कने बढ़ी हुई है।
किन्नर मिहिर भोज कॉलेज में मतदान करने एक साथ पहुंचे। कोट गांव में मतदान केंद्र खाली पड़ा है।
मतदाता ईवीएम से वोट डालते हुए फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं।
गाजियाबाद में समस्याओं से परेशान आम जनता को मतदान का बहिष्कार करते हुए सुना होगा, लेकिन गाजियाबाद में पार्षद परिवार ने ही मतदान का बहिष्कार कर व्यवस्था के प्रति नाराजगी जाहिर कर की। वार्ड-95 के पूर्व पार्षद जाकिर अली सैफी, उनकी पत्नी पूर्व पार्षद नरगिस और भाई की पत्नी मौजूदा पार्षद रुकसाना सैफी समेत परिवार के 20 सदस्य शुक्रवार को मतदान करने नहीं गए। जाकिर अली सैफी और उनकी पत्नी कांग्रेस से पार्षद रह चुके हैं। इस बार उनके भाई की पत्नी रुकसाना आम आदमी पार्टी से वार्ड की मौजूदा पार्षद हैं। जाकिर अली ने बताया कि वार्ड 95 के निवासी कई दिनों से पानी की किल्लत, खराब सड़क जैसी समस्या से जूझ रहे हैं। नगर निगम के अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है। वार्ड के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। सड़कों की मरम्मत तक नहीं की जा रही है। वार्ड की अनदेखी के विरोध में परिवार सहित लोकसभा चुनाव में मतदान नहीं करने का निर्णय लिया है।
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित शहीद भगत सिंह स्कूल बूथ नंबर 556 में वोटिंग रोकी गई है।
मोदीनगर के गांव याकूतपुर मवी में मतदान केंद्र संख्या 66 पर करीब 20 मिनट तक ईवीएम खराब रही। जिससे मतदाताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है।
61- नोएडा -- 32.52 %
62- दादरी -- 36.46 %
63- जेवर -- 37.25 %
64- सिकंदराबाद -- 39.51 %
70- खुर्जा -- 37.65 %
कुल मतदान प्रतिशत: 36.05%
कुल मतदान - 38.57 %
पुरुष - 22.11 %
महिला - 16.46 %
किठौर - 39.92 %
मेरठ कैंट - 37.73%
मेरठ शहर - 36.96%
मेरठ दक्षिण - 38.06 %
हापुड़ - 39.95 %
भाजपा के धुरी समझे जाने वाले कल्याण सिंह के गांव मढ़ोली में भाजपा के प्रत्याशी सतीश गौतम का विरोध हुआ। वहां के बूथ अध्यक्ष नवरत्न सिंह ने कहा कि भाजपा के विरोध में नहीं प्रत्याशी सतीश गौतम के विरोध में वोट डाला है।
अलीगढ़ की विधानसभा 75 कोल क्षेत्र धनीपुर ब्लाक के गांव जल्लुपुर सेहौर में मतदान केंद्र जल्लुपुर सेहौर में बूथ संख्या 313 पर करीब एक घंटे से ईवीएम खराब होने से मतदान रूका। मतदाता परेशान होकर घर की ओर वापस लौट रहे हैं।
1933 में पाकिस्तान के सिंध के डेरा इस्माइल खान में जन्मे और पार्टीशन के बाद भारत आए पन्ना लाल भाटिया अब नोएडा के सुपरटैक केपटाउन में रहते हैं, वो अपना वोट डालने बूथ पर पहुंचे, घर पर वोट की सुविधा नहीं ली।
अलीगढ़ के डीएम विशाख जी ने सेवा भवन में बने मतदेय स्थल पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उधर, अमरोहा के मंडी धनौरा के कन्या जूनियर हाई स्कूल के बूथ पर मतदान को लेकर भाजपाइयों ने जमकर हंगामा किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बनारस से ड्यूटी पर आए दरोगा पीएन मिश्रा मतदाता को बेवजह तंग कर रहे हैं। इससे गुस्साए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर हंगामा काटा। उन्होंने एक बूथ पर कुछ देर के लिए मतदान रोक दिया। मौके पर एसडीएम भारी पुलिस फोर्स से लेकर पहुंची और मतदान शुरू कराया।
मथुरा में आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी ने मतदान किया। जयंत चौधरी ने कहा कि "मतदाताओं ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल को देखा है, 10 साल के कार्यों को देखा है और वे उससे प्रभावित हुए हैं... महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार जो भी फैसला लेगी उसमें हम उनके साथ हैं।
ओपन हार्ट सर्जरी करवाने वाली 75 वर्षीय मरीज मतदान के लिए नोएडा के मतदान केंद्र पर एम्बुलेंस में पहुंचीं।
72 वर्षीय लाल ठाकुर को उनके बेटे गोदी में लेकर कैलाशपति इंटर कॉलेज बूथ पर वोट दिलवाने पहुंचे। बूथ पर व्हीलचेयर की व्यवस्था न होने की वजह से यहां कई मतदाताओं को परेशानी हुई है। शिप्रा रिवेरा सोसाइटी में उत्तर प्रदेश कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा मतदान स्थल का जायजा लिया। कंपोजिट विद्यालय सालह नगर लोनी में मतदान केंद्र खाली पड़ा हुआ है।
बुजुर्ग मतदाता सुरेश गुप्ता एवं सरोज गुप्ता ने देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शिकागो से आए हैं। दंपती इग्जीक्यूटिव क्लास की बहुत महंगी फ्लाइइट की टिकट लेकर शिकागो से भारत केवल वोट डालने के लिए आए हैं। सुरेश गुप्ता का कहना है कि वह जब भी विदेश में होते हैं तो उनको भारतीय होने पर बहुत गर्व होता है। भारतीय पासपोर्ट की वैल्यू में इजाफा हुआ है। भारतीय होने की वजह से दुनिया में सभी जगह अतिरिक्त सम्मान मिलता है।
मोदीनगर विधायक डॉ मंजू शिवाच ने पति डॉ देवेंद्र शिवाच के साथ मतदान किया। मतदाता खुशबू ने पहली बार मतदान किया। प्राथमिक विद्यालय गांव जलालाबाद में ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल धीरज दत्त पुत्र विनोद दत्त त्यागी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। गर्मी के कारण चक्कर आने के बाद वह बेहोश हो गया। धीरज कस्बा थाना चरथावल मुजफ्फरनगर के रहने वाले है। धीरज को सीएचसी मुरादनगर ले जाया गया। चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार देकर उन्हें संजयनगर गाजियाबाद रेफर कर दिया है। अब तबीयत में सुधार है।
धूप की तपिश बढ़ने के साथ ही मतदान का ग्राफ बढ़ने लगा है। सुबह 7:00 से मतदान सभी बूथों पर शुरू हो गया। पहले 2 घंटे में जहां मतदान का प्रतिशत 10.67 था, वहीं 9:00 बजे से 11:00 बजे के बीच 23. 19 फीसदी पहुंच गया है। करीब 13 फीसदी मतदान 2 घंटे में बढ़ गया है। धौलाना विधानसभा क्षेत्र मतदान में अभी तक नंबर एक पर चल रहा है। यहां 11:00 तक 27.65 फीसदी वोट पड़ चुके हैं। दूसरे नंबर पर लोनी विधानसभा क्षेत्र है। यहां 26.87 वोट 11:00 बजे तक पड़ चुके हैं। मुरादनगर में 24.39, गाजियाबाद में 20.09 प्रतिशत मतदान हो चुका है। वहीं, गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र की सबसे बड़ी विधानसभा क्षेत्र साहिबाबाद में सबसे कम मतदान हुआ है। यहां सुबह नौ बजे तक 8.25 फीसदी मतदान हुआ था। 11 बजे तक 20.85 फीसदी वोट पड़े हैं। वहीं, बागपत लोकसभा क्षेत्र में आने वाली मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र में 11:00 बजे तक 24.45 फीसदी वोट पड़े हैं।
इन्द्रगढ़ी के बूथ केंद्र अम्बेडकर इन्टर कॉलेज में अपना पहली बार वोट डालने के बाद मतचिन्ह दिखाते कपिल और राहुल
इनके अलावा, खोड़ा के गोपाल सिंह (80) ने भी मतदान किया। अपना वोट डालने के लिए अकेले 400 मीटर की दूरी तय करके मतदान केन्द्र पहुंचे।
करहेड स्थित कंपोजिट विद्यालय में खाली पड़ा बूथ
लिंक रोड थाना इलाके के कड़कड़ मॉडल गांव में प्रेमवती जूनियर हाई स्कूल स्थित संवेदनशील पोलिंग बूथ पर सुबह 11:00 बजे तक मतदाता नहीं दिखे। आर के मेमोरियल जूनियर हाईस्कूल खोड़ा में पांचों बूथ खाली पड़े हैं। मतदान करने के लिए एक दो मतदाता आ रहा है। मोदीनगर के गांव गदाना स्थित मतदान केंद्र पर बूथ खाली पड़े हैं। पसोंडा के कंपोजिट विद्यालय स्थित पांचों बूथ पर कुछ ही लोग मतदान करने आ रहे हैं। लोनी इंटर कॉलेज में लोग धूप में खड़े होकर वोट डालने की लाइन में खड़े दिखाई दिए। मसूरी के जूनियर स्कूल में सुबह 10:30 बजे बूथ संख्या 301 पर मतदाताओं की लंबी लाइन दिखाई दी। इस बूथ पर दो बार मशीन खराब हुई, जिससे कुछ देर मतदान प्रभावित हुआ। अब सब सामान्य चल रहा है।
61- नोएडा -- 21.3%
62- दादरी -- 24.80%
63- जेवर -- 25.87%
64- सिकंदराबाद -- 27.17%
70- खुर्जा -- 26.22%
कुल मतदान प्रतिशत: 24.48%
शहरी क्षेत्र नोएडा में वोटिंग सबसे कम है ग्रामीण सिकंदराबाद सबसे आगे है।
नोएडा के सेक्टर 75 स्थित गोल्फ एवेन्यू में मतदान केंद्र पर फोन ले जाने को लेकर पुलिस और मतदाता के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने मतदाता से कहा कि वोट डालना तो मोबाइल फोन जमा करो। उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व मुख्य सचिव रहे राजेन्द्र कुमार तिवारी ने मतदान किया। उन्होंने कहा कि वोट डालने का सौभाग्य मिला है। मेरा देश और देशवासी संपन्न और विकसित हों।
नोएडा के सेक्टर 100 नोएडा में 80 वर्षीय महिला उर्मिला ने अपने मत का उपयोग करवाकर अपना फर्ज अदा किया। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन वोट डालने के बाद उत्साहित दिखाई दिए।
चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज पोलिंग बूथ पर मतदान के दौरान विवाद की स्थिति पैदा हो गई। वोटर का कहना है कि आवाज तो आई लेकिन मेरा वोट नहीं पड़ा। हालांकि अधिकारियों ने माहौल को संभाला।
सुरीर कोतवाली क्षेत्र के इरौली जुन्नारदार गांव में ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार कर दिया। यहां 11.30 बजे तक एक भी वोट नहीं डाला गया। इरौली जुन्नारदार में बूथ संख्या 254 और 255 दो बूथ हैं। इसमें करीब 1400 से अधिक मतदाता हैं। मतदान का बहिष्कार करने की सूचना पर मतदान केंद्र पहुंचे सैक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह नहीं मानें। कहा कि हमारे गांव में नाले की खुदाई आज तक नहीं कराई गई।

अमरोहा सीट पर 11 बजे तक 28.88 प्रतिशत मतदान हुआ। तेज धूप होने के कारण कई केंद्रों में लाइन लगी हुई है। वोटर धूप से बचने के लिए कई प्रकार के जतन कर रहे हैं। शहरी इलाकों के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा वोटिंग हो रही है।
सौंख क्षेत्र के नगला अक्खा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र पर बसपा प्रत्याशी सुरेश सिंह ने पत्नी और बेटे के साथ मतदान किया।

अलीगढ़ के जवां में शादी के जोड़े में दुल्हन वोट डालने के लिए बूथ पर पहुंची और अपना वोट डाला। उधर, बागपत के गांवड़ी गांव में चुनाव के बहिष्कार के बाद बिनौली ब्लाक खंड विकास अधिकारी ज्योति बाला ग्रामीणों को समझाने पहुंची हैं।
अलीगढ़ में 11 बजे तक 24.42 प्रतिशत वोटिंग
अमरोहा में 11 बजे तक 28.45 प्रतिशत मतदान
बागपत में 11 बजे तक 22.74 प्रतिशत मतदान
बुलंदशहर में 11 बजे तक 23.43 फीसदी वोटिंग
गौतमबुद्धनगर में 11 बजे तक 24.26 प्रतिशत मतदान
गाजियाबाद में 11 बजे तक 23.19 फीसदी मतदान
मथुरा में 11 बजे तक 23.07 फीसदी मतदान
मेरठ में 11 बजे तक 25.67 फीसदी मतदान
हापुड़ का 11 बजे तक 27.19 प्रतिशत मतदान
दूधेश्वरनाथ मठ के महंत नारायण गिरी ने शंभू दयाल कॉलेज में पहुंचकर मतदान किया। साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र के नंदग्राम में नंदिनी पब्लिक स्कूल बूथ में अभी इक्का-दुक्का मतदाता ही मतदान करने के लिए पहुंच रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी हो रही है लोगों के घर मतदान की पर्ची नहीं पहुंची है और लोग मतदान केंद्र ढूंढ रहे हैं।
नन्दग्राम बी ब्लॉक निवासी स्वेता ने कांशीराम कॉलेज से वोट डाला। स्वेता का कहना है कि उन्होंने बेरोजगारी और महंगाई कम करने के लिए वोट दिया है।
समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि नौगावां सादात में बूथ संख्या 15 पर उनके कार्यकर्ताओं को पुलिस धमका रही है। इस बारे में पार्टी ने एक्स पर पोस्ट किया है। उधर, इसे रिट्वीट करते हुए डीएम अमरोहा ने कहा है कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रूप से चल रही है। सेक्टर मजिस्ट्रेट से जानकारी लेने पर इस तरह की कोई बात सामने नहीं आई है। सभी लोग उत्साह और उमंग के साथ मतदान प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं ।
अलीगढ़ में 9 बजे तक 12.20 प्रतिशत वोटिंग हुई
अमरोहा में 9 बजे तक 14.32 प्रतिशत मतदान
बागपत में 9 बजे तक 11.00 प्रतिशत मतदान
बुलंदशहर में नौ सुबह बजे तक 11.99 फीसदी वोटिंग
गौतमबुद्धनगर में सुबह नौ बजे 11.57 प्रतिशत मतदान
गाजियाबाद में सुबह नौ बजे तक 10.67 फीसदी मतदान
मथुरा में सुबह नौ बजे तक 10.09 फीसदी मतदान
मेरठ में सुबह 9:00 बजे तक 12.28 फीसदी मतदान
उत्तर प्रदेश के मथुरा में लोकतंत्र का महापर्व जारी है। सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। मतदाताओं में भी मतदान के प्रति भारी जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है। इधर, 5.30 बजे जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी बूथों पर पार्टी व प्रत्याशियों के समक्ष ईवीएम का मॉक पोल कराया। 40-40 वोट डाले गए। सब कुछ सही पाए जाने पर 7 बजे मतदान शुरू कराया गया। हालांकि कुछेक बूथों पर ईवीएम की गड़बड़ी के चलते मतदान 20 से 25 मिनट की देरी से शुरू हुआ। सुबह नौ बजे तक 11.83 फीसदी मतदान जिले में हुआ।
खैर विधानसभा 12.87
बरौली 12.10
अतरौली 11.85
कोल 12.55
शहर 11.65
मेरठ के गंगानगर में सरस्वती शिशु मंदिर मतदान केंद्र सबसे बड़ा है। यहां सुबह से काफी भीड़ दिखाई दे रही है। महिलाओं से लेकर युवा, वरिष्ठ नागरिक सहित सभी वोट डालने आ रहे हैं। गंगानगर के कई मतदान केद्रों के बाहर भाजपा के अलावा किसी और पार्टी के बस्ते नहीं लगाए गए। सरस्वती शिशु मंदिर मतदान केंद्र के बाहर नौ बजे सपा प्रत्याशी का बस्ता लगाया गया।
ये हैं केंद्र
सरस्वती शिशु मंदिर ब्लॉक- के गंगानगर)
टेप्स स्कूल (जी ब्लॉक)
ऑक्सफोर्ड स्कूल (ए ब्लॉक)
वर्धमान एकेडमी (राधा गार्डन)
डॉ भीमराव अंबेडकर स्कूल (लाल पार्क)
सरला देवी विद्यालय (अम्हेडा रोड)
प्राथमिक विद्यालय (कसेरूबक्सर)
विधानसभा छपरौली 11.16
विधानसभा बड़ौत 11.12
विधानसभा बागपत12.2
जनपद का कुल मतदान 11.49 प्रतिशत
जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से मतदाताओं तक पहुंचाने का दम भरा जा रहा था। मथुरा में सुबह 7:00 बजे मतदान शुरू होते ही इस दावे की हवा निकल गई। शहर के पास डेम्पियर नगर में ही मतदाता पर्ची नहीं आई। इसके चलते यहां बूथ पर लोगों को वोट डालने में परेशानी हुई। राजनीतिक दलों द्वारा लगाई गई टेबल पर मतदाता अपनी पर्ची को सूची में तलाशते रहे।
अलीगढ़ में 9 बजे तक 12.18 प्रतिशत वोटिंग हुई
अमरोहा में 9:00 तक मतदान प्रतिशत 14.88 रहा
मेरठ में सुबह 9:00 बजे 12.66 फीसदी मतदान हुआ
मेरठ शहर में सर्राफ बाजार स्थित राजपूत धर्मशाला बूथ नंबर 273 पर सुबह नौ बजे तक मतदाता नदारद रहे।
बागपत में छपरौली विधानसभा के इब्राहिमपुर गांवड़ी गांव के मतदाताओं ने चुनाव का बहिष्कार किया। करीब 775 मतदाताओं के गांव में विकास कार्यों की अनदेखी चुनाव बहिष्कार की वजह बनी। बागपत से निवर्तमान भाजपा सांसद सत्यपाल सिंह ने वोट किया। उन्होंने परिवार के साथ पैतृक गांव बसोली में बूथ नंबर 144 पर पहुंच कर मतदान किया। उन्मोहोंने कहा कि मोदी की गारंटी में तीसरी बार सरकार बनने का दावा किया। जनता से सुशासन और विकास के मुद्दे पर वोट करने की अपील की।

राया क्षेत्र के नगला चिकन गांव में विद्युत ट्रांसफार्मर की समस्या लगातार बनी हुई है। इसको लेकर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। सुबह से अभी तक केवल दो वोट पड़े हैं।

नौहझील क्षेत्र के बसाऊ गांव की सड़क बेहद खराब है। इससे शहर गांव की दूरी काफी बढ़ गई है। इसकी वजह से लोगों ने मतदान से भी दूरी बना ली है। यहां कुल 287 मतदाता हैं। सुबह से अब तक एक भी वोट नहीं डाला गया है।

बागपत लोकसभा क्षेत्र की सिवालखास विधानसभा के सरूरपुर थाना क्षेत्र में 35 मतदान केंद्रों पर 80 बूथ बनाए गए हैं। जिसमें से अति संवेदनशील की श्रेणी में कस्बा करनावल व रामपुर मोती गांव के बूथों को रखा गया है। जबकि संवदेनशील की श्रेणी में कस्बा खिवाई के दो बूथ, कस्बा हर्रा के दो बूथ, गांव पांचली बुजुर्ग के दो बूथ शामिल किए गए हैं। वहीं, सरधना थाना क्षेत्र के 33 मतदान केंद्रों में 63 बूथ बनाए गए हैं, जबकि रोहटा थाना क्षेत्र में 38 मतदान केंद्रों पर 67 बूथ पर चुनाव हो रहा है।
राधारानी की ननिहाल मुखराई गांव के मतदाताओं मतदान का बहिष्कार कर दिया है। सुबह 8 बजे तक एक भी वोट नहीं डाले गए। 18 अप्रैल को बैठक के बाद मतदान न करने का निर्णय लिया था।

अमरोहा लोकसभा की हसनपुर विधानसभा के झुंडी माफी गांव में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया। ग्रामीण मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए जाने से साफ इनकार कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर एसडीएम भगत सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। करीब एक घंटे तक यहां मतदान प्रभावित रहा।
मेरठ लोकसभी सीट से बसपा प्रत्याशी देवदत्त त्यागी ने मतदान किया। वहीं, मोदीपुरम के सोफीपुर में मतजाता मतदान करने पहुंचे हैं। यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
अमरोहा के हसनपुर में लोकसभा चुनाव के लिए सुबह 7:00 से मतदान हो रहा है। पहले मतदान फिर सारे काम के नारे को सच साबित करते हुए किसान सबसे पहले बूथ पर पहुंचकर मतदान कर रहे हैं। इसके बाद में खेतों में पहुंचकर कामकाज में जुट गए हैं। हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव हाकमपुर निवासी किसान बबलू और उसकी पत्नी सुनीता बच्चों के साथ खेत पर सुबह 8:30 बजे कामकाज करते मिले। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र पर जाकर पहले अपना वोट देकर आए हैं। इसके बाद कामकाज में जुट गए हैं।
मथुरा की नौहझील क्षेत्र के गांव मडुआका में दो पोलिंग बूथ मडुआका और सिंगौनी बनाए गए थे। जिसमें मडुआका बूथ पर दो ईवीएम मशीन खराब हो गईं। दूसरी मशीनें लगाकर मतदान शुरू कराया गया।
हापुड़ के जैन कन्या पाठशाला में मतदान के लिए मतदाताओं की लंबी कतार लगी हैं। धूप से बचने के लिए महिलाएं छांव ढूंढती नजर आईं।
मेरठ में पूर्व भाजपा विधायक जितेंद्र सतवाई ने मतदान किया। उधर, बागपत में सांसद सतपाल सिंह परिवार के साथ अपने गांव बासोली में मतदान करने पहुंचे।
बागपत के खेकड़ा में जैन इंटर कॉलेज के मतदान केंद्र में बूथ नंबर 222 पर आधा घंटे से ईवीएम मशीन खराब हैl मतदाता परेशान काफी परेशना नजर आ रहे हैं। उधर, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव नवाब अहमद हमीद ने मतदान किया और लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।
पूर्व मंत्री और बसपा के कद्दावर नेता हाजी याकूब कुरैशी ने मतदान किया। उन्होंने कहा कि विकास, नौकरी और शिक्षा के मुद्दे पर वोट किया है। कहा कि बदलाव होता दिख रहा है। उधर, मेरठ में वार्ड 32 के अंतर्गत मानसरोवर कॉलोनी बूथ संख्या 358 पर रंजीत सिंह (106) ने वोट किया और जनता से अपील की आगे आकर वोट अवश्य करें।

मेरठ में गोल मंदिर शास्त्री नगर सेक्टर 4 में सुबह ईवीएम मशीन खराब हो गई। दोबारा बदलने पर मतदान शुरू हुआ। साथ ही बूथ केंद्र पर मोबाइल अंदर ले जाने को लेकर मतदाताओं की पुलिस से आधे घंटे तक झड़प हुई।
मथुरा के चौमुहां में सर्वोदय महाविद्यालय मतदान केंद्र पर भाजपा को छोड़कर अन्य पार्टी के एजेंट नहीं है। मतदाता रुवीना खातून और नसरीन खातून ने अपना वोट डाला।
बुलंदशहर के पहासू कस्बा निवासी पवन शर्मा की पुत्री दीप्ति शर्मा ने शादी के बाद विदाई से पहले मतदान किया। बीबीनगर के परतापुर में मतदाताओं की लाइन लगी है। खुर्जा के रिफाहे आम इंटर कॉलेज में मतदाताओं की कतार लगी है।
अमरोहा के मंडी धनौरा के कन्या जूनियर हाई स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र पर सुबह से लोग पहुंचने शुरू हो गए। सुरक्षा के लिहाज से यहां बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स लगाई गई है। नगर के बूथ संख्या 92 में पर ईवीएम खराब होने की वजह से आधा घंटे तक मतदान थमा रहा।
अलीगढ़ के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान जारी है। मतदान शुरू होते ही कई स्थानों पर ईवीएम खराब होने की सूचना मिली है। अभी तक 11 स्थान पर ईवीएम , 11 कंट्रोल यूनिट एवं 41 वीवी पैट खराब होने की सूचना है। जिन्हें बदला जा रहा है।
मथुरा के बलदेव में सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही अव्यवस्था दिखाई दी, बलदेव नगर में ही मतदाता पर्ची नहीं आई। इसके चलते यहां बूथ पर लोगों को वोट डालने में परेशानी हो रही है। राजनीतिक दलों द्वारा लगाई गई टेबल पर मतदाता अपनी पर्ची को सूची में तलाशते रहे।
18वीं लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए कार्ड छपवाया है। यह कार्ड चर्चा में बना हुआ है। इस कार्ड में निवेदक, स्वागतकर्ता, दर्शनाभिलाषी और बाल मनुहार भी लिखी हुई है।
कार्ड की शुरूआत में कार्ड को आमंत्रण पत्र का नाम दिया गया है, जो लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बनाया गया है। कार्ड के शुरू में भगवान गणेश की तस्वीर के साथ लिखा हुआ है-
भेज रहे हैं स्नेह निमंत्रण, मतदाता तुम्हें बुलाने को
26 अप्रैल भूल न जाना, वोट डालने आने को।
मतदाता से सपरिवार की गई है अपील
कार्ड पर लिखा हुआ है कि प्रिय मतदाता, भारतीय निर्वाचन आयोग के द्वारा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार लोकसभा चुनाव के मंगल उत्सव की पावन बेला पर मतदान करने हेतु आप निम्नांकित दिवस व समय पर सपरिवार सादर आमंत्रित हैं।
मेरठ के RG इंटर कॉलेज में बागपत से आरएलडी के प्रत्याशी राजकुमार सागवान ने मतदान किया। राजकुमार सागवान ने कहा तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। पहले मतदान बाद में जलपान करने की उन्होंने अपील की।
मेरठ की कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे ने मतदान किया। लोगों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। पहले मतदान बाद में जलपान को सफल बनाने की अपील है। कैलाश प्रकाश स्टेडियम में मेरठ कमिश्नर ने मतदान किया।
मथुरा के नौहझील में मतदान की पर्चियों के लिए मतदाता भटक रहे। भाग संख्या 116 से 124 तक नौ बूथ हैं। मगर एक भी बीएलओ मौके पर मौजूद नहीं है। उधर, उच्च प्राथमिक विद्यालय तारापुर के बूथ पर वोट डालने के लिए लाइन लगी है।
मेरठ में खरखौदा थाना क्षेत्र के 32 मतदान केंद्र 61 पोलिंग बूथ पर सुबह 7:00 सुचारू रूप से मतदान शुरू हो गया है। किसी भी केंद्र पर कोई मशीन खराब नहीं हुई शांतिपूर्ण ढंग से मतदान चल रहा है।
अमरोहा के जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी और एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदानकर्मियों से कहा कि केंद्र पर मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने पाए। निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का शत प्रतिशत पालन कराना सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर उच्च अधिकारियों को अवगत कराएं।
गाजियाबाद के लोनी के प्राथमिक विद्यालय मेन बाजार में वोट डालने के लिए मतदाताओं की कतार लगी है। वोट डालने के लिए महिलाएं लाइन में खड़ी हैं।
इंदिरापुरम स्थित ऑरेंज काउंटी सोसाइटी में मतदान करने के लिए मतदाता लाइन में लगे हैं। इंदिरापुरम स्थित ऑरेंज काउंटी सोसाइटी में मतदाताओं ने मतदान के बाद सेल्फी भी ली। अर्थला की संजय कॉलोनी में रहने वाले मतदाताओं ने कैलाशवती स्कूल में मतदान किया। लोनी के मतदान केंद्र पर बुजुर्ग मतदाता नजरा (100) वोट डालने के लिए पहुंची।
गाजियाबाद के लोनी के बलराम नगर कॉलोनी में रहने वाली गुरुदेवी 85 ने सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल स्थित बूथ पर मतदान किया। वहीं, डासना मतदान केंद्र पर रुखसार चौधरी का सबसे पहले वोट पड़ा। अनुष्का आनंद ने अपना पहला वोट उत्तर प्रदेश के विकास के लिए दिया है। कवि नगर निवासी अगम मित्तल कनाडा से वोट देने गाजियाबाद पहुंचे हैं, वह कनाडा में पढ़ते हैं। गाजियाबाद में पूर्व राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार बालेश्वर त्यागी ने परिवार के साथ होली चाइल्ड स्कूल में वोट डाला।
लोनी प्राथमिक विद्यालय स्थित बूथ पर बुजुर्ग और बीमार लोगों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। यहां शरीर से पेरालाइस शहजाद ( 50 ) को व्हील चेयर की कोई व्यवस्था नहीं मिली। जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल में बने मतदेय स्थल पर वोट देकर निकले गौरव ने बताया कि उन्होंने विकास के मुद्दे पर मतदान किया। इंदिरापुरम में शिप्रा रिवेरा सोसाइटी में मतदान करने के बाद मतदाताओं ने सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी भी ली।
भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग ने परिवार के साथ गाजियाबाद के जैनमती स्कूल में वोट डाला।
गाजियाबाद के अर्थला के कैलाशवती स्कूल में मतदान केंद्र खाली पड़ा है। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के बाद मतदान केंद्र पर लोगों में उत्साह नहीं दिख रहा है। वहीं, अर्थला में रहने वाले 103 साल के बदन सिंह मलिक ने कैलाशवती स्कूल पर मतदान किया।
फर्स्ट टाइम वोटर जानवी ने शिक्षा के मुद्दे को लेकर मतदान किया। इंदिरापुरम ज्ञान खंड 3 स्थित शिप्रा रिवेरा सोसाइटी में लोग मतदान करने पहुंच रहे हैं।
गाजियाबाद के लोनी के सरस्वती इंटर कॉलेज में मतदान करने के लिए मतदाता सुबह से ही लाइन में लग गए।
जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने गाजियाबाद के इंग्राहम में मतदान किया। इंग्राहम में पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्रा ने भी वोट डाला। इंग्राहम इंटर कालेज में सबसे पहला के के अग्रवाल ने वोट किया।
एडिशनल एसपी राजकुमार अग्रवाल ने अपनी पत्नी मधुरिमा और पुत्री वंशिका के साथ मेरठ रोड स्थित सेवेंथ डे एडवेंटिस्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित बूथ पर मतदान किया। वंशिका ने पहली बार अपना वोट डाला।
हापुड़ में जैन कन्या इंटर कालेज पर सुबह के समय अभी भीड़ नहीं है। लेकिन, मतदाता आने शुरू हो गए हैं।
बागपत के सिसाना गांव में बूथ संख्या 275 पर ईवीएम खराब हो गई। बड़ौत विधानसभा क्षेत्र में भी ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना है। उधर, अमीनगर सराय के बूथ संख्या 105 पर करीब 20 मिनट तक ईवीएम मशीन खराब रही। इसके बाद सेक्टर मजिस्ट्रेट ने ठीक कराई।
गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी ने पत्नी के साथ सेक्टर 27 के मतदान केंद्र पर मतदान किया।
नोएडा के सेक्टर 82 स्थित सामुदायिक केंद्र में बूथ संख्या 683 में ईवीएम खराब हो गई। इससे मतदान प्रभावित हुआ। सेक्टर 22 के गांधी स्मारक स्कूल में दिव्यांग मतदाताओं के लिए कोई सुविधा नहीं मिल रही है।
बागपत के लहचोड़ा निवासी चन्दा ने पहली बार वोटिंग की, उसने बताया कि अबकी बार प्रधानमंत्री ऐसा हो जो विकास और रोजगार दे।
बागपत में बिनौली के सर्व हितकारी इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 291 पर मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह है।
अलीगढ़ शहर मुफ्ती मोहम्मद खालिद हमीद ने जुमे की नमाज से पहले मतदान करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि मतदान करने के बाद ही जलपान करें। लिहाजा, सुबह ही वोट डाल दें। वोट करना शरई और कानूनी तौर पर सभी की जिम्मेदारी है।
हापुड़ की जिला अधिकारी प्रेरणा शर्मा ने नवीन मंडी के मतदान केंद्र पर मतदान किया है।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू हो चुका है। सुबह 7:00 बजते ही वोटरों में वोट डालने के लिए उत्साह दिखाई देने लगा है। अमरोहा शहर समेत गजरौला, हसनपुर आदि में मतदान केंद्र पर वोटरों की लाइन लगनी शुरू हो गई है। कड़ी सुरक्षा के बीच वोट डालने की प्रक्रिया जारी है। जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात है।
मेरठ लोकसभा सीट के भावनपुर थाना के गांव पचपेड़ा स्थित प्राइमरी स्कूल में बूथ संख्या 193 194 195 196 पर वोट डालने के लिए मतदाताओं की कतार लगी है।
अलीगढ़ पब्लिक स्कूल में बने मतदान केंद्र पर सेल्फी पॉइंट बनाया गया है। सुबह से ही मतदाताओं की बूथों पर कतार लगी है।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम के ज्ञान खंड चार स्थित नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज में मतदान करने के लिए मतदाता लाइन में लगे हैं।
हापुड़ जिले के पिलखुवा में हिंदू कन्या इंटर कॉलेज के बाहर मतदान करने के लिए मतदाताओं की कतार लगी है।
अलीगढ़ में मतदान शुरू हो गया है। अवर लेडी ऑफ फातिमा मतदान केंद्र पर वोटर मतदान करने पहुंचे हैं।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में यूपी की आठ सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट पड़ेंगे।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में मतदान करने के लिए सुबह से ही मतदाताओं की लाइन लग गई हैं।
दूसरे चरण में शुक्रवार को देशभर में 13 राज्यों की 88 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। भाजपा की ओर से हेमा मालिनी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राजीव चंद्रशेखर, अभिनेता से नेता बने अरुण गोविल, सांसद तेजस्वी सूर्या, कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी, भूपेश बघेल, केसी वेणुगोपाल, शशि थरूर, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी बड़े चेहरे हैं जिनकी किस्मत का फैसला मतदाता करेंगे।
मतदान से संबंधित कोई भी शिकायत टोल फ्री नंबर 18001801950 पर दर्ज कराई जा सकती है। इसके अतिरिक्त सी-विजिल, पर भी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती है।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दूसरे चरण में यूपी में 1,67,77,198 मतदाता हैं। इसमे 90,26,051 पुरुष , 77,50,356 महिला और 791 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। सबसे अधिक मतदाता गाजियाबाद में 29.45 लाख और सबसे कम बागपत में 16.53 लाख हैं। कुल 17704 पोलिंग बूथ में 3472 संवेदनशील हैं।
दुनिया में लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव के दूसरे चरण में शुक्रवार को यूपी की आठ सीटों पर मतदान होगा। प्रदेश में अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट पड़ेंगे। इस बार 91 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 10 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।