10:51 AM, 28-Jan-2024
बिजनौर में सड़क हादसे में युवक की मौत
बिजनौर जनपद के अफजलगढ़ थानाक्षेत्र में देर रात बाइक से ससुराल जा रहे युवक(32 ) की शेरगढ़ मोड़ के समीप कार से टक्कर लगने पर मौके पर ही मौत हो गई।घना कोहरा छाया रहने के चलते परिजनो सहित पुलिस को सुबह घटना का पता चला।पुलिस ने युवक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार सुरजननगर निवासी विकास उर्फ विक्की 32 वर्ष शनिवार की देर रात बाइक से अपनी ससुराल कादराबाद जा रहा था।जब वह शेरगढ़ मोड़ के समीप पहुंचा कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।जिसमें युवक बाइक भी सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। रातभर कोहरा छाया रहने के चलते घटना का पता नही चल पाया। सुबह राहगीरों ने युवक को सड़क किनारे पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनो को सूचना दी।वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर अस्पताल भेजा।घटना में मृतक के परिजनो का रो रोकर बुरा हाल है।कोतवाल राजकुमार सरोज ने बताया कि घटना के सम्बन्ध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।युवक पुलिस के लिए तैयारी कर रहा था।