10:40 AM, 20-Jun-2024
West UP News Live: पश्चिमी यूपी में खुशगवार हुआ माैसम, सहारनपुर में 25 हजार का इनामी मुठभेड़ में गिरफ्तार
सहारनपुर में बुधवार देर रात ढमोला पुल पर चेकिंग के दौरान पुलिस की बाइक सवार दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी पकड़ा गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा। बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़ा गया बदमाश नगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर भी है।
नगर कोतवाली पुलिस बुधवार रात गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो बदमाश ढमोला पुल पर खड़े हैं। पता लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान दानिश पुत्र अमीर अहमद निवासी नूरबस्ती थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई। बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यह बदमाश नगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर भी है, जिस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। इसके पास से एक कुंडल, बिना नंबर प्लेट की बाइक, एक तमंचा, एक जिंदा, एक खाेखा कारतूस .315 बोर का बरामद हुआ है।
इसने 16 जून को महिला से सोने के कुंडल लूटे थे। उन्हें भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि बदमाश के साथी की पुलिस तलाश कर रही है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।