10:13 AM, 12-May-2024
शुक्रवार देर रात आई आंधी ने शहर से लेकर देहात तक परेशानी खड़ी कर दी। शहर क्षेत्र में दो से तीन घंटे तक बिजली नहीं रही। मवाना में फाल्ट के कारण पूरी रात बिजली नहीं रही। बैंसला गांव में पेड़ टूटकर 33 केवी की लाइनों के ऊपर गिर गए। पेड़ों को लाइन से हटाकर विद्युत आपूर्ति सुचारू कराई गई।
शहर क्षेत्र में आंधी आने के बाद शास्त्रीनगर, जयदेवी नगर, घंटाघर, साकेत, लोहिया नगर, के ब्लॉक, जागृति विहार आदि क्षेत्रों में रात को बिजली गुल हो गई। लगभग दो घंटे तक बिजली नहीं आई। एहतियात के तौर पर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई थी। रात 12 बजे तक सभी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारू हो गई थी। जिन क्षेत्रों में पेड़ों की शाखाएं लाइनों के ऊपर आ गई थी वहां शाखाओं को हटाकर विद्युत आपूर्ति शुरू कराई गई। मोहकमपुर क्षेत्र के सूर्यापुरम में रात दस बजे से शनिवार सुबह 4 बजे तक बिजली नहीं रही। 6 घंटे बाद बिजली आई। देवलोक में भी कई क्षेत्रों में बिजली नहीं रही। देहात क्षेत्र में सबसे अधिक समस्या रही।
आंधी के कारण बागपत क्षेत्र में अधिक नुकसान हुआ है। वहां पोल क्षतिग्रस्त होने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। मेरठ क्षेत्र में देहात में लगभग दो घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। मवाना के बैंसला में अधिक समस्या रही। - राघवेंद्र सिंह, मुख्य अभियंता जोन-2
गर्मी में कटी रात, पानी को भी तरसे
शुक्रवार रात साढ़े नौ बजे के आसपास आई आंधी के बाद हस्तिनापुर रोड स्थित बिजलीघर में फाल्ट हो गया। आधे कस्बे की बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी में रात को बिना बिजली के ही रहना पड़ा। अधिकांश लोगों की रात जागकर कटी।
पूरी रात विद्युत विभाग लाइन में आए फाल्ट को ठीक करने में नाकामयाब रहा। शनिवार सुबह भी आधे नगर के लोगों को बिजली आपूर्ति नहीं मिली। बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं होने के कारण लोगों को जलापूर्ति भी नहीं हो सकी। सुबह 11 बजे के आसपास लाइन ठीक होने पर बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। अधिशासी अभियंता अजीत सिंह ने बताया कि फाल्ट ठीक कर आपूर्ति सुचारु करा दी थी।