11:12 AM, 20-Dec-2024
धामपुर में आबादी के बीच हाईवे 74 पर गन्ने से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा
बिजनाैर के धामपुर में आबादी के बीच हाईवे पर ई- रिक्शा चालक को बचाने के चक्कर में गन्ने से भरा ट्रक पलट गया। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ ।चीनी मिल के अधिकारियों ने पुलिस की मदद से गन्ना क्रेन से हटवा कर अन्य ट्रकों में भरवाने के बाद मार्ग को सुचारु कराया।
धमपुर चीनी मिल के गन्ना प्रबंधक संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को सवेरे करीब 7:30 बजे जब नहटौर निवासी चालक इमरान धामपुर चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र खंड साल से ट्रक में गन्ना भरकर धामपुर चीनी मिल आ रहा था। तब इस दौरान धामपुर में हाईवे 74 पर भारतीय स्टेट बैंक के निकट आबादी के बीच में आगे जा रही ई- रिक्शा को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गया। जिस समय यह हादसा हुआ उसे समय दूर तक कोई भी आदमी या वाहन नहीं आ-जा रहा था। नहीं तो बड़ा हादसा संभव था।
गौरतलब है कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कई बार क्षेत्र के सभी चीनी मिलों के प्रबंधकों और मिल प्रशासन के बीच बैठक कर निर्देशित किया गया कि कोई भी वाहनों में ओवरलोड गन्ना लादकर सड़कों पर ना चले। यदि ऐसा किया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। इससे पहले तीन चार- बार शेरकोट में हाईवे 74 पर चुंगी नंबर 5 के पास गन्ने से लगे ट्रक अनियंत्रित होकर पलट चुके हैं। पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है जिससे लोगों में असंतोष है।