10:54 AM, 05-Mar-2023
छह ट्रेनें रहीं रद्द, आज से चलेंगी सभी
देवबंद-रुड़की के बीच नई लाइन और देवबंद में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से शनिवार को भी ब्लॉक रहा, जिससे पांच ट्रेनों का संचालन रद्द हुआ। शाम छह बजे बाद ब्लॉक हटा दिया, जिससे रविवार से सभी ट्रेनों का सुचारु संचालन होगा।
रेल मुख्यालय ने देवबंद में 28 दिसंबर से सुबह दस से शाम आठ बजे तक का ब्लाॅक किया था। जिसकी वजह से मेरठ सिटी से होकर आवागमन करने वाली ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। कई ट्रेनों को दिल्ली से टपरी के रास्ते से संचालित किया गया तो कुछ ट्रेनों का संचालन रद्द किया गया। इस वजह से यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। शनिवार को मेरठ सिटी पर सुबह 10.56 बजे आने वाली ट्रेन संख्या 20411 दिल्ली-सहारनपुर सुपरफास्ट, पूर्वाह्न 12.41 बजे आने वाली ट्रेन संख्या 14304 हरिद्वार-दिल्ली एक्सप्रेस, दोपहर एक बजे आने वाली ट्रेन संख्या 14332 कालका-दिल्ली एक्सप्रेस, दोपहर 12.05 बजे आने वाली ट्रेन संख्या 19565 ओखा एक्सप्रेस, दोपहर एक बजे आने वाली ट्रेन संख्या 19325 इंदौर-अमृतसर एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया। इस वजह से यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि शनिवार शाम छह बजे देवबंद का ब्लॉक खत्म हो गया है।
बस स्टैंड से 25 से 30 मिनट के अंतराल में मिलेगी रोडवेज बस
होली के मद्देनजर रोडवेज प्रशासन रविवार से हर रूट पर 25 से 30 मिनट के अंतराल पर बस का संचालन करेगा। यदि सवारियां नहीं होंगी तो जिस रूट की ज्यादा सवारियां होंगी, उसी पर बस रवाना कर दी जाएंगी। शनिवार को बस स्टैंड पर सामान्य सवारियां रहीं। अब रोडवेज अफसरों को उम्मीद है कि रविवार से सवारियों की भीड़ उमड़ेगी। होली के चलते बस स्टैंडों पर रविवार से सवारियों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद में क्षेत्रीय प्रबंधक ने अधीनस्थों संग बसों का सुचारु संचालन करने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा है कि लखनऊ, कानपुर, बरेली, आगरा और गोरखपुर के लिए बसों के 140 फेरे अतिरिक्त लगवाए जाएंगे। जिन रूटों की सवारियां मेरठ से नहीं मिलेगी, उन बसों को दिल्ली के आनंद विहार से होते हुए संचालित किया जाए। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक केके शर्मा ने बताया कि त्योहार पर आवागमन करने वालों की सहूलियत के चलते तय किया गया है कि हर रूट पर 25-30 मिनट में बस को रवाना किया जाएगा।