फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Milkipur By Election Live: मिल्कीपुर उपचुनाव में मतदान खत्म, हुई रिकॉर्ड वोटिंग; 5 बजे तक पड़े 65.35 फीसदी वोट

Wed, 05 Feb 2025 09:48 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या

खास बातें

Milkipur By-Election 2025 Polling News Live: अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शाम पांच बजे समाप्त हो गए। इस बीच मिल्कीपुर में रिकॉर्ड मतदान हुआ।
विज्ञापन
मिल्कीपुर उपचुनाव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:47 PM, 05-Feb-2025

मिल्कीपुर में नया कीर्तिमान

लोकतंत्र के महापर्व में बुधवार को मिल्कीपुर के उत्साही मतदाताओं ने रिकॉर्ड बना दिया। वोटों की बारिश कुछ इस तरह हुई कि विधानसभा क्षेत्र न सिर्फ प्रथम श्रेणी में पास हुआ बल्कि नया कीर्तिमान भी बना डाला। वर्ष 2022 में हुए अब तक के सर्वाधिक 60.44 प्रतिशत मतदान को पीछे छोड़ते हुए उपचुनाव में 65.35 फीसदी मतदान हुआ।

05:42 PM, 05-Feb-2025

मिल्कीपुर में रिकॉर्ड मतदान

मिल्कीपुर उपचुनाव में रिकॉर्ड मतदान हुआ है। 5 बजे तक 65.25 फीसदी वोटिंग हुई। साल 2022 में इस सीट पर 59.95 फीसदी मतदान हुआ था। इस बार मतदान ने इस आंकड़े को पार कर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। अभी भी लोग बूथों पर अपनी वोटिंग के इंतजार में खड़े हैं। ऐसे में यह आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।

04:13 PM, 05-Feb-2025

'मिल्कीपुर का चुनाव एनडीए प्रत्याषी के पक्ष में'

उत्तर प्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मिल्कीपुर उपचुनाव पर कहा कि मिल्कीपुर का चुनाव एनडीए प्रत्याषी के पक्ष में है। विपक्ष के लोगों में हताशा और निराशा हैं। 
 

विज्ञापन
03:47 PM, 05-Feb-2025

नया रिकार्ड बनाने की ओर बढ़ रहा मिल्कीपुर उपचुनाव का मतदान

मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए बुधवार को हो रहा मतदान एक नया रिकॉर्ड बनाने की ओर आगे बढ़ रहा है। दोपहर 3:00 बजे तक 57 फीसदी से ज्यादा वोट पड़ चुके हैं। यदि इतने ही समय की तुलना वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव से की जाए तो तब 51.84 फीसदी वोट ही पड़े थे। इस तरह इस बार मतदान प्रतिशत काफी बढ़ गया है। वोटरों में खासा उल्लास है। युवा से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग मतदाता सभी वोट डालने के लिए बूथों पर पहुंच रहे हैं। सुबह 7:00 बजे से शुरू हुई यह प्रक्रिया दोपहर 3:00 के बाद भी जारी है। मतदान शाम 5:00 बजे तक होगा। वर्ष 2022 में 59.95 फीसदी मतदान हुआ था। इस बार मतदान इस आंकड़े को पार कर जाने के लिए आतुर दिख रहा है।

03:19 PM, 05-Feb-2025

विपक्ष हताश और निराश है: राजभर

मिल्कीपुर उपचुनाव 2025 पर उत्तर प्रदेश के मंत्री ओपी राजभर कहते हैं, "मिल्कीपुर उपचुनाव एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में है, विपक्ष हताश और निराश है। अगर रोने से उन्हें वोट मिल सकते हैं तो समाजवादी पार्टी के सदस्यों को लखनऊ और दिल्ली से रोना शुरू करना चाहिए। 

विज्ञापन
03:00 PM, 05-Feb-2025

'प्रशासन के संरक्षण में बाहरी मतदाता डाल रहे वोट'

मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर बूथ संख्या 243 पर फर्जी मतदान हो रहा है। सपा का आरोप है कि प्रशासन के संरक्षण में बाहरी मतदाता वोट डाल रहे हैं। सपा ने चुनाव आयोग से संज्ञान लेने की अपील की है। 
 

 

02:57 PM, 05-Feb-2025

सपा का फर्जी मतदान का आरोप

समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि मिल्कीपुर विधानसभा में बूथ संख्या 4, 5, 69, 93, 100, 139, एवं 176 पर प्रशासन और भाजपा नेताओं द्वारा फर्जी मतदान कराया जा रहा है। सपा ने चुनाव आयोग से संज्ञान लेने की अपील की है। साथ ही निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने की मांग की है।
 

01:56 PM, 05-Feb-2025

मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और समाजवादी पार्टी के नेता माता प्रसाद पांडेय का कहना है कि "भाजपा सरकार जानती है कि वह चुनाव हार चुकी है। चुनाव को अपने पक्ष में करने के लिए वह लोगों को वोट नहीं डालने दे रही है, उन्हें धमका रही है और कुछ पोलिंग बूथों से हमारे पोलिंग एजेंटों को भगा रही है, यह सब लोकतंत्र के खिलाफ है। बूथ नंबर 2 पर पोलिंग स्टाफ मुस्लिम महिलाओं का बुर्का उतारकर उनके पहचान पत्र से उनकी पहचान कर रहा है। इसके जरिए वह दबाव बना रहे हैं... पुलिस प्रशासन भाजपा कार्यकर्ताओं के रूप में काम कर रहा है और डीएम, एसडीएम, एसपी सभी सरकार की तरफ से किसी भी तरह से उस सीट को जीतने की कोशिश कर रहे हैं..."
 

01:42 PM, 05-Feb-2025

1:00 बजे तक 44.4 फीसदी मतदान

अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में 1:00 बजे तक 44.4 फीसदी मतदान हुआ है। मिल्कीपुर रिकॉर्ड मतदान की ओर है।

01:27 PM, 05-Feb-2025

Milkipur By Election 2025: पुलिस अधीक्षक ने दिया जवाब

इस पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि अयोध्या की पुलिस मिल्कीपुर में मतदाताओं के आईडी कार्ड चेक कर रही है। यह पूरी तरह गलत है। अफसरों ने राजनीतिक दलों के एजेंटों से बात की और उनकी समस्याओं का समाधान दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर भ्रामक है।

01:08 PM, 05-Feb-2025

Milkipur By Election Voting: अखिलेश ने तस्वीर पोस्ट कर लगाया आरोप

मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। इस बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक तस्वीर पोस्ट कर आरोप लगाया है कि मिल्कीपुर के उपचुनाव में पुलिस अधिकारी मतदाताओं का आईकार्ड चेक कर उन्हें डराने की कोशिश कर रहे हैं। एक्स पर तस्वीर पोस्ट कर उन्होंने लिखा कि चुनाव आयोग तुरंत इस समाचार से जुड़ी तस्वीरों का संज्ञान ले कि अयोध्या की पुलिस मिल्कीपुर में मतदाताओं के आईडी कार्ड चेक कर रही है, जिसमें पुलिस के बड़े अधिकारी भी शामिल हैं। ये अप्रत्यक्ष रूप से मतदाताओं में भय उत्पन्न करके मतदान को प्रभावित करने का लोकतांत्रिक अपराध है। ऐसे लोगों को तुंरत हटाया जाए और दंडात्मक कार्रवाई की जाए। 

12:37 PM, 05-Feb-2025

Milkipur Vidhan Sabha Upchunav: सपा के बूथ एजेंटों को भगा दिया गया- सांसद

सांसद ने कहा कि मिल्कीपुर में कई जगह पर ईवीएम खराब हुई। सपा के बूथ एजेंटों को भगा दिया गया और कई जगहों पर फर्जी मतदान हुआ है। उन्होंने बूथ नंबर 412 पर मिल्कीपुर के एसडीएम पर सपा कार्यकर्ताओं को धमकाने का आरोप लगाया है। कहा कि एसडीएम ने धमकी देते हुए कहा कि यहां से भाग जाओ नहीं तो जिस तरह तुम्हारा सांसद रो रहा था, चुनाव बाद तुम्हें भी रोना पड़ेगा। बता दें कि बीते दिनों एक दलित युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में मीडिया को संबोधित करते हुए सांसद अवधेश प्रसाद रो पड़े थे। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था।

12:10 PM, 05-Feb-2025

Milkipur Vidhan Sabha Upchunav: भाजपा अपनी जमानत नहीं बचा पाएगी- अवधेश प्रसाद

मिल्कीपुर में उपचुनाव के लिए हो रहे मतदान के बीच सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा अपनी जमानत नहीं बचा पाएगी। ये चुनाव मिल्कीपुर की जनता और योगी सरकार के बीच का है। सीएम योगी को जनता पर भरोसा नहीं है। ये अधिकारियों के सहारे दबाव डालकर चुनाव जीतना चाहते हैं लेकिन ये सब हथकंडे काम नहीं आने वाले हैं।

11:30 AM, 05-Feb-2025

Milkipur Vidhan Sabha Upchunav: 11:00 तक 29.8 प्रतिशत मतदान

मिल्कीपुर उपचुनाव में 11:00 तक 29.8 प्रतिशत मतदान हुआ। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भी मतदान में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। हालांकि इस बारे में पूछे जाने पर जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह ने बताया कि सभी जगह पर शांतिपूर्वक और निष्पक्ष तरीके से मतदान हो रहा है। निर्वाचन आयोग के सामान्य प्रेक्षक और पुलिस प्रेक्षक भी निगरानी कर रहे हैं।

10:59 AM, 05-Feb-2025

'व्यवस्थाएं बहुत अच्छी हैं'

कमिश्नर गौरव दयाल ने मिल्कीपुर उपचुनाव पर कहा, "व्यवस्थाएं बहुत अच्छी हैं... हम हर जगह जांच कर रहे हैं। कहीं कोई समस्या नहीं है, हम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने की कोशिश कर रहे हैं..."

10:30 AM, 05-Feb-2025

विधानसभा क्षेत्र को 17 क्लस्टर में बांटा

मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए 414 बूथों पर मतदान हो रहा है। शांतिपूर्ण मंदान के लिए पुलिस प्रशासन ने भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे विधानसभा क्षेत्र को 17 क्लस्टर में बांटा गया है। प्रत्येक क्लस्टर में एक निरीक्षक समेत छह-सात पुलिसकर्मियों की टीम मुस्तैद है।

10:28 AM, 05-Feb-2025

सीमाएं सील, सख्त हुई मिल्कीपुर की सुरक्षा व्यवस्था

मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान के लिए जिले की सीमाएं सील की गई हैं। खासतौर से मिल्कीपुर से जुड़े इलाके के 17 बॉर्डर बैरियर पर सख्त सुरक्षा के इंतजाम हैं। विधानसभा क्षेत्र के अंदर अलग-अलग स्थानों पर 10 पुलिस बैरियर बनाए गए हैं, जहां वाहनों की चेकिंग जारी है।

10:09 AM, 05-Feb-2025

मिल्कीपुर मॉडल बूथ कुचेरा

मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में कुचेरा के मॉडल बूथ पर मतदान के लिए लंबी कतार लगी है। कमिश्नर गौरव दयाल और आईजी प्रवीण कुमार ने यहां दौरा किया है। दोनों ही अधिकारियों ने सुचारू रूप से चल रहे मतदान की प्रक्रिया को परखा और सेक्टर मजिस्ट्रेट को दिशा निर्देश दिए। 

09:54 AM, 05-Feb-2025

Milkipur By Election 2025: ये है प्रत्याशी

अजीत प्रसाद (समाजवादी पार्टी) साइकिल,
चन्द्रभानु पासवान (भारतीय जनता पार्टी) कमल,
राम नरेश चौधरी (मौलिक अधिकार पार्टी) आटो रिक्शा,
सुनीता (राष्ट्रीय जनवादी पार्टी (सोसलिष्ट) आरी,
संतोष कुमार (आजाद समाज पार्टी (कांशीराम)) केतली
निर्दलीय अरविन्द कुमार,हाथ गाड़ी,
 कंचनलता, द्वार घंटी,
भोलानाथ, अंगूठी,(कांग्रेस बागी)
वेद प्रकाश, फुटबाल खिलाड़ी,
संजय पासी, कैमरा चुनाव चिन्ह
 

09:46 AM, 05-Feb-2025

Milkipur By Election Voting: सभी जगह मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है: आईजी

आईजी रेंज अयोध्या प्रवीण कुमार ने मिल्कीपुर उपचुनाव पर कहा, "सभी जगह मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। पुलिस गश्त कर रही है...पर्याप्त बल मौजूद है। अभी तक सभी जगह मतदान सुचारू रूप से चल रहा है। संवेदनशील स्थानों पर अर्धसैनिक बल पहले से ही तैनात हैं...यदि कोई कानून के विरुद्ध काम करेगा तो कार्रवाई की जाएगी।"

09:39 AM, 05-Feb-2025

Milkipur Vidhan Sabha Upchunav: 2 घंटे में 13 फीसदी मतदान

मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव में सुबह 7:00 से 9:00 बजे तक 2 घंटे में 13 फीसदी मतदान हुआ है।

09:16 AM, 05-Feb-2025

Milkipur Vidhan Sabha Upchunav: भाजपा विधायक ने डाला वोट

रुदौली से भाजपा विधायक रामचंद्र यादव ने अपने पोलिंग बूथ घटौली में मतदान किया।
 

09:06 AM, 05-Feb-2025

Milkipur By Election 2025: कतार में लगे मतदाता

सुरक्षा कर्मियों का वोटरों के साथ बहुत अच्छा व्यवहार दिखाई दे रहा है। वह मतदाताओं को कतारबद्ध करने के साथ एक-एक कर मतदान केंद्र के भीतर जाने दे रहे हैं। मतदान करने के बाद वोटर खास उत्साहित दिखाई दे रहे हैं।

08:42 AM, 05-Feb-2025

Milkipur By Election Voting: महिलाओं और युवाओं की भी अच्छी तादात

मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव को लेकर मतदाताओं में हर वर्ग के लोग दिखाई दे रहे हैं। बुजुर्गों के साथ महिलाओं और युवाओं की भी अच्छी तादात है। पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों ने सुरक्षा की कमान संभाल रखी है। 

08:17 AM, 05-Feb-2025

Milkipur Vidhan Sabha Upchunav: बूथों पर मतदाताओं की कतार

मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए सुबह सात बजे से मतदान शुरू होने के बाद बूथों पर मतदाताओं की कतार लंबी होती जा रही है। बड़ी संख्या में उत्साहित वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पहुंच रहे हैं। अभी तक सभी बूथों पर शांतिपूर्वक मतदान चल रहा है। 

07:32 AM, 05-Feb-2025

Milkipur By Election Voting: चुनावी बूथ से अमर उजाला संवाददाता आदर्श शुक्ल की लाइव रिपोर्ट

07:26 AM, 05-Feb-2025

Milkipur Vidhan Sabha Upchunav: कड़ी सुरक्षा में मतदान जारी

मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। मतदाता पर्ची के साथ बड़ी संख्या में वोटर कतारबद्ध हो गए हैं। सुरक्षा घेरे में उन्हें बूथ के भीतर जाने दिया जा रहा है।

07:21 AM, 05-Feb-2025

मिल्कीपुर में शाम 5 तक पड़ेंगे वोट

मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए 414 बूथों पर मतदान हो रहा है। शाम 5 बजे तक मतदान होगा। प्रमुख रूप से भाजपा के चंद्रभानु पासवान और सपा के अजीत प्रसाद चुनाव मैदान में हैं। 
 

07:01 AM, 05-Feb-2025

मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर मतदान शुरू

मिल्कीपुर में मतदान शुरू हो गया है। अयोध्या जिले के मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी ने अजीत प्रसाद और भाजपा ने चंद्रभान पासवान को मैदान में उतारा है।

06:44 AM, 05-Feb-2025

ये 12 पहचान पत्र होंगे मान्य

आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंकों या डाकघरों से जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय से जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर के तहत आरजीआई से जारी स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र व राज्य सरकार, उनके लोक उपक्रम व पब्लिक लिमिटेड कंपनियों की ओर से अपने कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों, विधायकों व विधान परिषद सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र और यूनिक डिसएबिलिटी आईडी(यूडीआईडी) कार्ड।

06:33 AM, 05-Feb-2025

भाजपा और सपा के बीच सीधी लड़ाई, मुद्दे नदारद

मिल्कीपुर में करीब एक महीने तक चले चुनाव प्रचार के बाद मतदान की तारीख अब आ गई है। अयोध्या की प्रतिष्ठापरक सीट पर होने जा रहे उपचुनाव में भाजपा और सपा के बीच सीधी लड़ाई है। चुनावी परिदृश्य में लंबे समय तक चली सरगर्मी के बाद भी मुद्दे नदारद हैं। यहां के रण में जातीय समीकरण ही सियासत की भावी तस्वीर तय करेंगे। सपा सांसद के आंसू फिजा बदलेंगे या फिर सीएम योगी आदित्यनाथ का राष्ट्रवाद कमाल करेगा, इस सवाल का जवाब आठ फरवरी को मिल जाएगा।

06:14 AM, 05-Feb-2025

सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त

अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर बुधवार को होने वाले मतदान के लिए डीजीपी मुख्यालय ने पुख्ता बंदोबस्त किया है। मतदान तो शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने के लिए 14 कंपनी सुरक्षा बल मुहैया कराया गया है। साथ ही, एक हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। मतदान के दौरान डीजीपी मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग भी होगी।

05:47 AM, 05-Feb-2025

आज रहेगा सार्वजनिक अवकाश

जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह ने बताया कि पांच फरवरी को जिले में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। जिले के कोषागार व उप कोषागार भी बंद रहेंगे। जनपद न्यायाधीश रणंजय कुमार वर्मा ने बताया कि बुधवार को कचहरी में भी अवकाश घोषित किया गया है। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलसचिव उमानाथ ने बताया कि आवासीय परिसर के साथ जिले के संबद्ध कॉलेजों में अवकाश रहेगा।

05:14 AM, 05-Feb-2025

Milkipur By Election Live: मिल्कीपुर उपचुनाव में मतदान खत्म, हुई रिकॉर्ड वोटिंग; 5 बजे तक पड़े 65.35 फीसदी वोट

अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर आज उपचुनाव के लिए मतदान होगा। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के 414 बूथों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। शाम पांच बजे मतदान खत्म होने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी समेत 10 उम्मीदवारों के भाग्य ईवीएम में कैद हो जाएंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें