फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya Deepotsav LIVE: श्रीराम का हुआ राज्याभिषेक, दीपों से जगमग हुए राम की पैड़ी समेत सरयू के घाट

Sat, 07 Nov 2026 07:35 PM IST
Bhupendra Singh अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या

खास बातें

Ayodhya Deepotsav 2026 Live News in Hindi: अयोध्या में दीपोत्सव की धूम है। इस अवसर पर रामनगरी में आस्था का सैलाब उमड़ा है। साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें रामायण आधारित झांकियों, लोकनृत्यों और जय श्रीराम के जयघोष ने रामनगरी को भक्तिमय बना दिया। इसमें प्राचीन संस्कृति के साथ आधुनिक अयोध्या के विकास की झलक भी देखने को मिली। 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:32 PM, 07-Nov-2026
लेजर शो देखने को उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

लेजर शो देखने को उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़।

राम की पैड़ी पर लेजर शो मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। इसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

06:09 PM, 07-Nov-2026
राम की पैड़ी पर दीप जलाते श्रद्धालु। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

राम की पैड़ी पर दीप जलाते श्रद्धालु

राम की पैड़ी पर श्रद्धालुओं ने दीप जलाए तो पूरा घाट रोशनी से जगमग हो उठा। 

05:48 PM, 07-Nov-2026
राम की पैड़ी दीपों से जगमग हुआ - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

राम की पैड़ी दीपों से जगमग हुआ

श्रीराम का राज्याभिषेक हुआ। इसके बाद राम की पैड़ी समेत सरयू के घाट 30 लाख दीपों से जगमग हुए। श्रद्धालुओं ने दीप जलाए।

विज्ञापन
05:20 PM, 07-Nov-2026

अयोध्या अब कभी कर्फ्यू के दायरे में नहीं आएगी

सीएम ने कहा कि अब अयोध्या कभी कर्फ्यू के दायरे में नहीं आएगी। यहां कोई दंगा-फसाद करने का साहस नहीं कर पाएगा। अयोध्या को अब कोई उपेक्षित नहीं कर सकेगा और न ही यहां के संतों को अपमानित करने या रामभक्तों पर गोली चलाने का दुस्साहस कर पाएगा। उन्होंने कहा कि इसी संदेश को देने के लिए वह दीपोत्सव के मंच से उपस्थित हुए हैं।

सीएम योगी ने दीपोत्सव की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि 25 हजार दीपों से शुरू हुआ यह आयोजन आज 25 लाख की सीमा पार कर चुका है। राष्ट्रपति के करकमलों से दीप प्रज्वलन के बाद अयोध्या धाम में 30 लाख दीप प्रज्ज्वलित होकर पूरी दुनिया को राम के प्रकाश से आलोकित करेंगे।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने अपनी व्यस्तताओं के बावजूद दीपोत्सव-2026 में सहभागिता की है। इसके लिए उन्होंने राष्ट्रपति और उनके साथ आए सभी गणमान्य अतिथियों, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, पूज्य संतों और अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

सीएम ने प्रभु श्रीराम की कृपा अयोध्या और पूरे उत्तर प्रदेश पर बनी रहने की कामना करते हुए कहा कि प्रदेशवासी प्रभु के नाम का स्मरण और जप करते हुए रामराज्य की अवधारणा को साकार करने में अपना योगदान दें।

05:18 PM, 07-Nov-2026

भगवान श्रीराम ने सबको अपनाया, लेकिन कोई मारीच बनेगा तो बाणों से बच नहीं पाएगा

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में आगे कहा कि रामकथा की मर्यादा और धार्मिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कथाओं की अपनी मर्यादा और पवित्र परंपरा होती है। लेकिन, कुछ लोग अपनी उच्छृंखल प्रवृत्ति के कारण कथा की पवित्रता को ध्यान में नहीं रखते और उसे मुशायरे के दायरे में ढालकर अपवित्र करने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में बड़ा परिवर्तन हुआ है। जिन लोगों ने कभी यज्ञ को बाधित किया था, उस अयोध्या में पहले महज तीन घंटे बिजली मिलती थी। आज वही अयोध्या देश की स्मार्ट सिटी के साथ सोलर सिटी के रूप में भी अपनी पहचान स्थापित कर रही है।

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या के धर्मपथ, भक्तिपथ, श्रीराम पथ और जन्मभूमि पथ आज दुनिया को आकर्षित कर रहे हैं। आजादी के बाद लंबे समय तक अयोध्या की उपेक्षा हुई। राम के अस्तित्व को नकारने के प्रयास किए गए। न्यायालयों में राम के अस्तित्व को लेकर सवाल उठाए गए, लेकिन आज कम से कम उनके अस्तित्व को स्वीकार किया जा रहा है। यह हमारी वैचारिक विजय है। भगवान श्रीराम ने सबको अपनाया था। लेकिन, कोई मारीच बनकर आएगा तो वह भी राम के बाणों से बच नहीं पाएगा।

विज्ञापन
05:15 PM, 07-Nov-2026

जिन्होंने राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं, अयोध्या आएं लेकिन माफी मांगकर आएं

उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम ने स्वयं अयोध्या के प्रति अपनी विशेष आत्मीयता व्यक्त करते हुए कहा था कि 'जद्यपि सब बैकुंठ बखाना, वेद पुरान विदित जग जाना। अवधपुरी सम प्रिय नहिं सोऊ, यह प्रसंग जानइ कोऊ कोऊ।'

सीएम ने कहा कि अयोध्या की यह शक्ति और श्रीराम की चेतना ही वास्तव में भारत की चेतना है। यही भारत की संस्कृति और संस्कार हैं। प्रभु श्रीराम भारत राष्ट्र के प्राण हैं और भारत के आत्मसम्मान हैं। जिन्होंने राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं, अयोध्या आएं लेकिन माफी मांगकर आएं। 

05:03 PM, 07-Nov-2026
सीएम योगी आदित्यनाथ। - फोटो : अमर उजाला

योगी ने याद किया प्राण प्रतिष्ठा का पल

इस मौके पर सीएम योगी ने दीपोत्सव के मंच से अयोध्या की भव्यता और त्रेतायुग की स्मृतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज की अयोध्या उसी त्रेतायुग का स्मरण करा रही है, जब 14 वर्ष का वनवास पूरा कर प्रभु श्रीराम, माता जानकी, अनुज लक्ष्मण और पवनसुत हनुमान के साथ अयोध्या लौटे होंगे।

उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास की चौपाई 'अवधपुरी अति रुचिर बनाई, देवन्ह सुमन बृष्टि नभ लाई' का उल्लेख करते हुए कहा कि आज अयोध्या में भी वैसा ही दृश्य दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से रामलला के विराजमान होने के समय आसमान से पुष्पवर्षा का दृश्य भी देखने को मिला था।

सीएम योगी ने रामचरितमानस की चौपाई 'अवधपुरी प्रभु आवत जानी, भई सकल सोभा के खानी' का उल्लेख करते हुए कहा कि तुलसीदास ने त्रेतायुग की अयोध्या का जिस सुंदरता से वर्णन किया था, आज की अयोध्या उसी स्वरूप का स्मरण करा रही है। आज अयोध्यावासी उस दृश्य को जीवंत रूप में देख रहे हैं।

04:49 PM, 07-Nov-2026

साधु संतों ने सीताराम के स्वरुपों का राजतिलक किया

अयोध्या के प्रमुख साधु संतों ने भी मंच पर भगवान सीताराम के स्वरुपों का राजतिलक कर आरती की।

04:48 PM, 07-Nov-2026

उपराष्ट्रपति ने भगवान सीताराम के स्वरुपों की आरती की

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भगवान सीताराम के स्वरुपों की आरती की। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।

04:45 PM, 07-Nov-2026

सीएम योगी ने उपराष्ट्रपति का किया सम्मान

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन रामकथा पार्क पहुंच चुके हैं। उन्होंने संतों का अभिवादन किया। उनके साथ राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी पहुंचीं हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उपराष्ट्रपति का सम्मान किया है।

04:24 PM, 07-Nov-2026
श्री सीताराम, लक्ष्मण और हनुमान पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई - फोटो : वीडियो ग्रैब

श्री सीताराम, लक्ष्मण और हनुमान पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई

दीपोत्सव में त्रेतायुग की परंपरा को साकार करते हुए भगवान श्री सीताराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान के स्वरूप पुष्पक विमान रूपी हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। 

04:07 PM, 07-Nov-2026
पुष्पक विमान से उतरे प्रभु श्रीराम, सीएम योगी ने की अगवानी - फोटो : वीडियो ग्रैब

पुष्पक विमान से उतरे प्रभु श्रीराम, गुरु वशिष्ठ की भूमिका में सीएम योगी ने की अगवानी

दीपोत्सव में त्रेतायुग की परंपरा को साकार करते हुए भगवान श्री सीताराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान के स्वरूप पुष्पक विमान रूपी हेलिकॉप्टर से रामकथा पार्क के निकट बने अस्थायी हेलीपैड पर उतरे। यहां गुरु वशिष्ठ की भूमिका में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ भगवान के स्वरूपों की अगवानी की। 

इसके बाद भगवान श्री सीताराम के स्वरूप रथ पर सवार होकर रामकथा पार्क पहुंचे। खास बात यह रही कि इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रियों के साथ स्वयं रथ खींचकर भगवान का स्वागत किया। त्रेतायुग की इस परंपरा के सजीव मंचन ने श्रद्धालुओं को रामराज्य की स्मृतियों से जोड़ दिया।

03:49 PM, 07-Nov-2026
सीएम योगी ने संतों से भेंट की - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

सीएम योगी ने संतों से भेंट की

रामकथा पार्क में सीएम योगी ने प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद संतों से भेंट की।

03:48 PM, 07-Nov-2026
सीएम योगी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

सीएम योगी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया

राम कथा पार्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

03:26 PM, 07-Nov-2026
दीपों पर बाती और तेल डालते स्वयंसेवक - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

दीपों पर बाती और तेल डालने का काम लगभग पूरा

हर की पैड़ी पर दीपों पर बाती और तेल डालने का काम लगभग पूरा हो गया है। दीप महोत्सव का इतंजार अब खत्म होने वाला है। कुछ देर बाद यहां दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।  

03:18 PM, 07-Nov-2026
जयघोष से गूंजा रामकथा पार्क - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

जय श्रीराम का जयघोष करते कलाकार

रामकथा पार्क स्थित हैलीपैड के पास वानर सेना के स्वरूप में कलाकारों ने जय श्रीराम का जयघोष किया।

02:46 PM, 07-Nov-2026
घाट पर सजे दीप - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

घाट पर सजे दीप

दीपोत्सव पर्व के लिए सरयू के घाटों पर दीप सजाए गए हैं। संध्या समय पर घाट दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे।

02:43 PM, 07-Nov-2026

अयोध्या पहुंचे सीएम योगी,  रामलाला के दर्शन कर पहुंचेंगे राम कथा पार्क 

सीएम योगी आदित्यनाथ दीपोत्सव में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंच गए हैं। 2:30 बजे वे रामकथा पार्क स्थित अस्थायी हेलीपैड पर उतरे। यहां से वह राम मंदिर जाएंगे। राम मंदिर में दर्शन पूजन के बाद वह रामलला की महाआरती करेंगे। महाआरती के बाद वापस राम कथा पार्क पहुंचेंगे और श्री राम राज्याभिषेक समारोह में शामिल होंगे। राम कथा पार्क के मंच पर सजे राम दरबार पर भगवान श्री राम का प्रतीकात्मक राज तिलक किया जाएगा। उपराष्ट्रपति भगवान श्री राम का राज तिलक करेंगे।

02:08 PM, 07-Nov-2026

पुष्प वर्षा कर हुआ शोभायात्रा का स्वागत

शोभायात्रा पर जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई तो लोगों में हर एक क्षण को अपने मोबाइल में कैद करने की आतुरता दिखी। शोभायात्रा करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय करके राम कथा पार्क पहुंची। वहां शोभायात्रा का समापन हुआ। शोभायात्रा में 14 राज्यों के करीब 500 से अधिक कलाकारों ने अपनी अपनी संस्कृतियों का प्रदर्शन किया।

01:32 PM, 07-Nov-2026

अयोध्या में दीपोत्सव पर झांकियों के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव पर निकली श्रीराम राज्याभिषेक की झांकी में त्रेतायुग को जीवंत कर दिया। सरकार की उपलब्धियों का बखान करती 14 व रामचरितमानस के साथ कांड पर आधारित सात झांकियों ने श्रद्धालुओं का मनमोह लिया। झांकियों के दर्शन को अयोध्यावासी उमड़ पड़े।

01:24 PM, 07-Nov-2026

कलाकारों ने अलग-अलग तरीकों से पेश कीं झांकियां

दीपोत्सव पर मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि कलाकारों ने अलग-अलग तरीकों से अपनी झांकियां पेश की हैं। इससे दीपोत्सव की दिव्य आभा और बढ़ गई है। पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कोशिशों से यह बदलाव आया है। पूरे अयोध्यावासियों और भक्तों में एक अलग तरह का उत्साह है। यह सच में अविश्वसनीय है। देश के कोने-कोने से लोग इस खूबसूरत नज़ारे को देखने आए हैं। मैं सभी को दिवाली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।
 

12:55 PM, 07-Nov-2026
शोभायात्रा में नृत्य करते कलाकार। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

आनंदित महसूस कर रहे देश-विदेश से आए श्रद्धालु

यह आयोजन न केवल अयोध्यावासियों में भारी उत्साह भर रहा है, बल्कि देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालुओं में भी गर्व की भावना पैदा कर रहा है। सभी श्रद्धालु इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनकर आनंदित महसूस कर रहे हैं और इसकी सराहना कर रहे हैं।

12:37 PM, 07-Nov-2026
अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़। - फोटो : अमर उजाला

सुरक्षा व्यवस्था और व्यापक उत्साह

यह शोभायात्रा साकेत महाविद्यालय से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इसका समापन रामकथा पार्क पर होगा, जहां मुख्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विशेष प्रबंध किए गए थे।

12:21 PM, 07-Nov-2026

परंपरा और प्रगति साथ-साथ चल सकती हैं

स्वच्छता और डिजिटल प्रगति को प्रदर्शित करते मॉडल भी शोभायात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा ऱहे। यह अनूठा संगम अयोध्या के गौरवशाली अतीत और उसके उज्ज्वल भविष्य को एक साथ दर्शाता है। यह दिखाता है कि कैसे परंपरा और प्रगति साथ-साथ चल सकती हैं।

12:13 PM, 07-Nov-2026
श्रीराम के स्वागत में झांकियों के साथ उमड़ा अयोध्यावासियों का उल्लास - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

श्रीराम के स्वागत में झांकियों के साथ उमड़ा अयोध्यावासियों का उल्लास

भगवान श्रीराम के स्वागत के लिए रामनगरी में उत्साह का माहौल है। शनिवार को साकेत महाविद्यालय से दीपोत्सव की झांकियां निकाली गईं। इनमें शामिल कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से रामायणकालीन प्रसंगों को जीवंत कर दिया। कई राज्यों से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। किष्किंधा कांड सहित रामायण काल की करीब सात झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकियों को देखने के लिए सड़क किनारे अयोध्यावासियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग कलाकारों का उत्साह बढ़ाते और मोबाइल में इन यादगार पलों को तस्वीरों के रूप में कैद करते नजर आए।

12:06 PM, 07-Nov-2026

प्राचीन संस्कृति और आधुनिक विकास का संगम

इस यात्रा की सबसे खास बात यह रही कि इसमें प्राचीन संस्कृति के साथ-साथ नए भारत की झलक भी दिखी। एक तरफ राम दरबार की भव्य झांकी ने भक्तों को आकर्षित किया। पुष्पक विमान की झांकी भी त्रेता युग की यादें ताजा कर रही थी। वहीं दूसरी तरफ अयोध्या के आधुनिक विकास को दर्शाते मॉडल भी शामिल थे।

11:57 AM, 07-Nov-2026
शोभायात्रा का दिव्य स्वरूप - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

शोभायात्रा का दिव्य स्वरूप

इस शोभायात्रा में भगवान श्रीराम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को दर्शाया गया। आकर्षक झांकियों के माध्यम से उनकी लीलाओं का सजीव चित्रण किया गया था। इन झांकियों ने दर्शकों को भक्तिभाव से भर दिया। पारंपरिक लोक नृत्यों ने भारतीय संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरी। कलाकारों ने रामायण कालीन वेशभूषा धारण कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी वेशभूषा त्रेता युग की याद दिला रही थी, जिससे पूरा माहौल ऐतिहासिक प्रतीत हो रहा था। यह यात्रा केवल एक धार्मिक जुलूस नहीं, बल्कि एक भव्य सांस्कृतिक प्रदर्शन भी थी।

11:48 AM, 07-Nov-2026

Ayodhya Deepotsav LIVE: श्रीराम का हुआ राज्याभिषेक, दीपों से जगमग हुए राम की पैड़ी समेत सरयू के घाट

अयोध्या में दीपों का महापर्व दीपोत्सव एक बार फिर अपने दिव्य और भव्य स्वरूप में मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर शनिवार को भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है। यह शोभायात्रा साकेत महाविद्यालय से शुरू होकर रामकथा पार्क तक जाएगी। यह उत्सव यात्रा रामनगरी की आत्मा का प्रतीक मानी जा रही है, जिसमें आस्था, संस्कृति और आधुनिक विकास का एक अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

शोभायात्रा का शुभारंभ होते ही पूरा मार्ग जय श्रीराम के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। इन नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और हर तरफ उत्साह का माहौल था। यात्रा में भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित विभिन्न आकर्षक झांकियां शामिल थीं, जिन्होंने भक्तों का मन मोह लिया। पारंपरिक लोक नृत्य प्रस्तुत करने वाले कलाकार भी शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण थे। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियां देखने लायक थीं। 

रामायण कालीन वेशभूषा में सजे कलाकारों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी वेशभूषा त्रेता युग की जीवंत झलक प्रस्तुत कर रही थी। स्कूली बच्चों ने भी इस उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लिया। संत-महात्माओं और आम श्रद्धालुओं ने भी बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इन सभी की भागीदारी ने इस उत्सव को और भी भव्य बना दिया। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें