मतदान को लेकर दिखा उत्साह
कासगंज में वोटिंग के लिए सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह नज आया। महिला मतदाता सुबह छः बजकर चालीस मिनट पर,पहले मतदान फिर जलपान के नारे को साकार करने जाते हुए दिखाई दीं।
एटा में मतदान
एटा के सभी 270 मतदान स्थलों पर चल रही मतदान प्रक्रिया। 747 प्रत्याशियों के भाग्य का होना है फैसला। सुबह से ही बूथों पर भीड़ उमड़ना शुरू हो गई है।
राजा का रामपुर के चार मतदान केंद्रों पर चल रही वोटिंग
कस्बा राजा का रामपुर के चार मतदान केंद्रों पर 11 बूथों पर 11 वार्डो के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चल रहा है मतदान। सुपर जोनल मजिस्ट्रेट सहित भारी मात्रा में पुलिस फोर्स सभी मतदान केंद्रों पर मौजूद।
आईडी की जांच के बाद मतदान
कासगंज में निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो चुका है। मतदाताओं की आईडी चेक की जा रही है और आधार कार्ड स्कैन किए जा रहे हैं। कुछ आधार कार्ड स्कैन न होने पर मतदाताओ को मतदान से रोका गया है।
बुजुर्ग मां को मतदान के लिए ले जाता युवक
- फोटो : अमर उजाला
एटा के जैथरा में नेहरू स्कूल मे मतदान केन्द्र पर वोटरों की भीड़ दिखाई दी। यहां एक शानदार तस्वीर नजर आई, जिसमें एक युवक अपनी मां को मतदान के लिए ले जाता नजर आया।
डीएम और एसएसपी का भ्रमण जारी
कासगंज में मतदान को लेकर लोगों में अब उत्साह नजर आने लगा हैं। डीएम हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने भ्रमण कर मतदान का निरीक्षण कर रहे हैं।
कासगंज के अलावा तीर्थनगरी सोरोंजी, नगर पंचायत बिलराम, नगरपालिका गंजडुंडवारा, नगर पंचायत पटियाली, अमांपुर, सहावर, भरगैन में भी सुबह से ही मतदान का उत्साह देखा गया।
कासगंज के ब्लॉक स्थित बूथ पर मां योगेश गुप्ता के साथ पहली बार वोट डाल कर आती जुड़वा बहने नेहा गुप्ता व निकिता गुप्ता ने कहा कि बेहद खुश हैं मतदान करके।
कासगंज में सुबह नौ बजे तक 11.44 फीसद मतदान हुआ। बूथों पर पहुंच रहे वोटर में मतदान को लेकर उत्साह नजर आ रहा है।
एटा जिले में सुबह नौ बजे तक 13.86 फीसद मतदान हुआ। सुरक्षा को लेकर जिले में कड़े प्रबंध किए गए हैं।
एटा और कासगंज में तेज धूप के साथ ही मतदान की रफ्तार भी धीमी हो गई है। एटा में 11 बजे तक 25.93 फीसद हुआ मतदान। वहीं कासगंज में 27.06 फीसद मतदान हुआ।
एटा के अलीगंज में मतदान के दौरान दो पक्षों के लोगों में मारपीट हो गई। जमकर लात और घूंसे चले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को वहां से खदेड़ दिया।
एटा में एक बजे तक 38 फीसद मतदान हुआ वहीं कासगंज में 40.31 फीसद मतदान हुआ है।
कासगंज में शाम तीन बजे तक 49.60 फीसद मतदान हुआ है। दिन में पारा चढ़ने के साथ ही मतदान में गिरावट होती चली गई।
एटा जिले के अलीगंज में बसपा प्रत्याशी जुनैद मियां के कूचा दायम खां स्थित आवास पर बड़ी संख्या में कंप्यूटर और फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व आयुष चौधरी ने छापेमारी के दौरान कंप्यूटर और आधार कार्ड जब्त कर लिए हैं।
कासगंज में निकाय चुनाव के लिए शाम पांच बजे तक 57.31 प्रतिशत मतदान हुआ।
एटा में निकाय चुनाव के लिए शाम पांच बजे तक 54.20 प्रतिशत मतदान संपन्न हुआ।