मनिका बत्रा ने फ्रांस की प्रीथिका पावड़े को हराकर महिला एकल स्पर्धा के राउंड ऑफ 16 में जगह पक्की की। मनिका के पहले गेम में बेहतरीन डिफेंस देखने को मिला, लेकिन दूसरे गेम में उन्होंने पूरी तरह से नियंत्रण बनाए रखा। तीसरे गेम में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और12वीं वरीयता प्राप्त प्रीथिका के खिलाफ जीत दर्ज की। मनिका ने यह मुकाबला 4 - 0 से जीत लिया। अब उनका मुकाबला राउंड ऑफ 16 में मिउ हिरानो या चेंगझू झू से होगा।
मनिका बत्रा फ्रांस की प्रीथिका पावडे के खिलाफ 3-0 से आगे हैं। उन्होंने तीसरा गेम 11-9 से जीता।
दूसरा गेम भी मनिका बत्रा ने जीत लिया। उन्होंने प्रीथिका को 11-6 से हराया। अब मनिका 2-0 से आगे हैं।
मनिका बत्रा अब टेबल टेनिस में महिला एकल के राउंड ऑफ 32 में फ्रांस की प्रीथिका पावड़े से भिड़ेंगी। ग्रेट ब्रिटेन की अन्ना हर्सी को हराने के बाद बत्रा का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ होगा।
24 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता नोवाक जोकोविच ने पेरिस ओलंपिक के पुरुष एकल मैच में राफेल नडाल को सीधे सेटों में हराया। जोकोविच ने इस महत्वपूर्ण मुकाबले में स्पेन के नडाल को 1-6, 4-6 से हराकर तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। नडाल को लाल बजरी का बादशाह माना जाता है, लेकिन वह इस मैच में जोकोविच से सामने कोई चुनौती पेश नहीं कर सके।
तुर्किये ने तीसरी वरयीता प्राप्त भारतीय पुरुष तीरंदाजी टीम को हराकर पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल में जगह बनाई। तुर्किये ने चौथा सेट 58-54 के अंतर से जीता। तुर्किये ने पहले दो सेट अपने नाम किए थे, लेकिन भारतीय तीरंदाजी टीम ने वापसी करते हुए तीसरा सेट अपने नाम किया था। हालांकि, धीरज, प्रवीण और तरुणदीप की तिकड़ी चौथे सेट में लय कायम नहीं रख सकी और यह सेट गंवा बैठी। भारत ने चौथे सेट में 9, 10, 9, 9 10, 7 का स्कोर किया। दूसरी ओर तुर्किये ने 10, 10, 9, 10, 9, 10 का स्कोर कर जीत दर्ज की।
भारतीय तीरंदाजों ने तीसरे सेट में वापसी करते हुए 55-54 के अंतर से जीत दर्ज की। भारत हालांकि इस मैच में 1-2 से पिछड़ रहा है।
तुर्किये ने दूसरा सेट जीतकर बढ़त बरकरार रखी है। भारत ने इस सेट में कुल 52 अंक बनाए, जबकि तुर्किये ने 55 अंक के साथ यह सेट अपने नाम किया। भारत ने दूसरे सेट में 8, 9, 8, 8, 10, 9 के शॉट खेले, जबकि तुर्किये ने 9, 9, 9, 9, 10, 9 के शॉट खेले।
तुर्किये ने भारत के खिलाफ पहला सेट अपने नाम किया। तुर्किये ने यह सेट 57-53 से अपने नाम किया।
धीरज बोम्मेदेवरा, प्रवीण जाधव और तरुणदीप राय की पुरुष तीरंदाजी टीम का तुर्किये के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच शुरू हो गया है। भारत ने पहला सेट में कुल 53 अंक प्राप्त किए हैं।
लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पुरुष एकल के मुकाबले में जुलियन कारागी को हराया। सेन ने 43 मिनट तक चले इस मुकाबले को 21-19, 21-14 से अपने नाम किया।
लक्ष्य सेन ने वापसी करते हुए जुलियन के खिलाफ पहला गेम जीता। लक्ष्य ने 22 मिनट तक चले पहले गेम में 21-19 के अंतर से जीत दर्ज की।
भारत और अर्जेंटीना के बीच पेरिस ओलंपिक में पूल-बी का मैच अंतिम सीटी बजने तक 1-1 की बराबरी पर छूटा। अर्जेंटीना ने दूसरे क्वार्टर में गोल कर टीम को बढ़त दिला दी थी और भारतीय टीम काफी देर तक बराबरी हासिल करने के लिए जूझ रही थी। अंतिम समय में भारत को मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल दाग टीम को बराबरी दिलाई।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन का मुकाबला शुरू हो गया है। लक्ष्य पुरुष एकल वर्ग के ग्रुप चरण में जुलियन कारागी का सामना कर रहे हैं।
भारतीय पुरुष टीम तीसरा क्वार्टर समाप्त होने के बाद भी अर्जेंटीना से 0-1 से पीछे चल रही है। अर्जेंटीना ने दूसरे क्वार्टर में बढ़त हासिल की थी जो अब तक बरकरार है।
भारतीय टीम अर्जेंटीना के खिलाफ हॉफ टाइम तक 0-1 से पीछे चल रही है। पहले दो क्वार्टर में भारत को दो बार पेनाल्टी कॉर्नर के मौके मिले, लेकिन टीम इसे गोल में बदलने में नाकाम रही। अर्जेंटीना ने भारत के खिलाफ पेरिस ओलंपिक के पूल बी मैच में गोल कर बढ़त हासिल कर ली है। अर्जेंटीना की ओर से लुकस मार्टिनेज ने 22वें मिनट में मैदानी गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी है। इससे पहले भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला था, लेकिन टीम इसे भुनाने में असफल रही थी। दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम कोई गोल नहीं कर सकी।
भारत के स्टार शूटर अर्जुन बाबुता पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में पदक से चूक गए। वह 16वें शॉट तक शीर्ष तीन में चल रहे थे। कभी वह दूसरे स्थान पर आए तो कभी तीसरे स्थान पर, लेकिन पदक नहीं जीत सके। एक वक्त तो वह पहले स्थान पर रहे लिहाए शेंग से 0.1 अंक पीछे थे। इसके बाद उनका फॉर्म बिगड़ा और 16वें शॉट के बाद चौथे स्थान पर लुढ़क गए। चौथे स्थान पर पहुंचते ही वह 17वें और 18वें शॉट में एलिमिनेशन में पहुंच गए। उनका सामना मारिचित मिरान के साथ था। 17वें शॉट में बाबुता ने 10.3 का शॉट लगाया, जबकि मिरान ने 10.6 का शॉट लगाया। 18वें शॉट में मिरान ने फिर 10.6 का शॉट लगाया, जबकि बाबुता ने 9.9 का शॉट लगाया। इसी के साथ कुल 230 का स्कोर लेकर बाबुता बाहर हो गए। वहीं, चीन के शेंग लिहाओ 252.2 के ओलंपिक रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं, स्वीडन के विक्टर लिंडग्रेन ने 251.4 के स्कोर के साथ रजत पदक अपने नाम किया। क्रोएशिया के मारिचिच मिरान ने 230 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। वहीं, अर्जुन का फाइनल स्कोर 208.4 रहा।
15 शॉट के बाद अर्जुन तीसरे स्थान पर पहुंच चुके हैं। अर्जुन का स्कोर फिलहाल 157.1 है। उनसे आगे चीन और स्वीडन के खिलाड़ी हैं।
अर्जुन बाबुता दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उनका स्कोर 11वें शॉट के बाद 115.6 है। वहीं चीन के लिहाओ शेंग 116.1 के स्कोर के साथ शीर्ष पर हैं। बाबुता पदक की दौड़ में बने हुए हैं।
10 शॉट पूरे हो चुके हैं। दो सीरीज के बाद अर्जुन बाबुता तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। उनका स्कोर 105 है। चीन के लिहाओ शेंग और क्रोएशिया के मिरान मारिचिच दूसरे स्थान पर हैं। अब एलिमिनेशन का दौर शुरू हो जाएगा। नीचे रहने वाले एथलीट एक शॉट के बाद एलमिनेट होते जाएंगे।
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में अर्जुन बाबुता का फाइनल मुकाबला जारी है। उन्होंने पहली सीरीज में 52.4 का स्कोर बनाया और चौथे स्थान पर चल रहे हैं। 10 शॉट के बाद एलिमिनेशन शुरू हो जाएगा। अर्जुन पहली सीरीज के पॉच शॉट के बाद चौथे स्थान पर चल रहे हैं।
बैडमिंटन महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और तनीषा क्रास्तो की जोड़ी को ग्रुप स्टेज में लगातार दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें जापान की चौथी वरीयता नामी मतसुयामा और चिहारा शिदा की जोड़ी ने 21-11 और 21-12 से हरा दिया। इससे पहले पोनप्पा-क्रास्तो की जोड़ी को दक्षिण कोरिया की इयोंग सो किम और योंग ही कोंग की जोड़ी ने 21-18, 21-10 से हराया था। अब भारतीय जोड़ी का आगे बढ़ने का रास्ता बेहद कठिन है। अगला मैच जीतने के साथ उन्हें दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा।
रमिता महिला 10 मीटर एयर राइफल महिला इवेंट में सातवें स्थान पर रहीं और पदक लाने से चूक गईं। रमिता ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन दूसरी सीरीज में वह पिछड़ गईं जिसके बाद वापसी नहीं कर सकीं। रमिता ने 10.2 शॉट के साथ शुरुआत की थी जिससे वह संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर पहुंच गई थीं और बाहर होने से 0.2 अंक आगे थीं। इसके बाद उन्होंने फिर 10.2 का शॉट खेला जिससे रमिता संयुक्त रूप से छठे स्थान पर खिसक गईं। रमिता ने इसके बाद शूटऑफ में 10.5 का स्कोर किया, लेकिन रमिता की प्रतिद्वंद्वी मुलर ने 10.8 का स्कोर कर खुद को मुकाबले में बनाए रखा। इस तरह रमिता का सफर सातवें स्थान पर रहकर समाप्त हुआ।
भारत की मनु भाकर और सरबजोत सिंह की मिक्स्ड टीम 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक के लिए भिड़ेंगी इन दोनों ने क्वालिफिकेशन राउंड में तीसरा स्थान हासिल किया। मिक्स्ड टीम इवेंट में चार टीमें फाइनल के लिए क्वालिफाई करती हैं। शीर्ष दो टीमें स्वर्ण और रजत के लिए भिड़ेंगी, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें कांस्य के लिए भिड़ती हैं। मनु और सरबजोत के सामने कांस्य के लिए दक्षिण कोरिया की ओह ये जिन और ली वोन्हो की जोड़ी होगी। ओह ये जिन ने रविवार को 10 मीटर एयर पिस्टल महिलाओं की स्पर्धा में स्वर्ण जीता था।
शीर्ष स्थान पर तुर्किये की सेवाल इलायदा और यूसुफ डिकेच की जोड़ी रही। इन दोनों ने 582 का स्कोर किया। वहीं, सर्बिया की जोराना अरुनोविच और दामिर मिकेच की जोड़ी 581 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रही। इन दोनों टीमों के बीच स्वर्ण की लड़ाई होगी। हारने वाली टीम रजत जीतेगी। वहीं, भारत की मनु भाकर और सरबजोत की जोड़ी ने 580 स्कोर किया और तीसरे स्थान पर रही। ओह ये जिन और ली वोन्हो की कोरियाई जोड़ी 579 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रही। भारत और कोरिया के बीच कांस्य पदक की लड़ाई होगी। यह मुकाबला मंगलवार को दोपहर एक बजे से खेला जाएगा। इस स्पर्धा में भारत की एक और जोड़ी रिदम सांगवान और अर्जुन चीमा की जोड़ी 576 के स्कोर के साथ 10वें स्थान पर रही।
नॉर्वे की हेज जेनेट सबसे पहले एलिमिनेट हुईं। फिलहाल भारत की रमिता छठे स्थान पर हैं। उनका स्कोर 12 शॉट के बाद 124.9 है। रमिता को एलिमिनेट होने से बचना होगा और रैंकिंग अच्छी करनी होगी।
दूसरी सीरीज के बाद रमिता सातवें स्थान पर लुढ़क गईं। कुल 10 शॉट्स लग चुके हैं और उनका स्कोर 104 है। अब से एलिमिनेशन का दौर शुरू हो जाएगा।
रमिता की पांच शॉट की दूसरी सीरीज शुरू हो चुकी है। इसके बाद सिंगल शॉट ऑन कमांड शुरू हो जाएंगी। फिर धीरे धीरे एलिमिनेशन शुरू होगा।
शूटर रमिता जिंदल का फाइनल मुकाबला शुरू हो चुका है। रमिता महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में पदक के लिए जूझ रही हैं। फिलहाल पांच शॉट की पहली सीरीज जारी है। रमिता फिलहाल चौथे नंबर पर हैं।
10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में क्वालिफिकेशन इवेंट में भारत की दो जोड़ियां खेल रही हैं। इनमें रिदम सांगवान और अर्जुन चीमा और मनु भाकर- सरबजोत सिंह की जोड़ी उतरी है। शीर्ष चार टीमें पदक के लिए भिड़ेंगी।
जर्मन खिलाड़ी मार्क लैम्सफस के चोट के कारण नाम वापस लेने के बाद सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का पुरुष युगल ग्रुप सी का मुकाबला रद्द कर दिया गया है। भारतीय जोड़ी को सोमवार को लैम्सफस और मार्विन सेडेल की जर्मन जोड़ी से मैच खेलना था बीडब्ल्यूएफ ने अपडेट देते हुए कहा- जर्मन पुरुष युगल खिलाड़ी मार्क लैम्सफस घुटने की चोट के कारण पेरिस ओलंपिक खेलों की बैडमिंटन प्रतियोगिता से हट गए हैं।' सात्विक और चिराग ने शनिवार को लुकास कोरवी और रोनन लाबार की फ्रांसीसी जोड़ी पर 21-17, 21-14 से जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी। यह भारतीय जोड़ी ग्रुप के अपने अंतिम मैच में मंगलवार को इंडोनेशिया के फजर अल्फियान और मुहम्मद रियान अर्दियांतो से भिड़ेगी।
भारतीय पुरुष तीरंदाजी टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है। आज उनका सामना अंतिम-8 के मुकाबले में किससे होगा इसका फैसला थोड़ी देर में होगा। रविवार को भारतीय महिला तीरंदाजी टीम नीदरलैंड से क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गई थी। अब पुरुष टीम से काफी उम्मीदें हैं। तरुणदीप राय, धीरज बोम्मादेवरा और प्रवीण जाधव भारतीय टीम में शामिल हैं।
बैडमिंटन
- पुरुष युगल (ग्रुप चरण): सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी बनाम मार्क लैम्सफस और मार्विन सीडेल (दोपहर 12 बजे से)
- महिला युगल (ग्रुप चरण): अश्विनी पोनप्पा और तनीषा क्रास्टो बनाम नामी मात्सुयामा और चिहारू शिदा (दोपहर 12:50 बजे से)
- पुरुष एकल (ग्रुप चरण): लक्ष्य सेन बनाम जूलियन कैरेगी (शाम 5:30 बजे से)
निशानेबाजी
- 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम क्वालिफिकेशन: मनु भाकर और सरबजोत सिंह, रिदम सांगवान और अर्जुन सिंह चीमा (दोपहर 12:45 बजे से)
- पुरुष ट्रैप क्वालिफिकेशन: पृथ्वीराज तोंडईमान (दोपहर 1:00 बजे से)
- 10 मीटर एयर राइफल महिला फाइनल: रमिता जिंदल (दोपहर 1:00 बजे से)
- 10 मीटर एयर राइफल पुरुष फाइनल: अर्जुन बाबुता (दोपहर 3:30 बजे से)
हॉकी
- पुरुष पूल बी मैच: भारत बनाम अर्जेटींना (शाम 4:15 बजे से)
तीरंदाजी
- पुरुष टीम क्वार्टर फाइनल: तरुणदीप राय, धीरज बोम्मादेवरा, प्रवीण जाधव (शाम 6:30 बजे से)
टेबल टेनिस
- महिला एकल (राउंड ऑफ 32): श्रीजा अकुला बनाम जियान जेंग (रात 11:30 बजे से)
रमिता ने पांचवें स्थान पर रहकर महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल फाइनल के लिए क्वालिफाई किया, जबकि क्वालिफिकेशन में सातवें स्थान पर रहते हुए बाबुता ने पुरुष 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई। अब तीसरे दिन इन दोनों निशानेबाजों ने पदक जीतने की उम्मीद होगी।
जीत के साथ शुरुआत करने वाली भारतीय टीम पेरिस ओलंपिक पुरुष हॉकी स्पर्धा के दूसरे मैच में रियो ओलंपिक 2016 चैंपियन अर्जेंटीना के खिलाफ इस लय को कायम रखने उतरेगी। भारत ने रोमांचक पहले मैच में शनिवार को आखिरी सीटी बजने से डेढ मिनट पहले पेनाल्टी स्ट्रोक पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह के गोल के दम पर न्यूजीलैंड को हराया था। इस मैच में हालांकि टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारत अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सका और नौ पेनाल्टी कॉर्नर गंवाए। अर्जेंटीना की टीम मैन टू मैन मार्किग में मुस्तैद है और भारत को इसमें सेंध लगानी होगी।
महिला निशानेबाज मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक खेलों के दूसरे दिन रविवार को भारत का पदक का खाता खुलवाया। अब खेलों के तीसरे दिन सोमवार को रमिता जिंदल और अर्जुन बाबुता से भी पदक की आस रहेगी। भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सामना ग्रुप चरण के दूसरे मैच में अर्जेंटीना से होगा, जबकि बैडमिंटन और टेबल टेनिस खिलाड़ी भी अपने अभियान को गति देने उतरेंगे। महिला तीरंदाजी टीम का सफर क्वार्टर फाइनल में भले ही समाप्त हो गया, लेकिन पुरुष तीरंदाजी टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी जो क्वार्टर फाइनल में चुनौती पेश करने उतरेगी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज पेरिस ओलंपिक का तीसरा दिन है। भारत ने दूसरे दिन यानी रविवार 28 जुलाई को अपने पदक का खाता खोला। निशानेबाजी में मनु भाकर ने कांस्य पदक जीता। अब तीसरे दिन भी दो निशानेबाजों से पदक की आस है। इसके अलावा तीरंदाजी में भी पुरुष टीम से उम्मीदें होंगी।