फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Paris Olympics Day 2 Live: टेनिस पुरुष युगल में भारतीय चुनौती खत्म, बोपन्ना-बालाजी फ्रांस से हारकर बाहर हुए

Mon, 29 Jul 2024 02:53 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पेरिस

खास बातें

India at Paris Olympics 2024 Live Updates : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज पेरिस ओलंपिक में इवेंट्स का दूसरा दिन है। आज भारत के पदकों का खाता खुल सकता है। शूटिंग में मनु भाकर से उम्मीदें हैं। इसके अलावा महिला तीरंदाजी टीम भी पदक जीतना चाहेगी।
विज्ञापन
बोपन्ना-बालाजी - फोटो : @KhelNow
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:42 AM, 29-Jul-2024

Paris Olympics Day 2 Live: बोपन्ना बालाजी बाहर हुए

रोहन बोपना और एन श्रीराम बालाजी की भारतीय जोड़ी पहले दौर में ही फ्रांसीसी जोड़ी गेल मोनफिल्स और एडौर्ड रोजर वेसलिन से सीधे सेटों में हारकर बाहर हो गई। सीधे सेटों में फ्रांस की जोड़ी ने उन्हें 5-7, 6-2 से हराया। इस जीत के साथ फ्रांस की जोड़ी दूसरे दौर में पहुंच गई। अब उनका सामना टिम पुएत्ज और केविन क्रावित्ज की दूसरी वरीयता प्राप्त जर्मन जोड़ी से होगा।

इससे पहले पुरुष एकल में भारत के एकमात्र टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल को पहले दौर में फ्रांसीसी कोरेंटिन मौटेट से तीन सेटों में हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ पेरिस ओलंपिक में टेनिस में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।

02:15 AM, 29-Jul-2024

Paris Olympics Day 2 Live: बोपन्ना और बालाजी पहला सेट हारे

रोहन बोपन्ना और  श्रीराम बालाजी की भारतीय जोड़ी ने फ्रांसीसी जोड़ी गेल मोनफिल्स और एडौर्ड रोजर वेसलिन के खिलाफ पहला सेट गंवा दिया।

01:45 AM, 29-Jul-2024

Paris Olympics Day 2 Live: राहुल द्रविड़ भी मौजूद

टेनिस पुरुष युगल स्पर्धा के पहले दौर के खेल में रोहन बोपन्ना और एन श्रीराम बालाजी की भारतीय जोड़ी को खेलते हुए देखने के लिए भारतीय टीम के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ भी पहुंचे हैं।

विज्ञापन
01:39 AM, 29-Jul-2024

Paris Olympics Day 2 Live: बोपन्ना और बालाजी तैयार

भारतीय टेनिस जोड़ी रोहन बोपन्ना और श्रीराम बालाजी रोलां गैरोस कोर्ट 14 में पहले दौर के मैच में गेल मोनफिल्स और एडौर्ड रोजर वेसलिन की फ्रांसीसी जोड़ी से भिड़ने के लिए तैयार हैं।

12:15 AM, 29-Jul-2024

Paris Olympics Day 2 Live: हरमीत देसाई को मिली हार

हरमीत देसाई फ्रांस के विश्व नंबर पांच फेलिक्स लेब्रन से सीधे गेम में हार गए। ओलंपिक में अपने पदार्पण के साथ पुरुष एकल में उनका अभियान समाप्त हो गया। हरमीत ने शनिवार को प्रारंभिक दौर जीता था। आज हरमीत ने मजबूत शुरुआत की और फ्रांसीसी खिलाड़ी को कड़ी टक्कर दी। हालांकि, फेलिक्स लेब्रून से 0-4 (8-11 8-11 6-11 8-11) से हार का सामना करना पड़ा। 

विज्ञापन
11:26 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Day 2 Live: हरमीत देसाई चुनौती के लिए तैयार

अब टेबल टेनिस का मुकाबला खेला जाएगा। पेरिस ओलंपिक के दूसरे दिन भारत के अगले प्रतिभागी हरमीत देसाई होंगे। दूसरे दौर में उनका सामना फेलिक्स लेब्रन (फ्रांस) से होगा।

08:58 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: एचएस प्रणय ने जीता पहला मैच

भारतीय बैडमिंटन स्टार एचएस प्रणय ने ग्रुप चरण के अपने पहले मैच में जीत दर्ज की। दूसरे गेम में बढ़त बनाते हुए मैच 21-18, 21-12 से समाप्त किया। उन्होंने जर्मनी के फैबियन रोथ को हराया।प्रणय बुधवार को अपने अंतिम ग्रुप चरण मैच में वियतनाम के विश्व रैंकिंग 71 ले डुक फाट से भिड़ेंगे।

08:09 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: मनु ने जताया पीएम का आभार

पेरिस ओलंपिक में मनु भाकर ने कांस्या पदक जीता। इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने उन्हें फोन कर बधाई दी। इसके बाद निशानेबाज ने भी उनकी शुभेच्छाओं के लिए आभार जताया।

07:50 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: प्रधानमंत्री ने फोन कर मनु को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर मनु भाकर को पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट डाल मनु की उपलब्धि को सराहा था। 
 

06:16 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: सुमित नागल बाहर

भारत के स्टार टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल पेरिस ओलंपिक से बाहर हो गए हैं। एकल में चुनौती पेश करने उतरे नागल फ्रांस के कोरेंटिन मोउटेट से ढाई घंटे तक चले मुकाबले में 6-2, 2-6, 5-7 से हार गए। इसके साथ ही टेनिस के एकल वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई है। 

06:07 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: तैराकी में भारतीय चुनौती खत्म

पेरिस ओलंपिक की तैराकी स्पर्धा में भारत की चुनौती रविवार को खत्म हो गई जब श्रीहरि नटराज और धिनिधि देसिंघु अपने अपने वर्ग के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सके। नटराज 55 . 01 सेकंड की टाइमिंग के साथ 100 मीटर बैकस्ट्रोक में अपनी हीट में संयुक्त दूसरे स्थान पर रहे थे। ओवरआल तालिका में वह 33वें स्थान पर रहे । शीर्ष 16 तैराक ही सेमीफाइनल में पहुंचते हैं। नटराज का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 53.77 सेकंड का है। पहली बार ओलंपिक में उतरी भारतीय दल की सबसे युवा सदस्य 14 वर्ष की देसिंघु 200 मीटर महिला फ्रीस्टाइल हीट में अव्वल रही। पहली हीट में उन्होंने 2 : 06.96 का समय निकाला लेकिन 30 प्रतियोगियों में वह 23वें स्थान पर रहीं।

06:02 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: महिला तीरंदाजी टीम हारी

भारतीय महिला तीरंदाजी टीम क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नीदरलैंड के खिलाफ 6-0 से हार गई। अंकिता भकत, भजन कौर और दीपिका कुमारी की तिकड़ी को नीदरलैंड की क्विंटी रोएफेन, गैबी श्लोएसर और विंकेल वान डर की तिकड़ी ने 6-0 से हराया। पहले राउंड में नीदरलैंड ने 52 स्कोर किया, जबकि भारत 51 स्कोर बना सका। दूसरे राउंड में नीदरलैंड ने 54 स्कोर बनाया, जबकि भारत ने 49 स्कोर किया। तीसरे राउंड में भारत ने 48 स्कोर किया, जबकि नीदरलैंड की तिकड़ी ने 53 स्कोर किया। एक राउंड में दो सेट पॉइंट्स मिल रहे थे। इस तरह नीदरलैंड ने 6-0 से हरा दिया।

05:33 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: मनिका जीतीं, शरत बाहर

पेरिस ओलंपिक में भारत के ध्वजवाहक रहे अचंता शरत कमल को उनके पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा। शरत कमल को टेबल टेनिस के पुरुष एकल के राउंड ऑफ 64 में स्लोवेनिया के कोजुल डेनी ने 4-2 से हराया। कोजुल ने 12-10, 9-11, 6-11, 7-11, 11-8, 10-12 से जीत हासिल की। यह मैच 53 मिनट तक चला। वहीं मनिका बत्रा ने टेबल टेनिस में महिला एकल के राउंड ऑफ 64 में जीत हासिल की। उन्होंने ब्रिटेन की एना हर्से को 4-1 से हराया। मनिका ने हर्से पर 11-8, 12-10, 11-9, 9-11 और 11-5 से जीत हासिल की।

05:31 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: नीता अंबानी ने दी बधाई

आईओसी सदस्य नीता अंबानी ने निशानेबाज मनु भाकर के कांस्य पदक जीतने पर कहा- क्या अविश्वसनीय क्षण है! हमारी सबसे कम उम्र की महिला निशानेबाज ने पेरिस 2024 ओलंपिक में कांस्य पदक के साथ भारत का खाता खोला है। बधाई हो, मनु भाकर! ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल में जीतने वाली पहली भारतीय महिला और ऐसा करने वाली हमारी सबसे कम उम्र की भारतीय निशानेबाज के रूप में, आपने इतिहास रच दिया है। मुझे यकीन है कि आज आपकी सफलता भारत भर के युवा एथलीटों को बड़े सपने देखने और अपना सब कुछ झोंकने के लिए प्रेरित करेगी। भारतीय ध्वज को ऊंचा रखें। गो इंडिया गो, हम सभी को गौरवान्वित करें।

04:46 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: राष्ट्रपति ने मनु भाकर को दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मनु भाकर को बधाई देते हुए कहा- पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में कांस्य पदक के साथ भारत की पदक तालिका खोलने के लिए मनु भाकर को हार्दिक बधाई। वह शूटिंग प्रतियोगिता में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। भारत को मनु भाकर पर गर्व है। उनका यह कारनामा कई खिलाड़ियों, खासकर महिलाओं को प्रेरित करने वाला है। मैं कामना करती हूं कि वह भविष्य में उपलब्धियों की और अधिक ऊंचाइयां छूए।

04:40 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: निकहत प्री-क्वार्टर फाइनल में

दो बार की विश्व चैंपियन निकहत जरीन ने रविवार को यहां जर्मनी की मैक्सी करीना क्लोएट्जर पर जीत के साथ महिलाओं के 50 किग्रा ओलंपिक के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। 28 साल की निकहत ने यहां नॉर्थ पेरिस एरेना में अंतिम 32 दौर के मुकाबले में जर्मनी की मुक्केबाज के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल की। निकहत के सामने गुरुवार को खेल जाने वाले प्री-क्वार्टर फाइनल में एशियाई खेलों और मौजूदा फ्लाईवेट विश्व चैंपियन चीन की वू यू  की चुनौती होगी। शीर्ष वरीयता प्राप्त  वू यू को पहले दौर में बाई मिली है।

04:25 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: प्रधानमंत्री मोदी ने मनु को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनु भाकर को पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, ऐतिहासिक पदक! पेरिस ओलंपिक में भारत को पहला दिलाने के लिए मनु भाकर को बधाई। यह कांस्य पदक और सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि मनु निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। यह एक अविश्वसनीय उपलब्धि है।

04:04 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: अर्जुन बाबुता ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया

भारत के अर्जुन बाबुता ने 10 मीटर एयर राइफल पुरुष क्वालिफिकेशन में सातवें स्थान पर रहने के साथ ही फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। बाबुता ने कुल 630.1 अंक बनाए। हालांकि, एक अन्य भारतीय संदीप सिंह 629.3 अंक के साथ 12वें स्थान पर रहे और फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके। 

03:57 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: मनु भाकर ने जीता कांस्य

मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में भारत के पदक का खाता खोल दिया है। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में 221.7 के स्कोर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। फाइनल में मनु ने शुरू से ही तीसरा स्थान बरकरार रखा और तीसरा स्थान ही हासिल किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण और रजत पदक दक्षिण कोरिया की दो एथलीट्स ने जीता। ओह ये जिन 243.2 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक और किम येजी ने 241.3 के स्कोर के साथ रजत पदक अपने नाम किया। मनु भाकर क्वालिफिकेशन राउंड में भी तीसरे स्थान पर रही थीं। वह शूटिंग में भारत को ओलंपिक पदक दिलाने वाली भारत की पहली महिला एथलीट हैं। इसके साथ ही उन्होंने शूटिंग में भारत के पदक के 12 साल के सूखे को भी खत्म किया। 2012 लंदन ओलंपिक में गगन नारंग और विजय कुमार ने शूटिंग में पदक जीता था।

03:53 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: अब फाइनल तीन के बीच टक्कर

अब शीर्ष तीन एथलीट के बीच टक्कर है। पांच एथलीट्स एलिमिनेट हो चुके हैं। मनु भाकर तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। अगले दो शॉट तय करेगा कि कौन कांस्य पदक जीतेगा। 

03:51 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: चीन की ली जुए बाहर

18 शॉट के बाद चीन की ली जुए बाहर हो गईं। 18 शॉट के बाद मनु भाकर का स्कोर 191.3 है और तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। मनु के पदक जीतने की स्थिति पक्की हो गई है।

03:48 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: टोक्यो ओलंपिक की रिकॉर्ड होल्डर बाहर

टोक्यो ओलंपिक की रिकॉर्ड होल्ड चीन की जियांग रैंक्सिन 16 शॉट के बाद बाहर हो गईं। 16 शॉट के बाद मनु का स्कोर 171 है और वह तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं।

03:45 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: मनु भाकर तीसरे स्थान पर

14 शॉट के बाद एक और एथलीट बाहर हो गईं। तुर्किये की सेवाय इलायदा बाहर हो गईं। अब बाकी का मुकाबला छह शूटर्स के बीच होगा। हर दो शॉट पर एक एथलीट एलिमिनेट होगा। 15 शॉट के बाद मनु का स्कोर 150.7 है और वह तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। दक्षिण कोरिया की दो एथलीट शीर्ष पर हैं।

03:42 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics 2024 Live: 12वें शॉट के बाद एलिमिनेशन शुरू

12वें शॉट के बाद एलिमिनेशन की शुरुआत हो चुकी है। क्वालिफिकेशन राउंड में शीर्ष पर रहने वाली हंगरी की वेरोनिका आठवें स्थान पर रहकर फाइनल से बाहर हो गईं। 13 शॉट के बाद मनु शीर्ष-दो में बनी हुई हैं। उनका स्कोर 131.0 है।

03:37 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics 2024 Live: मनु का शानदार प्रदर्शन जारी

मनु का स्कोर स्टेज-1 की दूसरी सीरीज के बाद 100.3 का है। वह फिलहाल तीसरे स्थान पर चल रही हैं।  कुछ देर में एलिमिनेशन शुरू हो जाएगा। शीर्ष दो पर दक्षिण कोरिया की दो शूटर्स हैं।

03:33 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics 2024 Live: मनु भाकर का मुकाबला शुरू

महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का फाइनल मुकाबला शुरू हो चुका है। सभी की नजरें भारत की स्टार शूटर मनु भाकर पर है। उन्होंने अपने स्टेज 1 की पहली सीरीज में 50.4 का स्कोर बनाया। स्टेज 1 के बाद वह दूसरे स्थान पर चल रही हैं। मनु ने 10.6, 10.2, 9.5, 10.5 और 9.6 का स्कोर बनाया।

03:11 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics 2024 Live: श्रीजा अकुला की जीत से शुरुआत

भारत की महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी श्रीजा अकुला ने पेरिस ओलंपिक जीत से शुरुआत की है। श्रीजा ने महिला एकल मुकाबले में क्रिस्टिना कालबर्ग को एकतरफा अंदाज में 4-0 के अंतर से हराया। 

02:02 PM, 28-Jul-2024
रमिता जिंदल - फोटो : PTI

Paris Olympics 2024 Live: रमिता जिंदल ने इतिहास रचा

भारत की स्टार शूटर रमिता जिंदल महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने इतिहास रच दिया है। वह इस स्पर्धा में फाइनल में पहुंचने वाली तीसरी भारतीय महिला एथलीट हैं। 20 साल बाद किसी एथलीट ने ऐसा किया है। 20 साल की रमिता ने रविवार को खेले गए क्वालिफिकेशन राउंड में 631.5 के स्कोर के साथ क्वालिफाई किया। वह पांचवें स्थान पर रहीं। उन्होंने छह सीरीज में 104.3, 106.0, 104.9, 105.3, 105.3, 105.7 का स्कोर बनाया। वहीं, इसी स्पर्धा में भारत की एक और एथलीट एलावेनिल वलारिवान 630.7 के स्कोर के साथ 10वें स्थान पर रहीं और फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकीं। रमिता कल दोपहर एक बजे से अपना फाइनल मैच खेलेंगी और स्वर्ण पदक के लिए जोर लगाएंगी।

01:46 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics 2024 Live: एलावेनिल और रमिता फाइनल में पहुंचने के करीब

भारत की स्टार शूटर एलावेनिल वलारिवान और रमिता भी फाइनल में पहुंचने के करीब हैं। दोनों महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाने के करीब हैं। आखिरी सीरीज की शूटिंग जारी है।

01:42 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics 2024 Live: बलराज क्वार्टर फाइनल में

रोइंग में बलराज पंवार पुरुष एकल स्कल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। बलराज ऐसे पहले भारतीय हैं, जिन्होंने इस इवेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है। बलराज अब मंगलवार को पुरुष एकल स्कल्स इवेंट के क्वार्टर फाइनल में एक्शन में होंगे। वह क्वार्टर फाइनल में डायरेक्ट क्वालिफाई नहीं कर पाए थे और आज रेपेचेज के सहारे अंतिम-8 में पहुंचने में सफल रहे हैं।

01:23 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: सिंधू ने पहला मैच जीता

पीवी सिंधू ने जीत के साथ पेरिस ओलंपिक का आगाज किया है। उन्होंने ग्रुप स्टेज के अपने पहले मैच में मालदीव की फातिमाथ नाबाह को मात्र 29 मिनट में हरा दिया। पहला सेट सिंधू ने 13 मिनट में 21-9 से अपने नाम किया था। दूसरा गेम सिंधू ने 14 मिनट में 21-6 से अपने नाम किया। 10वीं वरीयता प्राप्त सिंधू इस ओलंपिक में अपने लगातार तीसरे पदक के लिए उतरी हैं। 2016 रियो ओलंपिक में उन्होंने रजत और 2021 टोक्यो ओलंपिक में उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया था।

01:11 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: सिंधू ने पहला गेम जीता, एलावेनिल का जलवा

भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधू ने फातिमाथ नाबाह के खिलाफ पहला गेम आसानी से 21-9 से अपने नाम किया। ग्रुप स्टेज का यह मैच जीतकर सिंधू जीत के साथ आगाज करना चाहेंगी। वहीं, महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल क्वालिफिकेशन राउंड में एलावेनिल वलारिवान का जलवा जारी है। वह फिलहाल पहले स्थान पर चल रही हैं। एलावेनिल फाइनल के लिए क्वालिफाई कर सकती हैं। वहीं, इसी स्पर्धा में भारत की रमिता आठवें स्थान पर है। वह भी क्वालिफाई कर सकती हैं। क्वालिफिकेशन राउंड की शीर्ष-8 एथलीट्स फाइनल में पहुंचेंगी।

12:56 PM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: ओलंपिक में भारत का दूसरा दिन

ओलंपिक में भारत के दूसरे दिन की शुरुआत हो चुकी है। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल क्वालिफिकेशन में भारत की एलावेनिल वलारिवान और रमिता चुनौती पेश कर रही हैं। वहीं, बैडमिंटन में भारत की पीवी सिंधू ग्रुप स्टेज के मुकाबले में मालदीव की फातिमाथ नबाह के सामने हैं। पहला गेम शुरू हो चुका है। सिंधू ओलंपिक में लगातार तीसरा पदक जीतने उतरी हैं। 

11:36 AM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: पेरिस ओलंपिक खेलों के दूसरे दिन भारत का कार्यक्रम इस प्रकार है...

निशानेबाजी
- महिला10 मीटर एयर राइफल क्वालिफिकेशन: इलावेनिल वलारिवन (दोपहर 12:45 बजे)
- पुरुष 10 मीटर एयर राइफल क्वालिफिकेशन: संदीप सिंह और अर्जुन बाबूता (दोपहर 2:45 बजे)
- महिला 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल: मनु भाकर (दोपहर 3:30 बजे)

बैडमिंटन
- महिला एकल (ग्रुप चरण): पीवी सिंधू बनाम एफएन अब्दुल रज्जाक (दोपहर 12:50 बजे से)
- पुरुष एकल (ग्रुप चरण): एचएस प्रणय बनाम फैबियान रोथ (रात आठ बजे से)

रोइंग
- पुरुष एकल स्कल (रेपेचेज दो): बलराज पंवार (दोपहर 1:18 बजे)

टेबल टेनिस
- महिला एकल (दूसरा दौर): श्रीजा अकुला बनाम क्रिस्टीना कालबर्ग (दोपहर 12:15 बजे से)
- महिला एकल (दूसरा दौर): मनिका बत्रा बनाम अन्ना हर्से  (दोपहर 12:15 बजे से)
- पुरुष एकल (दूसरा दौर): शरथ कमल बनाम डेनी कोजुल (दोपहर 3:00 बजे से)

तैराकी
- पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक (हीट 2): श्रीहरि नटराज (दोपहर 3:16 बजे से)
- महिलाओं की 200 मीटर फ्रीस्टाइल (हीट 1): धीनिधि देसिंगु (दोपहर 3:30 बजे से)

मुक्केबाजी
- निकहत जरीन महिला 50 किग्रा (दोपहर 3:50 बजे से) 

तीरंदाजी
- महिला टीम क्वार्टर फाइनल : अंकिता भकत, भजन कौर और दीपिका कुमारी (शाम 5:45 बजे से)  
- महिला टीम सेमीफाइनल: (क्वालिफाई करने पर)  शाम 7:17 बजे से  
- महिला टीम पदक चरण के मैच: (क्वालिफाई करने पर) रात 8:18 बजे से

11:33 AM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: तीसरे पदक के लिए अभियान शुरू करेंगी सिंधू

महिला एकल बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने 2016 रियो ओलंपिक और टोक्यो 2020 में पदक जीते थे। अब उनसे लगातार तीसरी बार इन खेलों में पदक जीतने की आस रहेगी। सिंधू मालदीव की एफएन अब्दुल रज्जाक के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। 

11:32 AM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Live: मनु पहली बार फाइनल में

आत्मविश्वास से भरी मनु भाकर ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए ओलंपिक खेलों में भारत के अन्य निशानेबाजों की खराब शुरुआत को पीछे छोड़कर 10 मीटर महिला एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश किया। भाकर ने क्वालिफिकेशन में 580 का स्कोर करके तीसरा स्थान हासिल किया, जिसमें हंगरी की निशानेबाज वेरोनिका मेजर 582 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहीं। अब आठ निशानेबाजों के फाइनल में मनु से पदक की उम्मीद रहेगी। 

11:15 AM, 28-Jul-2024

Paris Olympics Day 2 Live: टेनिस पुरुष युगल में भारतीय चुनौती खत्म, बोपन्ना-बालाजी फ्रांस से हारकर बाहर हुए

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज पेरिस ओलंपिक में इवेंट्स का दूसरा दिन है। आज भारत के पदकों का खाता खुल सकता है। शूटिंग में मनु भाकर से उम्मीदें हैं। इसके अलावा महिला तीरंदाजी टीम भी पदक जीतना चाहेगी। इसके अलावा चैंपियन खिलाड़ी मुक्केबाज निकहत जरीन और शटलर पीवी सिंधू भी आज अपने-अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें