फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Paris Olympics Day 12 Live: मीराबाई पेरिस में पदक लाने से चूकीं, चौथे स्थान पर रहीं, कुल 199 किग्रा वजन उठाया

Thu, 08 Aug 2024 01:53 AM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पेरिस

खास बातें

India at Paris 2024 Olympics Games Day 12 Highlights: पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए 12वां दिन बेहद खराब रहा। जिनसे पदक की आस थी, वह चूक गए, जबकि विनेश को अयोग्य करार दिया गया। भारत के पदकों की संख्या अब भी तीन ही है।
विज्ञापन
मीराबाई चानू - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:52 AM, 08-Aug-2024

अविनाश साबले भी हारे

भारत के अविनाश साबले 3000 मीटर स्टीपलचेज में 11वें स्थान पर रहे। इसी के साथ भारत के पदक की उम्मीदों को एक और झटका लगा। इसी के साथ भारत के लिए 12वां दिन समाप्त हो गया।

01:15 AM, 08-Aug-2024

Paris Olympics Live: पदक से चूकीं मीराबाई चानू

भारत की मीराबाई चानू पेरिस ओलंपिक में पदक से चूक गईं हैं। मीराबाई ने स्नैच और क्लीन एंड जर्क मिलाकर कुल 199 किलो भार का वजन उठाया और वह चौथे स्थान पर रहीं। स्नैच में मीराबाई ने 88 किग्रा वजन उठाया था, लेकिन क्लीन एंड जर्क में वह 111 किग्रा का ही वजन उठा सकीं। मालूम हो कि टोक्यो ओलंपिक में मीराबाई ने कुल 202 किग्रा का वजन उठाकर रजत पदक जीता था। चीन की होऊ झिहूई कुल 206 किग्रा का वजन उठाकर शीर्ष पर रहीं, जबकि रोमानिया की मिहाएला वेलेंटिना ने कुल 205 किग्रा का वजन उठाकर रजत और थाईलैंड की खांबाओ सुरोदचना कुल 200 किग्रा का वजन उठाकर कांस्य पदक लाने में सफल रहीं। 

01:06 AM, 08-Aug-2024

Paris Olympics Live: तीसरे प्रयास में विफल रहीं चानू

मीराबाई चानू ने क्लीन एंड जर्क में निराशाजनक प्रदर्शन किया। वह तीसरे प्रयास में 114 का भार नहीं उठा सकीं जिससे इस दौर में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास 111 किग्रा भार वर्ग रहा। मीराबाई इस तरह चौथे स्थान पर खिसक गईं। मीराबाई का स्नैच और क्लीन एंड जर्क मिलाकर कुल स्कोर 199 का रहा। टोक्यो ओलंपिक में मीराबाई ने कुल 202 किग्रा का वजन उठाकर रजत पदक जीता था। 

विज्ञापन
01:00 AM, 08-Aug-2024

Paris Olympics Live: चानू ने दूसरे प्रयास में प्राप्त की सफलता

मीराबाई चानू ने क्लीन एंड जर्क के दूसरे प्रयास में 111 किग्रा का वजन सफलतापूर्वक उठाया। इस प्रदर्शन के दम पर वह तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। मीराबाई का स्कोर फिलहाल 199 का है। 

12:57 AM, 08-Aug-2024

Paris Olympics Live: पहले प्रयास में विफल रहीं मीराबाई

मीराबाई चानू क्लीन एंड जर्क के पहले प्रयास में विफल रहीं। चानू ने 111 किग्रा वजन भार उठाने का निर्णय लिया था। उन्होंने अच्छी शुरुआत की, लेकिन जर्क में विफल रहीं। 

विज्ञापन
12:43 AM, 08-Aug-2024

Paris Olympics Live: चानू ने वजन बढ़ाया

मीराबाई चानू ने क्लीन एंड जर्क में अपना वजन बढ़ा दिया है। चानू ने पहले प्रयास में 107 किग्रा वजन उठाने का निर्णय लिया था, लेकिन अब वह 111 किग्रा का वजन उठाने उतरेंगी। 

12:24 AM, 08-Aug-2024

Paris Olympics Live: क्लीन एंड जर्क शुरू

स्नैच वर्ग समाप्त होने के बाद क्लीन एंड जर्क वर्ग की शुरुआत हो गई है। मीराबाई 88 किग्रा वजन उठाकर स्नैच में संयुक्त तीसरे स्थान पर थीं और अब क्लीन एंड जर्क में चुनौती पेश करने उतरेंगी। मीराबाई पहले प्रयास में 107 किग्रा वजन उठाएंगी। 

12:07 AM, 08-Aug-2024

Paris Olympics Live: स्नैच दौर खत्म

स्नैच दौर के खत्म होने के बाद मीराबाई चानू 88 किग्रा वजन भार सफलतापूर्वक उठाने के साथ ही संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। मीराबाई के अलावा थाईलैंड की खांबाओ सुरोदचना ने भी 88 किग्रा वजन उठाया है। रोमानिया की मिहाला वेलेंटिना 93 किग्रा वजन उठाकर शीर्ष पर, जबकि और चीन की होऊ झिहूई 89 किग्रा वजन उठाकर दूसरे स्थान पर चल रही हैं। मीरबाई ने क्लीन एंड जर्क की शुरुआत 107 किग्रा वजन उठाकर करने का फैसला किया है। 

12:02 AM, 08-Aug-2024

Paris Olympics Live: चानू संयुक्त तीसरे स्थान पर

मीराबाई चानू ने स्नैच में अपने तीसरे प्रयास में 88 किग्रा का भार उठाया और वह फिलहाल संयुक्त तीसरे स्थान पर चल रही हैं। 

11:55 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Live: तीसरे प्रयास में सफल रहीं चानू

मीराबाई चानू ने स्नैच में तीसरे प्रयास में 88 किग्रा भार वजन सफलतापूर्वक उठाया। चानू ने पहले प्रयास में 85 किग्रा वजन उठाया था, लेकिन दूसरे प्रयास में 88 किग्रा वजन उठाने में विफल रही थीं, लेकिन तीसरे प्रयास में चानू ऐसा करने में सफल रहीं। वह फिलहाल स्नैच में शीर्ष पर चल रही हैँ। मीराबाई का स्नैच राउंड खत्म हो चुका है और उन्होंने इसमें 88 किग्रा का भार उठाया। 

11:51 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Live: दूसरे प्रयास में विफल रहीं चानू

मीराबाई चानू दूसरे प्रयास में विफल रहीं और 88 किग्रा भार का वजन नहीं उठा सकीं। चानू ने पहले प्रयास में 85 किग्रा भार उठाया था और दूसरे प्रयास में 88 किग्रा का वजन उठाने का निर्णय लिया था, लेकिन सफल नहीं हो सकीं। चानू अब तीसरे प्रयास में उतरेंगी। 

11:50 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Live: दूसरे प्रयास के लिए आईं चानू

मीराबाई चानू दूसरे प्रयास के लिए आई हैं। उन्होंने इसमें 88 किग्रा भार उठाने का निर्णय लिया है।

11:34 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Live: मीराबाई ने पहले प्रयास में शानदार शुरुआत की

मीराबाई चानू ने स्नैच के अपने पहले प्रयास में 85 किलो ग्राम का भार सफलतापूर्वक उठाकर शानदार शुरुआत की। वह अगला प्रयास 88 किग्रा का उठाएंगी। 

11:34 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Live: मीराबाई चानू स्नैच में आईं

मीराबाई चानू स्नैच में भार उठाने आ गई हैं। उन्होंने 85 किलो ग्राम भार उठाने का फैसला किया है।

11:17 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Live: पहले प्रयास में 85 किलो ग्राम के लिए उतरेंगी

मीराबाई चानू ने घोषणा की है कि वह स्नैच के अपने पहले प्रयास में 85 किलो ग्राम भार उठाएंगी, जबकि क्लीन एंड जर्क में पहले प्रयास में 107 किलो ग्राम का वजन उठाएंगी। 

11:14 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Live: भारोत्तोलन का फाइनल मुकाबला शुरू

पेरिस ओलंपिक में भारोत्तोलन का फाइनल मुकाबला शुरू हो चुका है। सबसे पहले स्नैच वर्ग खेला जा रहा है। भारत की मीराबाई चानू ओलंपिक में अपने दूसरे पदक के लिए चुनौती पेश कर रही हैं। 

10:58 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Live: थोड़ी देर में पदक के लिए जोर लगाएंगी चानू

भारतीय महिला भारोत्तोलक मीराबाई चानू अब से थोड़ी ही देर में अपने लगातार दूसरे पदक के लिए जोर लगाने उतरेंगी। चानू ने टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीता था और उनसे एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करने की आस रहेगी। 

09:38 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Live: सोनिया गांधी से मिलीं मनु भाकर

पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली भारतीय महिला निशानेबाज मनु भाकर ने कांग्रेस की चेयरपर्सन सोनिया गांधी से उनके आवास 10 जनपथ पर मुलाकात की। 
 

05:18 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Live: नीता अंबानी ने क्या कहा?

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ की सदस्य और रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी का कहना है, 'आज पूरा देश विनेश के दर्द और दुख को साझा कर रहा है। वह एक चैंपियन फाइटर हैं और मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि वह मजबूत होकर वापसी करेंगी। उन्होंने बार-बार दिखाया है कि उनकी जितनी ताकत किसी में नहीं है। न केवल अपनी अविश्वसनीय जीत में, बल्कि विपरीत परिस्थितियों से उबरने की क्षमता दिखती है। आप आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा हैं। खासकर युवा लड़कियों और उनके माता-पिता के लिए, जो उन्हें सपनों और दृढ़ता की शक्ति दिखाती है हम सब आपके साथ हैं।'

04:14 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: भारतीय दल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी का बयान

विनेश फोगाट के फाइनल मैच से पहले अयोग्य घोषित होने पर भारतीय दल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनशॉ पौडीवाला ने वजन बढ़ने के कारण गिनाए। उन्होंने कहा, "विनेश के पोषण विशेषज्ञ ने महसूस किया कि वह दिन भर में 1.5 किलोग्राम लेती है, जो मुकाबलों के लिए पर्याप्त ऊर्जा देता है। कभी-कभी प्रतियोगिता के बाद वजन बढ़ने का कारक होता है। विनेश के तीन मुकाबले हुए, निर्जलीकरण को रोकने के लिए, उसे कुछ मात्रा में पानी दिया जाना था। हमने पाया कि उसका वजन सामान्य से अधिक बढ़ गया था और कोच ने वजन घटाने की सामान्य प्रक्रिया शुरू की, जो वह हमेशा विनेश के साथ करता है। रात भर हमने वजन घटाने की प्रक्रिया जारी रखी। सभी प्रयासों के बावजूद, हमने पाया कि विनेश का वजन उसके 50 किलोग्राम वजन वर्ग से 100 ग्राम अधिक था। हमने उसके बाल काटने और उसके कपड़े छोटे करने सहित सभी संभव कठोर उपाय किए। इसके बावजूद, हम उस 50 किलोग्राम वजन वर्ग में नहीं आ सके। अयोग्यता के बाद, एहतियात के तौर पर, निर्जलीकरण को रोकने के लिए विनेश को अंतःशिरा तरल पदार्थ दिए गए।"

04:12 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: पीटी उषा का बयान

विनेश फोगाट के फाइनल मैच से पहले अयोग्य घोषित होने पर भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने निराशा जताई। उन्होंने कहा, "विनेश की अयोग्यता बहुत चौंकाने वाली है। मैंने कुछ समय पहले ओलंपिक गांव पॉलीक्लिनिक में विनेश से मुलाकात की थी और उन्हें भारतीय ओलंपिक संघ, भारत सरकार और पूरे देश की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया था। हम विनेश को सभी तरह की चिकित्सा और भावनात्मक सहायता प्रदान कर रहे हैं। भारतीय कुश्ती महासंघ ने यूडब्ल्यूडब्ल्यू से अपील की है और वह इस पर सबसे मजबूत तरीके से काम कर रहा है। मैं विनेश की मेडिकल टीम द्वारा रात भर किए गए अथक प्रयास से अवगत हूं ताकि वह प्रतियोगिता की आवश्यकताओं को पूरा कर सके।"

03:53 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: अंतिम पंघाल राउंड ऑफ 16 से बाहर

अंतिम पंघाल महिलाओं की फ्रीस्टाइल 53 किग्रा स्पर्धा के राउंड ऑफ 16 में तुर्कीये की जेनेप येटगिल के खिलाफ अपना पहला मुकाबला हार गईं। 0-10 के फाइनल स्कोर से हार के बावजूद, पंघाल का पेरिस 2024 में अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है। अगर येटगिल फाइनल में पहुंच जाती हैं, तो उनके पास रेपेचेज राउंड में प्रतिस्पर्धा करने का मौका अभी भी है।

03:52 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: भारत जर्मनी से हारा

भारतीय महिला टीम स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जर्मनी से 1-3 से हार गया। मनिका बत्रा, श्रीजा अकुला और अचना कामथ शीर्ष चार में जगह बनाने से चूक गईं।

03:14 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: स्वप्निल कुशारे चूके

स्वप्निल कुशारे पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की ऊंची कूद के फाइनल में आगे नहीं बढ़ पाए। अपने पहले प्रयास में 2.15 मीटर की छलांग लगाने के बावजूद वे 2.20 मीटर पर तीनों प्रयासों में विफल रहे, जो 2.29 मीटर के क्वालिफिकेशन मानक से कम था। 29 वर्षीय एथलीट क्वालिफिकेशन राउंड के ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रहे।

02:50 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: मनिका बत्रा भी बाहर

महिला टेबल टेनिस की टीम स्पर्धा में भारत 0-2 से पिछड़ गया है। मनिका बत्रा विरोधी एनेट कॉफमैन से 11-8, 5-11, 7-11, 5-11 से हार गईं।

02:47 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: ज्योति रिपेचेज में पहुंची

भारतीय एथलीट ज्योति याराजी ने बुधवार को पेरिस 2024 ओलंपिक में महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ के राउंड वन की हीट चार में 13.16 सेकंड का समय निकाला। हालांकि वह अपनी हीट में सातवें स्थान पर रहीं और सेमीफाइनल के लिए सीधे क्वालिफिकेशन हासिल नहीं कर पाईं, लेकिन याराजी के पास कल रिपेचेज राउंड में एक और मौका होगा।

02:44 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: अन्नू रानी फाइनल से चूकीं

महिला भाला फेंक स्पर्धा में अन्नू रानी ने अपने तीसरे प्रयास में 53.55 मीटर की दूरी तय की। वह फाइनल में पहुंचने से चूक गईं। वह 55.81 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ ग्रुप ए में 15वें स्थान पर रहीं।

02:35 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: पीवी सिंधू का बयान

पीवी सिंधू ने कहा, 'प्रिय विनेश फोगाट, आप हमेशा हमारी नजरों में चैंपियन रहेंगी। मुझे पूरी उम्मीद थी कि आप स्वर्ण पदक जीत सकें। पीडीएससीई में आपके साथ बिताया गया थोड़ा समय मैंने एक ऐसी महिला को देखा जो एक सुपरह्यूमन इच्छाशक्ति के साथ बेहतर बनने के लिए संघर्ष कर रही थी। यह प्रेरणादायक था। मैं हमेशा आपके आपके साथ हूं।'

02:16 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष संजय सिंह का बयान

भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक से अयोग्य घोषित किए जाने पर भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष संजय सिंह ने निराशा जताई। उन्होंने बताया कि विनेश का वजन 100 ग्राम ज्यादा था। उन्होंने कहा, "यह हमारे देश के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतनी अच्छी कुश्ती लड़ने और फाइनल के लिए क्वालिफाई करने के बाद भी उन्हें 100 ग्राम अधिक वजन होने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया। भारत सरकार ने विनेश फोगट को उनके कोच, न्यूट्रिशनिस्ट और फिजियो मुहैया कराए हैं। ये सभी उनके साथ खेल गांव में हैं, दो दिन तक उनका वजन स्थिर था लेकिन रातों-रात यह बढ़ गया, इसका कारण उनके न्यूट्रिशनिस्ट और उनके कोच ही बता सकते हैं। डब्ल्यूएफआई कानूनी प्रक्रिया देख रहा है। पीटी उषा खेल गांव पहुंच गई हैं, हम चर्चा करेंगे और तय करेंगे कि आईओसी और यूडब्ल्यूडब्ल्यू के खिलाफ कैसे विरोध करना है।"

01:18 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: महावीर फोगाट ने दिया बयान

भारतीय पहलवान विनेश फोगाट के पेरिस ओलंपिक में अयोग्य घोषित होने पर उनके चाचा महावीर फोगट ने कहा, "मेरे पास कहने को कुछ नहीं है। पूरे देश को गोल्ड की उम्मीद थी... नियम तो हैं लेकिन अगर कोई पहलवान 50-100 ग्राम ज़्यादा वज़न का है तो उसे खेलने की अनुमति दी जाती है। मैं देश के लोगों से कहूंगा कि निराश न हों, एक दिन वो ज़रूर मेडल लाएगी... मैं उसे अगले ओलंपिक के लिए तैयार करूंगा।"
 

01:13 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: पीएम ने पीटी उषा से की बात

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पीएम मोदी ने भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा से इस मुद्दे पर चर्चा की उनसे इस मुद्दे पर प्रत्यक्ष जानकारी मांगी तथा विनेश की हार के बाद भारत के पास क्या विकल्प हैं, इस बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने विनेश के मामले में मदद के लिए सभी विकल्पों पर विचार करने को कहा। उन्होंने पीटी उषा से विनेश की मदद के लिए उनकी अयोग्यता के बारे में कड़ा विरोध दर्ज कराने की भी बात कही।

01:07 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: पीएम ने दी प्रतिक्रिया

विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित होने पर पीएम मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर फोगाट को चैंपियन बताया है। पीएम ने लिखा, "विनेश आप चैंपियनों में चैंपियन हैं! आप भारत का गौरव हैं और हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं। आज की असफलता दुख देती है। काश मैं शब्दों में उस निराशा को व्यक्त कर पाता जो मैं अनुभव कर रहा हूं। साथ ही, मैं जानता हूँ कि आप लचीलेपन की प्रतिमूर्ति हैं। चुनौतियों का सामना करना हमेशा से आपका स्वभाव रहा है। और मजबूत होकर वापस आओ! हम सब आपके लिए प्रार्थना कर रहे हैं।"

12:33 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: सूरज और प्रियंका रैंकिंग में पिछड़े

सूरज पंवार और प्रियंका मैराथन रेस वॉक रिले मिक्स्ड इवेंट में फिलहाल 16वें स्थान पर हैं। 

12:32 PM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: विनेश फोगाट को लगा झटका

पेरिस ओलंपिक 2024 में महिला कुश्ती 50 किग्रा स्पर्धा के फाइनल मुकाबले से पहले पहलवान विनेश फोगाट को तगड़ा झटका लगा है। उन्हें अधिक वजन के कारण फाइनल मुकाबले से पहले अयोग्य घोषित कर दिया गया है। मंगलवार को उन्होंने सेमीफाइनल में क्यूबा की लोपेज गुजमान को 5-0 से हराया था। वह ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला पहलवान बनीं थीं। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि विनेश फोगाट को वजन ज्यादा होने की वजह से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। संघ ने कहा, "भारतीय दल को इस बात का दुख है कि महिला कुश्ती के 50 किलोग्राम वर्ग से विनेश फोगट को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। रात भर टीम द्वारा किए गए बेहतरीन प्रयासों के बावजूद, आज सुबह उनका वजन 50 किलोग्राम से कुछ ग्राम अधिक था। इस समय दल द्वारा कोई और टिप्पणी नहीं की जाएगी। भारतीय दल आपसे विनेश की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करता है। वह मौजूदा प्रतियोगिताओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहेगा।"

11:17 AM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: प्रियंका और सूरज का मुकाबला शुरू

मिश्रित मैराथन पैदल चाल रिले रेस का पदक चरण मुकाबला शुरू हो चुका है। भारत की तरफ से प्रियंका गोस्वामी और सूरज पंवार जोर लगा रहे हैं।

10:36 AM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: भारत लौटीं पदक विजेता मनु भाकर

ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर आज भारत लौट आई हैं। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उनके माता-पिता भी मौजूद रहे। मनु के साथ उनके कोच जसपाल राणा का भी जोरदार स्वागत हुआ। मनु ने कहा 'बेहद खुशी है इतना प्यार मिल रहा हैं।'

10:25 AM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: पेरिस ओलंपिक खेलों के 12वें दिन भारत का कार्यक्रम इस प्रकार है... 

एथलेटिक्स
- मैराथन पैदल चाल रिले मिश्रित: सूरज पंवार और प्रियंका (सुबह 11 बजे से)
- पुरुष ऊंची कूद क्वालिफिकेशन: सरवेश कुशारे (दोपहर 1.35 बजे से)
- महिला 100 मीटर बाधा दौड़ राउंड-1: ज्योति याराजी (दोपहर 1.45 बजे से) 
- पुरुष त्रिकूद क्वालिफिकेशन: अब्दुल्ला और प्रवीण चित्रावले (रात 10.45 बजे से)
- पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज फाइनल: अविनाश साबले (देर रात 1.13 बजे से) 
- महिला भाला फेंक क्वालिफिकेशन: अन्नू रानी (दोपहर 1.55 बजे से)

गोल्फ
- महिला व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले राउंड-1: अदिति अशोक और दीक्षा डागर (दोपहर 12.30 बजे से) 

टेबल टेनिस
- महिला टीम क्वार्टर फाइनल: भारत बनाम जर्मनी (दोपहर 1.30 बजे से) 

कुश्ती
- महिला फ्री स्टाइल 53 किग्रा: अंतिम पंघाल बनाम जिनेप येतगिल (तुर्किये) (दोपहर 2.30 बजे से) 
- महिला फ्री स्टाइल 50 किग्रा फाइनल: विनेश फोगाट बनाम सारा एन हिल्डेब्रांड (अमेरिका) (रात 9.45 बजे से)

भारोत्तोलन
- महिला 49 किग्रा: मीराबाई चानू (रात 11 बजे से)

10:25 AM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: अविनाश से पदक की आस

क्वालिफिकेशन में उम्दा प्रदर्शन करने वाले भारतीय एथलीट अविनाश साबले से भी बेहतर करने की उम्मीद है। साबले ने फाइनल में क्वालिफाई करके भारत के लिए एक और पदक की उम्मीद जगा दी है। दूसरी ओर, मनिका बत्रा, अर्चना कामथ और श्रीजा अकुला की महिला टेबल टेनिस टीम सेमीफाइनल में प्रवेश करने के इरादे से उतरेगी। अगर मनिका की अगुआई वाली टीम जीत हासिल करने में सफल रही तो पदक पक्का करने की ओर एक कदम बढ़ा देगी।  

10:24 AM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: चानू से टोक्यो का करिश्मा दोहराने की उम्मीद

मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीता था और एक बार फिर उनसे उस करिश्मे को दोहराने की उम्मीद होगी। मीराबाई अगर पदक लाने में सफल रहीं तो वह उन भारतीय एथलीटों में शामिल हो जाएंगी जिन्होंने ओलंपिक में एक से अधिक पदक जीते हैं। अब तक भारत के लिए सुशील कुमार, पीवी सिंधू और मनु भाकर ही ऐसे भारतीय खिलाड़ी हैं जिनके नाम ओलंपिक में दो पदक जीतने की उपलब्धि दर्ज है।  

10:19 AM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 12 Live: मीराबाई पेरिस में पदक लाने से चूकीं, चौथे स्थान पर रहीं, कुल 199 किग्रा वजन उठाया

India at Paris 2024 Olympics Games Day 12 Live Updates : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज पेरिस ओलंपिक में भारोत्तोलन मीराबाई चानू से पदक दिलाने की आस रहेगी, जबकि एथलीट अविनाश साबले भी पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज के फाइनल में चुनौती पेश करने उतरेंगे। वहीं, महिला पहलवान विनेश फोगाट 50 किग्रा वर्ग के फाइनल में पहुंच चुकी हैं और उनसे स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद रहेगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें