फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Paris Olympics Day 11 Live: विनेश ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला पहलवान, क्यूबा की लोपेज को हराया

Wed, 07 Aug 2024 12:33 AM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पेरिस

खास बातें

India at Paris 2024 Olympics Games Day 11 Live Updates : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज पेरिस ओलंपिक 2024 का 11वां दिन भारत के लिए खास है। भारत के लिए अब भी दो पदक तय हो सकते हैं।
विज्ञापन
विनेश फोगाट - फोटो : Twitter
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:32 AM, 07-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: भारत को हराकर जर्मनी फाइनल में पहुंचा

जर्मनी ने सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को हराकर पेरिस ओलंपिक के फाइनल में जगह बना ली है। जर्मनी ने इस मैच में भारत को 3-2 के अंतर से हराया और स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बना ली। जर्मनी का फाइनल में सामना नीदरलैंड से होगा जिसने एक अन्य सेमीफाइनल में स्पेन को हराया था। भारतीय टीम भले ही स्वर्ण पदक मुकाबले के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी, लेकिन हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम के पास कांस्य पदक जीतने का मौका रहेगा। भारत का कांस्य के लिए सामना स्पेन से होगा। भारत ने इस मैच में पहले क्वार्टर में गोल कर बढ़त बनाई थी, लेकिन दूसरे क्वार्टर में जर्मनी ने दो गोल दागे और भारत पर बढ़त बना ली थी। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में भारत ने फिर बराबरी का गोल दागा, लेकिन मैच समाप्त होने से छह मिनट पहले जर्मनी ने तीसरा गोल दागा जिसने अंत में अंतर पैदा कर दिया। इस तरह भारत का स्वर्ण पदक जीतने का 44 वर्षों का इंतजार बढ़ गया।

10:43 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: विनेश ने लोपेज को सेमीफाइनल में हराया

विनेश फोगाट ने इतिहास रच दिया है। वह ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला पहलवान हैं। उन्होंने महिलाओं की 50 किलोग्राम भारवर्ग के सेमीफाइनल में क्यूबा की लोपेज गुजमान को 5-0 से हरा दिया। पहले राउंड तक विनेश 1-0 से आगे थीं। फिर आखिरी तीन मिनट में उन्होंने क्यूबा की पहलवान पर डबल लेग अटैक किया और चार पॉइंट अर्जित किए। इस बढ़त को वह अंत तक बनाए रखी और फाइनल में जगह बनाई। विनेश का इस ओलंपिक में सफर शानदार रहा है। रियो ओलंपिक में चोट की वजह से हटने और फिर टोक्यो ओलंपिक में राउंड ऑफ 16 से बाहर होने के बाद इस साल विनेश ने अपनी प्रतिभा को दुनिया के सामने दिखाया है। अपने पहले मैच यानी प्री क्वार्टर फाइनल में विनेश ने चार बार की विश्व चैंपियन और टोक्यो ओलंपिक की गोल्ड मेडलिस्ट सुसाकी को 3-2 से हराया था। फिर ओकसाना को क्वार्टर फाइनल में 7-5 से हराया। अब सेमीफाइनल में 5-0 से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। विनेश ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया और वह बुधवार यानी सात अगस्त को स्वर्ण पदक के लिए उतरेंगी। विनेश से पहले केवल दो पुरुष पहलवान ही ओलंपिक में फाइनल तक पहुंच पाए हैं। 2012 लंदन ओलंपिक में सुशील कुमार और 2020 टोक्यो ओलंपिक में रवि दहिया फाइनल तक पहुंचे थे, लेकिन आखिरी मुकाबला दोनों हार गए थे।

10:41 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: 5-0 से आगे विनेश

विनेश ने क्यूबा की पहलवान पर 5-0 की बढ़त बना ली है। अब 40 सेकंड से भी कम समय बचा है। विनेश इतिहास रचने जा रही हैं।

विज्ञापन
10:38 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: पहले राउंड में 1-0 से आगे विनेश

पहले राउंड के बाद विनेश ने क्यूब के पहलवान पर 1-0 की बढ़त बना रखी है। अब दूसरे राउंड में तीन मिनट का समय बचा है। देखना होगा कि कौन जीतता है।

10:35 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: विनेश का सेमीफाइनल मैच शुरू

 विनेश फोगाट का सेमीफाइनल मैच शुरू हो चुका है। उनके सामने क्यूबा की लोपेज गुजमान हैं। दोनों के बीच पिछले महीने ही मुकाबला हुआ था और विनेश ने उस स्पैनिश ग्रां प्री में स्वर्ण पदक जीता था। तब विनेश ने लोपेज को 3-1 से हराया था।

विज्ञापन
10:11 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: थोड़ी देर में शुरू होगा विनेश का मैच

विनेश फोगाट थोड़ी देर में सेमीफाइनल मैच खेलने उतरेंगी। मैट-बी पर उनका सामना क्यूबा की लोपेज गुजमान से है। दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। 

05:58 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: आज ही विनेश का सेमीफाइनल मुकाबला

विनेश फोगाट महिलाओं की 50 किग्रा भारवर्ग में आज ही अपना सेमीफाइनल मैच खेलेंगी। उनका मैच पौने 10 बजे के बाद कभी भी शुरू हो सकता है। अगर वह यह मैच जीतती हैं तो भारत का पदक पक्का हो जाएगा। वहीं, भारतीय हॉकी टीम आज ही सेमीफाइनल मैच खेलेगी। उनका सामना रात साढ़े 10 बजे से जर्मनी से होगा। नीरज चोपड़ा आठ अगस्त को रात 11.50 बजे फाइनल में उतरेंगे।

04:20 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: विनेश फोगाट ने जीता क्वार्टर फाइनल मैच

विनेश फोगाट ने क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतकर महिलाओं की 50 किग्रा स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने यूक्रेन की उकसाना को 7-5 से हराया। सेमीफाइनल मुकाबला आज रात 10:15 बजे खेला जाएगा।

04:07 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: विनेश फोगाट का मुकाबला शुरू

विनेश फोगाट का मुकाबला शुरू हो चुका है। उनका सामना यूक्रेन की उकसाना लिवाच से हो रहा है।

03:25 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: नीरज चोपड़ा का पहला थ्रो क्वालिफिकेशन मार्क के पार

भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक की शानदार शुरुआत की। नीरज ग्रुप बी के क्वालिफिकेशन में सबसे पहले शुरुआत करने आए और उन्होंने अपना इस सत्र का शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले ही प्रयास में 89.34 मीटर का थ्रो किया जो 84 मीटर के स्वत: क्वालिफिकेशन से काफी अधिक था। नीरज ने अपने स्वर्ण पदक के बचाव की बेहतरीन शुरुआत की है और उनसे फाइनल में भी इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद है। नीरज के अलावा पाकिस्तान के उनके प्रतिद्वंद्वी अरशद नदीम ने भी पहले ही प्रयास में कमाल का प्रदर्शन किया और 86.59 मीटर का थ्रो कर स्वतः फाइनल के लिए क्वलिफाई कर लिया। नीरज की तरह अरशद का भी यह सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो था। 

03:16 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: टेबल टेनिस में पुरुष टीम चीन से हारी

टेबल टेनिस में महिला टीम द्वारा इतिहास रचने के बाद पुरुष टीम को चीन के हाथों 3-0 से हार का सामना करना पड़ा। पहले मैच में युगल के मुकाबले में एमए लॉन्ग और चुकिन वांग की जोड़ी ने भारत की हरमीत देसाई और मानव ठक्कर की जोड़ी को 11-2, 11-3, 11-7 से हरा दिया। इसके बाद दूसरे मैच में चीन के जेनडॉन्ग फैन ने अचंता शरत कमल को 9-11, 11-7, 11-7, 11-5 से हरा दिया। तीसरे मैच में चुकिन वैंग ने मानव ठक्कर को 11-9, 11-6, 11-9 से हरा दिया।

03:10 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: विनेश फोगाट क्वार्टर फाइनल में

विनेश फोगाट ने प्री क्वार्टर फाइनल में विश्व नंबर एक और 2020 टोक्यो ओलंपिक की चैंपियन जापान की यूई सुसाकी को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। यह विनेश का पहला मैच था और उसी मे उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया। मैच जीतने के बाद विनेश भावुक हो गईं। कुश्ती में महिलाओं की 50 किलोग्राम भारवर्ग में विनेश 0-2 से पीछे चल रही थीं। इसके बाद आखिरी 15 सेकंड में विनेश ने जापानी पहलवान को चित किया और तीन अंक बटोरे। विनेश आज थोड़ी देर बाद सेमीफाइनल में पहुंचने उतरेंगी।

02:58 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: चीन ने दूसरा सेट जीता

चीन ने दूसरा सेट 11-6 से जीत लिया। चूकिन वांग ने मानव को दूसरे गेम में 11-6 से हराया और 2-0 से चीन ने बढ़त दर्ज की है।

02:46 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: मानव ठक्कर पहले सेट में हारे

मानव ठक्कर को पहले सेट में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें चीन के चूकिन वांग ने 11-9 से हराकर 1-0 की बढ़त बना ली है।

02:37 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: मानव ठक्कर बनाम वांग चुकिन मुकाबला कुछ देर में होगा शुरू

मानव ठक्कर अब पुरुष टीम स्पर्धा में भारत की उम्मीदों को रखने के लिए वांग चुकिन से भिड़ेंगे।

02:35 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: शरत कमल को मिली हार

अचंता शरत कमल चीन के फैन जेंडॉन्ग के खिलाफ 1-4 (9-11, 11-7, 11-7, 11-3) से हार गए। भारत 0-2 से पिछड़ गया है।

02:34 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: किशोर जेना ने तीसरा थ्रो किया

किशोर ने तीसरा थ्रो 80.21 मीटर का किया। उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 80.73 का था जबकि दूसरे में उन्हें फाउल किया। अब वह नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया है या नहीं, इसके लिए हमें अभी कुछ समय इंतजार करना होगा।

02:26 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: शरत कमल तीसरा सेट जीते

फैन जेंडॉन्ग ने तीसरा सेट भी जीत लिया। उन्होंने शरत कमल को 11-7 से हराकर 2-1 की बढ़त बना ली है।

02:19 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: शरत कमल दूसरा सेट हारे

शरत कमल को दूसरे सेट में चीन के खिलाड़ी ने 7-11 से हराया। इसी के साथ दोनों का स्कोर 1-1 हो गया।

02:17 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: जेना ने फाउल थ्रो किया

किशोर जेना ने अपने तीसरे प्रयास में फाउल थ्रो किया। वह वर्तमान में ग्रुप ए में सातवें स्थान पर हैं।

02:13 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: जूलियन वेबर और जैकब वडलेज फाइनल में पहुंचे

पदक के शीर्ष दावेदार जैकब वडलेज ने 85.63 के दूसरे सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ फाइनल में जगह बनाई। इससे पहले जूलियन वेबर 87.76 के शानदार थ्रो के साथ क्वालिफाई किया था। भारत के किशोर जेना पहले प्रयास में 80.73 के थ्रो के साथ सातवें स्थान पर हैं।

02:08 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: शरत कमल ने जीता पहला सेट

पुरुष एकल स्पर्धा के मुकाबले में शरत कमल ने पहला सेट 11-9 से जीत लिया और 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है।

02:04 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: शरत कमल का हो रहा फैन जेंडॉन्ग से सामना

अचंता शरत कमल का फैन जेंडॉन्ग से सामना हो रहा है। 

02:02 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: किशोर जेना ने शानदार शुरुआत की

किशोर जेना ने पेरिस ओलंपिक में शानदार शुरुआत की। एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता ने 80.73 मीटर फेंककर शुरुआत की। यह उन्हें फाइनल में पहुंचाने के लिए काफी हो सकता है। हालांकि, वह सुधार करना चाहेंगे। यह उनके सीजन के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से थोड़ा कम है।

01:59 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: चीन 1-0 से आगे

चीन ने अपना दबदबा दिखाया और राउंड ऑफ 16 में भारत के खिलाफ मुकाबले में 1-0 से आगे हो गया। मानव ठक्कर और हरमीत देसाई 0-3 से हार गए । तीनों सेट का स्कोर -  2-11, 3-11, 7-11

01:56 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: पुरुष भाला फेंक क्वालिफिकेशन शुरू

पुरुष भाला फेंक क्वालिफिकेशन मुकाबला शुरू हो गया है। भारत की तरफ से 28 वर्षीय जैवलिन थ्रोअर किशोर जेना के लिए यह मैच अहम है।

01:47 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: चीन ने दूसरा गेम भी जीता

चीन भारतीय खिलाड़ियों पर दवाब बना रहा है। पहला गेम जीतने के बाद चीनी खिलाड़ियों ने दूसरा गेम भी 11-3 से जीत लिया। इसी के साथ चीन ने 2-0 से बढ़त बना ली है।

01:44 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: चीन ने पहला गेम जीता

चीन ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। उन्होंने मानव ठक्कर और हरमीत देसाई के खिलाफ पहला गेम 11-2 से जीता। भारतीय टीम शुरू से ही दबाव में थी।

01:42 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: युगल स्पर्धा शुरू हुई

हरमीत देसाई और मानव ठक्कर डबल्स के मुकाबले में मा लोंग और वांग चुकिन को चुनौती दे रहे हैं। 

01:33 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: भारत पुरुष टीम स्पर्धा के राउंड ऑफ 16 में चीन से भिड़ेगा

पुरुष टीम स्पर्धा के राउंड ऑफ 16 में भारत के लिए कड़ी चुनौती है। वे मौजूदा चैंपियन चीन से भिड़ेंगे।
महिला टीम ने रोमानिया को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

मैच 1 - डबल्स

हरमीत देसाई/मानव ठक्कर बनाम मा लोंग/चुकिन वांग

मैच 2 - सिंगल्स

शरथ कमल बनाम फैन ज़ेंडॉन्ग

मैच 3 - सिंगल्स

मानव ठक्कर बनाम वांग चुकिन

01:26 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: किशोर जेना भाला फेंक स्पर्धा के लिए क्वालिफिकेशन की शुरुआत करेंगे

एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता किशोर जेना क्वालीफिकेशन ग्रुप ए से पुरुष भाला फेंक स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने की कोशिश करेंगे। 28 वर्षीय जेना पिछले साल शानदार फॉर्म में थे, उन्होंने एशियाई खेलों में 87.54 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। एशियाई खेलों के फाइनल के दौरान एक समय तो उन्होंने नीरज चोपड़ा से स्वर्ण पदक छीनने की धमकी भी दी थी।
हालांकि, 2024 में इस युवा खिलाड़ी का फॉर्म चिंता का विषय रहा है। वह 81 मीटर के निशान से आगे नहीं बढ़ पाए हैं और उनका सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 80.84 मीटर रहा है।
ध्यान रहे कि दोनों क्वालिफिकेशन ग्रुप में पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में कुल 31 खिलाड़ी हैं। स्वतः योग्यता 84 मीटर है। स्वतः योग्यता सीमा को पार करने वाले सभी खिलाड़ी फाइनल में पहुंचेंगे। अन्यथा, 12 सर्वश्रेष्ठ एथलीट फाइनल में पहुंचेंगे। विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम ग्रुप बी क्वालीफिकेशन में हिस्सा लेंगे और यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा।

01:22 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: 11वें दिन मंगलवार का कार्यक्रम

भारत का पेरिस ओलंपिक में प्रतियोगिताओं के 11वें दिन मंगलवार का कार्यक्रम इस प्रकार है..

टेबल टेनिस:

  • पुरुष टीम (प्री क्वार्टर फाइनल): भारत (हरमीत देसाई, शरत कमल और मानव ठक्कर) Vs चीन: दोपहर 1.30 बजे से

एथलेटिक्स:
  • पुरुष भाला फेंक (क्वालिफिकेशन): किशोर जेना: दोपहर 1.45 बजे से
  • पुरुष भाला फेंक (क्वालिफिकेशन): नीरज चोपड़ा: दोपहर 3.20 बजे से
  • महिला 400 मीटर (रेपेचेज): किरण पहल: दोपहर 2.50 बजे से।

कुश्ती
  • फ्रीस्टाइल 50 किलोग्राम भारवर्ग (प्री क्वार्टर फाइनल): विनेश फोगाट: दोपहर 3 बजे से (अपेक्षित)

हॉकी:
  • पुरुष सेमीफाइनल: भारत बनाम जर्मनी: रात 10.30 बजे से।

01:22 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: सेमीफाइनल मैच में जीत दर्ज करना चाहेगी भारतीय टीम

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने क्वार्टर फाइनल में 80 प्रतिशत मैच 10 खिलाड़ियों से खेलते हुए जीत हासिल की थी। मैच पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा था और भारत ने ब्रिटेन को 4-2 से हराया था। पिछले यानी टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य जीता था। अब टीम इंडिया इसका रंग बदलना चाहेगी। कल वह अहम दिन है, जब तय होगा कि भारत के पदक का रंग क्या हो सकता है। सेमीफाइनल में हारने पर भारत को कांस्य पदक के लिए खेलना होगा। वहीं, भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम के क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर इतिहास रचने के बाद अब बारी भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम की है। शरत कमल, हरमीत और मानव एकल मुकाबलों में मिली हार को भुलाकर एक नई शुरुआत करना चाहेंगे।

01:21 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: नीरज चोपड़ा अपने अभियान की शुरुआत करेंगे

अब 11वें दिन भारत के नीरज चोपड़ा अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। वह जेवलिन थ्रो में क्वालिफिकेशन मैच में उतरेंगे। नीरज टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता हैं। उनसे काफी उम्मीदें हैं। इसके अलावा भारतीय पुरुष हॉकी टीम भी सेमीफाइनल मैच में उतरेगी। उनका सामना तीन बार के ओलंपिक चैंपियन जर्मनी से है। भारतीय टीम 1980 ओलंपिक के बाद पहली बार फाइनल में पहुंचने और पदक पक्का करने उतरेगी। 

01:05 PM, 06-Aug-2024

Paris Olympics Day 11 Live: विनेश ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला पहलवान, क्यूबा की लोपेज को हराया

पेरिस ओलंपिक में सोमवार का दिन भारत के नजरिये से कुछ खास नहीं रहा। भारत दो पदक जीतते-जीतते रह गया। निशानेबाजी में स्कीट मिश्रित टीम स्पर्धा में महेश्वरी और अनंत नारूका की जोड़ी कांस्य पदक मैच में चीन से एक अंक से हार गई। वहीं, बैडमिंटन में लक्ष्य सेन मलयेशिया के ली जी जिया से हारकर कांस्य पदक जीतने से चूक गए। लक्ष्य ने पहला गेम जीता था और फिर अगले दो गेम में हार गए थे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें