भारत के अविनाश साबले ने पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज के फाइनल राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया है। वह पांचवें स्थान पर रहे। भारतीय एथलीट ने पहले 1000 मीटर तक आगे रहकर रेस की शुरुआत मजबूती से की। हालांकि, बाद में वह अपने प्रतिद्वंद्वियों से पीछे हो गए। वह पांचवें स्थान पर रहे और फाइनल राउंड में आगे बढ़ गए।
अविनाश साबले दौड़ में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और 2000 मीटर की दूरी पूरी होने के बाद भी शीर्ष पांच से अपना स्थान नहीं खो रहे हैं।
निशा दहिया चोट की वजह से महिला क्वार्टर फाइनल में हार गईं। उन्हें नॉर्थ कोरिया की पाक सोल गम ने 10-8 से हराया। चोट से पहले निशा 8-2 से आगे चल रहीं थीं, लेकिन आखिरी 33 सेकंड में मैच पलट गया और पाक सोल गम जीत गईं। नॉर्थ कोरिया की खिलाड़ी सेमीफाइनल में पहुंच गईं हैं। उनका सामना अमेरिका की खिलाड़ी से होगा। अगर पाक यह मैच जीततीं है तो निशा को रेपेचेज खेलने का मौका मिलेगा। वहीं, अगर अमेरिका की खिलाड़ी जीततीं हैं तो निशा को कोई मौका नहीं मिलेगा।
रेसलिंग के महिला क्वार्टर फाइनल मुकाबले में निशा दहिया ने शानदार शुरुआत की है। उन्होंने नॉर्थ कोरिया की पाक सोल गम के खिलाफ 4-0 से बढ़त बना ली है।
लक्ष्य सेन को कांस्य पदक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। मलयेशिया के ली जी जिया ने उन्हें 13-21, 21-16, 21-11 से हरार पदक अपने नाम कर लिया।
कांस्य पदक के मैच में लक्ष्य सेन को हार का सामना करना पड़ा है। पहला गेम भारतीय शटलर ने 21-13 से अपने नाम किया था। इसके बाद दूसरे गेम में एक वक्त लक्ष्य ने 8-2 की बढ़त बना ली थी। हालांकि, इसके बाद मलयेशियाई खिलाड़ी ने जबरदस्त वापसी की और 11-8 से बढ़त बनाने के बाद दूसरे गेम को 21-16 से अपने नाम किया। इसके बाद तो तीसरे और निर्णयाक गेम में ली जिया पूरी तरह हावी रहे और 21-11 से अपने नाम किया। साथ ही मैच के साथ-साथ कांस्य पदक भी अपने नाम किया। लक्ष्य ने मैच में कई अनफोर्स्ड एररर्स किए और मलयेशियाई खिलाड़ी को स्मैश पर स्मैश लगाने का मौका दिया। लक्ष्य इतिहास की किताबों में अपना नाम दर्ज करवाने से चूक गए। इससे पहले लक्ष्य को सेमीफाइनल में विक्टर एक्सेलसन के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
लक्ष्य ने पहले गेम मे 11-5 की बढ़त बनाने के बाद इस गेम को 21-13 से अपने नाम किया। मलेयिशाई खिलाड़ी के पास लक्ष्य के सूझबूझ वाले खेल का कोई जवाब नहीं है। लक्ष्य स्मैश का भी बखूबी इस्तेमाल कर रहे हैं।
भारतीय पहलवान निशा दहिया ने पेरिस ओलंपिक के महिला 68 किग्रा कुश्ती मुकाबले के अंतिम 16 के मैच में सोमवार को यहां यूक्रेन की तेतियाना सोवा के खिलाफ विजयी शुरुआत की। निशा ने यूक्रने की पहलवान को 6-4 से हराया। निशा शुरुआत में तेतियाना से पिछड़ रही थी लेकिन उन्होंने 4-4 से बराबरी करने के बाद आखिरी कुछ सेकेंड में तेतियान को मैट से बाहर निकाल कर दो अंक हासिल कर जीत दर्ज की। उनका क्वार्टर फाइनल मुकाबला आज ही खेला जाएगा।
महिला रेसलिंग फ्री स्टाइल 68 किग्रा का मुकाबला जारी है। भारत की निशा दहिया का सामना यूक्रेन की सोवा से हो रहा है। पहले राउंड में सोवा ने बढ़त हासिल कर निशा को 4-1 से पीछे छोड़ा।
छठे राउंड में अनंतजीत सिंह और महेश्वरी ने परफेक्ट आठ शॉट मारे। जवाब में चीन के खिलाड़ियों ने भी परफेक्ट आठ शॉट जड़े और बढ़त बरकरार रखी। चीन ने 44-43 के स्कोर से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। वहीं, भारत स्कीट मिश्रित स्पर्धा में कांस्य पदक से चूक गया।
पांचवें राउंड में चीन और भारत के निशानेबाजों ने परफेक्ट शट लगाए। पांचवें राउंड के बाद चीन 36-35 के स्कोर से आगे चल रहा है।
परफेक्ट 8/8 स्कोर के साथ चीन को फिर से बढ़त मिल गई है।
तीसरे राउंड के बाद दोनों टीमें बराबरी पर हैं। भारत 20/24 पर है, जिसमें महेश्वरी ने अपने चार शॉट में से तीन लक्ष्यों को सफलतापूर्वक हिट किया। चीन का स्कोर भी 20/24 है।
जियांग ने दूसरे राउंड में तीन निशाने चूके, जिससे दोनों टीमें बराबर स्कोर पर आ गईं।
भारत: 13/16
चीन: 13/16
अनंतजीत सिंह ने चार में से एक लक्ष्य चूका जबकि चौहान ने चार में से चार को हिट किया। भारत ने आठ में से सात के साथ शुरुआत की।
चीन के ल्यू और यितिन ने पहले आठ निशाने लगाए। चीन ने 8/8 से शुरुआत की।
अनंतजीत और महेश्वरी चीन से भिड़ने के लिए तैयार हैं।
अनंतजीत सिंह नरुका और माहेश्वरी चौहान कांस्य पदक मुकाबले में चीन के यितिंग जियांग और जियानलिन ल्यू से शाम 6:30 बजे से भिड़ेंगे।
पहले गेम में मिड वे ब्रेक के बाद लक्ष्य ने मलयेशिया के ली जिया पर 11-5 की बढ़त बना ली है।
लक्ष्य सेन का सेमीफाइनल मुकाबला शुरू हो चुका है। भारत के लक्ष्य के सामने मलयेशिया के ली जी जिया की चुनौती है। लक्ष्य ने 7-3 की बढ़त ले ली है।
भारतीय एथलीट किरण पहल महिला 400 मीटर वर्ग में अपनी हीट में सातवें स्थान पर रहीं और फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकीं।
अनंतजीत सिंह नरुका और महेश्वरी चौहान की भारतीय जोड़ी स्कीट मिश्रित स्पर्धा के कांस्य पदक मुकाबले के लिए क्वालिफाई कर गई है। भारत का कांस्य के लिए चीन से सामना होगा। भारत और चीन की जोड़ी ने एक समान 146 अंक बनाए और संयुक्त तीसरे स्थान पर रहकर कांस्य पदक मुकाबले के लिए क्वालिफाई कर लिया। इटली और अमेरिका की जोड़ी के बीच स्वर्ण पदक का मुकाबला खेला जाएगा। मालूम हो कि इस स्पर्धा में क्वालिफिकेशन में शीर्ष दो टीमें स्वर्ण पदक के लिए खेलती हैं, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों का सामना कांस्य पदक के लिए होता है। भारतीय जोड़ी ने क्वालिफिकेशन में दमदार प्रदर्शन किया और अब अंनत-महेश्वरी की जोड़ी से कांस्य पदक लाने की उम्मीद है। भारत और चीन की जोड़ी के बीच कांस्य पदक के लिए मुकाबला सोमवार शाम 6.30 बजे से खेला जाएगा।
श्रीजा अकुला, अर्चना कामथ और मनिका बत्रा की महिला टेबल टेनिस टीम ने रोमानिया को हराकर महिला टीम स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारतीय टीम ने चौथी वरीयता प्राप्त रोमानिया को 3-2 से हराकर पहली बार टीम स्पर्धा के अंतिम आठ दौर में प्रवेश कर लिया है। मनिका के पांचवें मुकाबले में एडिना डियाकानू को 3-0 से हराने के साथ ही भारतीय महिला टीम अगले दौर के लिए क्वालिफाई कर लिया।
मनिका ने दूसरे गेम में भी शानदार प्रदर्शन किया और एडिना को 11-9 से हराकर 2-0 की बढ़त बना ली। अब अगर मनिका तीसरा गेम जीतने में सफल रहीं तो भारत यह मुकाबला अपने नाम कर लेगा।
मनिका बत्रा ने एडिना डियाकोनू के खिलाफ पांचवें मैच में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। मनिका ने इस निर्णायक मुकाबले के पहले गेम में एडिना को 11-5 से हराया।
अर्चना कामथ को बर्नाडेट के खिलाफ चौथे मैच में 3-1 से हार का सामना करना पड़ा। अर्चना इस मैच में बर्नाडेट के सामने चुनौती पेश नहीं कर सकीं और उन्हें 5-11, 11-8, 7-11, 9-11 से हार का सामना करना पड़ा। भारत और रोमानिया के बीच स्कोर 2-2 की बराबरी पर पहुंच गया है और पांचवें और अंतिम मैच से विजेता का फैसला होगा।
श्रीजा अकुला एलिजाबेट समारा के खिलाफ रोमांचक एकल मुकाबला हार गई हैं। समारा ने श्रीजा को इस मुकाबले में 3-2 से हराया। श्रीजा और समारा के बीच यह मैच काफी कड़ा रहा जिसमे आखिरकार समारा ने 8-11, 11-4, 7-11, 11-6, 11-8 से जीत दर्ज की। श्रीजा भले ही यह मुकाबला हार गईं, लेकिन भारत ने रोमानिया पर 2-1 की बढ़त बनाई हुई है।
रोमानिया की समारा ने श्रीजा अकुला के खिलाफ एकल मुकाबले का चौथा गेम जीतकर इस मैच को रोमांचक बना दिया है। समारा ने श्रीजा को इस गेम में 11-6 से हराया और 2-2 की बराबरी हासिल कर ली है।
श्रीजा अकुला ने वापसी करते हुए समारा के खिलाफ तीसरा गेम जीत लिया है। श्रीजा ने यह गेम 11-7 से अपने नाम किया और 2-1 की बढ़त बना ली है।
समारा ने दूसरे गेम में वापसी की और श्रीजा अकुला को इस गेम में 11-4 से हराकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
श्रीजा अकुला ने समारा के खिलाफ दूसरे एकल मुकाबले का पहला गेम जीत लिया। श्रीजा ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए यह गेम 11-8 से अपने नाम किया।
रोमानिया के खिलाफ 2-0 की बढ़त लेने के बाद श्रीजा अकुला दूसरे एकल मुकाबले में चुनौती पेश करने उतरी हैं। श्रीजा का इस मैच में सामना एलिजाबेट समारा से हो रहा है।
मनिका बत्रा ने बर्नाडेट के खिलाफ एकल मुकाबला 3-0 से जीता जिससे भारत ने रोमानिया पर 2-0 की बढ़त बना ली है। मनिका ने बर्नाडेट को 11-5, 11-7, 11-7 के अंतर से हराया।
मनिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बर्नाडेट के खिलाफ दूसरा गेम भी जीता। मनिका ने यह गेम 11-7 के अंतर से जीतकर 2-0 की बढ़त बना ली है।
मनिका ने एकल मुकाबले में रोमानिया की बर्नाडेट के खिलाफ पहला गेम जीता। रोमानिया की इस खिलाड़ी ने अच्छी शुरुआत की थी और एक समय 4-1 से आगे चल रही थीं, लेकिन मनिका ने वापसी करते हुए यह गेम 11-5 से अपने नाम किया।
भारत के लिए मनिका बत्रा टेबल टेनिस के टीम स्पर्धा में चुनौती पेश करने उतरी हैं। मनिका का सामना रोमानिया की बेर्नाडेट स्जोक्स से हो रहा है।
श्रीजा अकुला और अर्चना कामथ की भारतीय महिला टेबल टेनिस जोड़ी ने टीम स्पर्धा के पहले मुकाबले में रोमानिया की एडिना और समारा की जोड़ी को शुरुआती मैच में 3-0 से हराकर बढ़त बना ली है। इस भारतीय जोड़ी ने एडिना और समारा को 11-9, 12-10, 11-7 के अंतर से हराया।
श्रीजा और अर्चना की जोड़ी ने एडिना-समारा की रोमानिया की जोड़ी से दूसरा गेम 12-10 से जीतकर 2-0 की बढ़त बना ली है।
अर्चना कामथ और श्रीजा अकुला की जोड़ी ने रोमानिया के खिलाफ महिला टेबल टेनिस टीम स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पहला गेम जीता। अर्चना-श्रीजा की जोड़ी ने एडिना डियाकोनु और एलिजाबेट समारा की जोड़ी से पहला गेम 11-9 से अपने नाम किया।
भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम का राउंड ऑफ 16 में रोमानिया से सामना हो रहा है। पहले मुकाबले में श्रीजा अकुला और अर्चना कामथ चुनौती पेश कर रहे हैं। अभी वॉर्मअप चल रहा है और कुछ देर ही में मुकाबला शुरू होगा।
अनंत और महेश्वरी की भारतीय जोड़ी स्कीट मिश्रित क्वालिफिकेशन के पहले सेट के बाद 13वें स्थान पर है। इस जोड़ी ने पहले पांच शॉट में परेफेक्ट 10 का स्कोर किया।
अनंत और महेश्वरी की जोड़ी स्कीट मिश्रित टीम क्वालिफिकेशन स्पर्धा में चुनौती पेश कर रहे हैं। इस स्पर्धा में क्वालिफिकेशन से शीर्ष चार एथलीट फाइनल राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगे। शीर्ष दो निशानेबाजों की जोड़ी स्वर्ण पदक के लिए खेलेगी, जबकि तीसरे और चौथे स्ठान पर रहने वाली जोड़ियों का सामना कांस्य पदक के लिए होगा।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता महिला निशानेबाज मनु भाकर पेरिस ओलंपिक खेलों के समापन समारोह में भारत की ध्वजवाहक होंगी। मनु ने पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीते थे।
मनिका बत्रा, अर्चना कामत की जोड़ी टेबल टेनिस के महिला टीम स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में रोमानिया का सामना करेगी। यह मुकाबला दोपहर 1.30 बजे से शुरू होगा। व्यक्तिगत स्पर्धा में भारतीय चुनौती पहले ही समाप्त हो चुकी है और अब इन खिलाड़ियों से टीम स्पर्धा में बेहतर करने की उम्मीद है।
पेरिस ओलंपिक के 10वें दिन भारत के लिए महेश्वरी चौहान और अनंतजीत सिंह नरुका की जोड़ी निशानेबाजी के स्कीट मिश्रित टीम स्पर्धा के क्वालिफिकेशन में चुनौती पेश करने उतरेगी। यह मुकाबला अब से कुछ ही देर में शुरू होगा।
लक्ष्य सेन ने पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया था और अब उनके पास ओलंपिक पदक जीतने वाला भारत का पहला पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी बनने का सुनहरा अवसर है। लक्ष्य का सामना सोमवार को मलेशिया के सातवें वरीयता प्राप्त ली जी जिया से मुकाबला होगा। अगर वह इस मलेशियाई खिलाड़ी की चुनौती से पार पाने में सफल रहे तो देश को पेरिस खेलों का चौथा पदक दिला देंगे। भारत को बैडमिंटन में अब तक महिला वर्ग में पदक मिला है। लक्ष्य के पास ओलंपिक पदक विजेता बनने का अच्छा अवसर है।
India at Paris 2024 Olympics Games Day 10 Live Updates: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत को पेरिस ओलंपिक के 10वें दिन बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन से कांस्य पदक लाने की उम्मीद होगी, जबकि सोमवार से कुश्ती स्पर्धाएं भी शुरू हो रही हैं और पहले दिन निशा महिला फ्री स्टाइल 68 किग्रा वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में चुनौती पेश करेंगी।