पेरिस ओलंपिक में पहला दिन भारत के लिए मिला जुला रहा। जहां कुछ निशानेबाजों को निराशा हाथ लगी, वहीं मनु भाकर ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। इसके अलावा प्रीति पंवार ने मुक्केबाजी में 5-0 की जीत के साथ भारत के पहले दिन को खत्म किया। हालांकि, अश्विनी पोनप्पा और तनीषा क्रास्टो की महिला युगल की जोड़ी को ग्रुप स्टेज के अपने पहले मैच में कोरिया की किम-कॉन्ग की जोड़ी से 2-0 से हार का सामना करना पड़ा। कोरियाई जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 21-18, 21-10 से हरा दिया। प्रीति ने वियतनाम की वो किम को 5-0 से हराया। मनु रविवार को स्वर्ण पदक के लिए भिड़ेंगी। पहले दिन भारत के नाम कोई पदक नहीं आया।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कप्तान हरमनप्रीत के 59वें मिनट में किए गए गोल की बदौलत न्यूजीलैंड को पूल-बी के अपने पहले मैच में 3-2 से हरा दिया। इस रोमांचक मैच में पहले क्वार्टर में सैम लेन के गोल से टीम इंडिया 1-0 से पिछड़ गई थी। हालांकि, दूसरे क्वार्टर में मनदीप सिंह के गोल से भारतीय टीम ने वापसी की। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में विवेक के गोल से टीम इंडिया 2-1 से आगे हो गई। चौथे क्वार्टर में न्यूजीलैंड के सिमोन चाइल्ड ने गोल दाग स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। ऐसा लग रहा था कि मैच ड्रॉ पर समाप्त होगा, लेकिन फुल टाइम से एक मिनट पहले कप्तान हरमनप्रीत ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल दाग भारत को 3-2 से आगे कर दिया और टीम इंडिया ने 3-2 से जीत हासिल की।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पुरुष हॉकी में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। हाफ टाइम तक स्कोर 1-1 की बराबरी पर है। पहले क्वार्टर में न्यूजीलैंड के सैम लेन ने आठवें मिनट में गोल दाग अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया था। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में मनदीप सिंह ने 24वें मिनट में गोल दाग स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। फिलहाल तीसरे क्वार्टर का खेल जारी है।
सात्विक-चिराग की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने पेरिस ओलंपिक की जीत के साथ शुरुआत की है। सात्विक-चिराग की जोड़ी ने कोरवी और लबार की जोड़ी को एकतरफा अंदाज में लगातार सेटों में 21-17, 21-14 से हराया।
सात्विक-चिराग की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला सेट अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी ने 21-17 से पहला सेट जीता और बढ़त बनाई।
भारतीय स्टार पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का मुकाबला शुरू हो गया है। यह भारतीय जोड़ी ग्रुप सी के मुकाबले में फ्रांस के कोरवी और लबार की जोड़ी का सामना कर रही है।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। लक्ष्य ने पुरुष एकल वर्ग के मैच में केविन कॉर्डन को 21-8, 22-20 से हराकर विजयी शुरुआत की। लक्ष्य ने पहला गेम आसानी से अपने नाम किया था और कॉर्डन को कोई मौका नहीं दिया था। हालांकि, दूसरे गेम में कॉर्डन ने वापसी की कोशिश की, लेकिन अंत में लक्ष्य ने वापसी करते हुए इस गेम को भी अपने नाम मैच एकतरफा अंदाज में अपने नाम किया।
भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी हरमीत देसाई ने पेरिस ओलंपिक की जीत के शुरुआत की। हरमीत ने पुरुष एकल के मुकाबले में जायद एबो यमन को एकतरफा अंदाज में 4-0 से हराया। हरमीत ने 30 मिनट तक चले इस मुकाबले में 11-7, 11-9, 11-5, 11-5 से जीत दर्ज की। हरमीत इसके साथ ही राउंड ऑफ 64 में पहुंच गए हैं।
भारतीय एकल टेबल टेनिस खिलाड़ी हरमीत देसाई ने पेरिस ओलंपिक में अपने अभियान की शुरुआत कर ली है। हरमीत का सामना जायद एबो यमन से हो रहा है। हरमीत ने अच्छी शुरुआत की है और शुरुआती दो गेम अपने नाम करके बढ़त हासिल कर ली है।
भारतीय एकल बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन का मुकाबला शुरू हो चुका है। लक्ष्य का सामना केविन कॉर्डन से हो रहा है जिसमे फिलहाल यह भारतीय खिलाड़ी आगे चल रहा है। लक्ष्य सेन ने पहला गेम एकतरफा अंदाज में 21-8 से अपने नाम कर लिया है।
भारत की स्टार शूटर मनु भाकर महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने क्वालिफिकेशन दौर में 580-27x का स्कोर बनाया और तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, भारत की ही रिदम सांगवान 15वें स्थान पर रहकर पदक की दौड़ से बाहर हो गईं। सांगवान ने 573-14x का स्कोर बनाया। फाइनल रविवार को दोपहर साढ़े तीन बजे से खेला जाएगा और मनु भारत के लिए पदक का खाता खोल सकती हैं। फाइनल में आठ शूटर्स के बीच तीन पदक स्वर्ण, रजत और कांस्य के लिए मुकाबला होगा।
हंगरी की वेरोनिका मेजर 582-22x अंकों के साथ पहले स्थान पर, जबकि दक्षिण कोरिया की जिन ये ओह 582-20x अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। मनु ने छह प्रयासों में 97, 97, 98, 96, 96 और 96 का स्कोर बनाया। इन तीनों के अलावा वियेतनाम की विन्ह थू त्रिन, दक्षिण कोरिया की येजी किम, चीन जुए ली, तुर्किये की इलायदा सेवाल तरहान और चीन रेंक्सिन जियांग ने फाइनल्स के लिए क्वालिफाई किया है।
मनु भाकर ने अपनी पांचवीं सीरीज पूरी कर ली है और फिलहाल तीसरे स्थान पर हैं। भाकर ने चौथी सीरीज में 96 का स्कोर बनाया। इसी सीरीज में रिदम ने 96 का स्कोर बनाया। वह 15वें स्थान पर हैं।
मनु भाकर ने अब तक अपनी चौथी सीरीज पूरी कर ली है और 97, 97, 98 और 96 का स्कोर बनाया है।
भाकर ने दूसरी सीरीज में तीन अंक गंवाए और चौथे स्थान पर खिसक गईं। रिदम ने दूसरी सीरीज में आठ अंक और गंवाए और 26वें स्थान पर खिसक गईं।
पांच शॉट के बाद, भाकर और रिदम ने सिर्फ एक-एक अंक गंवाया और बाकी में 10 अंक हासिल किए।
भारत की ओर से अगला मुकाबला निशानेबाज मनु भाकर और रिदम सांगवान का होगा जो 10 मीटर एयर पिस्टल महिला क्वालिफिकेशन मैच में हिस्सा लेंगे।
रोहन बोपन्ना और एन श्रीराम बालाजी अब एक्शन में हैं। वे पुरुष टेनिस युगल के पहले दौर के मैच में एडौर्ड रोजर-वेसलिन और फेबियन रेबुल की फ्रांसीसी जोड़ी से दोपहर 3:30 बजे से भिड़ेंगे। यह जोड़ी जीत के साथ अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत करने के लिए उत्सुक होगी।
सरबजोत सिंह और अर्जुन सिंह चीमा पुरुष पिस्टल राउंड से बाहर हो गए। सरबजोत नौवें स्थान पर रहे जबकि अर्जुन 18वें स्थान पर रहे।
सरबजोत सिंह ने शानदार प्रगति करते हुए पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। इस बीच, चीमा आधे चरण के दौरान शीर्ष 10 स्थान से बाहर हो गए हैं।
चीन ने शनिवार को पेरिस ओलंपिक 2024 का पहला स्वर्ण पदक जीता। चेटौरॉक्स में 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम फाइनल में कोरिया गणराज्य को 16-12 से हराया।
चीमा की शूटिंग अविश्वसनीय रही। उन्होंने अपने पिछले 10 शॉट्स में से 10 10 शॉट लगाए हैं। अब वे तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, तुर्की के यूसुफ डिकेक ने अपनी तीसरी सीरीज में 100 शॉट लगाए हैं।
अर्जुन चीमा - वर्तमान में 10वें स्थान पर।
सरबजोत सिंह - वर्तमान में 15वें स्थान पर।
अभी 4 और सीरीज बाकी हैं। अर्जुन और सरबजोत ने वापसी की है।
कजाखस्तान ने 10 मीटर एयर राइफल के मिक्स्ड टीम इवेंट के कांस्य पदक मुकाबले में जर्मनी को 17-5 से हराकर पेरिस ओलंपिक 2024 का पहला पदक अपने नाम कर लिया है।
10 मीटर पुरुष एयर पिस्टल क्वालीफिकेशन की पहली सीरीज समाप्त हो गई है। अर्जुन सिंह चीमा फिलहाल 12वें और सरबोत सिंह 28वें स्थान पर मौजूद हैं। फाइनल में जगह बनाने के लिए इन दोनों निशानेबाजों को शीर्ष आठ में पहुंचना होगा।
भारत के अर्जुन सिंह चीमा और सरबजोत सिंह अच्छी शुरुआत के बाद संघर्ष कर रहे हैं और फिलहाल फाइनल की दौड़ से बाहर चल रहे हैं। सरबजोत ने परफेक्ट 10 के साथ शुरुआत की, जबकि अर्जुन ने पहले प्रयास में 9.5 अंक के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद यह दोनों निशानेबाज लय बरकरार नहीं रख पाए। हालांकि, अभी कुछ शॉट्स बाकी हैं और उम्मीद है कि ये भारतीय निशानेबाज वापसी करेंगे।
10 मीटर पुरुष एयर पिस्टल का क्वालीफिकेशन दौर शुरू हो चुका है। भारत की ओर से अर्जुन सिंह चीमा और सरबजोत सिंह इसमें हिस्सा ले रहे हैं। इस वर्ग से क्वालीफिकेशन में शीर्ष आठ पर रहने वाले निशानेबाज फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगे।
भारतीय निशानेबाज पेरिस 2024 ओलंपिक में 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में मिश्रित टीम के फाइनल में पहुंचने में असफल रहे। रमिता और अर्जुन की जोड़ी ने 628.7 अंक हासिल किए। इलावेनिल वलारिवन-संदीप सिंह की जोड़ी ने 626.3 अंक हासिल किए। चीन, कोरिया, जर्मनी और कजाकिस्तान ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम के पदक मैच में जगह बनाई। भारत 1 12वें और भारत 2 छठे स्थान पर रहा।
रमिता जिंदल और अर्जुन बाबूता ने पहले सेट में कुल 208.7 अंक बनाए हैं लेकिन उन्हें बाकी खिलाड़ियों से आगे निकलने के लिए और बेहतर प्रदर्शन करना होगा। हालांकि वे पहले सेट के अंत में शीर्ष चार में पहुंचने के करीब हैं। इस बीच एलावेनिल वलारिवन और संदीप सिंह 207 अंकों के साथ 16वें स्थान पर हैं।
भारत के बलराज पंवार ने रोइंग स्पर्धा में चौथा स्थान प्राप्त किया और वे रेपेचेज में पहुंच गए। पुरुष एकल स्कल्स क्वालिफिकेशन के लिए रेपेचेज जाएंगे। बलराज ने 7:07.11 मिनट का समय निकाला, जो मिस्र के अब्देलखलेक एल्बाना के 7:05.06 मिनट से कम है, जिन्होंने पहले हीट से क्वार्टर फाइनल के लिए अंतिम स्थान प्राप्त किया।
10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम क्वालिफिकेशन शुरू हो चुका है। इसमें 28 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें भारत की दो टीमें शामिल हैं - संदीप सिंह के साथ एलावेनिल वलारिवन और अर्जुन बाबूता के साथ रमिता जिंदल। प्रत्येक निशानेबाज 10 शॉट्स की तीन सीरीज में निशाना लगाएगा। अंत में, शीर्ष चार टीमें पदक दौर में प्रवेश करेंगी, जिसमें पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमें स्वर्ण पदक मैच में उतरेंगी जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें कांस्य पदक के लिए लड़ेंगी।
भारतीय एथलीट शूटिंग और रोइंग में दोपहर 12:30 बजे से खेलेंगे। बलराज पंवार रोइंग (पुरुष स्कल एकल) में खेलेंगे। प्रत्येक हीट में पहले तीन खिलाड़ी क्वार्टरफाइनल में पहुंचेंगे। बाकी खिलाड़ी रेपेचेज में पहुंचेंगे। इस बीच, रमिता जिंदल और अर्जुन बाबूता 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम क्वालिफिकेशन में खेलेंगे। इस इवेंट में एलावेनिल और संदीप दूसरी भारतीय जोड़ी है।
रोइंग: पुरुष एकल स्कल्स हीट - पंवार बलराज
शूटिंग: 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम क्वालिफिकेशन - संदीप सिंह/एलावेनिल वलारिवन और अर्जुन बाबूता/रमिता जिंदल
शूटिंग मेडल मैच: 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम कांस्य और स्वर्ण पदक मैच
शूटिंग: 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष योग्यता - अर्जुन सिंह चीमा और सरबजोत सिंह
टेनिस: पुरुष युगल प्रथम दौर का मैच - रोहन बोपन्ना और एन श्रीराम बालाजी बनाम एडौर्ड रोजर-वेसलिन और फैबियन रेबुल (फ्रांस)
शूटिंग: 10 मीटर एयर पिस्टल महिला योग्यता - मनु भाकर और रिदम सांगवान
टेबल टेनिस: पुरुष एकल प्रारंभिक दौर - हरमीत देसाई बनाम जैद अबो यमन (जॉर्डन)
बैडमिंटन ग्रुप स्टेज
पुरुष एकल ग्रुप मैच: लक्ष्य सेन बनाम केविन कॉर्डन (ग्वाटेमाला)
पुरुष युगल समूह मैच: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी बनाम लुकास कोरवी और रोनन लाबर
महिला युगल समूह मैच: अश्विनी पोनप्पा और तनिषा क्रैस्टो बनाम किम सो यियोंग और कोंग ही योंग
हॉकी - भारत बनाम न्यूजीलैंड ग्रुप स्टेज मैच
मुक्केबाजी: महिलाओं की 54 किग्रा ओपनिंग राउंड बाउट - प्रीति पवार बनाम थी किम एन वो
वहीं, टेनिस में भी भारत अपने अभियान की शुरुआत करेगा। अनुभवी खिलाड़ी रोहन बोपन्ना श्रीराम बालाजी के साथ अपने अभियान का आगाज करेंगे। भारतीय जोड़ी का सामना पुरुष युगल के शुरुआती दौर में एडौर्ड रोजर-वेसलिन और फ्रांस के फैबियन रेबुल से होगा। हरमीत देसाई पुरुष एकल टेबल टेनिस में खेलेंगे। निशानेबाजी में पुरुषों और महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धाओं के लिए क्वालिफिकेशन राउंड की आज शुरुआत होगी।
दोपहर 12:30 बजे से शुरू होने वाले इवेंट में बलराज पंवार भारत की ओर से खेल की शुरुआत करेंगे। भारतीय हॉकी टीम शाम को न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप-स्टेज में अपना अभियान शुरू करेगी जबकि लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी और महिला युगल जोड़ी अश्विनी पोनप्पा और तनिषा क्रैस्टो बैडमिंटन में एक्शन में होंगी। भारतीय खिलाड़ी निशानेबाजी में अपना खाता खोलने की कोशिश करेंगे। आज 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम क्वालिफिकेशन और पदक के मुकाबले खेले जाएंगे।
सीन नदी के किनारे पर हुए भव्य उद्घाटन समारोह के साथ शुक्रवार को पेरिस ओलंपिक 2024 का आगाज हो गया। आज से मुकाबलों की शुरुआत होगी। भारतीय खिलाड़ी सात स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगे। 18 खिलाड़ी बैडमिंटन, निशानेबाजी, मुक्केबाजी, रोइंग, हॉकी, टेबल टेनिस और टेनिस में चुनौती पेश करने उतरेंगे। वहीं, भारतीय पुरुष हॉकी टीम भी पूल-बी में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।